झारखंड

View All
Published / 2025-10-07 19:46:23
रांची : 12 को होगा विकसित भारत 2047 का स्वदेशी मैराथन

विकसित भारत 2047 स्वदेशी मैराथन, झारखंड का सबसे बड़ा आयोजन 12 अक्टूबर को रांची में 

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज सांसद कार्यालय में एक प्रेस वार्ता कर झारखंड में होने वाले अब तक के सबसे बड़े मैराथन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि विकसित भारत 2047 स्वदेशी मैराथन का आयोजन 12 अक्टूबर को रांची में किया जायेगा। 

यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मैराथन में सभी धावक राष्ट्रीय ध्वज के साथ दौड़ते हुए स्वदेशी अपनाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेंगे। मैराथन की शुरुआत मोरहाबादी मैदान के गोराउंड से होगी। वहां से यह रूट निम्नानुसार रहेगा : 

  • मोरहाबादी से उपायुक्त आवास 
  • वहां से मछलीघर, गवर्नर हाउस, 
  • फिर जस्टिस शहडो चौक से दाहिने, 
  • प्रेसन चौक से दाहिने, 
  • सिदोू-कान्हू पार्किंग से होते हुए 
  • पुन: मोरहाबादी मैदान तक लौटेगा 
  • यह पूरा मार्ग लगभग साढ़े तीन किलोमीटर (3.5 किमी) का होगा 

मंत्री संजय सेठ ने बताया कि इस मैराथन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी होगी। इनमें शामिल हैं 

  • कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं 
  • स्पोर्ट्स पर्सन और  इलीट एथलीट्स 
  • एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स 
  • माय भारत संगठन के स्वयंसेवक 
  • सामाजिक संस्थाओं के सदस्य 
  • कामकाजी महिलाएं और पुरुष 

अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है या रुचि दिखाई है। संजय सेठ ने बताया कि उन्होंने झारखंड के राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वे इस स्वदेशी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करें। 

कार्यक्रम में कारगिल के वीर शहीद विजेंद्र यादव के माता-पिता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जो इस आयोजन में देशभक्ति की भावना को और प्रबल बनायेंगे। पूरे मैराथन मार्ग पर विभिन्न संस्थान और सामाजिक संगठन सेवा में लगे रहेंगे। धावकों का स्वागत पुष्पवर्षा के माध्यम से किया जायेगा।

 स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुनानक हॉस्पिटल और मोदी सेवा सदन द्वारा मेडिकल कैंप लगाये जायेंगे। प्रेस वार्ता में मौजूद ओलंपिक संघ के अध्यक्ष ने कहा कि इस आयोजन में राज्य के इलीट एथलीट्स भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह तैयार हैं। किसी प्रतिभागी को तकनीकी या मेडिकल समस्या नहीं आने देंगे। हमारी टीमें मौके पर मौजूद रहेंगी।   

उन्होंने आगे कहा कि झारखंड की खेल परंपरा देश में हमेशा मजबूत रही है। यह मैराथन उस परंपरा को नया आयाम देगा।  उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में राज्य में नेशनल लेवल मैराथन भी आयोजित की जाये चाहे राज्य स्थापना दिवस पर या किसी विशेष अवसर पर ताकि यह आयोजन नियमित परंपरा का रूप ले सके। 

मंत्री संजय सेठ ने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य लोगों में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना जगाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत 2047 तक पूरी तरह विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बने। यह मैराथन उसी दिशा में एक कदम है स्वदेशी अपनाओ, देश को आत्मनिर्भर बनाओ। यह आयोजन झारखंड के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा मैराथन होने वाला है।

Published / 2025-10-07 19:41:24
झारखंड : दिवाली पर लें गुलाबी ठंड का आनंद

निकाल लीजिये गर्म कपड़े, बदलने वाला है झारखंड का मौसम, दिवाली पर होगा गुलाबी ठंड का एहसास 

टीम एबीएन, रांची। देशभर में इस बार हो रही अधिक बारिश ने सभी को हैरान कर दिया है। त्यौहार शुरू हो गये हैं, लेकिन बारिश ने त्योहारों की खुशियों को फीका किया हुआ है। वहीं, झारखंड की बात करें तो यहां 9 अक्टूबर तक हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। 

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अब बादल छंट रहे हैं। लगातार बारिश में अब कमी आयेगी। अगले 4 दिनों के दौरान हवा में तेजी से बदलाव होंगे। इससे बादल साफ होंगे। इसके साथ ही मानसून वापसी की प्रक्रिया आरंभ होगी। 

मौसम विभाग के अनुसार 10 अक्टूबर के बाद हल्की ठंड शुरू होने लग जायेगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, झारखंड में 11 अक्टूबर से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। 

मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद राज्य में शुष्क मौसम की शुरुआत होगी। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर बना रहेगा, जिससे दोपहर के समय बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।

मानसून की विदाई के बाद झारखंड में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखा जायेगा। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगेगी, जबकि दिन में मौसम खुशनुमा बना रहेगा। अनुमान है कि दिवाली तक राज्य में गुलाबी ठंड का प्रभाव साफ तौर पर दिखने लगेगा।

Published / 2025-10-07 19:40:09
लौहनगरी में धूमधाम से मना हथिनी का जन्मदिन

जमशेदपुर में इंसान का नहीं बल्कि हथिनी का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन, सूंड से काटा केक तो बच्चों ने कहा- हैप्पी बर्थडे टू यू... 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां इंसान का नहीं बल्कि एक हथिनी का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान 16 पाउंड का केक भी काटा गया। जैसे हम आमतौर पर बर्थडे पार्टी मनाते हैं वैसे ही यहां भी ऐसे ही बर्थडे पार्टी धूमधाम से मनायी गयी। 

बताया जा रहा है कि दलमा वन्य प्राणी अभयारण्य की प्रिय हथिनी रजनी का 16वां जन्मदिन आज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान 16 पाउंड का केक भी काटा गया। दलमा अभयारण्य के मेन गेट पर गुब्बारे और सजावट की गयी थी। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठी हुई। भीड़ में बच्चे भी शामिल थे। 

इसके अलावा जन्मदिन समारोह में इचागढ़ विधायक सविता महतो, डीएफओ सबा आलम अंसारी और रेंजर दिनेश चंद्रा समेत कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद थे। बता दें कि हर साल 7 अक्टूबर को हथिनी रजनी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है। 

क्या कहते हैं डीएफओ 

डीएफओ सबा आलम का कहना है कि 16 वर्ष पहले रजनी पीलीद गांव के पास एक गड्ढे में घायल अवस्था में मिली थी। वन विभाग ने उसे 7 अक्टूबर को रेस्क्यू किया था, उस समय वह सिर्फ तीन साल की थी। तब से हर साल 7 अक्टूबर को उसका जन्मदिन मनाया जाता है।

Published / 2025-10-06 21:01:32
हजारीबाग : 50,000 का ईनामी अपराधाी बिहार से गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, बिहार से 50 हजार का इनामी अपराधी दानिश गिरफ्तार 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिला की पुलिस ने रविवार देर रात नगवा हवाई अड्डा के पास छापेमारी कर बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के रमना मोहल्ला निवासी कुख्यात अपराधी और 50 हजार का इनामी दानिश इकबाल (23) को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने इस बात की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की। एसपी ने बताया कि दानिश हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती, अपहरण और गोलीबारी जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल रहा है तथा बिहार और झारखंड पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। 

चार फोन, 11 सिम कार्ड, फर्जी आधार-पैन कार्ड समेत ये सब बरामद 

गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी में चार मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, फर्जी आधार-पैन कार्ड, राउटर और नोटबुक बरामद किये गये। पूछताछ में दानिश ने उत्तम यादव, शक्ति गिरी उर्फ साईको टाइगर और फोटो खान समेत अन्य अपराधियों के साथ संगठित गिरोह चलाने की बात स्वीकार की। वह उदय साव हत्या कांड (हजारीबाग) और अनवर अली हत्या कांड (गया) सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था। घेराबंदी कर दानिश को दबोचा गया 

हजारीबाग पुलिस की एक विशेष टीम ने देर रात नगवा हवाई अड्डा के पास घेराबंदी कर दानिश को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दानिश ने कई सनसनीखेज खुलासे किये। उसने बताया कि वह उत्तम यादव, शक्ति गिरी उर्फ साईको टाइगर और फोटो खान जैसे कुख्यात अपराधियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह चलाता था। यह गिरोह हजारीबाग, गया और औरंगाबाद समेत सीमावर्ती जिलों में फिरौती, लूट और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। 

कई आपराधिक मामलों में वांछित अपराधी था 

एसपी ने बताया कि दानिश उदय साव हत्या कांड (हजारीबाग) और अनवर अली हत्या कांड (गया) सहित कई आपराधिक मामलों में वांछित अपराधी था। पुलिस को शक है कि वह बिहार और झारखंड के कई अन्य कांडों में भी शामिल रहा है। एसपी ने बताया कि उन्होंने बताया कि अब पुलिस उसकी अपराधी टीम के अन्य सदस्यों और सहयोगियों की पहचान कर रही है, ताकि पूरे गिरोह को जड़ से खत्म किया जा सके।

Published / 2025-10-06 20:57:42
घाटशिला उपचुनाव को लेकर भाजपा नेताओं ने बनायी रणनीति

घाटशिला उपचुनाव को लेकर भाजपा में मंथन, बाबूलाल मरांडी बोले- यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि पूरे राज्य को... 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के घाटशिला में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर बीते रविवार को नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी घाटशिला पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया। 

इस दौरान भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू भी मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा स्तर के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए और संगठन मजबूत करने की रूपरेखा तय की गयी। 

बैठक को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव झारखंड की जनता के लिए बेहद अहम है। यह चुनाव सिर्फ एक सीट की नहीं, बल्कि पूरे राज्य को अपराध, भ्रष्टाचार और लूट-खसोट से मुक्त करने की लड़ाई है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड को एक सुरक्षित और पारदर्शी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए हर स्तर पर आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने कार्यकतार्ओं से कहा कि अब समय आ गया है जब जनता को इन अव्यवस्थाओं के खिलाफ एकजुट होना होगा। 

मरांडी ने बताया कि भाजपा ने पंचायत स्तर से लेकर बूथ स्तर तक तैयारी शुरू कर दी है। घाटशिला के सभी सात मंडलों में पार्टी सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे, ताकि हर कार्यकर्ता संगठन की मजबूती में अपनी भूमिका निभा सके। 

श्री मरांडी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी जायेगी, जिससे चुनावी मशीनरी मजबूत बनेगी और घर-घर भाजपा का संदेश पहुंचेगा। उम्मीदवार चयन के सवाल पर मरांडी ने स्पष्ट किया कि भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं, बल्कि विचार और संगठन आधारित पार्टी है। 

उन्होंने कहा कि उम्मीदवार का चयन पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति करेगी और एक बार उम्मीदवार घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ता उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करेंगे। मरांडी ने दावा किया कि भाजपा की लड़ाई सत्ता की लालसा के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचारमुक्त, समृद्ध और सुरक्षित झारखंड की दिशा में नयी शुरुआत के लिए है।

Published / 2025-10-06 20:52:39
सुप्रसिद्ध समाजसेवी पदमचंद जैन के निधन पर मारवाड़ी सम्मेलन ने जताया शोक

पदमचंद जीवन भर समाज हित सेवा और मानवीय मूल्यों को हमेशा सर्वोपरि रखा : सुरेश चंद्र अग्रवाल 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सुप्रसिद्ध समाजसेवी पदमचंद जैन का आकस्मिक निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। 

उनके निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि पदमचंद जैन जीवन भर समाज हित सेवा और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखा उनके द्वारा किये गये कार्य सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। 

मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि पदमचंद जैन एक कर्मठ, सरल मिलनसार, हंसमुख तथा एक विनम्र एवं उदार व्यक्तित्व के धनी थे। तथा वे मृदुभाषी स्पष्टवादिता तथा धार्मिक व्यक्तित्व वाले व्यक्ति थे। उन्होंने अपने जीवन काल में लगभग 10 हजार से भी अधिक अंतिम संस्कार में शामिल होकर के उनका दाह संस्कार कराया। इसके लिए उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई नामी गिरामी संस्थाओं से सम्मानित किया गया। 

रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सज्जन पाड़िया एवं महामंत्री निर्मल बुधिया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पदम चंद्र जैन विभिन्न सामाजिक धार्मिक और व्यवसायी संगठन से जुड़े थे। उन्होंने समाज में एकता, संस्कृति और परंपराओं को बनाये रखने के लिए हमेशा तत्परता से कार्य करते थे। इस दु:ख की घड़ी में हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनके परिवार को इस दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें और ईश्वर अपने चरणों में स्थान दें। 

शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में भागचंद पोद्दार, गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, ओम प्रकाश अग्रवाल, ललित कुमार पोद्दार, राजेंद्र केडिया, डॉ ओम प्रकाश प्रणव, कमल कुमार केडिया, रतनलाल बंका, पवन शर्मा, पवन पोद्दार, मनोज चौधरी, कौशल राजगढ़िया, अनिल कुमार अग्रवाल, सुभाष पटवारी, प्रमोद सारस्वत, अशोक नारसरिया, प्रमोद अग्रवाल, कमलेश संचेती, सुमेर सेठी, संजीव विजयवर्गीय, अनिल अग्रवाल, कमल कुमार जैन, जितेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल आदि शामिल है। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-10-06 20:51:36
खुटकट्टीदार मुंडा कृष्ण कुमार सिंह ईमानदारी के प्रतीक के रूप में याद किये जायेंगे : देवेंद्रनाथ महतो

बहुत जल्द खुटखट्टीदार मुंडा कृष्ण कुमार सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जायेगी : देवेंद्रनाथ महतो 

टीम एबीएन, सोनाहातू/ रांची। सोनाहातू प्रखंड दुलमी पंचायत बोंगादार दुलमी निवासी खुटकट्टीदार स्व. मुंडा कृष्ण जी का संस्कार भोज में सैकड़ों लोग शामिल होकर श्रद्धांजलि दी। लंबे समय से बीमारी के वजह से इनका निधन 21 आक्टूबर 2025 को हुआ था। 

मौके पर स्व. मुंडा कृष्ण सिंह के पुत्र आदित्य सिंह मुंडा और भोलेश्वर सिंह मुंडा ने कहा कि पिताजी सभी रैयतों को पुत्र के समान प्यार दुलार व्यवहार रखते थे उनका चले जाने के बाद रैयतों के साथ न्यायिक भाईचारा रखना हमारे कंधों में है पिताजी के मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

मौके पर सिल्ली विधान सभा पूर्व प्रत्याशी देवेन्द्र नाथ महतो श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पांच परगना क्षेत्र सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के ईमानदार सैद्धांतिक यक्तित्व के धनी थे, उनका अपने रैयतों के हित सर्वोपरि सोच था।

अपने क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक समस्या का बड़ी सरलता से सुलझाते हुए न्यायिक कार्य कुशल के रूप विख्यात थे। इनके क्षेत्र में उद्योगपति का खास नजर रहता है, कृष्ण मुंडा बारेंदा पहाड़ के बदले मुंबई में महल का आॅफर को उद्योगपति से ठुकरा कर अपने रैयतों का रक्षा कर ईमानदारी की मिसाल साबित की थी। इनकी ईमानदारी का खौप से वर्तमान समय तक क्षेत्र के बालू माफिया खनन का हिम्मत नहीं किया है।

साथ ही देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि कृष्ण मुंडा जी के ईमानदार और सैद्धांधिक विचार को जन जन तक पहुंचाने के लिए उनका बहुत जल्द आदमकद प्रतिमा स्थापित कर उनके मार्ग पर चलकर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Published / 2025-10-06 11:25:33
झारखंड : सुप्रसिद्ध समाजसेवी पदमचंद जैन का निधन

टीम एबीएन, रांची। रांची ही नहीं वरन झारखंड के सुप्रसिद्ध समाजसेवी श्री पदमचंद जी जैन का आकस्मिक निधन आज रात्रि को सेवा सदन अस्पताल में हो गया। विगत चार दिनों से उनका इलाज सेवा सदन अस्पताल में चल रहा था। आज उन्होंने अपनी अंतिम सांसे ली।

विदित हो कि पदमचंद जी जैन अपने जीवन के 9 दशक पूर्ण करने वाले थे और उन्होंने समाज सेवा में जीवन के अंतिम क्षणों तक थकान महसूस नहीं किया।

पदमचंद जी जैन विभिन्न सामाजिक धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों से जुड़े थे और उन्होंने अपने जीवन काल में लगभग 10,000 से ज्यादा अंतिम संस्कार में शामिल होकर के उनका दाह संस्कार कराया। इसके लिए उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई नामी गिरामी संस्थाओं से सम्मानित किया गया।

श्री जैन सदैव हसमुख व मिलनसार स्वभाव संग अपना सक्रिय योगदान सम्पूर्ण मारवाड़ी समाज में दर्ज करते थे। दिगंबर जैन समाज, मारवाड़ी सहायक समिति, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन, रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन सहित अनेक संस्थानों में आजीवन सदस्य रहे  एवं अपनी महती भूमिका निभाई।

उनकी अंतिम यात्रा कल दिनांक 6 अक्टूबर 2025 संध्या 4 बजे उनके निवास स्थान रामचंद्र लेन, गांधी चौक, अप्पर बाजार, रांची से मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी।

उनके निधन कि सूचना मिलते ही समाज के कई गणमान्य उनके निवास पर परिजनों को सांत्वना देने शामिल हुए, जिनमें विनय सरावगी, बसंत मित्तल, रवि शंकर शर्मा, मनोज बजाज सहित अनेकों समाज के लोग उपस्थित थे। मौके पर राजकुमार केड़िया, भागचंद पोद्दार, गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, चंडी डालमिया ने शोक प्रकट किया। उक्त जानकारी रवि शंकर शर्मा (9470931090) ने दी।

Page 238 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse