झारखंड

View All
Published / 2025-11-04 22:12:46
रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़

  • लापरवाही पर उपायुक्त दिखे सख्त, तो पति के इलाज के लिए परेशान महिला के मामले में संवेदनशीलता के साथ दिये निर्देश 
  • एलआरडीसी कोर्ट के आदेश के बावजूद म्यूटेशन नहीं करने पर रातू सीओ रवि कुमार को शोकॉज 
  • कांके अंचल में अस्वीकृत म्यूटेशन के मामले में अपर समाहर्त्ता, रांची को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश 
  • ईटकी अंचल में एक डीड पर दो जमाबंदी करने के मामले में भी जांच के आदेश, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी करेंगे जांच 
  • अनगड़ा में म्यूटेशन के लिए आवदेक को परेशान करनेवाले कर्मचारी को शो-कॉज 

टीम एबीएन, रांची। पर्व-त्यौहारों के बाद जनता दरबार में जहां फरियादियों की भीड़ नजर आयी, तो वहीं उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री पदाधिकारियों/कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्त भी नजर आये। अंचल अधिकारी से लेकर कर्मचारियों को शोकॉज करने को कहा गया तो कई मामलों में जांच के आदेश भी दिये गये।  

आम जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान हेतु उपस्थित हुए। 

सुजाता सेन अपने कैंसर पीड़ित पति के इलाज के परेशान थी, कुछ दिन पहले उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के पहल पर ही उनका राशन कार्ड बनवाया गया और फिर आयुष्मान कार्ड ताकि राधानाथ मालाकार का इलाज हो सके। सुजाता सेन ने जनता दरबार में बताया कि अस्पताल द्वारा बताया गया है कि आगे का इलाज आयुष्मान कार्ड से संभव नहीं है। उपायुक्त ने फौरन सिविल सर्जन से बात की और मुख्यमंत्री गंभीर असाध्य रोग योजना के तहत राधानाथ के इलाज की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया में कहीं बाधा न आये इसे लेकर शहर अंचलअधिकारी को भी निदेशित किया गया।  

एलआरडीसी कोर्ट के आदेश के बावजूद म्यूटेशन नहीं करने पर सीओ रातू को शोकॉज 

जनता दरबार में संजय गुप्ता ने बताया कि उपसमाहर्त्ता भूमि सुधार, सदर न्यायालय के आदेश के बावजूद उनका म्यूटेशन नहीं किया जा रहा है। यह आदेश 20.12.2024 को दिया गया था। उपायुक्त श्री भजंत्री ने दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद रातू अंचल अधिकारी रवि कुमार को शोकॉज करने के निर्देश दिये। 

कांके अंचल में दाखिल-खारिज किया गया अस्वीकृत, अपर समाहर्त्ता को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश 

कांके अंचल के सतीनाथ महतो ने अपनी खरीदी गयी 31 डिसिमल जमीन के लिए दाखिल-खारिज हेतु आवेदन दिया था। 21.05.2025 के उनके आवेदन को 31.10.2025 को खारिज कर दिया गया। उपायुक्त ने इस मामले में अपर समाहर्त्ता को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।  

म्यूटेशन के लिए आवदेक को परेशान करनेवाले कर्मचारी को शो-कॉज 

अनगड़ा अंचल में मनेश महतो द्वारा अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया गया था। उन्होंने जनता दरबार में बताया कि अंचल के कर्मचारी द्वारा उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है, और म्यूटेशन को टाला जा रहा है। बेवजह आवेदक को परेशान करने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त द्वारा कर्मचारी को शोकॉज करने का निर्देश दिया गया।  

एक डीड पर दो जमाबंदी, एएसओ को जांच करने का निर्देश 

जनता दरबार में ईटकी अंचल में एक डीड पर दो जमाबंदी करने के मामले में भी उपायुक्त ने जांच के आदेश दिये। उन्होंने सहायक सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी का जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। मामला ईटकी अंचल के हल्का-3 के बारीडीह मौजा से संबंधित है। 

आनलाइन माध्यम से जनता दरबार से जुड़े थे अंचल अधिकारी 

राजस्व से संबंधित मामलों के निष्पादन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को आॅनलाइन माध्यम से जनता दरबार से जोड़ा गया, ताकि जमीन से जुड़े विवादों, नामांतरण, म्यूटेशन, जमाबंदी सुधार आदि से संबंधित मामलों का तुरंत निस्तारण किया जा सके या अद्यतन जानकारी प्राप्त की जा सके। 

जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुना जाना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना : उपायुक्त 

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुना जाना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनता दरबार में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, भूमि विवाद, आवास, परिसंपत्ति हस्तांतरण, मनरेगा भुगतान, और प्रमाण पत्र निर्गमन से संबंधित कई मामलों को सुना गया। उपायुक्त ने उपस्थित फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये।

Published / 2025-11-04 22:09:18
ई-रक्तकोश बीबीएमएस प्रशिक्षण का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न

टीम एबीएन, रांची।  ई-रक्तकोश बीबीएमएस प्रशिक्षण का दूसरा दिन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को लैब एवं सिस्टम पर हैंड्स-आन ट्रेनिंग दी गयी। साथ ही, सॉफ्टवेयर से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु प्रश्न देकर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। 

प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर रामजी गुप्ता, सी-डैक ने सभी रक्त केंद्रों को निर्देश दिये कि वे अपनी सूची सही ढंग से तैयार करें। सभी रक्त केंद्रों को यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिये गये हैं, ताकि वे कल से खुश बीबीएमएस पोर्टल का उपयोग प्रारंभ कर सकें। 

राज्य भर के ब्लड सेंटर्स को तकनीकी सहायता प्रदान करने हेतु छह मास्टर ट्रेनर्स नामित किये गये हैं। ये मास्टर ट्रेनर्स राज्य के सभी रक्त केंद्रों के कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सहायता एवं तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड के सभी रक्त केंद्रों में ई-रक्तकोश बीबीएमएस सिस्टम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना है, जिससे रक्तदान और रक्त वितरण की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व प्रभावी हो सके।

Published / 2025-11-04 20:40:59
डुमरी विधायक टाईगर जयराम महतो और देवेंद्र नाथ महतो घाटशिला में चलाया जनसंपर्क अभियान

  • जेएलकेएम को वोट करने वाले मतदाता गर्व करेंगे : टाईगर जयराम महतो

टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव जैसे जैसे  नजदीक आ रही है वैसे वैसे सभी पार्टियों के दिग्गज नेताओं का आगमन हो रहा है। जेएलकेएम सुप्रीमो सह डुमरी विधायक टाईगर जयराम कुमार महतो भी घाटशिला के धरती में पहुँच चुके हैं। 

आज तिनक 4 नवंबर 2025 को डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो और जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के अलावा अन्य नेता धालभूमगढ़ और घाटशिला प्रखंड के रघुनाथडीह, सोनाखून चौक, मोघासोली, आमाडोबी, पोड़ियासोल, बेहड़ा वाकि,  चाकदोहा के अलावा अन्य विभिन्न गांवों में चुनाव प्रचार अभियान चलाया तथा विभिन्न गाँवों में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।

दोनों नेता जेएलकेएम  समर्थित प्रत्याशी रामदास मुर्मू के पक्ष क्रम संख्या पाँच चुनाव चिह्न कैंची छाप  पर वोट देने का अपील किया , जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ सभा में ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिला। मौके पर डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो ने कहा कि घाटशिला के लोग झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशी रामदास मुर्मू को आशीर्वाद स्वरूप मतदान दें।

जेएलकेएम को वोट करने वाले हरेक मतदाता गर्व करेंगे घाटशिला उपचुनाव जीतने के बाद दोगुनी ताकत से झारखण्डियों के हक अधिकार का आवाज़ विधानसभा के अंदर उठाएंगे। बीजेपी के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन और जेएमएम के प्रत्याशी सोमेश सोरेन दोनों राजा के बेटा हैं, अगर राजा का ही बेटा राजा बनेगा तो आने वाले पचास साल बाद लोकतंत्र का अस्तित्व मिट जाएगा।

साथ ही उन्होंने कहा कि हम डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक होते हुए भी घाटशिला विधानसभा क्षेत्र जादूगोड़ा की समस्या को विधानसभा चलती सदन में उठाया हमारे पार्टी प्रत्याशी को चुनाव जिताएं घाटशिला के हर समस्या का समाधान किया जाएगा।

मौके पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष आंदोलनकारी नेता देवेंद्रनाथ महतो ने ग्रामीणों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि आपका वोट का अधिकार क्षेत्र के मूलभूत विकास के लिए, क्षेत्र के स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा सुविधा को बेहतर करने के लिए, भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए, जन कल्याणकारी नीति लागू करने के लिए है। किन्तु बीजेपी जेएमएम जनता को गुमराह कर रहे हैं। अपना वोट के अधिकार का प्रयोग अपने विवेक से सोच समझकर सही प्रत्याशी का चुनाव करें।

घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव के मैदान में शिक्षित, ईमानदार , जुझारू, कर्मठ  प्रत्याशी रामदास मुर्मू  मजबूत विकल्प के रूप में है। जनता के सहयोग से  जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू चुनाव जीतते हैं तो क्षेत्र में दवाई, कमाई, पढ़ाई, सिंचाई की व्यवस्था बेहतर की जाएगी। क्षेत्र के गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी, पलायन जैसे समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

नुक्कड़ सभा को टाइगर जयराम महतो, देवेन्द्रनाथ महतो, प्रत्याशी रामदास मुर्मू, प्रेम मार्डी, नवीन कुमार, दमयन्ती मुंडा, बेबी, पूनम, रेखा, विजय साहू, सूरज साहू ,तरुण गोपेश प्रेम नायक के अलावा अन्य लोग संबोधन किया।

Published / 2025-11-04 20:34:00
आश्रम में निराश्रितजनों के बीच हुआ कंबल का वितरण

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वाधान में परमहंस भागवत भास्कर श्री श्री 108 संत शिरोमणि स्वामी श्री डॉo सदानंद महाराज जी के सानिध्य मे चल रहा सद्गुरु कृपा अपना घर(सत्य-प्रेम सभागार) श्रीकृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम पुंदाग राँची में स्व० सुरेश पोद्दार की पुण्यतिथि पर उनकी धर्मपत्नी संतोष देवी पोद्दार एवं उनके परिवार ने ठंड के मौसम को देखते हुए सदगुरू कृपा अपना घर आश्रम मे रह रहे निराश्रित, मंदबुद्धि, बेसहारा व दीनबंधु प्रभु जी के लिए 35 पीस कम्बल प्रदान कर अपना अमूल्य सहयोग दिये। 

इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने इस पुनीत कार्य के लिए पोद्दार परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीनबंधु का सेवा में आपके परिवार का भाव सदैव ऐसे ही बना रहे। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है।

आश्रम में ऐसे सेवा कार्यों को समाज के हर वर्ग का सहयोग एवं प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट और सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-11-04 18:39:11
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के वेबसाइट और मोबाइल ऐप का उद्घाटन 10 नवंबर को

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा निर्मित वेबसाइट एवं मोबाइल एप का विधिवत उद्घाटन (लॉन्च) 10 नवंबर को होगा। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं महामंत्री विनोद कुमार जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वेबसाइट एवं मोबाइल एप का विधिवत उद्घाटन 10 नवंबर दिन सोमवार को शाम 7 बजे हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय कार्यालय में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री भारत सरकार संजय सेठ तथा राज्यसभा सांसद महुआ मांझी के संयुक्त कर कमलों द्वारा किया जायेगा। उक्त जानकारी मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-11-03 22:02:05
मांडर-चान्हो प्रखंड में शुरू होगी पाइपलाइन सिंचाई परियोजना

हेमंत कैबिनेट से 13 प्रस्ताव स्वीकृत 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की हेमंत सरकार की कैबिनेट बैठक समाप्त हो गयी है। इस बैठक में कुल 13 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। जो इस प्रकार हैं। रांची के मांडर और चान्हों प्रखंड में पाइपलाइन से सिंचाई परियोजना को शुरू करने की मिली  स्वीकृति। 

4055 हेक्टेयर भूमिगत सिंचाई की सुविधा को मंजूरी मिली है। इल योजना की लागत 236 करोड़ 20 लाख है। ये राज्य का तीसरा भूमिगत योजना है। इसके साथ कई अन्य प्रस्तावों को मंजूरी मिली है।

Published / 2025-11-03 21:59:47
आपके घर-आंगन तक आपका अधिकार केवल झामुमो पहुंचा सकता है : हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। आप देखेंगे आपके पास बहुत सारे लोग वोट मांगने आयेंगे। उन लोगों का प्रचार गाड़ी भी घूमेगी। कुछ लोग अपना व्यक्तिगत स्वार्थ साधने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। चुनाव व्यक्तिगत स्वार्थ साधने के लिए नहीं है। अपना हक-अधिकार प्राप्त करने और दिलाने के लिए चुनाव होता है। 

आज हक-अधिकार इस राज्य में आदिवासी मूलवासियों के आंगन तक, उनके दरवाजे तक पहुंचाने का कोई ताकत रखता है तो वह झारखंड मुक्ति मोर्चा है। आपका अधिकार आपके दरवाजे पर पहुंचाने का कार्य कर रही है झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार। इसलिए आप सभी लोगों से आग्रह और निवेदन है कि हम लोगों ने एक नौजवान को यहां प्रत्याशी बनाया है। 

इस कोरा कागज में जो घाटशिला की जनता लिखेगी, वहीं उसके पीठ में लिखायेगा। अभी ये कोरा कागज है, बहुत कुछ सीखना है। अभी सिर्फ मैंने कागज तैयार किया है जिस पर शुरू से अंत तक लिखेंगे। यह आने वाली पीढ़ी के लिए तैयार होगा। 

ये आपकी सेवा में 24 घंटे आपके बीच रहेगा। इसलिए आप सभी से अपील है कि जैसा स्नेह आपने विगत चुनाव में स्व रामदास दा को दिया था वैसा ही प्यार और आशीर्वाद सोमेश को भी दीजियेगा। घाटशिला जीतेगा तीर-कमान।

Published / 2025-11-03 21:57:42
झारखंड : राज्य स्थापना दिवस पर होंगे कई कार्यक्रम

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में एक बार फिर से आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 18 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक सभी जिलों में यह कार्यक्रम चलेगा। इस बार के अभियान में आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इसके साथ ही लाभार्थियों को राज्य सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जायेगा। 

इसमें खास बात यह रहेगी कि सरकार द्वारा मंईयां सम्मान योजना के तहत भी आवेदन लेने की तैयारी है। वैसी महिलाएं, जो 18-50 साल की हैं, उन्हें इस योजना के तहत आवेदन देने का अवसर मिलेगा। इसके लिए राज्यभर के सभी प्रखंडों में विशेष कैंप लगाये जायेंगे। 

दरअसल, झारखंड के राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सरकार आपके द्वार को प्राथमिकता के रूप में रखा गया है। सरकार का मानना है कि इसके माध्यम से लोगों की छोटी मोटी समस्या का समाधान होने में सहुलियत मिलती है। इस बार के समारोहों की थीम झारखंड@25 रखा गया है, जिसके तहत मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के दिन होगा। 

इसके बाद 16 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और 29 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में एक भव्य समापन समारोह होगा। राज्य सरकार की ओर से सभी उपायुक्त को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुट जाने के निर्देश मुख्य सचिव की ओर से दिये जा चुके हैं।

Page 219 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse