एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आयी है। लोहरदगा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक को आखिरकार लाइसेंस मिल गया है। अब जिले के मरीजों को जल्द खून उपलब्ध हो जायेगा। इस उपलब्धि के पीछे लोहरदगा लोकसभा से सांसद सुखदेव भगत का बड़ा प्रयास रहा है।
सांसद न केवल विभागीय मंत्री के समक्ष मामला को उठाया था बल्कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में भी प्रमुखता से रखा था। गौरतलब है कि चाईबासा में कथित रूप से संक्रमित रक्त चढ़ाया जाने के मामले के बाद सरकार ने रक्त की एचआईवी जांच अनिवार्य कर दी। वर्तमान में यह सुविधा मुख्य रूप से रांची में उपलब्ध होने के कारण जिलों से रक्त के नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाते हैं जिससे रिपोर्ट आने में चार-पांच-6 दिन तक का समय लग जाता है और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ब्लड सेंटर को मान्यता मिलने के बाद अब मरीजों का रक्त स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रहेगा तथा केवल जांच हेतु सैंपल रांची भेजा जायेगा। रिपोर्ट अब जल्द उपलब्ध हो जायेगी जिससे जरूरत मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी सहुलियत होगी।
सांसद सुखदेव भगत कि इस पहल से जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है जो मरीजो को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। ब्लड सेंटर को लाइसेंस मिलने से जिले में भी रक्त संबंधी सेवाएं अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो जायेगी। लोहरदगा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। गुमला जिले में भी सांसद के प्रयास से ब्लड बैंक का लाइसेंस मिला है।
टीम एबीएन, रांची। देवाधिदेव भगवान शिव का परम प्रिय श्रावण (सावन) मास इस वर्ष 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रहा है। इस पावन अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा, सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक भगवान बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं।
मान्यता है कि श्रावण मास में भगवान शिव स्वयं अपने भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं। सच्चे मन से अर्पित गंगाजल एवं श्रद्धा से किए गए जलाभिषेक से भगवान शिव प्रसन्न होकर अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
इसी क्रम में शिव शंकर मंडल, रांची के श्रद्धालु विगत कई वर्षों से उत्तरवाहिनी गंगा, सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा के माध्यम से पैदल देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते आ रहे हैं। इस वर्ष यह यात्रा 25 जुलाई 2026 को प्रारंभ होकर 30 जुलाई 2026 को संपन्न होगी।
लगभग 40 कांवड़िया रांची से रेल मार्ग द्वारा सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से पवित्र गंगाजल भरकर सभी श्रद्धालु 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे। संपूर्ण यात्रा का नेतृत्व श्री बसंत मूंदड़ा करेंगे।
यात्रा में प्रमुख रूप से श्री मनोज पोद्दार, मनोज काबरा, दीपक अग्रवाल, अखिल पोद्दार, गौरव काबरा, शिखिल तनेजा, विकास काबरा, जयप्रकाश शर्मा, ऋषभ जैन, विकास लोहिया, रोहन अग्रवाल, प्रेम कुमार अग्रवाल, मुकुल अग्रवाल, राजेश जायसवाल, संदीप कुमार चितलांगिया, विष्णु कुमार अग्रवाल, अनिल नारानोली, विकास अग्रवाल, मिलन अग्रवाल, सुनील चौधरी, कमल मोदी, शिवम पोद्दार, रमन बगड़िया, ललित तुलसियान, रवि प्रकाश अग्रवाल, शुभम अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु शामिल होंगे।
इस अवसर पर श्री मनोज पोद्दार ने बताया कि वे पिछले लगभग 40 वर्षों से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु अपनी आस्था और विश्वास के साथ पहुंचता है तथा भगवान शिव अपने भक्तों को कभी निराश नहीं करते। उनकी कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। न्यू एरिया, मोराबादी, रांची स्थित गंगा प्रसाद बुधिया सरस्वती विद्या मंदिर में मंगलवार को युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को उनके नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा भारतीय जीवन मूल्यों एवं स्व यानी जो अपने आधारित जीवन की अवधारणा से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के नवम एवं दशम वर्ग के लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के प्रचारक विशाल थे। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। स्व आधारित जीवन की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति, अपनी जड़ों तथा स्वाभिमान से जुड़े रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष, उप-प्रधानाचार्य आनंद प्रकाश, आचार्य वेद एवं मृत्युंजय सहित अन्य आचार्यगण उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से गांधी नगर के कार्यवाह विकास, महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख रूप, ह्रितिक, बौद्धिक प्रमुख सुधीर, बाल कार्य प्रमुख खगेश, संदीप तथा अन्य स्वयंसेवक बंधु भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आदर्श नागरिक बनने के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। उक्त जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गांधी नगर के राजेंद्र प्रसाद ने दी।
टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। धुर्वा थाना क्षेत्र के टंकी साइड इलाके से पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 14 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। हटिया डीएसपी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बंटी कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की भी तलाश की जा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगर क्षेत्र के वार्ड नं. 5 में भी है एक लापतागंज जिसकी सुध लेने वाला कोई नही. शांति आश्रम किस्को मोड के पीछे 20 से 25 घरों का एक छोटा सा मुहल्ला है जिसका नाम मानसरोवर नगर भी बोला जा सकता है।
सड़क के नाम पर सिर्फ कच्ची सड़क है और वह भी बारिश के समय कीचड़ वाली सड़क में तब्दील हो जाता है जहां बाईक, साईकल, पैदल चलना भी दूभर है। बिजली वाले पोल के नाम पर सिर्फ एक पोल और अन्य जगह के लिए बांस या पेड़, जलश्रोत को सही रखने के लिए एक तालाब है।
वह भी सिर्फ बरसात के समय ही पता चल पाता है कि यह तालाब है अन्य समय तो सूखा जो सुंदरीकरण की आस में दम तोड़ रहा है। इस मुहल्ला से सटकर एक ढोढहा (छोटा नदी) बहता है वह भी ढोढहा से सटे हुवे घर वालों एवम जमीन दलालों की कृपा से सिकुड़कर नाली बन रही है लोग अपने घरों का कूड़ा या गंदा पानी सीधा नदी में डाल रहें है।
इन सारी जनसमस्याओं की ओर जनप्रतिनिधियों एवम प्रशासन को यथा शीघ्र ध्यान देने की जरूरत है ताकि प्राकृतिक जल स्रोत को बचाया जा सके। और जमीन दलालों के द्वारा नदी के ऊपर पुल बनाने हेतु नदी को पतला कर पुल बनाकर जमीन बेचने का काम भी किया जा रहा है उस पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रतीक्षारत सरकारी सुविधा हेतू वार्ड 5 शांति आश्रम के पीछे निवास करने वाले निवासी ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार को पत्र लिखकर कह कि धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था अत्यंत चिंताजनक स्थिति में है। कंपनी प्रबंधन की लापरवाही से हाल ही में इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर चिकित्सक के समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण एक मरीज की मृत्यु होने का मामला सामने आया है।
परिजनों के अनुसार काफी देर तक डॉक्टर उपलब्ध नहीं हुए, जिससे अक्सर मरीजों की जान चली जाती है, यह घटना न केवल अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दशार्ती है। मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख सरकारी अस्पताल में यदि आपातकालीन सेवा के दौरान चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो आम जनता का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से विश्वास उठना स्वाभाविक है।
सरकार से विनम्र अनुरोध किया है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करायी जाये तथा दोषी अस्पताल प्रबंधन ओर अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की कृपा करेंगे। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाये कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे चिकित्सकों की अनिवार्य उपस्थित रहे, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति में सत्य, न्याय और आदर्श के प्रतीक हैं। ऐसे में उनके नाम पर होने वाली किसी भी बैठक या निर्णय प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का पूर्वाग्रह या पक्षपात नहीं होना चाहिए।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उनकी आस्था भगवान श्रीराम में है और इसी आस्था के आधार पर वे ट्रस्ट की बैठक से यह अपेक्षा करते हैं कि पहले की तरह किसी को बचाने या किसी विशेष व्यक्ति के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास न किया जाए। उन्होंने कहा कि बैठक पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से संपन्न होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जनता की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं और लोगों को यह विश्वास मिलना चाहिए कि भगवान श्रीराम के नाम पर लिए जाने वाले निर्णय सत्य और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित होंगे। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या आरोपों की जांच का विषय है तो उस पर निष्पक्ष रूप से विचार किया जाए और किसी भी व्यक्ति को बचाने की कवायद नहीं होनी चाहिए।
सांसद ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि न्याय, मयार्दा और सत्य के सर्वोच्च आदर्श हैं। इसलिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक भी उन्हीं मूल्यों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में पारदर्शिता बरती जायेगी और ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जायेगा जिससे जनता के मन में किसी प्रकार का संदेह उत्पन्न हो।
अंत में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उनकी एकमात्र अपेक्षा यही है कि भगवान श्रीराम के नाम पर होने वाली इस बैठक में निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता हो तथा किसी को बचाने की कोई कोशिश न की जाये।
टीम एबीएन, रांची। वार्ड पार्षद मुलाकात कार्यक्रम के तहत अब तक कुल 53 में से 47 वार्ड पार्षदों से उनके वार्ड क्षेत्र में जाकर मिला रांची सिटीजन फोरम का प्रतिनिधिमंडल और उनको अंगवस्त्र देकर उनके निर्वाचित होने पर बधाई दी तथा क्षेत्र की समस्याओं पर उनको ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के क्रम में वार्ड पार्षदों ने बताया कि 3 महीना से अधिक हो गया है उनके निर्वाचन को, लेकिन अभी तक उनको मानदेय तक नहीं मिला है और फंड की कमी बताकर विकास योजनाओं को रोक दिया गया है, वार्ड में छोटा-छोटा विकास कार्य भी नहीं करवा पा रहे हैं।
रांची सिटीजन फोरम का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में कुल 53 वार्ड पार्षदों से मुलाकात कर रहा है, जिसके तहत अब तक कुल 53 में से 47 वार्ड पार्षदों से मुलाकात हो चुका है, जिस क्रम में आज वार्ड 23 की वार्ड पार्षद फरहा नाज, वार्ड 36 वार्ड पार्षद निहारिका कुमारी, वार्ड 33 की वार्ड पार्षद पुष्पा टोप्पो और वार्ड 45 के वार्ड पार्षद नसीम गद्दी से मुलाकात हुआ और उनको अंगवस्त्र देकर उनके निर्वाचन के लिए बधाई दिया गया।
साथ ही वार्ड क्षेत्र में व्याप्त अनेकों समस्याओं जैसे स्ट्रीट लाइट की समस्या, नाली सफाई की समस्या, टूटी फूटी सड़कें और क्षतिग्रस्त नाली तथा बड़े खुले नाले की समस्या और खासकर जल जमाव, इत्यादि मुद्दों पर उनको ज्ञापन देकर समाधान का मांग किया गया, जिस पर उन्होंने रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वर्तमान में रांची नगर निगम में फंड का कमी बताया जा रहा है और हमें इस कारण कोई भी नया कार्य करने नहीं दिया जा रहा है, यहां तक की निर्वाचन के बाद से लेकर अभी तक हमें मानदेय भी नहीं भुगतान हुआ है, अब तक मात्र एक बोर्ड का मीटिंग हुआ है, जिसमें भीषण गर्मी को देखते हुए पांच बोरिंग करने की अनुशंसा पर बात हुई थी लेकिन अभी बरसात आ गया है अभी तक उक्त पांच बोरिंग नहीं दिया गया है और इसी प्रकार 50 स्ट्रीट लाइट का भी बात हुआ था, वह भी अभी तक नहीं मिला है।
अध्यक्ष दीपेश निराला ने चिंता व्यक्त की कि वर्तमान समय में झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 का अक्षरश: अनुपालन नहीं हो पा रहा है और नियमानुसार विभिन्न समितियों जैसे वार्ड समिति, क्षेत्रीय समिति, संयुक्त समिति, तदर्थ समिति, विषय समिति, स्टेट चैंबर आॅफ म्युनिसिपल काउंसिल का अभी तक गठन नहीं हुआ है और न ही नगरपालिका लोकपाल की नियुक्ति हो पाई है।
कुछ पुराने दोबारा निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने बताया कि सरकार ने हाल के वर्षों में निगम में अपने कई अफसरों और कर्मियों को पदस्थापित कर दिया है, जिसका वेतन रांची नगर निगम अपने नगरपालिका निधि से भुगतान कर रहा है, जबकि पहले रांची नगर निगम में इतने अफसर और कर्मचारी नहीं थे, लेकिन विगत 3 वर्षों में अफसर और कर्मचारी कई गुना बढ़ गये हैं।
फंड की कमी पर रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने पूछा कि पिछले वर्ष का 100 करोड़ रुपए से अधिक का होल्डिंग टैक्स और इस त्रैमासिक में कलेक्ट 48 करोड रुपए होल्डिंग टैक्स, यूजर चार्ज का कलेक्शन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग का डेढ़ गुना पेनल्टी का करोड़ों रुपए, रांची के सभी बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, आॅटो स्टैंड का बंदोबस्ती का करोड़ों रुपए, रांची के सभी पार्किंग स्थलों का बंदोबस्ती का करोड़ों रुपए, इनफोर्समेंट आफिसरों के द्वारा वसूला गया जुर्माना, नक्शा पास करने के एवज में मिला रुपए, ट्रेड लाइसेंस बनाने और विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने के एवज में मिला शुल्क, पूरे रांची शहरी क्षेत्र में लगे विज्ञापन और होर्डिंग से प्राप्त टैक्स का करोड़ों रुपये, आॅटो इत्यादि से प्रतिदिन वसूला जा रहा चुंगी टोल के रुपए तथा रांची शहरी क्षेत्र के 53 वार्ड के विभिन्न सैरातों से आने वाला कमाई का अरबों रुपये कहां है?
इस पर वार्ड पार्षदों ने बताया कि इसकी पूरी जानकारी हमारे पास नहीं है अगला बोर्ड मीटिंग में इस बात को रखेंगे। रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, सचिव रेणुका तिवारी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सदस्य कुमार अभिषेक दुबे, सुजीत कुमार पांडेय, रविंद्र मेहता, इत्यादि उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse