झारखंड

View All
Published / 2025-09-26 19:37:54
गवर्नर से मिले भाजपा नेता प्रकाश सिंह

  • भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह ने राज्यपाल से की मुलाक़ात

टीम एबीएन, रांची। बेरमो निवासी भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह ने रांची स्थित राजभवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाक़ात की। 

इस दौरान प्रकाश कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक कार्यों पर लिखी अपनी नई पुस्तक मोदी की गारंटी : स्वस्थ भारत राज्यपाल संतोष गंगवार को भेंट की। इस पुस्तक की प्रस्तावना भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने लिखी है। इस पुस्तक में विस्तार से यह बताया गया है कि कैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना महामारी का प्रभावी प्रबंधन किया। 

भारत में कोरोना महामारी के खिलाफ वैक्सीन विकसित करने की पूरी प्रक्रिया एवं दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान का विस्तृत उल्लेख इस पुस्तक में है। भारत के फार्मा सुपरपावर बनने से लेकर आयुष को वैश्विक प्रतिष्ठा दिलाने की कहानी भी ये पुस्तक बयां करती है।

Published / 2025-09-26 19:07:42
धनबाद : अवैध कोयला कारोबार पर नहीं लग रही रोक

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर गजलीटाड़ में चल रहे अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने के लिए झारखण्ड के मुख्यमंत्री, झारखण्ड पुलिस, झरिया विधायक रागिनी सिंह , धनबाद उपायुक्त, सीआईएफ हेड क्वार्टर सहित धनबाद पुलिस से कोयला माफिया पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

साथ ही उन्होंने आशंका जताई है कि अवैध खनन से कभी भी बड़ी घटना घट सकती है और गरीब मजदूरों की जा सकती है। कोयला माफिया के द्वारा किए जा रहे अवैध कोयला कारोबार से केन्द्र सरकार सहित राज्य सरकार को राजस्व का नुक़सान हो रहा है साथ ही धनबाद पुलिस की छवि घुमिल करने का प्रयास करते आ रहे है।

Published / 2025-09-25 20:43:45
निगम चुनाव नहीं होने से जनता के लिए असुरक्षित वातावरण है : अमृतेश पाठक

टीम एबीएन, रांची। रांची शहर में 2018 के बाद नगर निगम का चुनाव नहीं हुआ है। इस बीच राज्य सरकार अफसरों के द्वारा रांची शहर चला रहे हैं। शहर की सरकार चलाने की जो लोकशाही व्यवस्था है उसे नौकरशाही या अफसरशाही बना दिया गया है। इस बीच केन्द्र सरकार के द्वारा जो जनप्रतिनिधियों को दी जाने वाली राशि है उसमें लगभग 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान रांची समेत पूरे झारखंड को हो चुका है। 

रांची शहर कुड़ेदान में है। रांची शहर की जनता गली मोहल्ले में जहां तहां जल जमाव और गड्ढे में गिर रही है। चारों तरफ मच्छर और गंदगी के अंबार से बच्चों से लेकर बड़े तक बीमार हो रहे हैं। जहां तहां स्ट्रीट लाइट खराब है जिससे चोर उचक्कों छिनतई छेड़छाड़ और नशा तथा अपराध करने वालों को पूरा माहौल और मौका मिल रहा है। 

जनता के लिए असुरक्षित वातावरण है। शुद्ध पीने का पानी तक नियमित रूप से उपलब्ध नहीं है।  यह सब तब हो रहा है जब आम जनता नगर निगम को होल्डिंग, वाटर से लेकर विभिन्न प्रकार के टैक्स दे रही है। मतलब हमसे पैसे भी लिए जा रहे हैं और हमें जरूरी नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा से भी वंचित किया जा रहा है। 

रांची शहरवासी राजधानी बनने के बाद से ही लगातार सड़क जाम से परेशान हैं। पार्किंग तथा फुटपाथ की नियोजित व्यवस्था नहीं होने से पैदल चलने वालों से लेकर वाहन चलाने वाले यहां तक कि सड़क किनारे रोजी रोजगार करने वाले फुटपाथ दुकानदार भी परेशान हैं। जबकि यदि ढृढ इच्छा शक्ति हो तो सबकुछ व्यवस्थित हो सकता है। 

इसलिए जरूरी है कि जल्द से जल्द सरकार रांची शहर समेत सभी शहरी निकायों में चुनाव कराए तथा जनता को जनप्रतिनिधियों को चुनकर उनसे अपने समस्याओं के समाधान का रास्ता दे। इसके लिए हम रांची शहर के सभी वार्ड के प्रतिनिधियों/ समाजसेवियों तथा जागरूक नागरिकों की एक बैठक 5 अक्टूबर दिन रविवार को दिन में 11 बजे से मोराबादी मैदान स्थित बापू वाटिका के समीप आयोजित करने जा रहे हैं। उक्त जानकारी रांची शहर नागरिक मंच के अध्यक्ष अमृतेश पाठक (95461 51078) ने दी।

Published / 2025-09-25 20:36:16
चाईबासा : भाकपा (माओवादी) संगठन के 10 हार्डकोर नक्सलियों ने किया सरेंडर

चाईबासा में नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार, 10 माओवादी मुख्यधारा में लौटे; सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिमी सिंहभूम। जिले से नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी खबर सामने आयी है। चाईबासा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां भाकपा (माओवादी) संगठन के 10 हार्डकोर नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ आत्मसमर्पण कर दिया। 

आत्मसमर्पण करने वालों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं, जो लंबे समय से कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय थे। ये सभी विभिन्न उग्रवादी गतिविधियों में लिप्त थे और हत्या, मुठभेड़, विस्फोटक गतिविधियां, यूएपीए और सीएलए जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे। 

आत्मसमर्पण का कार्यक्रम चाईबासा पुलिस लाइन में आयोजित हुआ। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में कुख्यात नक्सली रांदो बोइपाई उर्फ कांति बोइपाई भी शामिल है। राज्य पुलिस की जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक जिले में 9631 अभियान चलाए जा चुके हैं। 

इन अभियानों में 175 नक्सली गिरफ्तार हुए, जबकि 10 मुठभेड़ में मारे गए। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ बड़ा प्रहार बताते हुए कहा कि जो लोग अब भी जंगलों में भटके हुए हैं, वे हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। सरकार और पुलिस उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का मौका देने के लिए तैयार है।

Published / 2025-09-25 20:35:14
आज नियुक्त हुए 158 भगवान : हेमंत सोरेन

158 चिकित्सकों को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम ने कहा- आज भगवानों की नियुक्ति हो रही है 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने आज प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में कुल 158 चयनित चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें जेपीएससी द्वारा चयनित सहायक प्राध्यापक, दंत चिकित्सक, एनएचएम के तहत संविदा आधारित चिकित्सा पदाधिकारी और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। 

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जेपीएससी के तहत 54 सहायक प्राध्यापक, 14 दंत चिकित्सक, एनएचएम के तहत 41 विशेषज्ञ चिकित्सक और 59 चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में इनकी नियुक्ति की जा रही है और इनके माध्यम से पूर्ण स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 

साथ ही जिला और सामुदायिक अस्पतालों में भी ये चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि विभाग में एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने बताया कि दुमका और पलामू में चल रहे 500 बेड के अस्पताल को 2000 बेड का बनाने का लक्ष्य है। वहीं, पीजी की सीटें बढ़ाने और सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य विभाग को मजबूत करने में यह नियुक्ति वितरण एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का समाज में भगवान का स्थान होता है और आज राज्य में भगवानों की नियुक्ति हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्त चिकित्सकों को राज्य के कमजोर, असहाय और गरीब लोगों की सेवा करने का अवसर मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि कोविड महामारी जैसी चुनौतियों को राज्य ने बेहतर प्रबंधन से पार किया और इसी तरह आगे भी नयी चुनौतियों का समाधान किया जायेगा। सीएम ने चिकित्सकों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में बेहतर काम करें और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाएं। उन्होंने विशेष रूप से महिला चिकित्सकों और स्त्री रोग विशेषज्ञों की बड़ी संख्या में हुई नियुक्ति का जिक्र किया। 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने नियुक्त चिकित्सकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पिछले 20 वर्षों में सबसे बड़ी बहाली है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और भी चिकित्सकों की नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार की उपलब्धियों से जलन होती है लेकिन हकीकत यह है कि झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

उन्होंने बताया कि रिम्स-2 मुख्यमंत्री का विजन है और इसे एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने की दिशा में काम हो रहा है। साथ ही राज्य में छह नये मेडिकल कॉलेज और 10,500 नियुक्तियां होने जा रही हैं। 

समारोह में डॉ आशा एक्का, डॉ पूजा सिंह, डॉ हीना, डॉ अशुतोष और डॉ राजीव (एनएचएम से चयनित) तथा जेपीएससी के तहत डॉ एंजेल टेटे, डॉ संतोष कुमार सोरेन, डॉ कुमार सत्याम, डॉ वीर महालक्ष्मी, डॉ साजिया खातून और डॉ रवि राज को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अबू इमरान, डॉ नेहा अरोड़ा और शशि प्रकाश झा भी मौजूद रहे।

Published / 2025-09-25 20:31:54
हिंदू आस्था, विश्वास और धार्मिक भावनाओं पर खिलवाड़ न हो : बीरेंद्र साहू

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब द्वारा निर्मित पंडाल में ईसा मसीह की मूर्ति खड़ा कर हिंदू आस्था, विश्वास एवं धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। जिसका विश्व हिंदू परिषद, झारखंड-बिहार के क्षेत्र मंत्री, डॉ बिरेन्द्र साहू ने कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि माता भगवती किसी चर्च में नहीं अपितु मंदिर में विराजमान होती है। 

किसी चर्च के आकार में माता भगवती का विराजमान करना हिंदू आस्था, विश्वास एवं धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करना है। इस तरह से दृश्य दिखाकर झारखंड में धर्मांतरण करने वालों को बल दिया जा रहा है। 

डॉ साहु ने आर आर स्पोर्टिंग क्लब के आयोजक से आग्रह किया है कि माता भगवती को किसी चर्च में नहीं मंदिर में विराजमान करें। आपकी पांडाल में जो भी विसंगतिया हैं उसे दूर कर हिंदू जनमानस के भावनाओं को रोष प्रकट करने से बचायें।

Published / 2025-09-24 22:13:29
झारखंड की खेल प्रतिभा निखारने में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का अहम योगदान : हेमंत सोरेन

मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ने खेलों की दुनिया में झारखंड को दी है अलग पहचान : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राजधानी रांची में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। श्री सोरेन ने आज कहा कि इसके लिए जो भी आवश्यक प्रक्रियाएं हैं, वह जल्द से जल्द पूरी की जाय। 

उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के खुलने से यहां के खेल और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्लेटफार्म मिलेगा। 

श्री सोरेन आज झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला- संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार की उपस्थिति में खेल विभाग एवं सीसीएल के वरीय अधिकारियों के साथ मेगा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, होटवार, रांची के प्रस्तावित उन्नयन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने खेलगांव में अवस्थित सभी स्टेडियम के अद्यतन हालात की विस्तृत जानकारी ली।

Published / 2025-09-24 22:12:19
बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव को सीएम ने दी शुभकामनाएं

हेमंत सोरेन से मिली 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव, सीएम ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में जमशेदपुर की बेटी एवं बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका का पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर शिल्पा राव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

सोरेन ने कहा कि कई मौकों पर हमारी बेटियों ने राष्ट्रीय फलक पर राज्य का नाम रोशन किया है। आपकी यह सफलता झारखंड की युवा पीढियों को सदैव प्रेरित करेगा।  सोरेन ने शिल्पा राव से कहा कि आपको मिला यह सम्मान राज्य का भी सम्मान है। सोरेन ने बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। 

मौके पर बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने गायकी जीवन की शुरूआत से लेकर बॉलीवुड सिंगर के रूप में नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित होने की यात्रा के अनुभव साझा किए। बता दें कि बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव जमशेदपुर की रहने वाली है। उन्हें 71 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में फिल्म जवान के लोकप्रिय गीत चलेया के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 

इस प्रतिष्ठित सम्मान की घोषणा के बाद से ही जमशेदपुर, खासकर उनके पुराने घर टेल्को में जश्न का माहौल है। शिल्पा ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत को अपने गृहनगर जमशेदपुर को समर्पित किया है। उन्होंने कहा, यह जीत सिर्फ मेरी नहीं है। यह राष्ट्रीय पुरस्कार उन सभी लोगों का है जो मेरे साथ खड़े रहे और मेरे गृहनगर जमशेदपुर का है, जिसने मुझे गढ़ा और मेरा सहारा बना रहा।

Page 246 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse