झारखंड

View All
Published / 2025-08-28 21:04:55
श्री राधा अष्टमी 31 अगस्त को, प्रेम, भक्ति और शुद्ध आत्मा की आराधना का पर्व

यह पर्व हमें आत्मिक शांति, भक्ति और प्रेम की ओर करता है अग्रसर : संजय सर्राफ 

टीम एबीएन, रांची। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को श्री राधा अष्टमी का पावन पर्व मनाया जाता है। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट व विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि इस वर्ष राधा अष्टमी 31 अगस्त दिन रविवार  को मनाई जाएगी।

यह पर्व विशेष रूप से श्रीकृष्ण की अनन्य प्रिय और आद्या शक्ति मानी जाने वाली श्रीमती राधारानी के प्राकट्य दिवस के रूप में श्रद्धा, प्रेम और भक्ति के साथ मनाया जाता है। ग्रंथों के अनुसार राधारानी का प्राकट्य ब्रजभूमि के बरसाना गांव में हुआ था। वे कृष्ण तत्व की दिनी शक्ति हैं, अर्थात आनंद और प्रेम की ऊर्जा। 

श्री राधा जी को भगवान श्रीकृष्ण की आत्मा का अर्धांगिनी रूप भी कहा गया है। जैसे शिव के बिना शक्ति अधूरी है, वैसे ही कृष्ण के बिना राधा नहीं और राधा के बिना कृष्ण नहीं। इस दिन श्रद्धालु व्रत रखते हैं, राधा-कृष्ण की विशेष पूजा करते हैं और मंदिरों में झांकियां, कीर्तन और भजन-संध्या का आयोजन होता है। इस दिन राधा रानी की पूजा उपासना करने से व्यक्ति को सुख समृद्धि धन और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। 

विवाहित जीवन खुशहाल रहता है राधा अष्टमी के दिन राधा रानी को विधिपूर्वक पूजा अर्चना एवं विशेष चीजों में मालपुआ एवं रबड़ी का भोग लगाई जाती है। घर में सुख समृद्धि का आगमन होता है और गृह क्लेश की समस्या से मुक्ति मिलती है यह पर्व राधा रानी को समर्पित है। राधा रानी की मूर्ति को लाल वस्त्र पहनाकर फूलों से श्रृंगार किया जाता है और जय राधे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो जाता है। 

बरसाना, वृंदावन और मथुरा सहित देश-विदेश के श्रीकृष्ण मंदिरों में इस दिन विशेष उत्सव होता है। श्री राधा रानी के मंदिरों को सजाया जाता है। इस संसार में जब-जब प्रेम की बात होती है तब तक राधा कृष्ण की जोड़ी को याद किया जाता है। उनके बीच आध्यात्मिक प्रेम था। हिंदू धर्म में राधा और कृष्ण को प्रेम का प्रतीक माना गया है और उनकी पूजा करने के लिए भाद्रपद सबसे खास माना जाता है जहां भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष को अष्टमी को जन्माष्टमी होती है वही इसी माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को राधा अष्टमी मनायी जाती है। 

राधा अष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह निष्काम प्रेम, समर्पण और दिव्यता का प्रतीक है। राधा जी की भक्ति यह सिखाती है कि ईश्वर से प्रेम में कोई स्वार्थ नहीं होता। उनकी भक्ति इतनी उदात्त है कि कृष्ण भी राधा नाम से पहले जाने जाते हैं राधे-कृष्ण आज के युग में जब प्रेम और आस्था का स्वरूप बदल रहा है, राधा अष्टमी हमें याद दिलाती है कि सच्चा प्रेम वह है जो त्याग, श्रद्धा और समर्पण से परिपूर्ण हो। यह पर्व हमें आत्मिक शांति, भक्ति और प्रेम की ओर अग्रसर करता है।

Published / 2025-08-28 20:58:37
संविधान में संशोधन के बहाने सीएम हेमंत ने केंद्र सरकार को घेरा

130वें संविधान संशोधन विधेयक के पीछे बड़ा छिपा एजेंडा, मुख्यमंत्री सोरेन ने केंद्र सरकार को घेरा 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि इसके पीछे बड़ा छिपा हुआ एजेंडा है। सोरेन ने कहा कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि यह विधेयक, जिसमें 30 दिन या उससे अधिक की सजा मिलने पर मंत्रियों को उनके पद से हटाने का प्रावधान है, आखिर संसद में क्यों लाया गया। 

उन्होंने विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन कहा कि संविधान संशोधन विधेयक के पीछे बड़ा छिपा हुआ एजेंडा है, जिसे हम समझ नहीं पा रहे हैं। लेकिन यह बात आगे चलकर स्पष्ट हो जायेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने चुनाव आयोग की मदद से बिहार में लाखों मतदाताओं के नाम हटा दिये और जो लोग केंद्र और उसकी नीतियों का विरोध करते हैं, उन्हें ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों के जरिए झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। 

सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार कानून बनाकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को इस बात की छूट देती है कि पद पर रहते हुए लिए गए फैसलों के लिए उन पर कोई कानूनी कार्रवाई न हो। ऐसा प्रावधान दुनिया में कहीं नहीं है। उन्होंने दावा किया कि देश की आधी आबादी को भाजपा के प्रचार पर यकीन करने के लिए मजबूर कर दिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री झारखंड में खनिज खदानों की नीलामी की निगरानी में व्यस्त हैं, जबकि आदिवासी यहां बेहद गरीबी में जी रहे हैं और यूरेनियम जैसे खनिजों के खनन से उत्पन्न विकृतियों और बीमारियों से जूझ रहे हैं। 

सोरेन ने कहा कि झारखंड देश के विकास में योगदान देता है, लेकिन बदले में उसे केंद्र की उपेक्षा झेलनी पड़ती है उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात को लेकर संदेह है कि केंद्र सरकार झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन (जिनका 6 अगस्त को निधन हुआ) को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करेगी।

Published / 2025-08-28 18:32:57
रांची : रिम्स-2 के भूमि विवाद को लेकर स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका

भूमि अधिग्रहण विरोध से जुड़ी प्राथमिकी के लिए आदिवासी समूहों ने स्वास्थ्य मंत्री का जलाया पुतला

टीम एबीएन, रांची। नगड़ी बचाओ संघर्ष समिति (एनबीएसएस) के बैनर तले आदिवासी संगठनों ने बीते बुधवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और कांके विधायक सुरेश बैठा का पुतला जलाया। यह प्रदर्शन रांची के नगड़ी क्षेत्र में एक स्वास्थ्य परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में किया गया। 

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस ने 24 अगस्त को रांची के नगड़ी में रिम्स-2 स्वास्थ्य परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आदिवासियों, किसानों और जमींदारों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हिंसा करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के लिए 85 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। 

प्रदर्शनकारी कांके के सरना रिंग रोड चौक पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। एनबीएसएस की सीता कच्छप ने कहा कि निर्दोष लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हम सरकार से इसे तुरंत वापस लेने की मांग करते हैं। 

उन्होंने कहा कि वे अस्पताल परियोजना के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसे बंजर या अनुपयोगी जमीन पर बनाया जा सकता है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी मंगलवार को ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सरकार की आलोचना की।

Published / 2025-08-28 14:40:02
असहाय मंदबुद्धि व्यक्ति को लाया गया सद्गुरु कृपा आश्रम

*प्रेस विज्ञप्ति*

*असहाय मंदबुद्धि व्यक्ति को लाया गया सद्गुरु कृपा आश्रम*

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अंतर्गत काम कर रही सामाजिक संस्था श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम पुंदाग में चल रहे मंदबुद्धि, दिव्यांग, निराश्रितों लोगों की निःशुल्क सेवा संस्था जनवरी 2024 से लगातार कर रही है। सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि बुधवार को एक मंदबुद्धि व्यक्ति को आश्रम में लाया गया। जो मानसिक रोगी है आश्रम की टीम को सूचना मिली कि रातु के काठी टांठ में एक लावारिस अवस्था में मंदबुद्धि व्यक्ति घूम रहा है। आश्रम की टीम ने उसे रातु से रेस्क्यू करके आश्रम लाया। टीम में आश्रम के सेवा साथी परमेश्वर साहू, सूरज कुमार और सत्यम कुमार शामिल थे। उसके बाद अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच कराई गई। बाद में सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम(सत्य प्रेम सभागार) मे लाया गया। उस व्यक्ति का नाम और पते की कोई जानकारी नहीं मिली है। आश्रम कमेटी ने इसका नाम कन्हैया कुमार रखा है। आश्रम की टीम को सूचना मिलने पर समय-समय पर जरूरतमंदों को रेस्क्यू किया जाता है आश्रम में रह रहे इन सभी निराश्रितो को गुरुजी सदानंद जी महाराज के सहयोग से घर जैसा माहौल देने की कोशिश की जाती है। प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि अभी सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में 37 दिव्यांग और निराश्रितों का समुचित देखभाल और सेवा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है।

प्रेस प@सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के 

Published / 2025-08-27 21:34:11
डीएवी कपिलदेव में विजेताओं का उत्साहवर्द्धन कार्यक्रम

राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल प्रथम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन,विजेताओं के लिए उत्साहवर्द्धन कार्यक्रम का आयोजन  

टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू ने एनसीईआरटी और झारखंड शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में वर्ग ग्यारह- बारह के बच्चों के समूह में संस्कार श्रेष्ठ पाण्डेय और नयन प्रीत सेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के उत्साहवर्द्धन के लिए तथा अन्य छात्रों में विज्ञान और तकनीक के प्रति रुझान पैदा करने के लिए आज डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

दुमका विश्वविद्यालय भौतिकी विभाग के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर डॉ बी आर द्वारी तथा डीआरडीओ के वरीय वैज्ञानिक डॉ संजय कुमार पाण्डेय ने आज डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में बच्चों द्वारा बनाए गए पुरस्कृत मॉडल का भी अवलोकन कांफ्रेंस हॉल में किया और बच्चों के कार्यों की सराहना की। दोनों ने बच्चों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। 

वैज्ञानिक तथा प्रोफेसर की टीम ने बाद में आयोजित सभा में बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि आप जो भी कार्य करते हैं उसे पूरे मनोयोग से करें। पढ़ाई पूरे मनोयोग से करें तभी उसका आनंद मिल पायेगा। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा प्रतियोगिताओं में भाग लेने की सलाह दी।

इस अवसर पर डीएवी झारखंड जोन बी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य श्री एमके सिन्हा ने कहा कि अगर जीवन में अच्छा पथ प्रदर्शक मिल जाए तो अर्जुन जैसे प्रतिभाशाली शिष्य के लिए राह आसान हो जाती है। 

उल्लेखनीय है कि सतत विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विषय पर राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन एनसीईआरटी और झारखंड राज्य शिक्षा विभाग ने राजधानी रांची के जिला स्कूल सामूहिक रूप से 23 अगस्त को आयोजित किया था। 

इस प्रदर्शनी में डीएवी कपिल देव से एक मॉडल का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किया गया।वर्ग ग्यारह- बारह के समूह में संस्कार श्रेष्ठ  पाण्डेय और नयन प्रीत सेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा वर्ग दशम के समूह में अक्षरा राय तथा आराधना सिन्हा ने पुरस्कार जीता था। ये चयनित बच्चे अब राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इन बच्चों का मार्गदर्शन विद्यालय के विज्ञान शिक्षक डॉ एन के पांडेय ने किया था।मौके पर वर्ग सात के बच्चों समेत सीनियर और जूनियर विंग के शिक्षक वृंद मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के आलोक इंद्र गुरु ने दी।

Published / 2025-08-27 21:29:31
एसआर डीएवी पुंदाग में नशा मुक्ति अभियान

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। मौके पर प्रजापिता ब्रह्म कुमारी संस्था की दो बहनों ने विद्यालय की  प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के विकसित भारत का गठन करेंगे। इसलिए हर विद्यार्थी को सकारात्मक सोच विकसित करके अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कामों में लगाना चाहिए। 

नशा किसी भी तरह का हो, उससे दूर रहने में ही भलाई है। अपनी ऊर्जा को बढ़ाने के लिए राज योग का सहारा लेना उत्तम फल दायक सिद्ध हो सकता है। प्राचार्य  डॉ तापस घोष ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी तरह का नशा बुरा ही होता है, इसलिए सबको नशे से दूर रहना चाहिए। यह पूरे विश्व की युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। 

यह व्यक्ति के शरीर, मन तथा मस्तिष्क को बुरी तरह से प्रभावित कर रहा है। एक बार नशे की लत लग जाने पर व्यक्ति कहीं का नहीं रहता, इसलिए हर हाल में नशे से दूर रहना चाहिए। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवायी गयी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों तथा शिक्षक - शिक्षिकाओं ने भाग लिया। राष्ट्र गान के साथ सभा समाप्त हुई।

Published / 2025-08-27 21:28:49
मेन रोड के काली मंदिर में पोस्टर लगाओ अभियान

टीम एबीएन, रांची। आज एफ जे सी सी आई, रांची के सान्निध्य में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विकसित भारत- 2047 के तहत मेन रोड स्थित काली मंदिर से पोस्टर लगाओ अभियान प्रारंभ हुआ। 

इस पद यात्रा में संजय सेठ के संग फेडरेशन चैंबर के व्यापारियों के साथ गांधी चौक झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ के सदस्यों के साथ इस अभियान में अपर बाजार, कुंजलाल स्ट्रीट, कपड़ा पट्टी, मारवाड़ी टोला का भ्रमण कर सभी प्रतिष्ठानों में, आफिसों में, पंपलेट लगा कर स्वदेशी उत्पाद बेचने व भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्य में संघ के अध्यक्ष उमाशंकर कानोडिया ने कहा कि हम प्रयास करें अपने प्रतिष्ठानों में ज्यादा से ज्यादा स्वदेशी उत्पाद का ही विक्रय करें। 

इस अभियान में उमाशंकर कनोडिया, हैपी किंगर, विपुल जैन, मुकेश काबरा, प्रमोद सारस्वत, विनय मिड्डा, अमरचंद बेगानी, महेश बजाज, मनमोहन मोहता, विवेक मेहता, सुबोध गुप्ता सहित काफी संख्या में झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ के सदस्य मौजूद थे।

Published / 2025-08-27 21:25:22
मारवाड़ी भवन में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन

टीम एबीएन, रांची। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के नवनिर्मित प्रांतीय कार्यालय का उद्घाटन मारवाड़ी भवन परिसर में संपन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर समाजसेवा एवं संगठन में अग्रणी भूमिका निभा चुके सम्मेलन के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्री भागचंद पोद्दार ने विधिवत रूप से फीता काटकर एवं श्री गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यालय का शुभारंभ किया। 

उद्घाटन समारोह कार्यक्रम में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं पदाधिकारीयों ने समारोह में आये सभी आगंतुक अतिथियो को पुष्प गुच्छ देकर एवं अंग वस्त्र ओढ़ाकर कर स्वागत किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह नया कार्यालय संगठनात्मक कार्यों को और अधिक सशक्त, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल एक कार्यालय है, बल्कि यह सामाजिक समर्पण, एकता एवं प्रगति का प्रतीक भी है। 

समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया ने कहा कि मारवाड़ी सम्मेलन की स्थापना 1935 में हुई थी। 90 वर्षों से मारवाड़ी सम्मेलन समाज सुधार, समाज विकास एवं सभी जन सेवा कार्यों को निरंतर व्यापक स्तर से कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन झारखंड में भी अपने कार्य क्षमता से नई ऊंचाइयां प्रदान करेगी। 

इस समारोह में झारखंड प्रदेश के जिलों से आये सदस्यगण उपस्थित थे। अतिथियों ने भागचंद पोद्दार द्वारा संगठन के विकास एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में किये गये योगदान की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना से हुई इसके पश्चात संगठन के इतिहास उपलब्धियां एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में धनबाद जिला अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की नए कार्यालय खुलने से समाज एवं संगठन और अधिक मजबूत होगा। 

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय संयुक्त महामंत्री प्रमोद कुमार सारस्वत ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों को प्रसाद वितरण किया गया एवं सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया। समस्त आयोजन उत्साह, भक्ति एवं संगठनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।यह उद्घाटन समारोह न केवल संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा, बल्कि सामाजिक जीवन में एक नई प्रेरणा का स्रोत भी सिद्ध हुआ। 

मौके पर कमल कुमार केडिया, चंडी प्रसाद डालमिया, सज्जन पाड़िया, मनोज चौधरी, नंदकिशोर पाटोदिया, पवन शर्मा, किशन साबू, परेश गटानी, रतनलाल बंका, प्रवीण लोहिया, विशाल पाड़िया, कौशल राजगढ़िया, संजय सर्राफ, निर्मल बुधिया, विश्वनाथ नारसरिया, प्रवीण लोहिया, तुलसी पटेल, प्रमोद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, राम बांगड़, अंजय सरावगी, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुभाष पटवारी, दीपेश निराला, रमन वोडा, अजय डीडवानिया, डॉ रामधीन, आनंद जालान, नेहा पटवारी, नरेंद्र लखोटिया, नरेश बंका, अजय खेतान, रौनक झुनझुनवाला, विकास अग्रवाल कमल शर्मा, विनोद टिंबडेवाल, प्रमोद बगड़िया, राजकुमार मित्तल, विजय खोवाल, मनोज बजाज, किशन पोद्दार, विकास विजयवर्गीय, अमित चौधरी, संजय जैन, विनोद उदयपुरिया, मनीष लोधा, अनिल जालान, अनिल नारनोली, मुकेश अग्रवाल, नारायण प्रसाद, तरुण सराफ, रोहित अग्रवाल, अमन अग्रवाल, विनोद, बगवानी, अमन अग्रवाल, विकास फोगला, कृष्ण अग्रवाल,  सहित सैकड़ों की संख्या में सदस्यगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Page 270 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse