झारखंड

View All
Published / 2025-08-23 20:47:02
रांची : सघन वाहन जांच अभियान में तीन गाड़ियां जब्त

रांची में सघन वाहन जांच अभियान, 3 गाड़ियां जब्त, 18 गाड़ियों पर 2.48 लाख जुर्माना 

टीम एबीएन, रांची। रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। यातायात नियमों के उल्लंघन और दस्तावेजों की अनियमितता पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने दलादली, रिंग रोड और पंडरा इलाके में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। 

इस दौरान 123 गाड़ियों की जांच की गयी। जांच में कई गाड़ियों के पास जरूरी कागजात जैसे फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिले। साथ ही ओवरलोडिंग के भी कई मामले सामने आये। विभाग ने जांच के दौरान कुल 18 गाड़ियों पर कार्रवाई की और उनसे 2,48,950 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं गंभीर गड़बड़ियों के कारण 3 गाड़ियों को जब्त कर पंडरा ओपी में रखा गया। 

नियमों का उल्लघंन करने पर होगी कार्रवाई 

जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा कि ड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना और वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना हमारा मकसद है। आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। 

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी कागजात हमेशा अपडेट रखें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर विभाग आगे भी सख्त कार्रवाई करता रहेगा।

Published / 2025-08-23 20:45:30
रांची : करोड़ों के नकली नोट बरामद, दो गिरफ्तार

टीम एबीएन, रांची। रांची में पुलिस के द्वारा एक बड़ी कार्रवाई की गयी है। इस कार्रवाई में लाखों में नकली नोट बरामद किये गये हैं। डीआईजी सह एसएसपी रांची चन्दन कुमार सिन्हा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सुखदेवनगर इलाके में रेड कर फेक इंडियन करेंसी पकड़ा गया है। 

क्या है पूरा मामला 

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि बिहार से एक बस में जाली नोटों के रांची लाने की सूचना डीआईजी सह एसएसपी रांची को मिली थी। जानकारी मिलने पर रातू रोड बस स्टैंड के पास बिहार से आने वाली चंद्रलोक बस की रेकी शुरू की गयी। इसी दौरान कार्टून में रखे लगभग दो करोड़ के जाली नोट बस से उतार कर कुछ लोग कार में रखने लगे, जिन्हें मौके से रंगे हाथ पकड़ा गया। 

कार्टून खोलने पर उसमें से 500 रुपये के 42 बंडल बरामद किये गये, सभी 500 रुपये के नोट जाली थे। कोतवाली डीएसपी ने बताया कि मौके से मोहम्मद साबिर और साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों राजधानी रांची में जाली नोटों का कारोबार करते हैं।

दिल्ली का है मास्टरमाइंड

कोतवाली डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली के एक संगठित आपराधिक गिरोह के द्वारा जाली नोट के गिरोह का संचालन किया जाता है। जिसका मुखिया नीरज कुमार चौधरी है जो दिल्ली में रहता है। उसके द्वारा ही फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद साबिर और साहिल कुमार के जरिए नकली नोट ग्राहकों को भेजा जाता है।

गिरोह के द्वारा नकली नोटों के बंडल के ऊपर और नीचे एक-एक असली नोट डालकर शेष नकली नोट रख जाता है और इसके बदले ग्राहकों से 40000 से लेकर 50000 लेते थे। जाली नोट के कारोबार में 20 से 30% कमीशन गिरफ्तार आरोपियों को मिलता था, जिसके बदले में संगठित गिरोह जाली नोट को बाजार में खपाने का काम करते थे।

Published / 2025-08-23 20:43:51
ईटखोरी : भद्रकाली कॉलेज में 23 से 29 तक लगेगा विशेष शिविर

एबीएन न्यूज नेटवर्क, ईटखोरी/ चतरा। विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के पत्रांक वि. भा. वि. रा. से. यो. 1286/25 दिनांक 18.06.2025 के निर्देश के आलोक में भद्रकाली महाविद्यालय इटखोरी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई दो के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन दिनांक 23.08.2025 से 29.08.2025 तक ग्राम बलिया में किया गया। 

आज दिनांक 23.08.2025 को कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर दुलार हजाम ने की। मुख्य अतिथि धुना पंचायत की मुखिया श्रीमती सोनी कुमारी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीराम कुमार सिंह एवं योगगुरु शंकर चंद्रवंशी उपस्थित थे। 

उद्घाटन सत्र में समाजसेवी सह शिक्षक विशेश्वर यादव, प्रो ललित मोहन चौधरी, प्रोफेसर अखिलेश पांडेय, एनएसएस इकाई एक कार्यक्रम प्रभारी डॉ संदीप कुमार, एनएसएस इकाई 2 के कार्यक्रम प्रभारी डॉ बालेश्वर पासवान, पुस्तकालय प्रभारी शिवकुमार सिंह, शुभम, सौरभ, मोहन भुइयां उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस के स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं मौके पर उपस्थित रहे।

Published / 2025-08-23 18:17:42
आजसू ने एक बार फिर किया विश्वविद्यालय बंद

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 23/8/2025 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने रांची विश्विद्यालय के सत्र 2022-2026 के 4 सेमेस्टर भूगोल के कॉपी गायब होने की सूचना मिलने के उपरांत आजसू ने विश्वविद्यालय पहुंच कर विश्वविद्यालय में तालाबंदी करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं कुलानुशासक को घंटों बंदी बनाये रखा।

आजसू ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मांग की इस पूरे प्रकरण का उच्च स्तरीय जांच कमेटी बना कर अविलंब जांच कराया जाये। साथ ही इस प्रकरण में जो भी दोषी है, उनपर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया जाये। आजसू के कार्यकर्ताओं के घंटों बंदी के उपरांत अंतत: विश्वविद्यालय प्रशासन आजसू के समक्ष झुका और जांच कमेटी का गठन कर 1 सप्ताह के अंदर जांच का आदेश दिया। उसके उपरांत आजसू के कार्यकर्ताओं ने इस बंदी को समाप्त किया। 

आज इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, प्रताप सिंह, राजेश सिंह, सक्षम झा, रवि रोशन, सौरभ यादव, राज दुबे, प्रियांशु, मुकेश, इंसान नायक इत्यादि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा  ने दी।

Published / 2025-08-23 18:12:53
कतरास में अवैध कोयला कारोबार धड़ल्ले से जारी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखण्ड डीजीपी को पत्र लिखकर कहा कि कतरास क्षेत्र अंतर्गत शाखाटाड़ अवैध कोयले का गढ़ बन गया है। दिनदहाड़े ट्रकों में लोड होकर अवैध कोयला बरबड्डा, गोविंदपुर के भट्टों में भेजा जा रहा है।

चिमनी भट्टे के बगल में बनी बाउंड्री वॉल के अंदर साइकिल और मोटरसाइकिल से कोयला इकट्ठा कर रोजाना 3-4 ट्रकों कोयले से लदा ट्रक अवैध भट्टे में भेजा जाता है। प्रकाशित खबरों से अनुसार यह अवैध धंधा मां लिलोरी मंदिर के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास चलता है। इस कारण क्रॉसिंग पर आये दिन जाम की स्थिति रहती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहता है। 

कुछ कोयला माफिया कतरास के थाना प्रभारी की भी छवि धूमिल करने का प्रयास करते आ रहे हैं। अगर समय रहते इन कोयला माफिया पर कार्रवाई नहीं होता है, तो ऐसे ही खुलेआम कोयला तस्करी होते रहेगा। सरकार और राजस्व को नुकसान पहुंचाते रहेंगे ये कोयला माफिया। इसलिए आपसे अनुरोध है कि अपने स्तर से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की कृपा करेंगे ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।

Published / 2025-08-23 18:09:42
राणी सती दादी जी का भादो बदी मावस घरों और मंदिरों में श्रद्धापूर्वक मनाया गया

टीम एबीएन, रांची। मारवाड़ी समाज का प्रमुख त्यौहार श्री राणी सती दादी जी का भादो बदी अमावस्या सभी के घरों एवं दादी जी के मंदिरों मे श्रद्धा पूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि राणी सती दादी जी को मारवाड़ी समाज की कुलदेवी भी है तथा इस पूजा का पितरों के संदर्भ में बहुत महत्व है। 

आज महिलाएं एवं पुरुष दादी जी की मंदिरों एवं अपने-अपने घरों में विधिवत पूजा की तथा पितरों को धोक एवं दादी जी की जात दी गयीं। घरों में भी दादी जी की तस्वीर को फूलों से सजाया गया, एवं  चुनड़ी चढ़ायी गयी। महिलाएं ओढ़ना ओढ़कर पूरे परिवार के साथ ज्योत प्रज्ज्वलित कर विधिवत पूजा अर्चना की। 

पूजा में रोली, मोली, मेहंदी, चावल, नाल जोड़ी काजल, चूड़ी, सिंदूर, नारियल, गट, प्रसाद, फल, दक्षिणा, दीपक, कलश, मीठा पूड़ा, घूघरे डिजाइन का पूड़ा, पूड़ी, दादी जी को अर्पित किया गया। तथा एक साफ पाटे पर रोली की सथिया बनाई, दीपक प्रज्ज्वलित की गयी। सबों ने  रोली, चावल, मेहंदी, काजल की टिकी दी। 

दादी के भजनों के साथ सामूहिक आरती की गयी तथा सभी के लिए सुख, शांति, समृद्धि की दादी जी से प्रार्थना की, तथा राणी सती दादी जी के मंदिर मे जाकर पूजा अर्चना की गयी। राणी सती दादी का वास्तविक नाम नारायणी है परम आराध्या दादी जी के प्रताप उनके वैभव और अपने भक्तों पर नि:स्वार्थ कृपा बरसाने वाली मां नारायणी सती दादी को मारवाड़ी समाज की कुलदेवी भी माना जाता है। 

नारी शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इष्ट देवी के रूप में श्री राणी सती दादी देवी दुर्गा का अवतार है। इस मान्यता के चलते माता के प्रतिरूप को त्रिशूल स्वरूप में प्रतिष्ठापित किया गया है। दादी का मंदिर स्त्री सम्मान ममता और स्त्री शक्ति का प्रतीक है।

Published / 2025-08-23 18:07:40
सरायकेला : बारिश में मकान ढहा, पांच वर्ष के बच्चे की मौत

सरायकेला में भारी बारिश का कहर, मकान ढहने से 10 लोग दबे, 5 साल के बच्चे की मौत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला। झारखंड के सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के डांडू गांव में लगातार हो रहे भारी बारिश के कारण मिट्टी का कच्चा मकान गिरने से 10 लोग मलबे में दब गये। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 

प्राथमिक उपचार के बाद 7 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ मलय कुमार और स्थानीय मुखिया सानो टुडू घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से बचाव कार्य किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया। 

वहीं जिले में लगातार बारिश से मिट्टी के मकान गिरने की घटना लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कील शिमला में शनिवार (23 अगस्त) सुबह 4 बजे मुन्ना बोदरा का मिट्टी का मकान ढह गया, जहां मलबे में दबने से उसके 5 वर्षीय पुत्र बजाय बीदरा की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि इस घटना में मुन्ना  बोदरा उनकी पत्नी अनुष्का बोदरा और ढाई वर्षीय पुत्री  गुरबारी बोदरा भी घायल हो गयी है। 

घटना सुबह 4 की बतायी जा रही है। स्थानीय लोगों को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने मिट्टी के मकान का मलबा हटाया और मलबा हटाने के बाद सभी को एक-एक कर मालवा से बाहर निकाले और सरायकेला सदर अस्पताल ले गये। 

जहां पांच वर्षीय बजाय बीदरा की चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थोड़ी देर बाद मुन्ना बीदरा की हीश में आया इधर उसके ढाई वर्षीय पुत्री एवं पत्नी अनुष्का को भी चोट लगा है, घटना के बाद खरसावां पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत बचाव का कार्य किया।

Published / 2025-08-23 18:04:51
पलामू : जंगल से पुलिस जवान का शव बरामद

झारखंड के पलामू जिले के जंगल से पुलिस जवान विजय उरांव का शव बरामद 

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। झारखंड में पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जंगल से पुलिस ने आज एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। उस व्यक्ति की पत्थर से कूटकर हत्या की गयी थी। बाद में शव की पहचान पुलिस जवान विजय उरांव के रूप में हुई।

विजय उरांव पलामू के सदर थाना क्षेत्र के चियांकी के रहने वाले थे। विजय उरांव पुलिस ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी में ट्रेनिंग कर रहे थे। इसी क्रम में उनकी तैनाती देवघर श्रावणी मेला में हुई थी।

Page 274 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse