टीम एबीएन, रांची। एकता, ऊर्जा और उत्साह के संग मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान, रांची से झारखंड स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष के सुअवसर पर रन फॉर झारखंड कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के। रवि कुमार ने सोमवार को कहा कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है और वे शाम तक अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर रिपोर्ट करेंगे।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेर्शों के तहत सुरक्षा और पारदर्शिता की पूरी व्यवस्था की गयी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मुख्यालय स्थित वेबकास्टिंग मॉनिटरिंग सेंटर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। इसकी निगरानी भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय और आरओ कार्यालय से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस बार घाटशिला उपचुनाव की हर गतिविधि पर वेबकास्टिंग के माध्यम से लाइव निगरानी रखी जायेगी ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रहे। सुरक्षा बलों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
के रवि कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मतदान केंद्रों पर जाकर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने मित्रों, परिवारजनों और पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर चुनावी व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की और शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में 12 से 28 नवम्बर 2025 तक राज्यव्यापी ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जाने के संबंध में आज स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने सभी सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा, अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज एवं संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ल भी उपस्थित थे। राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जन आॅनलाइन माध्यम से इस बैठक में जुड़े।
वृहद प्रचार-प्रसार पर जोर : ब्लड डोनेशन कैंपों की तिथियों, स्थलों एवं समय की जानकारी जनता तक व्यापक रूप से पहुंचायी जाये ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान में भाग लें।
कैंप की मॉनिटरिंग : प्रत्येक जिले में आयोजित सभी कैंपों की मॉनिटरिंग सिविल सर्जन द्वारा की जायेगी।
कैंप स्थल : कॉलेज, अस्पताल, अंचल कार्यालय, पुलिस लाइन, कलेक्टरेट आदि में ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने का निर्देश।
ई-रक्तकोष में एंट्री अनिवार्य : एकत्र किये गये रक्त की एंट्री ई-रक्तकोष पोर्टल में सुनिश्चित की जायेगी।
मीडिया और सोशल मीडिया की सक्रिय भागीदारी पर जोर : बैठक में मीडिया की भूमिका को अहम बताते हुए अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मीडिया के लोग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स इस अभियान का हिस्सा बनें ताकि इसकी पहुंच हर नागरिक तक हो।
उन्होंने सभी सिविल सर्जन को निर्देशित किया किप्रत्येक ब्लड डोनेशन कैंप की तारीख, स्थान और समय की जानकारी का वृहद प्रचार करें, आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से नियमित पोस्ट जारी करें, और झारखंड सरकार के आधिकारिक पेज रक्तदान झारखंड पर सभी गतिविधियों को साझा करें।
राज्य स्तर पर 9 सदस्यीय कमेटी गठित की गयी है, जो प्रतिदिन प्राप्त ब्लड की मॉनिटरिंग करेगी और संबंधित रिपोर्ट निदेशक, प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं झारखंड को भेजेगी। यह राज्यव्यापी अभियान न केवल रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा, बल्कि समाज में रक्तदान जीवनदान के संदेश को भी सशक्त बनायेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, घाटशिला। घाटशिला अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित विधानसभा उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने यहां बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कल सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा और इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बीते रविवार शाम पांच बजे प्रचार थमने के बाद से ही क्षेत्र में बाहरी नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। अब उम्मीदवार केवल घर-घर जाकर ही संपर्क साध सकते हैं। मतगणना 14 नवंबर को होगी, जिसके बाद घाटशिला के नए विधायक का नाम स्पष्ट हो जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 10 कंपनियों की भी तैनाती की गई है। कुल 300 मतदान केंद्रों पर 1,200 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि 120 कर्मी रिजर्व के रूप में रखे गए है। बिष्टुपुर के को-ऑपरेटिव कॉलेज से कर्मियों को भेजा जा रहा है।
राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल होगा, ताकि वोटिंग प्रक्रिया का परीक्षण किया जा सके। क्षेत्र के 186 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जिन पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
इसके लिए 30 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात होंगे। बीते रविवार शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार पूरी तरह थम चुका है। अब मतदान से पहले का 48 घंटे का साइलेंस पीरियड लागू है। इस दौरान किसी भी प्रकार की जनसभा, रोड शो या लाउडस्पीकर से प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि झामुमो ने अपने दिवंगत नेता रामदास सोरेन की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा के बाबूलाल सोरेन संगठन की मजबूती और केंद्र सरकार की योजनाओं के भरोसे चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा जेएलकेएम के रामदास मुर्मू भी उपचुनाव में भाग ले रहे हैं जिससे यह मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
इसके अलावा पार्वती हांसदा (पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया-डेमोक्रेटिक), पंचानन सोरेन (भारत आदिवासी पार्टी), परमेश्वर टुडू, श्रीलाल किस्कू, मानस राम हांसदा, नारायण सिंह, विकास हेम्ब्रम, बसंत कुमार टोपनो, मनोज कुमार सिंह, और रामकृष्ण कांती महली उपचुनाव में भाग ले रहे हैं। फोटो युक्त पहचान पत्र न होने की स्थिति में मतदाता एपिक के अलावा पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित 12 अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों के जरिए भी मतदान कर सकते हैं।
ज्ञातव्य है कि झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन के कारण इस क्षेत्र में उपचुनाव कराया जा रहा है। इस उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और मतदान कल यानी मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 300 मतदान केंद्रों पर होगा।
जहां 2,56,352 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। इस क्षेत्र में पुरुष 1,25,114 और महिलाएं 1,31,235 मतदाता है, साथ ही 372 सर्विस मतदाता भी शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार 16,601 नए युवा मतदाता भी पहली बार अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2,738 है, जबकि 1 एनआरआई मतदाता का नाम भी सूची में है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पलामू में स्वैच्छिक रक्तदान के महाअभियान की शुरुआत होने जा रही है। इस क्रम में 12 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड की अपर मुख्य सचिव के निर्देशानुसार तथा पलामू उपायुक्त समीरा एस. की प्रयास से सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा शिविरों की स्थान एवं तिथि का निर्धारण कर दिया गया है। यह पहल न केवल राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को सार्थक बनाएगी, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद भी जगाएगी।
उपायुक्त समीरा एस ने बताया कि रक्तदान एक पवित्र दान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को इस मानव सेवा में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक-से-अधिक संख्या में आगे आकर रक्तदान कर मानवता का परिचय दें और रक्तदान का पलामू में नया रिकॉर्ड बनाएं। रक्तदान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रक्तदान शिविर को लेकर तैयारी पूरी की जा रही है। सदर अस्पताल/मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक, उपाधीक्षक, अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद एवं छतरपुर के उपाधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निदेश दिया गया है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कराना सुनिश्चित करें।
सभी शिविरों में चिकित्सक, रक्तसंग्रह इकाई एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने भी सभी जिलेवासियों से रक्तदान करने की अपील की है। इन रक्तदान शिविरों के माध्यम से न केवल रक्तकोष को सशक्त किया जाएगा, बल्कि आमजनों में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी फैलाई जाएगी।
12 एवं 13 नवंबर चैनपुर, 14 नवंबर लेस्लीगंज, 15 नवंबर मनातू, 16 नवंबर विश्रामपुर, 17 एवं 18 नवंबर को छतरपुर, 19, 20 एवं 21 नवंबर को हुसैनाबाद, 22 नवंबर को हरिहरगंज, 23 नवंबर पांकी, 24 नवंबर पाटन, 25 नवंबर सदर मेदिनीनगर, 26, 27 एवं 28 नवंबर को सदर अस्पताल/ मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पलामू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक ,बुधवार ,दिनांक 12 नवम्बर 2025 को अपराह्न 03:00 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट कार्यकारिणी सदस्यों की एक बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल की अध्यक्षता में श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में मंदिर, अपना घर आश्रम, गौशाला सहित विभिन्न कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। एवं भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर में वृहद स्तर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
ट्रस्ट द्वारा जन सेवा के तहत इस माह में कंबल, टीशर्ट, गर्म कपड़े एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। ट्रस्ट द्वारा मीडिया सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा तथा शीघ्र ही श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में दर्शन हेतु महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सहित मंत्रियों, सांसदों-विधायकों को आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, विजय कुमार अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, संजय सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, मनीष सोनी, अमर बाजोरिया आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य स्थापना का सिल्वर जुबली और झारखंड उच्च न्यायालय के स्थापना के 25 वर्षों के कार्यक्रम के मद्देनजर राजधानी रांची में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए रांची पुलिस का अवकाश रद्द कर दिया गया है।
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने आदेश जारी किया है जिसमें बताया गया है कि 11 से 16 नवम्बर तक सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से रद्द रहेगा।
केवल विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी दी जायेगी और पूर्व में स्वीकृत अवकाश के लिए भी अनुमति लेना आवश्यक होगा। आदेश के अनुसार, इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सके।
सभी थाना, ओपी, शाखा प्रभारी, परिचारी प्रवर एवं संबंधित डीएसपी को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों से तुरंत संपर्क स्थापित करें और उन्हें 10 नवम्बर तक अपने कर्तव्य स्थल पर लौटने का निर्देश दें। साथ ही इस संबंध में प्रतिवेदन भी मांगा गया है।
यह फैसला झारखंड स्थापना दिवस और उच्च न्यायालय के सिल्वर जुबली समारोह को सफल बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाने के लिए किया गया है। पुलिस प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा कारणों से ये आवश्यक कदम उठाये गये हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse