झारखंड

View All
Published / 2026-07-11 21:53:19
संगठन मजबूत होगा, तो जनता की लड़ाई और मजबूती से लड़ी जायेगी : सुखदेव भगत

एसआईआर और संगठन विस्तार पर सांसद ने युवा कांग्रेस को दिए बूथ स्तर तक सक्रिय होने के निर्देश, जिला प्रभारी बलजीत बेदी ने की मुलाकात 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने कहा है कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं का होना जरूरी है। 

उन्होंने युवा कांग्रेस से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन विस्तार अभियान को तेज करने का आह्वान किया। शनिवार को युवा कांग्रेस के जिला प्रभारी बलजीत बेदी ने लोहरदगा स्थित सांसद आवास पर सुखदेव भगत से शिष्टाचार मुलाकात की। 

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ कमेटियों के गठन तथा एसआईआर को लेकर विस्तृत रणनीतिक चर्चा हुई। इस दौरान बलजीत बेदी ने सांसद को जिले में युवा कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। 

उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की कार्ययोजना भी साझा की। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और मजदूरों के अधिकारों जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर युवा कांग्रेस को सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करना होगा।

उन्होंने जिला प्रभारी को निर्देश दिया कि बूथ स्तर तक संगठन का गठन जल्द पूरा किया जाये, सदस्यता अभियान को गति दी जाए तथा एसआईआर अभियान में युवा कांग्रेस की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर ही जनता का विश्वास मजबूत होगा और कांग्रेस संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा। 

जिला प्रभारी बलजीत बेदी ने सांसद के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देशों के अनुरूप लोहरदगा में युवा कांग्रेस को और अधिक मजबूत, सक्रिय और जनहित के मुद्दों पर संघर्षशील संगठन के रूप में विकसित किया जायेगा। मौके पर  एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहम्मद जिलानी युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Published / 2026-07-11 19:32:31
प्रभात प्रकाशन का 68वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

आमलोगों को लेखन से जोड़ने में संस्था की अहम भूमिका : डॉ मयंक मुरारी  

टीम एबीएन, रांची। देश के प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थानों में से एक प्रभात प्रकाशन का 68वां स्थापना दिवस राजधानी रांची में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, लेखकों और पुस्तक प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति में मनाया गया। 

इस अवसर पर चिंतक व लेखक डॉ. मयंक मुरारी ने कहा झारखंड  में आमलोगों को लेखन से जोड़ने में संस्था की अहम भूमिका है। संस्था ने अपनी भूमिका से बताया कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की स्मृति, संस्कृति और सभ्यता की संवाहक होती हैं। 

उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में भी पुस्तकों की प्रासंगिकता बनी हुई है, क्योंकि गहन अध्ययन, चिंतन और व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम आज भी पुस्तकें ही हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित पठन-पाठन की आदत विकसित करने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा, इतिहास और संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया। 

उन्होंने प्रभात प्रकाशन की 68 वर्षों की साहित्यिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्थान ने भारतीय चिंतन, इतिहास, राष्ट्रवाद, साहित्य, प्रेरक जीवनियाँ और समकालीन विषयों पर उत्कृष्ट पुस्तकों का प्रकाशन कर देश के बौद्धिक विमर्श को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि अच्छे प्रकाशन केवल पुस्तकें नहीं प्रकाशित करते, बल्कि विचारों का निर्माण करते हैं और समाज को नई दिशा देते हैं। 

कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें संजय जी, राजेश शर्मा, दिवाकर जी, संजीव जी, राजेंद्र सिंह, मनोज नेगी, विवेकानंद जी, अमन कुमार और अंकू कुमार सहित अनेक साहित्यप्रेमियों एवं बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने प्रभात प्रकाशन की दीर्घ साहित्यिक यात्रा की सराहना करते हुए इसे भारतीय प्रकाशन जगत की एक महत्वपूर्ण संस्था बताया।

Published / 2026-07-10 21:22:17
गिरिडीह : तालाब में डूबने से मासूम की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कमलजोर अंबाटांड़ तालाब में गुरुवार को डूबने से आठ साल के मासूम बच्चे रेहान की मौत हो गयी। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।  

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा दिया। हालांकि परिजन शव लेकर वापस अंबाटांड़ पहुंच गये और झगरी स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के बाहर हंगामा करने लगे।  

इस दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि आठ साल का रेहान स्कूल आया हुआ था और स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। तो ऐसे में वो स्कूल से कब तालाब चला गया। जबकि बैग स्कूल में ही रखा हुआ था। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षकों के लापरवाही के कारण ही उक्त घटना हुई है, अगर शिक्षक बच्चों पर ध्यान देते तो ऐसी घटना नहीं होती।

Published / 2026-07-10 21:20:56
रांची : तमाड़ थाना क्षेत्र से दो ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार

रांची पुलिस की नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता 

टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचने के लिए आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। 

बुंडू डीएसपी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान तमाड़ थाना क्षेत्र से दो ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा शिव दत्ता मलिक और आशिफ खान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर और 1 लाख 70 हजार रुपये नकद जब्त किये हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों इलाके में लंबे समय से ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में सक्रिय थे। 

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नशे के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए जल्द ही आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि सप्लायर और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा।

Published / 2026-07-10 21:19:45
रांची : धुर्वा में धू-धू कर जल उठा मालवाहन वाहन

रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में मालवाहक वाहन में लगी अचानक आग, स्थानीय लोग कर रहे आग पर काबू पाने का प्रयास 

टीम एबीएन, रांची। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक गाड़ी में अचानक आग लग गयी। धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो रिंग रोड टंग टांग टोली के पास एक मालवाहक वाहन यह आग लगी है। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने की वजह से आसपास में अफरा तफरी मच गयी।

Published / 2026-07-10 21:19:12
झारखंड : मारवाड़ी सम्मेलन की पूर्ण शराबबंदी और गुटखा-तंबाकू उत्पाद पर रोक लगाने की मांग

मुख्यमंत्री से झारखंड में पूर्ण शराबबंदी एवं गुटखा, तंबाकू उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र प्रेषित कर झारखंड राज्य में पूर्ण शराबबंदी एवं गुटका तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि झारखंड की जनता के स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य में पूर्ण शराबबंदी तथा गुटखा एवं अन्य हानिकारक चबाने वाले तंबाकू उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की कृपा करें। 

शराब एवं गुटखे के बढ़ते सेवन से अनेक परिवार आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं, अपराध, गंभीर बीमारियां तथा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि राज्य में प्रभावी रूप से पूर्ण शराबबंदी एवं गुटखा प्रतिबंध लागू किया जाता है, तो इससे लाखों परिवारों का जीवन बेहतर होगा तथा जनस्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार आयेगा। 

उन्होंने पत्र में कहा है आपके पूज्य पिताजी एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन ने अपने सार्वजनिक जीवन में नशामुक्त समाज के लिए निरंतर संघर्ष किया और समाज को इस दिशा में जागरूक करने का प्रयास किया। ऐसे में यदि आपके नेतृत्व में झारखंड में पूर्ण शराबबंदी लागू होती है तथा गुटखा जैसे नशे के उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाता है, तो यह उनके नशामुक्त समाज के संकल्प को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उनके प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी। 

आग्रह है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए झारखंड में पूर्ण शराबबंदी लागू करने तथा गुटखा एवं अन्य हानिकारक तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण एवं सेवन पर कठोर एवं प्रभावी प्रतिबंध लगाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की कृपा करें। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में झारखंड नशामुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध राज्य बनने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठायेगा। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2026-07-09 21:28:10
एसएनएमएमसीएच की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

गंदगी और अव्यवस्था के बीच मरीजों की जान खतरे में 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद के सबसे बड़े अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, गंदगी और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  (ट्विटर) पर गंभीर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। 

रत्नेश कुमार ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि एसएनएमएमसीएच में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में कई बार डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं रहते और मरीजों का इलाज नर्सों के भरोसे चलता है। उनका कहना है कि यह स्थिति मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ के समान है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार द्वारा हर महीने अस्पताल पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हो रहा है। 

रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार से मांग की है कि अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार और सुरक्षित वातावरण मिल सके। 

Published / 2026-07-09 21:26:48
प्रोजेक्ट भवन में मीडिया की आवाजाही पर रोक तत्काल वापस हो : रांची प्रेस क्लब

टीम एबीएन, रांची। आज, 9 जुलाई 2026 को प्रोजेक्ट भवन में अपने नियमित पेशेवर दायित्वों के निर्वहन के लिए पहुंचे पत्रकारों को सुरक्षा कर्मियों ने प्रवेश से रोक दिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ऊपर से मिले निर्देश के तहत पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगाने को कहा गया है। 

पत्रकारों से कहा गया कि यदि उन्हें प्रोजेक्ट भवन में प्रवेश करना है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी अपने स्तर से फोन कर अनुमति दिलाये, तभी उन्हें अंदर जाने दिया जायेगा। इस घटनाक्रम से पत्रकारों के बीच गहरा असंतोष है। 

सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश पर रोक संबंधी इस मौखिक निर्देश का रांची प्रेस क्लब कड़ा विरोध करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सचिवालय तक पत्रकारों की पहुंच इस प्रकार बाधित करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता और जनता के सूचना के अधिकार की भावना के भी प्रतिकूल है। 

पत्रकार किसी एक अधिकारी या कर्मचारी से मिलने नहीं जाते, बल्कि विभिन्न विभागों से तथ्य जुटाने और जनहित से जुड़े विषयों की रिपोर्टिंग करने जाते हैं। ऐसे में किसी अधिकारी के फोन पर प्रवेश की शर्त न केवल अव्यावहारिक है, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता की मूल भावना के भी विपरीत है।  

इस अघोषित प्रतिबंध से न केवल पत्रकारों का कार्य प्रभावित होगा, बल्कि सरकार की विकासात्मक गतिविधियों और नीतिगत निर्णयों से संबंधित प्रामाणिक सूचनाओं के प्रवाह पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। परिणामस्वरूप अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार की आशंका बढ़ेगी, जो किसी भी सरकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में नहीं है। 

प्रेस क्लब राज्य सरकार और मुख्य सचिव से मांग करता है कि पत्रकारों के प्रवेश पर लागू की गई इस व्यवस्था को तत्काल वापस लिया जाए तथा पूर्व की भांति पत्रकारों को प्रोजेक्ट भवन में निर्बाध प्रवेश की अनुमति दी जाए। स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है। 

उसे प्रशासनिक आदेशों या मौखिक निदेर्शों के माध्यम से सीमित करने का कोई भी प्रयास केवल पत्रकारों के अधिकारों का प्रश्न नहीं है, बल्कि जनता के सूचना के अधिकार से भी जुड़ा विषय है। रांची प्रेस क्लब इस मुद्दे पर पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर पत्रकार हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आगे की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।

Page 25 of 1684

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse