झारखंड

View All
Published / 2025-09-16 19:42:00
राज्य को बौद्धिक रूप से भी आगे बढ़ाना है : हेमंत सोरेन

सीएम हेमंत ने नव-नियुक्त सहायक आचार्यों को दिये नियुक्ति पत्र 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची में नव-नियुक्त स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (गणित एवं विज्ञान) तथा गोड्डा जिला के इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 01 से 05) को नियुक्ति पत्र वितरण किये। 

मुख्यमंत्री हेमंत ने सोरेन ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा- आज रांची में नव-नियुक्त स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (गणित एवं विज्ञान) तथा गोड्डा जिला के इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 01 से 05) का नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुआ। आप सभी नव-चयनित सहायक आचार्य और परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। 

वहीं सीएम हेमंत ने एक अन्य ट्वीट में नव-नियुक्त सहायक आचार्यों को संबोधित करते हुए लिखा- आज से आप यहां की शिक्षा व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाने का एक मजबूत स्तंभ बनने जा रहे हैं। राज्य की शिक्षा व्यवस्था कैसे बेहतर हो इस दिशा में सरकार द्वारा कई भी कदम उठाये जा रहे हैं। 

प्राथमिक, माध्यमिक या उच्च शिक्षा-हर क्षेत्र में सरकार राज्य की आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल बनाने को लेकर योजना बनाकर काम कर रही है। आज सैकड़ों लोगों की नियुक्ति की जा रही है, इससे पहले भी नियुक्ति हुई है, अभी 26,000 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है। यह सिर्फ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य हो रहा है। ऐसे ही अन्य क्षेत्रों में भी हम तेजी से कार्य कर रहे हैं। 

सीएम हेमंत ने आगे लिखा- एक तरफ खुशी का दिन है, दूसरी तरफ चुनौती भरी जिम्मेवारी आपके कंधों पर है। झारखंड को हमें उस मुकाम पर ले जाना है, जहां लोग इसे खनिज संपदा के रूप में जानते हैं और हम बौद्धिक रूप से भी इस राज्य को पीछे न रहने दें। ऐसी कार्य पद्धति के साथ हमें आगे बढ़ना है।

Published / 2025-09-16 19:40:48
गवर्नर ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर मांगी राज्यवासियों के सुख-समृद्धि की दुआ

राज्यपाल गंगवार ने आज बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, राज्यवासियों के सुख-समृद्धि के लिए की कामना 

टीम एबीएन, देवघर/ रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को देवघर के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंदिर के शिवलिंग का जलाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और समृद्धि की कामना की। 

गंगवार ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम पूरे देश और झारखंड के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। यहां आने से लोगों को अद्भुुत शांति और ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने भक्तों से भी अपनी आस्था बनाये रखने का आग्रह किया। 

मौके पर देवघर जिला अधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा भी मौजूद थे। उन्होंने राज्यपाल को बाबा बैद्यनाथ धाम का एक मॉडल भेंट किया। श्री गंगवार ने इस मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल न केवल धार्मिक सेक्टर में बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

Published / 2025-09-16 19:40:10
रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में लगी आग

टीम एबीएन, रांची। धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में मंगलवार सुबह आग लग गयी। यह आग डाटा सेंटर के ठीक ऊपर बने डेवलपमेंट रूम में लगी, जिससे वहां रखी वायर केबल और अन्य उपकरण जल गये। आग लगने की खबर मिलते ही तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को फैलने से पहले ही काबू कर लिया। 

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। डाटा सेंटर में आग लगने की घटना से 40 कंप्यूटर और 10 एसी पूरी तरह से जल गये हैं। बाकि नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है। यह पहली बार नहीं है जब झारखंड पुलिस मुख्यालय में आग लगने की घटना हुई है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। 

16 नवंबर 2018 की शाम पुलिस मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अचानक आग लग गयी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस घटना में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर राख हो गये थे। आग बुझाने की अफरातफरी में एक पुलिसकर्मी का पैर भी टूट गया था। 

इस घटना के तीन साल बाद  22 जुलाई 2021 की दोपहर में पुलिस मुख्यालय के दूसरे फ्लोर पर स्थित सेक्शन आफिस में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। हालांकि, उस समय सभी बड़े अधिकारी मुख्यालय में ही मौजूद थे, जिन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया था।

Published / 2025-09-16 12:24:20
सेंट जेवियर्स स्कूल डोरंडा में विलियम शेक्सपियर की त्रासदी मैकबेथ का पहला शो प्रदर्शित

टीम एबीएन, रांची। सेंट जेवियर्स स्कूल डोरंडा में विलियम शेक्सपियर की त्रासदी मैकबेथ का पहला शो प्रदर्शित किया गया। स्कूल का सभागार छात्रों से खचाखच भरा था, जिनमें उनके गृह विद्यालय के साथ-साथ बिशप वेस्टकॉट बॉयज़ स्कूल, बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल, नामकोम और लोरेटो कॉन्वेंट, रांची के छात्र भी शामिल थे।

फादर प्रिंसिपल, फादर फुलदेव सोरेंग, एस.जे. के उद्घाटन स्वागत भाषण में छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था। फादर प्रिंसिपल ने अपने संबोधन में छात्रों के व्यक्तित्व को आकार देने और गढ़ने में सहभागिता और रंगमंच के महत्व पर प्रकाश डाला। 

उन्होंने वर्तमान समय के साथ मैकबेथ के चरित्र के गहरे पहलुओं पर भी प्रकाश डाला और बताया कि कैसे यह नाटक राजनीति विज्ञान और बेलगाम महत्वाकांक्षाओं का एक पाठ है जो अपराध और अंततः पतन की ओर ले जाता है।

छात्र पात्रों के मंत्रमुग्ध कर देने वाले अभिनय से मंत्रमुग्ध हो गए, जिसे पृष्ठभूमि में प्रकाश और ध्वनि संगीत ने खूबसूरती से पूरक बनाया। यह नाटक 16-18 सितंबर 2025 तक सुबह और शाम के शो में प्रदर्शित किया जायेगा।

Published / 2025-09-15 22:54:33
रांची : राजधानी में 1.24 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ पेट्रोल

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची समेत कम से कम 7 जिलों में पेट्रोल महंगा हो गया है। रांची में सबसे अधिक 1.24 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इसी दौरान जमशेदपुर में पेट्रोल की कीमतों में सबसे ज्यादा 61 पैसे की गिरावट आयी है।

जानें आपके जिले में आज किस भाव बिक रहा है पेट्रोल

झारखंड की राजधानी रांची समेत 7 जिलों में पेट्रोल का भाव बढ़ गया है। जिन जिलों में पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं, उसमें रांची के अलावा चाईबासा, कोडरमा, देवघर, दुमका, गिरिडीह और गुमला शामिल हैं। 

रांची में एक दिन में 1.24 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत बढ़ गयी है। इसके बाद राजधानी में एक लीटर पेट्रोल का भाव बढ़कर 99.10 रुपए हो गया है।

Published / 2025-09-15 20:26:30
झारखंड में लागू नहीं होने देंगे एसआईआर : डॉ इरफान अंसारी

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद राजनीति गरम 

टीम एबीएन, रांची। बिहार में एसआईआर (स्पेशल इंडेक्स रजिस्टर) लागू होने के बाद उठे विवाद के बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सोमवार को साफ कर दिया कि राज्य में किसी भी कीमत पर एसआईआर लागू नहीं होगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष झारखंड की जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। 

डॉ अंसारी ने मीडिया से भी अपील की कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर अफवाह फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि आप लोग लंदन चले जायेंगे, लेकिन यहां के लोगों को गुमराह न करें। झारखंड की जनता सच जानती है और कोई भी साजिश यहां कामयाब नहीं होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बिहार का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां करीब 65 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिये गये। जिससे उनकी नागरिकता और वोटिंग अधिकार खतरे में पड़ गये। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि वोट देने का अधिकार किसी से छीना नहीं जा सकता और संविधान इसकी अनुमति नहीं देता। भाजपा को चुनौती देते हुए डॉ अंसारी ने कहा, हिम्मत है तो झारखंड आकर नाम काट कर दिखाइये। यह बिहार नहीं, यह झारखंड है। यहां लोगों के अधिकारों को छीनने की कोशिश सफल नहीं होगी। 

मंत्री ने कहा कि झारखंड में सरकार विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर काम करेगी, न कि किसी की पहचान या अधिकार छीनने पर। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार जनता के साथ खड़ी है और किसी भी साजिश को नाकाम कर देगी।

Published / 2025-09-15 12:36:29
पलामू : 27 से खुल जायेगा बेतला का नेशनल पार्क

  • पर्यटकों के लिए खुशखबरी! 27 सितंबर से खुलने जा रहा बेतला नेशनल पार्क, ओपन सफारी का मिलेगा भरपूर मजा, बंगाल के लोगों की है पहली पसंद
  • बेतला नेशनल पार्क 27 सितंबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया जायेगा। पिछले तीन महीनों से यह बंद था

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। वन्य जीव एवं जंगल का मजा लेने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। झारखंड का बेतला नेशनल पार्क 27 सितंबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया जायेगा। वन्य जीवों के प्रजनन को लेकर बेतला नेशनल पार्क में एक जुलाई से लेकर 31 सितंबर तक पर्यटन गतिविधि पर रोक लगा दी जाती है।

27 सितंबर से खुलेगा बेतला पार्क

बेतला नेशनल पार्क के पर्यटन गतिविधि पर हजारों लोगों की आजीविका का उपार्जन भी निर्भर है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में नवरात्र है। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक बेतला नेशनल पार्क घूमने के लिए पहुंचते हैं। 

पूरे मामले में बेतला नेशनल पार्क प्रबंधन ने हाई लेवल अथॉरिटी से मंजूरी लेते हुए 27 सितंबर से ही पार्क को खोलने का निर्णय लिया है। बेतला नेशनल पार्क में अब ओपन सफारी के माध्यम से पर्यटकों को घुमाया जायेगा। पार्क के अंदर दाखिल होने वाले सभी वाहनों को मॉडिफाई किया गया है।

Published / 2025-09-15 12:31:48
Hazaribag : एक करोड़ का इनामी नक्सली ढेर

  • हजारीबाग में एक करोड़ के इनामी सहित तीन नक्सलियों का एनकाउंटर

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। झारखंड में चल रहे नक्सल अभियान में पुलिस को बहुत बड़ी सफलता हासिल हुई है। हजारीबाग पुलिस और कोबरा बटालियन के संयुक्त अभियान में एक करोड़ के इनामी सहित तीन नक्सलियों को एनकाउंटर में मार गिराया गया है। 

पुलिस मुख्यालय सूत्रों के द्वारा तीनों नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की गयी है। हजारीबाग के गोरहर थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है। सर्च अभियान में तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिये गये हैं। साथ ही मौके से तीन एके-47 भी बरामद किये गये हैं।

केंद्रीय कमेटी मेंबर और एक करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश।
झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का मेंबर रघुनाथ हेंब्रम, जिस पर 25 लाख इनाम रखा गया था। कमेटी मेंबर और 10 लाख का इनामी वीर सेन गंझू।

Page 253 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse