झारखंड

View All
Published / 2025-10-29 18:10:29
धनबाद : बस-ट्रेलर की टक्कर में कई लोग घायल

भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर, कई यात्री थे सवार 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले में एक सड़क हादसा हो गया है जिसमें कई यात्री जख्मी हो गये हैं। वहीं, ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। 

बस और ट्रेलर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त 

मामला जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित कमलपुर का है। बताया जा रहा है कि मिश्रा ट्रेवल्स नामक यात्री बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री बस और ट्रेलर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये और ट्रेलर का केबिन अलग होकर नीचे गिर गया।

हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक करना है

वहीं, हादसे में कई यात्री घायल हो गये हैं जबकि ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज चल रहा है। हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक करना बताया जा रहा है।

Published / 2025-10-29 12:13:59
इटकी के सलीम और शकीब को उठा ले गयी हरियाणा पुलिस

  • रांची में बैठे थे 5 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी, तभी आ पहुंची हरियाणा पुलिस; फिर...

टीम एबीएन, रांची। हरियाणा पुलिस ने 45 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में रांची से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बीते मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इटकी क्षेत्र के निवासी सलीम और शकीब नामक आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा ले जाया गया।

इटकी थाने के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया, हरियाणा के करनाल साइबर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ 45 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, करनाल पुलिस को जानकारी मिली कि धोखाधड़ी की रकम इन दोनों के बैंक खातों में जमा की गई थी। 

उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस की एक टीम इटकी पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। श्री कुमार ने कहा, जांच में खुलासा हुआ कि साइबर ठगी से अर्जित राशि उनके दो या तीन बैंक खातों में जमा कराई गई थी। अपना हिस्सा लेने के बाद उन्होंने शेष राशि अन्य खातों में अंतरित कर दी।

Published / 2025-10-28 20:23:58
जमशेदपुर : स्वर्णरेखा की तेज धार में बहे तीनों का शव बरामद

चांडिल में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा, एनडीआरएफ और गोताखोरों ने तीनों शव निकाले बाहर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। स्वर्णरेखा नदी में पूजा करते समय एक नाबालिग समेत तीन श्रद्धालु तेज धारा में बह गये थे। स्थानीय गोताखोरों और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम द्वारा घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार शाम तक तीनों के शव बरामद कर लिये गये। 
मृतकों की पहचान संजय यादव (42), प्रतीक यादव (19) और आर्यन यादव (13) के रूप में हुई है।

तीनों आदित्यपुर और डिमना इलाके के रहने वाले थे। इस हादसे के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने आर्यन का शव एक दिन पहले ही बरामद कर लिया था, जबकि प्रतीक और संजय की तलाश मंगलवार सुबह तक जारी रही। 

नदी की तेज धारा और गहराई ने बचाव अभियान के लिए बड़ी चुनौतियां खड़ी कर दीं, लेकिन शाम तक स्थानीय गोताखोरों की सूझबूझ से प्रतीक का शव भी बरामद कर लिया गया। चांडिल एसडीओ विकास राय ने शवों के मिलने की जानकारी दी। 

उप-मंडल अधिकारी विकास राय, चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ और स्थानीय पुलिस सहित एक प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

इस दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। दुर्घटना के बाद, जिला प्रशासन ने सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है और कड़े निर्देश जारी किये हैं। प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में वह सिर्फ चेतावनी जारी करने तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी करेगा।

Published / 2025-10-28 20:21:20
गोलियों की गूंज से दहल उठा बोकारो

आइआरबी जवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मार डाला; छठ मनाने आ रहा था घर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले में मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने इंडियन रिजर्व बटालियन (आइआरबी) के एक जवान की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

छठ मनाने घर आ रहा था जवान 

पीड़ित जवान की पहचान चास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श कॉलोनी स्थित यदुवंश नगर निवासी अजय यादव (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले में तैनात जवान छठ पूजा की छुट्टी पर अपने गृह क्षेत्र चास जा रहे थे और सोमवार शाम यह घटना हुई।  

जवान को मारी तीन गोलियां 

चास के अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रवीण कुमार सिंह ने कहा, किसी मुद्दे को लेकर जवान और बलराम तिवारी नाम के युवक के बीच बहस हो गयी और इसके बाद उनमें हाथापाई हुई। बलराम पहले घटनास्थल से चला गया और कुछ देर बाद वह पिस्तौल लेकर लौटा तथा जवान को तीन गोलियां मार दी। उन्होंने बताया कि यादव को बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसडीपीओ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी और उसके साथियों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

Published / 2025-10-28 20:20:17
पलामू : भाई-बहन की मौत से सदमे में पलामू

भयानक सड़क हादसे ने परिवार पर बरपाया कहर, पलभर में छीनी भाई-बहन की जिंदगी; मचा हाहाकार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले में आज यानी मंगलवार को एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां दो बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार, घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में जगतपुरवा-बेदानी मुख्य सड़क पर कमलकेडिया गांव की है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दो बाइक तेज गति से आ रही थी। तभी दोनों की आपस में जोरदार भिंड़त हो गयी। वहीं इस हादसे में एक बाइक पर सवार भाई-बहन की मौके पर ही जान चली गयी। 

जबकि दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं दोनों बच्चों की मौत की खबर सुनते ही परिजन गहरे सदमे में है।

Published / 2025-10-28 11:17:36
रांची : तिरुपति अपार्टमेंट कांके रोड में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व

टीम एबीएन, रांची। रांची कांके रोड स्थित तिरुपति अपार्टमेंट परिसर में सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के अवसर पर अपार्टमेंट का वातावरण भक्तिमय बना रहा। 

अपार्टमेंट की छठ व्रती अनुराधा सर्राफ, अनु सिन्हा सहित कई श्रद्धालु महिलाओं ने पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ व्रत रखा और भगवान भास्कर की उपासना की। अपार्टमेंट के छत पर निर्मित छठ स्थल को सुसज्जित सुंदर ढंग से सजाया गया था, जहां व्रतियों ने परिवार और समाज के कल्याण की कामना करते हुए सांध्य अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य अर्पित किया। 

सूर्यास्त और सूर्योदय के समय अपार्टमेंट परिसर में छठी मइया के गीतों और लोकधुनों की गूंज सुनाई दी। बड़ी संख्या में अपार्टमेंट के निवासी और आस-पास के लोग इस पावन अवसर पर एकत्रित हुए और श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना में सम्मिलित हुए। 

मौके पर समाजसेवी संजय सर्राफ एवं अनिल सिन्हा ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह अनुशासन, पवित्रता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से इस पर्व की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। 

पूरे आयोजन में उत्साह, भक्ति और पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि और व्रतियों की आस्था ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। तिरुपति अपार्टमेंट में मनाया गया यह छठ पर्व सामाजिक सद्भाव और सामूहिक आस्था का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Published / 2025-10-28 10:15:38
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने मामा घर से लिया दउरा, किया अर्घ्य

  • अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य
  • परिवार सहित क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की की कामना

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह/धनबाद। लोक आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने गिरिडीह जिले के पीरटांड प्रखंड अंतर्गत खम्हारबाद स्थित अपने मामा घर से दउरा लेकर छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

सांसद महोदय ने अपने परिवार सहित क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सावित्री देवी भी उनके साथ उपस्थित थीं।

अर्घ्य अर्पण के बाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रकृति के प्रति आभार, तप और संयम का प्रतीक है। यह हमें प्रकृति से जोड़ने वाला पर्व है, जो अपनी अनोखी परंपरा के लिए जाना जाता है। इसमें हम केवल उगते सूर्य ही नहीं, बल्कि अस्ताचलगामी सूर्य को भी अर्घ्य देकर भगवान भास्कर के दोनों स्वरूपों की आराधना करते हैं।

छठ घाट पर भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालु व्रतियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी सूर्य देवता की पूजा-अर्चना कर परिवार की मंगलकामना की।

Published / 2025-10-27 21:20:09
धुर्वा शालीमार बाजार में राजेश सिंह ने किया प्रसाद वितरण

टीम एबीएन, रांची। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन का दो दिवसीय विधिक सहायता सह प्रसाद वितरण शिविर का आयोजन धुर्वा सेक्टर 2 के शालीमार बाजार में झारखंड के प्रदेश प्रभारी राजेश सिंह के नेतृत्व में किया गया। 

मौके पर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के द्वारा छठव्रतियों की सुविधा हेतु संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रसाद वितरण भी किया। घाट पर आये हुए श्रद्धालुओं के बीच विधिक जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी बांटा गया। 

मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश कुमार ने सभी श्रद्धालुओं को इस महापर्व की हार्दिक शुभकामना एवं बधाई दी। इस शिविर में गुंजन सिंह, नीरज सिंह, संतोष पाल, मनीष सिंह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Page 224 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse