टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मेन रोड, रांची तथा गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा, रातू रोड, रांची के एक शिष्टमंडल ने मुलाकात की।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को श्री गुरुनानक देव जी महाराज के 556वां प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आगामी 3 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर, कॉलोनी, रातू रोड की ओर से आयोजित होने वाले भव्य नगर- कीर्तन एवं 5 नवंबर को पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर, रांची में आयोजित होनेवाले प्रकाश पर्व उत्सव समारोह में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क बुंडू/ रांची। बुंडू इलाके में गुरुवार को हुई एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गये। यह हादसा बुंडू टॉल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। बुंडू के पास वाहन की गति काफी तेज थी और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण पिकअप बीच सड़क पर पलट गयी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी।
दुर्घटनास्थल पर स्थानीय लोग तुरंत पहुंचे और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने पलटी हुई वैन के नीचे फंसे हुए घायलों को निकालने में मदद की और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है जिसमें एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
मामला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के 3 लोग एक ही स्कूटी पर सवार होकर झारो गांव में आयोजित मेला देखकर घर लौट रहे थे। इस दौरान एक अज्ञात कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने 14 वर्षीय शिवनंदन सिंह और 35 वर्षीय दशरथ सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि 1 व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी। वहीं, हादसे के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
एबीएन, न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले में उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब अज्ञात चोरों ने एक दुकान से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चुरा लिये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। मामला जिले के पांडू प्रखंड मुख्यालय स्थित व्यस्त बाजार का है।
बताया जा रहा है कि बीते बुधवार रात को चोरों ने दुकान का शटर काटा और दुकान में घुस गये। फिर उन्होंने दुकान के भीतर बने लॉकर को गैस कटर से काटकर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिये। वहीं, घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बाजार में रात्रि प्रहरी (चौकीदार) नियुक्त करने और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पांडू थाना बाजार से काफी दूरी पर स्थित होने के कारण क्षेत्र असुरक्षित बना हुआ है। व्यापारियों ने यह भी मांग की है कि पुलिस अंचल निरीक्षक का कार्यालय रेहला से हटाकर पांडू बाजार के पास स्थानांतरित किया जाये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। छठ पूजा के पावन अवसर पर लोहरदगा प्रखंड के मन्हो गांव में नव युवक संघ मन्हो के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर आयोजन समिति के द्वारा सांसद का भव्य स्वागत किया गया तत्पश्चात सांसद में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन किये। मौके पर सांसद ने कहा कि पारंपरिक मेलो एवं कार्यक्रमों के माध्यम से नागपुरी भाषा को जीवित रखने के लिए जो कार्य आयोजन समिति के द्वारा किया गया वह सराहनीय है।
परंपरागत मेलों में हम झारखंडियों की संस्कृति व पहचान दिखाई पड़ती है इसलिए ऐसे परंपरागत मेलों को जीवंत व बचाए रखने के लिए हम सभी झारखंडियों को आगे आने की जरूरत है। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद नागपुरी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम को देखने एवं सुनने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों के लोग शामिल हुए जो देर रात तक जमकर कार्यक्रम का लुत्फ उठाया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, घाटशिला/ जमशेदपुर। आज दिनांक 29 अक्टूबर, 2025 को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा द्वारा घाटशिला के आकाशदीप होटल में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह चुनाव मुख्य संयोजक देवेंद्रनाथ महतो चुनाव प्रभारी प्रेम मार्डी, प्रत्याशी रामदास मुर्मू , चुनाव पर्यवेक्षक मोतीलाल प्रेम उपस्थित हुए।
मौके पर चुनाव संयोजक देवेन्द्रनाथ महतो ने प्रेस संबोधन में बताया कि वर्तमान समय में सरकार के द्वारा आदिवासियों को कुचला जा रहा है। कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा के तंबो चौक में आदिवासियों द्वारा नौ एंट्री लागू करने की मांग को लेकर संवैधानिक आंदोलन पर जिस निर्मम तरीके से पुलिसिया कार्रवाई की गयी?
लाठियां बरसायी गयी, आंसू गैस दागा गया। झूठा एफआईआर किया गया 17 आदमी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और कई लोग लापता की खबर है यह घटना सरकार का कू्रर चेहरा को उजागर करता है। इसका हमलोग कड़ी निंदा करते हैं। चाईबासा में बड़ी वाहनों की एंट्री से सड़क दुर्घटना से पिछले एक साल के अंतर्गत लगभग 154 लोगों की मौत हो चुकी है, पिछले 10 दिनों के अंदर 4 लोगों की मौत हो चुकी है, लोग पूरी तरह भयभीत हैं।
इसलिए तत्काल नो एंट्री लागू किया जाये। संवैधानिक आंदोलन करने वाले आदिवासियों पर कार्रवाई करने वाले पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई हो, निर्दोष आंदोलनकारियों पर किया गया एफआईआर वापस लिया जाये तथा गिरफ्तार किये गये आदिवासियों को बिना शर्त रिहा किया जाए।
मौके पर प्रत्याशी रामदास मुर्मू ने कहा कि अगर जनता के आशीर्वाद से हम चुनाव जीतते हैं तो शिक्षा स्वस्थ और रोजगार के क्षेत्र में क्रांति लायेंगे। एक बार जनता विश्वास कर मुझे सेवा करने का आशीर्वाद दें।
मौके पर चुनाव प्रभारी प्रेम मार्डी ने कहा कि लोकतंत्र में राजा का बेटा राजा नहीं बनता है। रामदास मुर्मू गरीब का बेटा है। लोगों का समर्थन मिल रहा है जेएलकेएम पर विश्वास कर रहे हैं। 14 नवंबर को घाटशिला के जनता इतिहास रचने वाले हैं। इस बार एनडीए और इंडिया गठबंधन का सुपड़ा साफ होने वाला है।
मौके पर चुनाव पर्यवेक्षक मोतीलाल महतो ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव पार्टी पूरे दम के साथ लड़ रही है। सभी जाति समाज धर्म के लोगों का समर्थन मिल रहा है। घाटशिला के जनता से अपील किया कि झारखंड का नवनिर्माण के लिए जेएलकेएम को साथ दें।
टीम एबीएन, रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्य में नकली और एक्सपायरी दवाइयों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी हॉस्पिटल या मेडिकल दुकान में नकली दवाइयां, एक्सपायरी दवाइयां या कोडीनयुक्त कफ सिरप पायी गयी, तो उनका जीना दुश्वार कर दूंगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। डॉ अंसारी ने कहा कि यह पता लगाया जाए कि यह कफ सिरप किस कंपनी की है, किसने इसे यहां फेंका और यह बाजार में कैसे पहुंची। दोषियों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जायेगी।
राज्य में नकली दवाओं और नशे के रूप में उपयोग हो रही कफ सिरप की बिक्री पर मंत्री ने सभी मेडिकल दुकानदारों को आगाह करते हुए कहा कि अगर किसी दुकान में नकली या नशे की कफ सिरप पायी गयी, तो दुकान तुरंत सील की जाएगी और संचालक को जेल भेजा जायेगा। डॉ अंसारी ने स्पष्ट कहा कि यह सिर्फ कानून का मामला नहीं बल्कि जनता की सेहत से जुड़ा गंभीर अपराध है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
बता दें कि सोमवार देर रात कुछ दवा माफियाओं द्वारा नकली दवाओं और कफ सिरप को जमीन में छिपाने की कोशिश की गयी। स्थानीय लोगों ने जब इस संदिग्ध गतिविधि को देखा, तो तत्काल स्वास्थ्य मंत्री को सूचित किया। मंत्री ने तुरंत त्वरित कार्रवाई का निर्देश देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मौके पर भेजने और जांच प्रारंभ करने का आदेश दिया।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी अंतर्राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन-2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर यह आयोजन 3 से 5 नवंबर 2025 तक टीटीपीएस, ललपनिया स्थित लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ में होगा। इस अवसर पर देश-विदेश से सरना धर्मावलंबी शामिल होंगे और आदिवासी संस्कृति, परंपरा व एकता पर विचार साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएं दीं और सम्मेलन के सफल आयोजन की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति और आस्था के संरक्षण के लिए सतत प्रयासरत है।
इस अवसर पर अध्यक्ष बबुली सोरेन, सचिव लोबिन मुर्मू, मिथिलेश किस्कू, बिंदे सोरेन (मांझी बाबा, जमशेदपुर), सुरेन्द्र टुडू, बुधन सोरेन, सुखराम बेसरा, मेघराज मुर्मू, संतोष हेंब्रम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse