झारखंड

View All
Published / 2025-07-30 12:54:29
व्यवसायी सह समाजसेवी प्रदीप महतो की माता सावित्री देवी का निधन

टीम एबीएन, रांची। व्यवसाय जगत और सामाजिक क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले प्रदीप कुमार महतो की माता, सावित्री देवी, का आज रांची , लालपुर स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष की थी और पिछले एक साल से बीमार चल रही थी। सावित्री देवी ग्रामीण परिवेश सोनाहातु  के चिरगलडीह गांव से संबंध रखती थीं और जीवनभर समाज सेवा में सक्रिय रहीं। उनके पति स्व प्रफुल्ल कुमार महतो एक शिक्षक और समाजसेवी थे। 

सावित्री देवी के दो पुत्र प्रदीप कुमार महतो व्यवसायी एवं समाजसेवी तथा दूसरे पुत्र रमाकांत महतो शिक्षक तथा तीन पुत्रियों का भरा पूरा परिवार है। उनका अन्तिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव  चिरगालडीह  स्थित रायसा नदी (अड़िया नदी) घाट पर किया गया।

सावित्री देवी के निधन पर तमाड़ के विधायक विकास मुंडा, कुरमाली भाषा परिषद् के अध्यक्ष डा राजाराम महतो, महेन्द्र सिंह, बहादुर सिंह मुंडा, दिलीप साहु, अनुप महतो, सुधीर कुमार उग्गल,अधिवक्ता अशोक कुमार,अधिवक्ता एवं पत्रकार मृत्युंजय प्रसाद आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Published / 2025-07-30 12:52:56
स्कूली छात्रा के अपहरण की घटना पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की गहरी चिंता

टीम एबीएन, रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के सिरमटोली फ्लाईओवर के पास से बिशप वेस्टकॉट स्कूल जा रही एक छात्रा के अपहरण की घटना ने पूरे रांची को हिला कर रख दिया है। यह घटना बुधवार की सुबह की है जब छात्रा स्कूल जा रही थी। अपराधियों ने एक काले रंग की हुंडई कार (नंबर JH01 FU 6874) से बच्ची का अपहरण किया था। 

रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई और ताबड़तोड़ छापेमारी से अपहरणकर्ता घबरा गए और बच्ची को रामगढ़ जिले के कुज्जु में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम की तत्परता से छात्रा सुरक्षित वापस लौट सकी, जिसके लिए रांची पुलिस प्रशंसा की पात्र है।

इस घटना पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एक स्कूली छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण होना रांची जैसे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। 

इस प्रकार की घटनाएं अभिभावकों में भय का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि कोई अभिभावक कैसे भेजे स्कूल अपने बच्चों को आज यह सोचने  पर मजबूर होना पड़ रहा है! हम सरकार और प्रशासन से मांग करते हैं कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल मार्गों पर विशेष पेट्रोलिंग एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

श्री राय ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार हर मामले में त्वरित कार्रवाई हो, तो अपराधियों के हौसले पस्त होंगे। साथ ही उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई अपराधी ऐसा दुस्साहस करने से पहले सौ बार सोचे। उक्त जानकारी झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने दी।

Published / 2025-07-29 23:12:42
रांची में होटल ताज खुलने का रास्ता साफ

होटल ताज के लिए 6 एकड़ भूमि की हुई लीज

टीम एबीएन, रांची। रांची में होटल ताज खुलने का रास्ता बिलकुल साफ हो गया है। फिलहाल लीज 60 वर्षों के लिए दी गई है। इसके लिए सरकार को लगभग 4 करोड़ 20 लाख रुपये का राजस्व स्टांप और फीस के रूप में ताज ग्रुप की ओर से दिया गया

नवंबर में हो सकता है शिलान्यास

राजधानी रांची में होटल ताज खुलने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने होटल ताज के निर्माण के लिए जमीन की लीज ताज प्रबंधन के नाम कर दी है। 

यह प्रक्रिया आज सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रजिस्ट्री कार्यालय में पूरी हुई, जहां नगर विकास विभाग और ताज ग्रुप के अधिकारी मौजूद थे।होटल ताज दुनिया की प्रतिष्ठित 5 स्टार होटलों में अग्रणी है। रांची में होटल ताज का निर्माण धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी कोर कैपिटल क्षेत्र में किया जायेगा। होटल का शिलान्यास नवंबर में होने का अनुमान है। फिलहाल लीज 60 वर्षों के लिए दी गयी है। 

इसके लिए सरकार को लगभग 4 करोड़ 20 लाख रुपये का राजस्व स्टांप और फीस के रूप में ताज ग्रुप की ओर से दिया गया है।होटल ताज को लीज पर दी गई जमीन का कुल क्षेत्रफल 6 एकड़ है। इसके निर्माण पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और होटल का निर्माण कार्य चार साल में पूरी होने की उम्मीद है।

Published / 2025-07-29 23:09:02
राजभवन के समक्ष 108एम्बुलेंस वालों का नंग-धड़ंग प्रदर्शन

  • 108 एंबुलेंस कर्मियों का राजभवन मार्च, किया नंग-धड़ंग प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की आपात चिकित्सा व्यवस्था को संचालित करने वाले 108 एंबुलेंस कर्मियों का आंदोलन मंगलवार से और तेज हो गया है। राजधानी रांची में सैकड़ों एंबुलेंस चालकों और तकनीकी कर्मचारियों ने मंगलवार को राजभवन के समक्ष नंग-धड़ंग प्रदर्शन किया और उचित मानदेय, स्थायी बहाली और सरकारी कर्मचारी जैसी सुविधाएं देने की मांग दोहरायी। 

हड़ताल का आज दूसरा दिन था और इसका असर सदर अस्पताल समेत राजधानी के कई सरकारी अस्पतालों में साफ देखा गया। आपातकालीन सेवा में देरी से मरीजों को खुद साधन जुटाकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। 

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन फिलहाल एक निजी संस्था कर रही है। इनका आरोप है कि एजेंसी हर साल बदलती है लेकिन शोषण की तस्वीर नहीं बदलती। एक एंबुलेंस चालक ने कहा कि हमसे 12-12 घंटे काम लिया जाता है लेकिन वेतन तय नहीं, कोई पीएफ नहीं, कोई बीमा भी नहीं है. छुट्टी मांगों तो प्रताड़ना, सवाल करो तो धमकी तक दी जाती है। 

कर्मियों ने कहा कि वे राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में दिन-रात सेवा दे रहे हैं लेकिन उन्हें किसी भी तरह की सरकारी सुविधा नहीं मिल रही है। आज राजभवन के पास जुटे कर्मियों ने जोरदार नारेबाजी की. वे अपनी तख्तियों पर हम सेवक हैं, भिखारी नहीं 108 कर्मियों को सम्मान चाहिए जैसे नारे लिखकर बैठे थे। 

उन्होंने बताया कि वे पहले भी स्वास्थ्य विभाग, JHRM मिशन, मुख्यमंत्री सचिवालय और JHRDA तक ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन मिला है, कार्रवाई नहीं हुई है। 108 एंबुलेंस चालकों ने कहा है कि अब बात नहीं, सिर्फ लिखित आश्वासन चाहिए। जब तक स्थायी बहाली और न्यूनतम वेतन पर ठोस फैसला नहीं होगा, हम सेवा पर वापस नहीं लौटेंगे।

Published / 2025-07-29 18:51:09
एस.आर. डीएवी. पुंदाग के विद्यार्थी गायन प्रतियोगिता में पुरस्कृत

टीम एबीएन, रांची। एस. आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल,पुंदाग के विद्यार्थियों ने समूह गान प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करके विद्यालय का मान बढ़ाया।समूह गान प्रतियोगिता में कक्षा षष्ठ से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। 

उक्त प्रतियोगिता भारत विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित की गई,जिसमें राँची के लगभग 12 लब्धप्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था।

प्राचार्य डॉ तापस घोष ने विजयी प्रतिभागियों को बधाई तथा शुभकामना देते हुए कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना एक सराहनीय कार्य है।उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी गायन के क्षेत्र में अनेक महत्त्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करके अपने अभिभावकों तथा विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

Published / 2025-07-29 18:45:17
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी मेमोरियल अवार्ड 2025 से सम्मानित हुए चन्द्रेश बजाज

  • रियल एस्टेट क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य तथा रमादा होटल के सफल संचालन के लिए मिला सम्मान

टीम एबीएन, रांची। शाकंबरी बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, रांची के निदेशक पवन बजाज के पुत्र चन्द्रेश बजाज को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मेमोरियल अवार्ड 2025 से मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल में सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा  वर्तमान सांसद नारायण राणे तथा बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने प्रदान किया। 

यह प्रतिष्ठित सम्मान बिहार और झारखंड में शाकंबरी ग्रुप द्वारा रियल एस्टेट क्षेत्र में किए गए विश्वसनीय और उल्लेखनीय कार्य तथा उत्कृष्ट शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराने वाली रमादा होटल की रांची शाखा के सफल संचालन के लिए दिया गया। 

गौरतलब है कि रमादा की विश्वभर में 9000 से अधिक शाखाएं हैं, परंतु रांची स्थित रमादा होटल, जिसे पवन बजाज ने स्थापित किया है, झारखंड का पहला पूर्णतः शाकाहारी रमादा होटल है, जो अपनी गुणवत्ता, स्वाद और सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है।

विदित हो कि शाकंबरी ग्रुप के संस्थापक पवन बजाज को वर्ष 1996 में इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती की स्मृति में, उनके कार्यक्षेत्र में दिए गए महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया था। इस प्रकार यह उपलब्धियां न केवल रांची और झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए गर्व का विषय हैं।

Published / 2025-07-29 18:42:36
तेतुलमारी में नहीं रुक रहा कोयले का कारोबार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। तेतुलमारी क्षेत्र छोटा नगरी पंचायत के गांडुआ बस्ती के शिव मंदिर के समीप दिनदहाड़े जय बजरंग बली चारदीवारी परिसर में खुलेआम अवैध कोयला भंडारण और लोडिंग का अवैध खेल जारी है।

यह पूरा कारोबार दिन के उजाले में हो रहा था और बीसीसीएल क्षेत्र की खदानों से कोयला मोटरसाइकिल व साइकिल के माध्यम से कोयला खरीदा जा रहा है और फिर इसे भारी मुनाफे पर बाजार में बेचा जा रहा है ओर फिर ट्रकों में कोयला लोड कर भट्टे में भेजा जा रहा है ओर यह कार्य लंबे समय से सुनियोजित तरीके से चल रहा है।

क्षेत्र में इस तरह के खुलेआम हो रहे अवैध कारोबार से न सिर्फ बीसीसीएल को राजस्व का नुकसान हो रहा है,जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर जांच कर कार्यवाई की मांग की।

Published / 2025-07-28 23:31:36
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जेपीएससी में सफल दो बहनों को किया सम्मानित

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली चान्हो की दो सगी बहनों विद्या भगत (रैंक 309) और दिव्या भगत (रैंक 312) को सूबे की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सम्मानित किया।

चान्हो प्रखंड के पतरातु पंचायत स्थित महुआ टोली गांव के घुमकुड़िया में आयोजित एक सम्मान समारोह में मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियां रोज नए इतिहास रच रही हैं।कल तक जो बेटियां गुमनामी और अभाव में अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रही थीं, आज वे अफसर बेटियों के रूप में समाज के लिए गर्व बन गई हैं। उनके संघर्ष, अनुशासन और मेहनत ने यह सफलता दिलाई है। पूरा आदिवासी समाज आज इन बेटियों पर गर्व महसूस कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों में भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये दोनों बेटियां प्रशासनिक सेवा में अपने कार्यों से समाज का नाम रौशन करेंगी।

वहीं मौके पर सम्मान पाने के बाद दिव्या और विद्या भगत ने कहा कि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की हमेशा उनकी प्रेरणाश्रोत रही हैं और उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है। दोनों ने बताया कि उनका सपना था कि वे प्रखंड विकास पदाधिकारी बनें। जो सपना अब पूरा हुआ। 

उन्होंने गांव के अन्य बच्चों से भी प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर समाज में बदलाव लाने की अपील की। मौके पर उनके परिजनों के अलावा महादेव उरांव, अब्दुल्ला अंसारी, मंगलेश्वर उरांव, एतवा उरांव, इरशाद खान, निधिया उरांव, जुल्फेकार अंसारी, सहित अन्‍य मौजूद थे।

Page 295 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse