झारखंड

View All
Published / 2025-09-07 13:03:15
अंजुमन इस्लामिया, रांची का चुनाव 16 नवंबर को

एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद द्वारा स्थापित अंजुमन इस्लामिया, रांची का विवादों से पुराना नाता रहा है। 

चुनावी बिगुल बज चुका है। 16 नवंबर को चुनाव प्रस्तावित है, लेकिन निवर्तमान अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव संयोजक की नियुक्ति को ही अवैध घोषित कर दिया। 

इधर, मुस्लिम समाज में चुनावी सरगर्मी बढ़ने लगी है। खेमेबाजी और समर्थन टटोलने का दौर शुरू हो चुका है। इस बार कई नये चेहरे चुनावी मैदान में ताल ठोंकने को तैयार हैं।

Published / 2025-09-07 13:01:34
पलामू में नवजात का सौदा : सीएम कि सख्ती के बाद बच्चा माता-पिता को सुपुर्द

एबीएन न्यूज नेटवर्क पलामू। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ओरिया पंचायत के लोटवा गांव में गरीबी और पैसे के अभाव में दूधमुंहे बच्चे को बेचने के मामले पर सीएम हेमंत सोरेन ने कार्रवाई का आदेश दिया है। 

सीएम के आदेश के बाद पलामू डीसी ने मामले में कार्रवाई की। लेस्लीगंज थाना पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया।

Published / 2025-09-07 07:59:59
युवा देश के नव निर्माण में अपनी भागीदारी तय करें : आशा लकड़ा

  • राष्ट्रीय जनजाति आयोग द्वारा रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय में युवा संवाद का आयोजन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बिश्रामपुर (पलामू)। बिश्रामपुर के नावाडीह कला स्थित रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के सभागार से शनिवार को युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय जनजाति आयोग व रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय ने भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती पर संयुक्त रूप से किया था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय जनजाति आयोग के सदस्य आशा लकड़ा ने विश्विद्यालय के विभिन्न संकाय के छात्र छात्राओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें अपने कार्यों के प्रति प्रेरित किय। 

उन्होंने आयोग के गठन व उसके कार्यों को उल्लेख करते हुये कहा की युवा संवाद एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें युवाओं को नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों व अन्य संबंधित व्यक्तियों के साथ जुड़ने, अपने विचार व्यक्त करने और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलता है, जिससे वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से भाग ले सकें और नीति -निर्माण में अपनी आवाज़ शामिल करा सकें। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाना, उनकी चिंताओं को समझना व उन्हें सशक्त बनाना है, ताकि वे राज्य ही नहीं देश के नवनिर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। 

उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के जयंती को जन जातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर देशभर के जनजाति समाज के लोगों का सम्मान बढ़ा दिया है। वहीं देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी महिला को बिठाकर जनजाति समुदाय के प्रति अपनी सोच को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और अनु सूचित जनजाति समाज के हितों की रक्षा के लिये सभी को आगे आना होगा। 

आरसीयू के कुलाधिपति डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे बड़ा युवा शक्ति वाला देश है। देश के युवाओं को अपनी जिम्मेवारी समझनी होगी। भारत को विश्वगुरु बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उप कुलपति डॉ संजय कुमार झा ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया। 

मौके पर रजिस्टार देवाशीष मंडल, लक्ष्मी चंद्रवंशी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या नूतन रानी, भाजपा नेत्री रूपा सिंह, भाजपा के गढ़वा जिलाध्यक्ष ठाकुर महतो, पलामू जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव, इदरीश हवारी, पूर्व पार्षद सुनील कुमार चौधरी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बबन राम सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

Published / 2025-09-06 22:18:01
बहरागोड़ा में सीएम हेमंत सोरेन का जोरदार स्वागत

कोलकाता से वापस लौटने के क्रम में सीएम का बहरागोड़ा में पारंपरिक तरीके से स्वागत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बहरागोड़ा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कोलकाता से रांची लौटने के क्रम में बहरागोड़ा पहुंचने पर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से स्वागत एवं गार्ड आफ आनर दिया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से  स्वागत किया। 

इससे पहले सीएम ने शनिवार की सुबह कोलकाता में पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री एवं कोलकाता के महापौर (मेयर) फिरहाद हकीम और पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार से मुलाकात की थी।

Published / 2025-09-06 22:17:19
रांची : जमीन विवाद में भिड़े दो गुट, कार में लगा दी आग

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र में शनिवार को जमीन के विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मारपीट हुई और फिर एक वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस में मामले को शांत करवाया है लेकिन इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। 

क्या है मामला 

रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित होटवासी स्थित एक जमीन पर मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के बीच ही एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के सत्यम श्रीवास्तव के बड़े वाहन को आग के हवाले कर दिया। 

इस मारपीट और आगजनी की सूचना पर हटिया डीएसपी पीके मिश्रा, विधानसभा थाना प्रभारी सहित कई जवान मौके पर पहुंचे और हालात को काबू किया। हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि सत्यम श्रीवास्तव और भीम सिंह सहित कुछ अन्य लोगों का एक जमीन को लेकर पुराना विवाद है। जमीन पर कब्जे को लेकर ही दोनों गुटों में झड़प हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो लोग भी दोषी पाए जायेंगे उन्हें बक्शा नहीं जायेगा। वाहन 

जलकर स्वाहा 

वहीं झड़प को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि होटवासी स्थित जमीन पर दोनों ही पक्ष कई सालों से अपना अपना दावा बताते हैं। इसी बीच शनिवार दोपहर के बाद जमीन पर कब्जे को लेकर ही दोनों गुट आपस में भिड़ गये। 

इस मारपीट के दौरान ही भीड़ में शामिल कुछ लोगों के द्वारा एक पक्ष के वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। जिस समय वाहन को आग के हवाले किया गया, मौके पर अफरातफरी मच गयी और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह से जलकर बर्बाद हो गया। 

दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों ही पक्षों के द्वारा थाना में एफआईआर की तैयारी की जा रही है। वहीं हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आगजनी और मारपीट के आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Published / 2025-09-06 22:16:21
बुलडोजर ने एचईसी कॉलोनी के 50-60 मकानों को किया ध्वस्त

रांची : एचईसी कॉलोनी में चला प्रशासन का बुलडोजर, 50 से 60 अवैध मकान ध्वस्त 

टीम एबीएन, रांची। रांची की एचईसी कॉलोनी में शनिवार की सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एचईसी चेक पोस्ट से लेकर दिल्ली पब्लिक स्कूल  तक का इलाका बुलडोजर की गर्जना से गूंज उठा। करीब 50 से 60 अवैध मकान व पक्के निर्माण धराशायी कर दिये गये। 

सुबह होते ही इलाके में हलचल मच गयी जब दो जेसीबी मशीनों के साथ नगर निगम की एनक्रोचमेंट टीम जगरनाथपुर थाना के पास पहुंची। अभियान की कमान मजिस्ट्रेट नितिन गुप्ता ने संभाली। वहीं, जगरनाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और निगम के जवान मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा घेरे में कार्रवाई इतनी सख़्ती से हुई कि किसी को विरोध का मौका तक नहीं मिला।  

प्रशासन ने साफ कहा है कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद लोग अतिक्रमण खाली नहीं कर रहे थे। अब इस तरह के अवैध कब्जे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं होंगे। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि यह अभियान आगे और तेजी से जारी रहेगा और एचईसी कॉलोनी ही नहीं बल्कि आसपास के सभी क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराया जायेगा। 

मकान टूटने के बाद कई प्रभावित परिवार हताश और गुस्से में दिखे। उनका कहना था कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने पलटकर दो टूक कहा नियम तोड़ने वालों को अब कोई राहत नहीं मिलेगी।

Published / 2025-09-06 22:15:33
रांची : अब पोषण बागान के पौष्टिक भोजन से तंदुरूस्त होंगे स्कूली बच्चे

रांची के 1771 स्कूलों में पोषण बागान! बच्चों को मिलेगा ताजा और पौष्टिक खाना 

टीम एबीएन, रांची। रांची में बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता फैलाने के लिए जिले के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में सुपोषण परियोजना के तहत पोषण बागान शुरू किये गये हैं। इस पहल का मकसद स्कूलों में ताजा और बिना कीटनाशक वाली सब्जियां उगाकर बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना और उन्हें खेती व सतत जीवन के बारे में प्रत्यक्ष अनुभव देना है। 

यह प्रोजेक्ट सिर्फ बच्चों को ताजी सब्जियां देने तक सीमित नहीं है, बल्कि कुपोषण की लड़ाई को एक नया आयाम दे रहा है और अन्य राज्यों के लिए भी एक नयी राह दिखा सकता है। अभी तक 2,128 में से 1,771 स्कूलों में किचन गार्डन तैयार हो चुके हैं जबकि दिसंबर 2025 तक जिले के सभी 2128 सरकारी स्कूलों में यह योजना पूरी तरह से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। इन बागानों में पालक, मेथी, सहजन, पपीता और मौसमी सब्जियां जैसे टमाटर, गाजर, भिंडी उगायी जायेंगी, जो बालकों में कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करेंगी। 

अधिकारियों ने बताया कि ये बागान जीवित कक्षाएं साबित हो रही हैं, जहां बच्चे पौधा लगाना, कंपोस्ट बनाना और प्राकृतिक उर्वरक तैयार करना सीखेंगे। सीमित जगह वाले स्कूल वर्टिकल गार्डनिंग और ग्रो बैग जैसी तकनीकों को अपनायेंगे। साथ ही, यहां जैविक कचरे का पुनर्चक्रण भी होगा। शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने आज कहा कि परियोजना से सामुदायिक सहभागिता भी बढ़ेगी, अतिरिक्त सब्जियां स्थानीय रूप से साझा की जायेंगी, जिससे आत्मनिर्भरता और अभिभावक-विद्यालय संबंध मजबूत होंगे। 

उन्होंने यह भी बताया कि सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को पुरस्कार भी दिये जायेंगे। सरकारी मध्य विद्यालय, आॅरमांझी के प्रिंसिपल नसीम अहमद ने कहा, यह पहल स्कूलों को स्वास्थ्य, शिक्षा और सततता के केंद्र में बदल रही है, जो न केवल बच्चों को बल्कि पूरे समुदाय के लिए हरित और स्वस्थ भविष्य का निर्माण कर रही है। सुपोषण परियोजना से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहयोग और प्रकृति के प्रति सम्मान भी बढ़ेगा।

Published / 2025-09-06 20:11:53
धनबाद : ओबी स्लाइड पीड़ित मजदूरों को मुआवजा देने की मांग

टीम एबीएन, रांची। कतरास क्षेत्र के कांटापहाड़ी में चल रहे अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग की लापरवाही से ओबी स्लाइड होने की वजह से सर्विस वैन करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गयी, जिससे मजदूरों की मौत हो गयी। लेकिन अभी तक मजदूरों को इंसाफ तक नहीं मिली। 

सिर्फ जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। मजदूरों को उचित मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग के महाप्रबंधक, साइड इंचार्ज की लापरवाही के कारण आज इतनी बड़ी घटना घटी है। कंपनी के कर्मियों को किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं दी जाती है। 

जिसके वजह से आज गरीब मजदूरों की जान गयी है जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री, कोयला मंत्री, झारखंड सरकार, इरफान अंसारी सहित धनबाद डीसी को ट्वीट कर कार्रवाई और मजदूरों को मुआवजा देने की मांग की है।

Page 262 of 1690

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse