टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। जैसे-जैसे घाटशिला उपचुनाव तिथि सामने आ रहा है, प्रचार प्रसार अभियान का रफ्तार भी बढ़ गया है। घाटशिला उपचुनाव बीजेपी, जेएमएम और जेएलकेएम का त्रिकोणीय मुकाबला है। जेएलकेएम का चुनाव प्रचार-प्रसार अभियान का कमान देवेंद्रनाथ महतो ने संभाला हुआ है। जेएलकेएम चारों प्रखंड में चार ग्रुप की टीम बनाकर गांव-गांव घर-घर प्रचार प्रसार अभियान तेज कर दिया है।
आज सभी ग्रुप की टीम अपना-अपना प्रखंड में प्रचार-प्रसार करने के पश्चात शाम 3 बजे से फुलडुंगरी से स्टेशन रोड होते हुए राज स्टेट मैदान घाटशिला तक पदयात्रा कार्यक्रम किया गया। पदयात्रा का समापन नुक्कड़ सभा के माध्यम से राज स्टेट मैदान घाटशिला में किया गया। नुक्कड़ सभा को प्रत्याशी रामदास मुर्मू एवं पदयात्रा का नेतृत्व करता मुख्य अतिथि केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने संबोधन किया।
मौके पर देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि इस बार घाटशिला की जनता नए बदलाव करने के मूड में हैं। घाटशिला क्षेत्र में महंगी महंगी धातु खनिज संपदा से भरा पड़ा है उसके बावजूद घाटशिला क्षेत्र के लोग गरीबी भुखमरी बेरोजगारी पलायन के लिए मजबूर हैं, घाटशिला को एक सच्चे शिक्षित ईमानदार।
नेतृत्वकर्ता की आवश्यकता है। घाटशिला क्षेत्र के सूरदा माइंस केदाडीह माइंस, राखा कॉपर माइंस, चापड़ी माइंस, धोबनी माइंस, किशनगढ़िया माइंस के अलावा अन्य माइंस बंद पड़ी हुई है।
साथ ही देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि अगर जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू चुनाव जीतता है तो सभी बंद पड़े माइंस को चालू कराया जाएगा जिसमें स्थानीय लोग को टेंडर दिया जायेगा तथा रोजगार भी स्थानीय लोगों को ही दिया जायेगा। जिसमें केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो, प्रत्याशी रामदास मुर्मू, प्रभारी प्रेम मार्डी, प्रेमनायक, उदय मेहता, विजय साहू आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन रांची। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से पूरा देश गौरवान्वित है। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अदम्य साहस, मेहनत और जज्बे से यह सिद्ध कर दिया कि नारी शक्ति किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है।
इस ऐतिहासिक जीत पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने हर्ष व्यक्त करते हुए महिला टीम को हार्दिक बधाई दी है। मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत भारतीय नारी की क्षमता, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों ने न केवल खेल जगत में नया इतिहास रचा है, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं को प्रेरणा दी है कि मेहनत और लगन से हर सपना साकार किया जा सकता है। मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने कहा कि यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने टीम के कोचिंग स्टाफ और सभी सहयोगी सदस्यों को भी बधाई देते हुए कहा कि टीम की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगी। तथा मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने विश्व क्रिकेट मंच पर देश का परचम लहराकर यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।
महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक विजय ने न केवल खेल के क्षेत्र में भारत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के हृदय में गर्व और उत्साह की नई लहर दौड़ा दी है। यह जीत नारी शक्ति की जयगाथा है,जो आने वाले समय में भारत के स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला बनेगी। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। शनिवार को जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो घाटशिला से अचानक रिम्स पहुंचा और बुंडू में आयोजित जन आक्रोश रैली में जाने के क्रम में हुई सड़क हादसा से घायल लोगों से मुलाकात की।बताते चलें कि बुंडू के ताऊ मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे लोगों का NH 33 के समीप गोसाईडीह के पास भयानक सड़क हादसा हो गया।
रैली में शामिल होने जा रहे मैक्स पिकअप सवारी वाहन का टायर फट गया, जिसके बाद वाहन संतुलन खोकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ऊपर-नीचे बैठे लोग वाहन के नीचे दब गये। मौके पर चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल थे।
ब्रजकिशोर मुंडा (35 वर्ष) रासबिहारी मुंडा (45 वर्ष), डोमन सिंह मुंडा (48 वर्ष), जगरनाथ सिंह मुंडा (55 वर्ष), सभी मृतक सिगिद (बीरडीह) गांव, ऊपर बालालोंग के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी 30/10/2025 को जन आक्रोश रैली में भाग लेने के लिए ताऊ मैदान जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से बुंडू अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को रिम्स रांची रेफर किया गया। ईलाज के दौरान एक व्यक्ति निधन के साथ इस हादसे में कुल 5 लोगों का मृत्यु हो चुका है।
देवेन्द्र नाथ महतो ईलाजरत सभी लोगों से मुलाकात कर हाल चाल जाना तथा डॉक्टर से मुलाकात कर बेहतर ईलाज हेतु वार्ता किया। साथ ही उन्होनें मृतक परिवार के आश्रितों को सरकार से आर्थिक सहयोग करने का मांग किया है।
टीम एबीएन, कांटा टोली (रांची)। आज काथलिक कलीसिया के ख्रीस्त विश्वासियों ने सभी मृतक विश्वासियों का स्मरण किया एवं उनके आत्मा शांति के लिए विशेष प्रार्थना अर्पित किया। प्रियजनों की कब्रों में पुष्प अर्पित किया गया। इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कांटा टोली में स्थित कब्रस्तान पर मिस्सा बलिदान अर्पित कर मृत आत्माओं की अनंत शांति के लिए विशेष प्रार्थना की।
काथलिक कलीसिया के विश्वास के अनुसार मृत्यु के साथ ही सबकुछ का अंत नहीं होता क्योंकि ईश्वर द्वारा आत्मा अमर सृष्ट की गई है। इसलिए मृत्यु के पश्चात भी आत्मा का नाश नहीं होता बल्कि वे नव जीवन में प्रवेश करते हैं एवं ईश्वर के साथ सदा सर्वदा के लिए जीते रहते हैं। प्रत्येक वर्ष 02 नवंबर को सभी मृतकों का स्मरण किया जाता हैं एवं ऐसी आत्माओं के लिए विशेष प्रार्थना किया जाता है जिनको अभी तक पूर्ण पवित्रा प्राप्त नहीं हुई है और वे स्वर्ग राज्य में प्रवेश नहीं कर पाए हैं।
इसी अवसर पर आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कांटा टोली में स्थित कब्रस्तान में सभी मृत विश्वासियों के लिए मिस्सा बलिदान अर्पित किया। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि प्रभु येसु ख्रीस्त स्वयं पुनरुत्थान एवं जीवन हैं। यदि हम उन पर विश्वास करते हुए जीवन निर्वाह करते हैं तो हम मृत्यु के पश्चात नव जीवन में प्रवेश करेंगे।
हमारा यहाँ इकठ्ठा होना हमारे इसी विश्वास को प्रदर्शित करता है कि मृत्यु के पश्चात भी हमारे प्रियजनों से हमारा संबंध टूटा नहीं है। बल्कि इसी विश्वास के साथ हम सभी जीवन जीते हैं कि हम भी मृत्यु पर्यंत पुनरुत्थान में प्रवेश करेंगे एवं सदा सर्वदा के लिए ईश्वर के राज्य में निवास करेंगे।" आज विशेष तौर पर कब्रों को फूलों से सजाया गया है और मृत विश्वासियों के लिए विशेष प्रार्थना अर्पित किया गया।
परम प्रसाद के बाद महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने जल की आशीष की एवं उसी पवित्र जल से मिस्सा बलिदान के दरम्यान ही कब्रों पर छिड़काव कर कब्रों की आशीष भी की गई। मिस्सा बलिदान के अंत में कब्रस्तान की साफसफाई का काम कराने वाले सभी सदस्यों को शॉल ओड़ा कर एवं फूल गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
मृत प्रियजनों के स्मरण दिवस पर रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, संत मेरिस महा गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फा o आनंद डेविड खलखो फाo अनिम प्रकाश इन्दवार लालपुर के पल्ली पुरोहित, फाo रोशन टोप्पो, फाo जॉर्ज मिंज, फाo नीलम तीड़ू, फा o प्रफुल्ल टोप्पो अन्य पुरहितगण एवं हज़ारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी शामिल रहे।
टीम एबीएन रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 236 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया।
आज का श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा गोपी किशन छापड़िया के सौजन्य से आयोजित किया गया। श्री राधा कृष्ण जी का दिव्य अलौकिक श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात मेवायुक्त केसरिया खीर महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तथा मंदिर परिसर में उपस्थित 2 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
तत्पश्चात भजन- संध्या के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने मनमोहक सुमधुर भजनों मे अमृत गंगा का रसपान कराते हुए श्रोताओं को खूब झुमाया। तथा श्री राधा कृष्ण के जयकारा से पूरा वातावरण कृष्णमय एवं भक्तिमय बन गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि आज श्री राधा कृष्ण मंदिर में 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं में दर्शन किये।
मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, पूरणमल सर्राफ, संजय सर्राफ, सुरेश भगत, भगत, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, मुरली प्रसाद, हरीश कुमार, परमेश्वर साहू, बसंत वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने रांची के बुंडू सड़क हादसे के घायलों से रिम्स जाकर मुलाकात की। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
इस बाबत रिम्स निदेशक और सुपरिंटेंडेंट को उन्होंने सख्त चेतावनी दी। मंत्री ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और घायलों को व्यक्तिगत मदद दी गयी। प्राइवेट अस्पतालों की मनमानी पर लगाम लगेगी। गरीबों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में एक जमीन कारोबारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। यह घटना शनिवार की दोपहर हुई। मिली जानकारी के अनुसार, जमीन कारोबार से जुड़े कैशर नाम के व्यक्ति ने किसी कारणवश खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में घायल कारोबारी को इलाज के लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की है और मामले की जांच में जुट गई है। कारोबारी ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस पारिवारिक विवाद या व्यावसायिक तनाव जैसे सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। झारखंड के घाटशिला उपचुनाव को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी भी चरम पर पहुंच गयी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ही दलों ने इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई बना लिया है और अपने-अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारने की तैयारी पूरी कर ली है। यहां 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को परिणाम घोषित किये जायेंगे।
घाटशिला सीट पर झामुमो की ओर से सोमेश सोरेन मैदान में हैं। उनके समर्थन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन स्वयं प्रचार की कमान संभालेंगे। दोनों नेता 3 नवंबर से गांव-गांव दौरा कर जनता से संवाद करेंगे और सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याण योजनाओं को जनता के बीच रखेंगे। पार्टी का लक्ष्य स्थानीय मतदाताओं के बीच संगठन को मजबूत करते हुए सोमेश सोरेन की जीत सुनिश्चित करना है।
वहीं, भाजपा भी किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के नेताओं को प्रचार में उतारने की योजना बनायी है। 5 नवंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान घाटशिला में जनसभा करेंगे, जबकि 6 नवंबर को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा इस चुनाव को राज्य सरकार के खिलाफ जनता के असंतोष को उजागर करने के अवसर के रूप में देख रही है।
स्थानीय स्तर पर दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं। घाटशिला का यह उपचुनाव न केवल क्षेत्रीय सियासत बल्कि झारखंड की राजनीतिक दिशा तय करने में भी अहम साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में यहां का माहौल और भी गमार्ने वाला है। गौरतलब है कि पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद घाटशिला सीट खाली हुई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला लिया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse