टीम एबीएन, रांची। रांची के फुटपाथ दुकानदारों ने सोमवार को नगर निगम का घेराव कर संवैधानिक अधिकारों की मांग की। आॅल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के बैनर तले हजारों दुकानदारों ने प्रदर्शन किया।
घेराव का नेतृत्व संदीप कुमार वर्मा (एटक), विकास वर्मा, भाकपा राज्य सचिव महेंद्र पाठक और जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने किया। दुकानदारों ने 2009 व 2014 में संसद से पारित कानून और झारखंड सरकार द्वारा 2017 में बनाये गये स्ट्रीट वेंडर एक्ट को लागू करने की मांग उठायी।
नगर निगम के प्रशासक ने दुकानदार नेताओं से वार्ता की और अधिकांश मांगों पर सहमति जतायी। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई लंबी है और केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
नेताओं ने कहा कि फुटपाथ दुकानदार आबादी के 80% लोगों को सस्ते दर पर सामान मुहैया कराते हैं, लेकिन सरकार बड़े-बड़े कॉरपोरेट घरानों के दबाव में खुदरा व्यापार को बढ़ावा दे रही है। निगम भी मोटी रकम वसूल कर दुकानदारों को खत्म करने की साजिश कर रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले के सोनाजोड़ी में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सोनाजोड़ी उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास सड़क पार कर रही सात वर्षीय सना खातून को चिप्स लदा तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतका की पहचान सोनाजोड़ी निवासी रियाज अंसारी की पुत्री के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सना अनाथ थी और उसकी परवरिश परिवार के अन्य सदस्य कर रहे थे। हादसे से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम 6 बजे के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहती है, लेकिन बावजूद इसके ओवरलोडेड ट्रक और हाईवा तेज रफ्तार से गुजरते हैं।
ग्रामीण रहमान अंसारी ने बताया कि सोनाजोड़ी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में लगभग 500 बच्चे पढ़ते हैं और उन्हें रोज इसी सड़क को पार करना पड़ता है। बावजूद इसके स्कूल के सामने न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही कोई अन्य सुरक्षा व्यवस्था। यही स्थिति सोनाजोड़ी सदर अस्पताल के पास भी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि जब तक स्कूल और अस्पताल के पास स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए जाते, उनका सड़क जाम आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने दोषी वाहन चालक और परिवहन विभाग पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है और उन ग्रामीणों की पीड़ा सामने लाता है, जो बार-बार ऐसे हादसों से जूझ रहे हैं।
टीम एबीएन, रांची। बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि अवैध लॉटरी के कारोबार में सत्ताधारी दल के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
इसकी वजह से हजारों गरीब परिवार अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी गंवा रहे हैं और कई युवा भटककर गलत राह पर जा रहे हैं। समाचारों से मालूम हुआ है कि अवैध लॉटरी के मुख्य संचालक बीरबल अंसारी और शेख अंसारी हैं।
इन्हें सत्ताधारी दल के नेताओं और कुछ भ्रष्ट प्रशासनिक अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। इनके तार बांग्लादेश तक जुड़े हुए हैं। उन्होंने पाकुड़ डीसी और जिले के पुलिस प्रशासन से अविलंब इस गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा है। साथ ही अवैध लॉटरी संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा है।
टीम एबीएन, रांची। जेसीआई रांची ने सोमवार को अपने जेसीआई कार्यालय में एक्सपो उत्सव 2025 के पोस्टर और कार्यक्रम सूची का अनावरण किया। एक्सपो उत्सव 2025 के मुख्य प्रायोजक है बाबूलाल प्रेमकुमार, पावर्ड बाय श्री गजानंद ज्वैलर्स, वहीं सह प्रायोजक है प्रभुजी, कैंपटी, मोशन कोटा, शुभम घोष फोटोग्राफी, रेडियो धूम, झारखंड एक्सप्रेस कोरियर, बागला सिक्योरिटी व आटोमेशन, कैफीनेटर्स, रमादा बाय विंडम और अन्नपूर्णा ट्रेडिंग कंपनी।
एक्सपो उत्सव के मुख्य कार्यक्रम इस प्रकार है, पहले दिन 16 सितंबर को फैशन शो, दूसरे दिन 17 सितंबर को एक्सपो ट्रेजर हंट और डॉग शो, तीसरे दिन 18 सितंबर को हेल्थी बेबी एंड मोम शो और योगा कंपीटीशन, चौथे दिन 19 सितंबर को वॉयस आफ एक्सपो सिंगिंग कंपीटीशन, पांचवे दिन 20 सितंबर शनिवार को तंबोला और मिड नाइट बाजार जो कि रात 12 बजे तक रहेगा, छठे दिन 21 सितंबर रविवार को पेंटिंग, फैंसी ड्रेस व एक्सपो धीनाक धिन धा डांस कंपीटीशन आयोजित होगा। आखिरी दिन 22 सितंबर को शाम 6 बजे से एक्सपो उत्सव 2025 का समापन समारोह रहेगा।
आज के कार्यक्रम के संचालक रहे नितिन पोद्दार। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतीक जैन, सचिव सन्नी केडिया, मुख्य संचालक सिद्धार्थ जयसवाल, सह संचालक अभिषेक जैन, दीपक पटेल, सौरभ नरेडी, प्रवक्ता आदित्य जालान, साकेत अग्रवाल, निखिल मोदी, तरुण अग्रवाल, प्रशांत पाटोदिया, आशा मोदी, दीपा बंका, रजनी धानधनिया, शीतल लखोटिया, रुचि झुनझुनवाला, श्वेता माहेश्वरी, राधिका मोदी व अन्य सदस्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। रातू थाना क्षेत्र के झखराटांड़ इलाके में रविवार की देर शाम एक जमीन कारोबारी की हत्या गोली मारकर कर दी गई। अपराधियों की गोली से वहां मौजूद बलमा नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति की हत्या हुई है, वो जमीन कारोबार से जुड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम मृतक झखराटांड़ के बिरसा चौक के पास थे, तभी कुछ अपराधी वहां पहुंचे और उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इस हमले में जमीन कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हमले में घायल हुए बलमा को गोली मुंह में लगी और उनके जबड़े में फंस गई। घायल बलमा को तुरंत पास के सीएचसी रातू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत काफी नाजुक थी। सीएचसी के चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। रविवार को ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने डुंडुंगाँव के पास लातेहार रोड को दो घंटे से ज़्यादा समय तक जाम कर दिया और पत्थर तोड़ने वाली एक फ़ैक्ट्री में मजदूर की मौत के विरोध में प्रदर्शन किया। मृतक, चटू सिंह, की मृत्यु 6 सितंबर, 2025 को हुई थी, लेकिन उसके परिवार ने दावा किया कि उन्हें समय पर सूचित नहीं किया गया था और वे एक दिन बाद भी उसके शव के मिलने का इंतज़ार कर रहे हैं।
यह विरोध प्रदर्शन लातेहार मुख्य बाज़ार को मनिका ब्लॉक से जोड़ने वाली 13 किलोमीटर लंबी संकरी सड़क पर हुआ, जो दोनों क्षेत्रों को जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख मार्ग है। यातायात ठप होने से, यात्री कारों और मालवाहक वाहनों सहित सैकड़ों वाहन फँसे रहे क्योंकि ग्रामीणों ने प्रशासन से जवाबदेही की मांग की।
डुंडुन गाँव से तीन किलोमीटर के दायरे में स्थित एक क्रशर इकाई में कार्यरत सिंह की मौत ऐसी परिस्थितियों में हुई, जिनके बारे में प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ये अनियमित पत्थर-कुचलने वाली खदानों की खतरनाक परिस्थितियों को दर्शाती हैं। सिंह के परिवार के साथ ग्रामीणों ने अंतिम उपाय के रूप में नाकाबंदी की और आरोप लगाया कि अधिकारियों ने संवेदनशीलता या तत्परता नहीं दिखाई।
मृतक की पत्नी, राजंती देवी ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा: मेरे पास कोई नहीं है जो मेरे लिए, मेरे अधिकारों के लिए लड़े। मुझे नहीं पता कि उन्होंने मेरे पति को कहाँ रखा है और वे जवाब नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लतिहार में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध खनन उद्योग पर आँखें मूंद लेने का आरोप लगाया। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ये क्रशर खदानें बिना कानूनी अनुमति या सुरक्षा जाँच के चलती हैं। चटू सिंह जैसे गरीब मज़दूर हर दिन अपनी जान जोखिम में डालते हैं, और जब कोई त्रासदी आती है, तो अधिकारी चुप रहते हैं।
नाकाबंदी, व्यापक व्यवधान पैदा करने के बावजूद, ग्रामीणों को अधिकारियों और क्रशर खदान मालिक की अमानवीयता की ओर ध्यान आकर्षित करने का एकमात्र तरीका लग रहा था। सिंह के परिवार के लिए यह त्रासदी बेहद दुखद है—वह अकेले कमाने वाले थे और अपने पीछे पत्नी, चार बच्चों और एक अविवाहित बहन, मनीता कुमारी को छोड़ गए थे। ग्रामीणों ने ज़ोर देकर कहा कि परिवार को न्याय और मुआवज़ा मिलना चाहिए।
अमन कुमार और स्थानीय पुलिस थाने के अधिकारियों सहित अधिकारी, प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने और यातायात बहाल करने का आग्रह किया। हालाँकि, ज़िले का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुँचा, जिससे स्थानीय आक्रोश और बढ़ गया। मृतक के शव को सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन परिवार ने साज़िश का आरोप लगाया।
टीम एबीएन, रांची। रांची गोशाला परिसर में शनिवार को शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी स्व. प्रेम कुमार पोद्दार की स्मृति में अन्नपूर्णा की शुरुआत हुई। अन्नपूर्णा सेवा के तहत जरूरतमंद आम लोगों को मात्र 10 रुपए में 6 रोटी सब्जी और अचार के रूप में भोजन उपलब्ध कराया जायेगा।
इसके साथ शुद्ध और स्वच्छ जल भी मिलेगा। प्रेम कुमार पुनीत कुमार प्रेमसंस ट्रस्ट द्वारा शुरू की गई अन्नपूर्णा सेवा का उद्घाटन पुष्पा देवी पोद्दार द्वारा किया गया। रांची गोशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार ने स्वागत भाषण में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों सदस्यों से कहा कि नर सेवा नारायण सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है।
रांची गोशाला न्यास द्वारा समाज के वंचित वर्गों के लिए अन्नपूर्णा सेवा की शुरुआत की गई है। इस सेवा के तहत जरूरतमंदों लोगों को सस्ते दर पर पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है। रांची गोशाला न्यास का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों की मदद करना और गो सेवा के साथ मानव सेवा को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में पहुंचे सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन मंत्री प्रदीप राजगढ़िया ने किया। उन्होंने कहा कि यह सेवा सभी के सहयोग से निरंतर चलती रहेगी।
*प्रेस विज्ञप्ति*
*श्री राधा- कृष्ण मंदिर में 2 हजार श्रद्धालुओं के बीच अन्नपूर्णा महाप्रसाद का हुआ वितरण*
*भजन- कीर्तन में भक्तगण खूब झूमे*
श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में 226 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। आज का महाप्रसाद श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा 101 किलो दूध का केसरिया खीर का महाप्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। अन्नपूर्णा महाप्रसाद का विधिवत भोग सुबह 10 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तत्पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित दो हज़ार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आज के महाप्रसाद में केसरिया खीर, आलू चिप्स का पैकेट का वितरण किया गया। तत्पश्चात भजन जागरण के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने कृष्ण दरबार में मनमोहक भजनों से भक्तों को अमृत गंगा का रसपान कराते हुए खूब झुमाया। तथा श्री राधा कृष्ण के जयकारा एवं भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया तथा भक्तगण भक्ति रस में डूब गए। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि चंद्र ग्रहण सूतक के कारण अपराह्न- 12:50 बजे पूरा मंदिर का पट दिन- भर के लिए बंद कर दिया गया था। तथा मंदिर का पट 8 सितंबर को प्रातः 5:30 बजे खुलेगा। श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर मे आज अन्नपूर्णा महाप्रसाद आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का भीड़ लगा रहा। तथा भगवान श्री राधा कृष्ण मंदिर मे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस अवसर पर- विजय अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल,मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ,नन्द किशोर चौधरी, विशाल जालान, सुनील पोद्दार,मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, बिष्णु सोनी, सुरेश अग्रवाल, सुरेश चौधरी, पवन पोद्दार, सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse