टीम एबीएन, रांची। झारखंड अक्टूबर माह में एक ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। राज्य में पहली बार धरती आबा जनजातीय फिल्म महोत्सव का आयोजन होगा, जिसकी मेजबानी राज्य सरकार करेगी। इस महोत्सव के माध्यम से सिनेमा की दुनिया में आदिवासी जीवन, उनकी परंपराओं और संस्कृति की अनूठी झलक दिखायी जायेगी।
भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित इस आयोजन में देशभर के फिल्म निर्माता भाग लेंगे। यहां अलग-अलग क्षेत्रों से आदिवासी समुदाय की जीवनशैली, कथाओं और सांस्कृतिक अनुभवों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा।
स्थानीय भाषाओं में फिल्म बनाने वाले निर्देशक अनिल सिकदार ने बताया कि आदिवासी बहुल राज्यों के फिल्म मेकर भी बड़ी संख्या में इसमें हिस्सा लेने के लिए उत्साहित हैं। खास बात यह है कि केवल 31 दिसंबर 2020 के बाद बनी फिल्मों को ही प्रतियोगिता में शामिल किया जायेगा।
जनजातीय कल्याण अनुसंधान संस्थान ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक प्रतिभागी 10 सितंबर तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। फिल्मों को 6 श्रेणियों फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्शन, शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन और न्यू मीडिया/मोबाइल में प्रस्तुत किया जा सकेगा।
इस मंच के जरिए न सिर्फ संवाद स्थापित होगा बल्कि आदिवासी समाज की अनसुनी कहानियां भी सामने आयेंगी। यह आयोजन डॉ राम दयाल मुंडा जनजातीय कल्याण अनुसंधान संस्थान की ओर से सरकार की जनजातीय गौरव वर्ष पहल के तहत किया जा रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महेशपुर थाना क्षेत्र के बुधारपोखर गांव में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की निर्मम हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का खुलासा 2 सितंबर को हुआ, जब बुधारपोखर नाले से एक युवती का सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ। शव की पहचान मुश्किल थी, लेकिन पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को 23 अगस्त को दर्ज एक गुमशुदगी की शिकायत याद आयी, जिसमें एक युवती के लापता होने की जानकारी दी गयी थी।
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शव की पहचान उसी गुमशुदा युवती के रूप में की। इसके बाद एसआईटी टीम ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी की पहचान की और 5 सितंबर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मृतका और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। लेकिन जब शादी की बात आई तो युवती ने इनकार कर दिया। इसी नाराजगी में आरोपी ने 18 अगस्त की रात उसे नहर किनारे बुलाकर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंककर फरार हो गया। करीब 15 दिन बाद शव बरामद होने पर पूरे हत्याकांड का राज खुल सका। पुलिस के अनुसार दोनों महेशपुर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले थे और एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। जिले में युवक और युवती के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर थाने ले गयी। साथ ही पुलिस ने मौके से पिस्तौल एवं चाकू भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, घटना गढ़वा थाना क्षेत्र में परसाहा मोड़ के समीप की है। मृतक लड़की की पहचान कृति कुमारी और मृतक लड़के की पहचान सुमित कुमार के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रास्ते से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने दोनों शवों को खून से लथपथ पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस शवों को उठाकर थाने ले गयी। वहीं जब युवती के परिजनों को खबर हुई तो वे लोग भी थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कृति ने उन्हें फोन कर जानकारी दी थी कि सुमित ने उसके पेट में चाकू घोंप कर खुद को भी गोली मार दी। जिसके बाद वे दोनों को ढूंढने निकल पड़े। फिलहाल पुलिस घटना की गंभीरता से जांच में जुट गयी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से न केवल आम लोगों को फायदा होगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में उसके शासनकाल के दौरान कर का भारी बोझ था। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद का अहितकर और विलासिता की वस्तुओं की श्रेणी को छोड़कर सभी उत्पादों को 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की श्रेणी में लाने तथा कई आवश्यक वस्तुओं पर कर को शून्य करने का निर्णय 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन से लागू होगा।
भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा, आगामी 22 तारीख, नवरात्रि का पहला दिन, हम सभी के लिए, सभी मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए और इस देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए एक नई खुशी लेकर आयेगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधार देश के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का काम करेंगे।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा, इस सुधार से देश के 140 करोड़ लोगों के जीवन में बड़ी राहत आयी है। 2014 से पहले (कांग्रेस के शासन के दौरान) हर वस्तु पर लगने वाले विभिन्न प्रकार के करों के जाल के कारण आम लोगों पर भारी बोझ था। वैष्णव ने कहा कि नवीनतम जीएसटी सुधार और पहले घोषित 12 लाख रुपये तक की आयकर छूट देश में मध्यम वर्गीय परिवारों सहित आम लोगों के कल्याण के लिए पीएम नरेंद्र की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार लगभग डेढ़ साल से जीएसटी सुधारों पर काम कर रही थी और प्रधानमंत्री लगातार इस पर नजर रख रहे थे और हर कदम पर मार्गदर्शन दे रहे थे। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिया गया यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने लाल किले की प्राचीर से देश को एक नया आश्वासन दिया था। उन्होंने इस घोषणा के साथ उस संकल्प को वास्तविकता में बदल दिया है।
टीम एबीएन, रांची। आज आनंद मार्ग महिला कल्याण विभाग ने श्रद्धानंद सेवाश्रम मध्य विद्यालय में कौशिकी दिवस मनाया, जिसमें लगभग 200 छात्राओं ने भाग लिया। इसके मुख्य अतिथि शहर के वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ आचार्या करुणा शाहदेव, विशिष्ट अतिथि महिला कल्याण विभाग दिल्ली सेक्टर से अवधुतिका आनंद मधुरिमा आचार्या एवं मुख्य वक्ता बीआईटी, मेसरा के प्रोफेसर मृणाल पाठक ने इस नृत्य के फायदे को बच्चियों के समक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि 6 सितंबर 1978 को आनंद मार्ग के प्रवर्तक श्रीश्री आनन्दमूर्ति जी ने इस नृत्य को दिया गया एवं इस नृत्य को नियमित रूप से अभ्यास करने से महिलाओं में 22 प्रकार की बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है। यह नृत्य रीढ़ की हड्डी एवं शरीर के पूरे ग्रंथियों एवं उप ग्रंथियों पर सीधा अपना प्रभाव डालकर ग्रंथि रस के श्राव को संतुलित करती है जिससे शरीर में होने वाली 22 प्रकार की व्याधियों ठीक हो जाती हैं।
कार्यक्रम के आयोजक मृदुला सिंह द्वारा इस नृत्य का कंपटीशन छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के बीच करवाया गया तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले बच्चियों एवं शिक्षिकाओं को पुरस्कृत किया गया। अंत में स्कूल के प्रभारी प्राचार्य अनुज सिंह ने सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापन किया। इस कार्यक्रम में स्कूल के सभी शिक्षक एवं शिक्षिका, चेतना आयोजन के रूप में मृदुला सिंह का विशेष योगदान रहा।
टीम एबीएन, रांची। जश्ने आमदे रसूल, जश्ने ईद मिलादुन्नबी के नारों की गूंज के साथ जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। सुन्नी बरैलवी सेंट्रल कमिटी के सरपरस्त मो. सईद व एदारा ए शरीया झारखंड के नाजिमे आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी की सरपरस्ती तथा सुन्नी बरैलवी सेन्ट्रल कमिटी के। अध्यक्ष मौलाना ताजुद्दीन, महासचिव अकीलुर्रहमान, प्रवक्ता मो. इसलाम तथा आफताब आलम के जेरे निगरानी में ईद मिलादुन्नबी का जुलूसे मोहम्मदी पूरे अकीदत व एहतराम तथा आपसी भाईचारे के साथ रांची में निकाला गया।
पूर्व से निर्धारित समय, मार्ग एवं सुन्नी बरैलवी सेंट्रल कमेटी के गाईडलाइन के अनुसार जुलूसे मोहम्मदी इस्लामी मरकज रांची के तत्वावधान में मरकज के उलेमाओं के नेतृत्व में इस्लामी मरकज सहित पूरे हिन्दपीढ़ी का जुलूस अपने निर्धारित मार्ग हिन्दपीढ़ी ग्वाला टोली, तेवारी स्ट्रीट, डा. फतेउल्लाह रोड होते हुए विक्रांत चौक पहुंचा। हरमू, गाड़ीखाना एवं पुरानी रांची का जुलूस बड़ा तालाब, लेक रोड छत्ता मस्जिद, उर्दू लाईब्रेरी, डॉ फतेउल्लाह रोड होते हुए विक्रांत चौक में इस्लामी मरकज के जुलूस के साथ शामिल हुआ।
कोंगे, जयपुर, भीठा, मोरहाबादी, बरियातू, उलातू आदि क्षेत्रों से निकाले जाने वाले जुलूस भी उक्त क्षेत्र के उलेमा के नेतृत्व में अपने निर्धारित मार्ग से गुजर कर न्यूक्लियस माल होते हुए प्लाजा चौक, थड़पखना मस्जिद के पास थड़पखना एवं लालपूर क्षेत्र से निकाले गए जुलूस में शामिल होकर संत अन्ना स्कूल मार्ग, पुरुलिया रोड, पथलकुदवा रोड होते हुए पथलकुदवा चौक पहुंचा।
मौलाना आजाद कालोनी सहित पूरे कांटाटोली क्षेत्र का जुलूस भी अपने निर्धारित मार्ग से गुजर कर कांटाटोली चौक, कांटाटोली चौक मस्जिद गली, नया टोली होते हुए पथलकुदवा चौक पहुंचकर पूर्व से खड़े थड़पखना के जुलूस तथा उस के तमाम जुलूस को साथ लेकर आजाद बस्ती, कुरैशी मुहल्ला होते हुए गुदरी चौक पहुंचा एवं वहां लोअर बाजार क्षेत्र के तमाम जुलूस शामिल होकर कर्बला चौक, विक्रांत चौक में पूर्व से खड़े हिन्दपीढ़ी के जुलूस को शामिल करते हुए चर्च रोड, काली मंदिर टैक्सी स्टैंड चौक, डेली मार्केट, अंजुमन प्लाजा मेन रोड होते हुए एकरा मस्जिद चौक पहुंचा।
पुंदाग, इलाही नगर, कडरू आदि क्षेत्र के जुलूस भी अपने निर्धारित मार्ग कडरू, रेडिसन ब्लू, सुजाता चौक, मेन रोड होते हुए एकरा मस्जिद चौक में शामिल हुआ। एकरा मस्जिद चौक में उलेमाओं के तकरीर के बाद सुजाता, राजेंद्र चौक, डोरंडा होते हुए रेसालदार बाबा दरगाह उर्स मैदान में उलेमाओं एवं विभिन्न धर्म के प्रमुख लोगों के संबोधन के बाद सलातो सलाम व सामूहिक दुआ के बाद समाप्त किया गया।
उक्त अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय एवं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने अपने सम्बोधन में पैगम्बर मोहम्मद ( स) के आदर्शों पर चलने की बात कही एवं कहा कि नफरत के बाजार में जुलूसे मुहम्मदी अमन और प्यार का अद्भुत पैगाम है इससे नफरती लोगों को सीख लेनी चाहिए। मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी व मौलाना डा ताजुद्दीन ने पैगम्बर मोहम्मद ( स) की जीवनी बयान करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया अकीलुर्रहमान एवं मो. इसलाम ने भी पैगम्बर साहब के बताए गए रास्ते पर चलने की बात कही।
विभिन्न संगठनों द्वारा जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। मौलाना तहजीबुल हसन ने सुन्नी बरैलवी सेंट्रल कमिटी के प्रमुख लोगों को मोमेंटो देकर रहमते आलम एवार्ड से नवाजा। जुलूस में मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, मौलाना डा ताजुद्दीन, मुफ्ती जमील, कारी अय्यूब, अकीलुर्रहमान, मो इसलाम, आफताब आलम, मौलाना शेर मोहम्मद कादरी, कारी जान मोहम्मद, मौलाना नूर मोहम्मद, परवेज गुड्डू, परवेज आलम, मो. तौहीद, मो. नौशाद, जसीम हसन, अब्दुल्लाह, इनायतुल्लाह, जीतेन्द्र गुप्ता सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। विप्र फाउंडेशन के सानिध्य में जयपुर में श्री परशुराम ज्ञान पीठ सेंटर फॉर एक्सीलेंस एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की गयी। जिसका उद्घाटन राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कर कमलों द्वारा समाज के लोगों की उपस्थिति में 6 सितंबर 2025 को किया जायेगा।
यह रिसर्च सेंटर युवाओं को शिक्षा, संस्कार, रोजगार की दिशा में अग्रसर करेगा।
इस संस्था के तहत कौशल विकास, गर्ल्स एग्जाम ट्रेनिंग, गर्ल्स हॉस्टल, वेदिक रिसर्च, कोचिंग क्लासेस, पुरोहित प्रशिक्षण, जैसे महत्वपूर्ण गतिविधियों को संचालित करने में अपना योगदान देगा साथ ही समाज की आवश्यकता को भी पूरा करेगा । उक्त जानकारी विप्र फाउंडेशन झारखंड जोन 6 के उपाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने दी। श्री सारस्वत ने बताया कि भगवान परशुराम भारतीय संस्कृति में धर्म, ज्ञान, शक्ति के प्रति माने जाते हैं।
उनका जीवन हमें संयम, संकल्प, न्याय एवं सद्गुण के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। भगवान परशुराम गुरु शिष्य परंपरा के संग ज्ञान व धर्म की रक्षा का सबसे बड़ा अनुपम उदाहरण है। राष्ट्र एवं समाज को तेजस्विता और सामर्थ्य से परिपूर्ण रखने के पावन उद्देश्य से विप्र फाउंडेशन द्वारा भारत भूमि के पश्चिम में श्री परशुराम ज्ञान पीठ ,जयपुर (राजस्थान) में बनाया गया है।
सेंटर फॉर एक्सीलेंस एंड रिसर्च सेंटर के माध्यम से सेवा, समर्पण, शिक्षा व संस्कार देकर अपने बच्चों को आई ए एस, आई पी एस बनाकर हम समाज की नींव को मजबूत करें। झारखंड राज्य सहित विभिन्न राज्यों से इस उद्घाटन समारोह में काफी संख्या में विप्र फाउंडेशन के सदस्य शामिल होंगे।
विप्र फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा सहित राजस्थान सहित भारत वर्ष के विभिन्न राज्यों के पदाधिकारीयो सहित एक- एक सदस्यों के 16 वर्षों की तपस्या का इस रिसर्च सेंटर को समाज को सुपुर्द करने में बहुत बड़ा योगदान रहा है। आने वाले समय में युवा बच्चों को इसका भरपूर लाभ प्राप्त होगा। उक्त जानकारी विप्र फाउंडेशन, जोन 6, झारखंड के उपाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने दी।
टीम एबीएन, रांची। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) एक बार फिर औद्योगिक हलचल का केंद्र बनने जा रहा है। आने वाले दिनों में यहां थर्मल पावर प्लांट के लिए उपकरण का निर्माण होगा। यह पहला मौका होगा जब एचईसी इस तरह की परियोजना पर काम करेगा। इस कदम से न केवल संस्थान की साख मजबूत होगी बल्कि कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं के लिए भी नये अवसर खुलेंगे।
एचईसी प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, भेल के सीएमडी सह एचईसी के प्रभारी ने अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया है। बताया गया है कि एचईसी की खासियत यह है कि यहां कास्टिंग, फोर्जिंग और मशीनिंग जैसी सुविधाएं एक ही जगह मौजूद हैं। यही वजह है कि थर्मल पावर प्लांट से जुड़े बड़े उपकरण यहां आसानी से बनाये जा सकते हैं।
एचईसी के एमटीपीआई प्लांट में उपकरण निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। प्लांट स्तर पर अधिकारियों को निर्देश दिये जा चुके हैं। कई पुरानी मशीनों को री-मॉडिफिकेशन कर तैयार किया जा रहा है, जिन पर 10 से 50 लाख रुपये तक खर्च किये जाने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन तकनीकी सुधारों के बाद एचईसी देश के भीतर भारी मशीनरी निर्माण की एक बड़ी जरूरत को पूरा करने में सक्षम होगी।
एचईसी देश की उन चुनिंदा इकाइयों में से है, जिसने पिछले छह दशकों में कई अहम परियोजनाओं में अपनी भूमिका निभायी है। अंतरिक्ष अनुसंधान, स्टील अथॉरिटी और रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों के लिए यहां से मशीन और उपकरण बनाये जाते रहे हैं। अब थर्मल पावर उपकरण निर्माण की पहल से इसकी औद्योगिक प्रासंगिकता और भी बढ़ जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse