झारखंड

View All
Published / 2025-08-11 18:08:23
गुरुजी का सात कर्म संपन्न, 15 को दश कर्म

सीएम हेमंत ने पिता शिबू सोरेन के सात कर्म का पारंपरिक विधान किया पूरा, 15 अगस्त को है दशकर्म 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पारंपरिक श्राद्ध कर्म का आज सातवां दिन है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने परिजनों संग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आज सात कर्म का पारंपरिक विधान पूरा किया। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मर्माहत हृदय से न सिर्फ एक बेटे का कर्तव्य निभा रहे हैं बल्कि दिवंगत गुरुजी के यादों को समेटे हुए अपने पैतृक गांव नेमरा से ही राजकाज की जिम्मेवारी का भी निर्वहन भी पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कर रहे हैं। 

बता दें कि इन दिनों शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म चल रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में ही रुके हुए हैं। वह विधि-विधान से श्राद्ध कर्म की सारी रस्में पूरी कर रहे हैं। 10 अगस्त को स्वर्गीय गुरुजी के रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों का छुतका मिटाया जायेगा। 15 अगस्त को दशकर्म और 16 अगस्त को एकादशा संस्कार (11वां) संपन्न किया जायेगा। 

दशकर्म यानी 15 अगस्त को देशभर से गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना जतायी जा रही है। इसके चलते शिबू सोरेन के निवास स्थल के पास बड़े पंडाल लगाये जा रहे हैं। तालाब की सफाई, पार्किंग की व्यवस्था और आगंतुकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की जा रही है।

Published / 2025-08-11 18:07:30
अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में खुलेआम हो रही कोयले की तस्करी

अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी जोरों पर बड़े पैमाने पर हो रहा है अवैध कोयला कारोबार 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट और पत्र के माध्यम से हमेशा अवगत करते आ रहा है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन खुलेआम हो रहा है। अवैध कोयला तस्करी चरम सीमा पर है। अवैध कोयला उत्खनन कर कोयला को जमा कर के रात्रि में कोयला को ट्रकों में लोड कर अवैध भट्ठे में भेजने का खेल जारी है। 

अभी कुछ दिन पहले ही कतरास के केसरगढ़ में अवैध कोयला खनन के दौरान चल धंसने से कई मजदूरों की मौत हो गयी थी, लेकिन फिर भी अवैध कोयला खनन रूकने का नाम ही नहीं ले रहा है। फिर से कोई बड़ी घटना घटने की आशंका जतायी जा रही है। अगर समय रहते अवैध कोयला कारोबार पर रोक नहीं लगाया गया, तो फिर से बड़ी घटना घट सकती है। 

अवैध कोयला खनन से बीसीसीएल और राजस्व को काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कोयला माफिया तो खुद अवैध खनन से करोड़पति बनते जा रहे हैं। मजदूरों को चंद पैसों की लालच देकर उनकी जान को जोखिम में डालते हैं। 

इस अवैध कोयला कारोबार से थाना प्रभारी की भी छवि धूमिल करने का प्रयास करते आ रहे हैं। उन्होंने अपने स्तर से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके और बीसीसीएल की संपत्ति लूटने से बच सके।

Published / 2025-08-11 13:19:46
रांची : युवक की हत्या बाद भारी बवाल, जमकर तोड़फोड़

  • रांची में 29 साल के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
  • गुस्साए लोगों ने जमकर काटा बवाल; आरोपी के घर में की जमकर तोड़फोड़

टीम एबीएन, रांची। रांची के भट्टी चौक के पास रविवार को पुरानी रंजिश के चलते 29 साल के एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान साहिल उर्फ कुरकुरे के रूप में हुई है। उसने बताया कि दिनदहाड़े व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। 

हिंदपीढ़ी पुलिस थाने के प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया, कुरकुरे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गोली लगने से उसकी मौत हो गयी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उक्त इलाके के ही तीन-चार लोगों ने कुरकुरे की हत्या की है।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस बीच, घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी के घर में तोड़फोड़ की।

Published / 2025-08-10 21:36:29
टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन ने किया गुरूजी को नमन...

एबीएन न्यूज नेटवर्क, नेमरा, गोला, रामगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्मृति - शेष दिशाेम गुरु शिबू सोरेन जी को टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी श्री टीवी नरेंद्रन ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से आज नेमरा, रामगढ़ स्थित पैतृक आवास में टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी श्री टीवी नरेंद्रन ने मुलाकात कर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्मृति - शेष दिशाेम गुरु शिबू सोरेन जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। 

मौके पर उन्होंने कहा कि   हम गुरुजी के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनका जीवन सेवा, समर्पण और सद्भावना का अद्वितीय उदाहरण रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं साहस दें। हम सभी उनके योगदान और स्मृतियों को सदैव अपने हृदय में संजोए रखेंगे।

Published / 2025-08-10 21:34:02
श्री सर्वेश्वरी समूह रांची और गुमला ने किया 305 पौधों का वितरण

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 10.08.2025 (दिन - रविवार) को श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा रांची एवं शाखा गुमला के द्वारा सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान वर्ष - 2025 के तीसरे चरण का आयोजन  ग्राम - कोइन्जारा,  पंचायत - ढिड़ौली, जिला - गुमला में किया गया। कार्यक्रम में आम, अमरूद, मोहगनी, आँवला, जामुन इत्यादि के 305 पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुवात में स्थानीय ग्राम देवी एवं हनुमान मन्दिर में आरती-पूजन कर दीप दान किया गया। साथ ही मन्दिर परिसर की साफ-सफाई के लिए झाड़ू भी दिया गया।

उसके उपरान्त ग्रामीण बंधुओं के बीच एक लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें श्री सर्वेश्वरी समूह का संक्षिप्त परिचय देते हुए समूह द्वारा किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में भी ग्रामीण बंधुओं को अवगत कराया गया। साथ ही वृक्षों के कमी से हो रहे दुष्परिणामों के बारे में अवगत करते हुए वृक्षों के बचाव के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। गोष्ठी के बाद ग्रामीण बंधुओं के बीच लगभग 305 पौधों का वितरण किया गया।

ज्ञात हो कि श्री सर्वेश्वरी समूह एक विश्व स्तरीय सामाजिक एवं धार्मिक संस्था है जो अनेक जनकल्याण के कार्यक्रम लगातार करती रहती है। जनसेवा के लिए श्री सर्वेश्वरी समूह का नाम गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान उन्ही जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में से एक है जिसे पूरे वर्षा ऋतु में चलाया जाएगा। इस वृहद वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से लोगों को वृक्ष लगाने एवं वृक्षों को बचाने के प्रति भी जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञात हो की आज के कार्यक्रम के पूर्व ग्राम - जुरकेला (जिला सिमडेगा) एवं ग्राम - दौलेचा (जिला - रांची) में भी समूह शाखा द्वारा कुल 900 पौधों का रोपण एवं वितरण किया जा चुका है।

कार्यक्रम के कुशल आयोजन में श्री विभूति शंकर सहाय का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह -शाखा रांची एवं शाखा - गुमला से हेमन्त नाथ शाहदेव, नीलेश लाल, आदित्य नाथ शाहदेव, अजय प्रसाद, नन्द कुमार सिंह, शम्भू शरण षाड़ंगी, सुनील सिंह, विजय कुमार सिन्हा, भोला सिन्हा, दुनिया सिंह, गंगाधर नाथ शाहदेव, विक्रांत सिंह के साथ लगभग 50 श्रद्धालु-सदस्यगण शामिल हुए।

Published / 2025-08-10 19:23:35
दुर्गा वाहिनी की बहनों ने सभी जिला में मनाया रक्षा बंधन

विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी और मातृ शक्ति झारखण्ड ने दिखायी एकजुटता

टीम एबीएन, रांची। 10 अगस्त 2025 विश्व हिंदू परिषद् की महिला विभाग मातृ शक्ति तथा दुर्गा वाहिनी की बहनों के द्वारा झारखण्ड प्रांत की सभी जिला में मनाया गया रक्षा बंधन का कार्यक्रम। 

मौके पर विहिप के प्रांत कार्यालय में रक्षा बंधन के अवसर पर कहां कि यह त्यौहार आज का नहीं है रामायण महाभारत के समय से मनाया जा रहा है भगवान श्री कृष्ण ने जब शिशुपाल पर सुदर्शन चक्र चलाया था जब उनकी उंगली कट गई थी तथा द्रौपती ने अपनी साड़ी को फार कर श्री कृष्ण के उंगली में बांधी थी तब भगवान ने द्वोपती को कहा था कि उनकी रक्षा करेंगे।

मौके पर प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, धर्माचार्य संपर्क दो छेत्र के प्रमुख बीरेंद्र विमल संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत मातृ शक्ति प्रमुख दीपा रानी कुंज, प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, प्रांत प्रचार प्रसार प्रकाश रंजन, प्रांत प्रयोजना सह प्रमुख रेणु अग्रवाल बजरंग दल महाविद्यालय संपर्क सहप्रमुख अमर प्रसाद, महानगर मंत्री विश्वरंजन, चंदा सिंह,फूल कुमारी, महानगर संयोजिका साकची सिंह के साथ विहिप, बजरंग दल, मातृ शक्ति, दुर्गा वाहिनी की बहने उपस्थित रही। उक्त जानकारी विहिप झारखण्ड के प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन ने दी।

Published / 2025-08-10 18:13:55
सीएम हेमंत का 50वां जन्मदिवस आज, नहीं मनायेंगे बर्थडे

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 50वां जन्मदिन आज, इस बार नहीं मनाएंगे बर्थडे

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज 50वां जन्मदिन है। इस बार सीएम अपना जन्मदिन नहीं मानाएंगे क्योंकि उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त को हुआ था, और इन दिनों उनका श्राद्ध कर्म चल रहा है। 

ऐसे समय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गहरे शोक में हैं। हेमंत सोरेन का जीवन संघर्ष, राजनीतिक उतार-चढ़ाव और उपलब्धियों की मिसाल रहा है। उनका जन्म 10 अगस्त 1975 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हेमंत इंजीनियर बनने का सपना देखते थे। 

उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा में प्रवेश भी लिया, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों और बदलती राजनीतिक परिस्थितियों ने उनका रास्ता बदल दिया। उन्होंने पढ़ाई छोड़कर संगठन को मजबूत करने का बीड़ा उठाया और बड़े भाई दुर्गा सोरेन के साथ सक्रिय राजनीति में उतर आए।

2005 में उन्होंने दुमका से अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करते रहे। 2009 में दुमका सीट से जीत दर्ज की और 2010 में राज्य के उपमुख्यमंत्री बने। 

13 जुलाई 2013 को उन्होंने पहली बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सरकार झामुमो, कांग्रेस और राजद के समर्थन से बनी थी और उनका कार्यकाल 23 दिसंबर 2014 तक चला। 2014 में वे दुमका और बरहेट दोनों सीटों से चुनाव लड़े दुमका में हार मिले, लेकिन बरहेट से विजयी हुए। इसके बाद वे विपक्ष के नेता के रूप में पांच वर्षों तक सक्रिय राजनीति में डटे रहे।

2009 में बड़े भाई दुर्गा सोरेन के निधन और पिता शिबू सोरेन की बढ़ती उम्र के साथ हेमंत सोरेन पर झामुमो की पूरी जिम्मेदारी आ गई। उन्होंने इसे पूरी निष्ठा और दृढ़ता से निभाया। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं और झारखंड की जनता के मुद्दों पर मुखर होकर काम किया। 

आज जब वे 50 वर्ष के हो गए हैं, उनका जन्मदिन ऐसे समय आया है जब वे अपने पिता के निधन के शोक में हैं। एक पुत्र के रूप में वे अपने पिता की राजनीतिक और सामाजिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और राज्य की सेवा में निरंतर लगे हुए हैं।

Published / 2025-08-10 18:08:24
श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में ट्रस्ट की श्रद्धांजलि सभा में गुरु जी को दी गयी श्रद्धांजलि

  • गुरुजी केवल एक राजनेता नहीं थे बल्कि एक युगदृष्टा थे : डूंगरमल अग्रवाल

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में झारखंड आंदोलन के जननायक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। 

मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। 

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने कहा दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि एक युगदृष्टा थे जिन्होंने आदिवासी समाज के हक और सम्मान के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनका जीवन हमें न केवल सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है, बल्कि सच्चे जननेता की परिभाषा भी सिखाता है।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा, गुरुजी ने जिस दृढ़ता और साहस के साथ झारखंड आंदोलन का नेतृत्व किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका निधन केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि एक विचारधारा, एक आंदोलन और एक संघर्षशील आत्मा की विदाई है। हम उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके जीवन एवं संघर्ष को याद किया। सभा का वातावरण भावुक किंतु प्रेरणादायक रहा। यह श्रद्धांजलि सभा न केवल शोक व्यक्त करने का एक अवसर थी, बल्कि शिबू सोरेन जी के विचारों, संघर्षों और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प भी था। 

श्रद्धांजलि सभा में-ट्रस्ट के उपाध्यक्ष निर्मल जालान, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, विशाल जालान, नंदकिशोर चौधरी,संजय सर्राफ, मधु जाजोदिया, मनीष सोनी, पवन पोद्दार, गोविंद अग्रवाल, सहित अन्य लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Page 286 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse