एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। जिले के जगेश्वर ओपी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब हाथियों के झुंड ने दो युवकों को कुचलकर मार डाला। यह घटना बोकारो से सटे तिलैया अंडरग्राउंड रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। मृतकों की पहचान प्रकाश महतो और चरकू महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से देर रात गांव लौट रहे थे, तभी अचानक हाथियों का झुंड उनके सामने आ गया। अंधेरा और जंगल का इलाका होने के कारण उनके बचने का कोई मौका नहीं था। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को इसकी सूचना दी। लेकिन तब तक हाथियों का झुंड आगे बढ़ चुका था।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अक्सर उसी रास्ते से घर जाते थे। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। वहीं, ग्रामीण वन विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराज हैं। उनका आरोप है कि हाथियों के लगातार इलाके में आने की शिकायतों के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। न तो गश्त बढ़ाई गयी, न ही चेतावनी या वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गयी।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड कई दिनों से इलाके में घूम रहा था, लेकिन वन विभाग की टीम केवल कागजी कार्रवाई कर लौट जाती थी। इस हादसे ने इलाके में लोगों में भय और गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।
टीम एबीएन, रांची। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार (10 नवंबर) को एक कार में ब्लास्ट हो गया। यह घटना दिल्ली के लाल किले के मेट्रो स्टेशन के पास हुई है। इस घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर सामने आयी है। इसके अलावा 20 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
इस घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीएम ने इस घटना को दुखद बताते हुए मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। हेमंत सोरेन ने मृतकों को परिजनों को भी यह दुख सहने की कामना की है।
हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट से इस कार धमाके पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट से लोगों की मरने की खबर से मन अत्यंत व्यथित है।
मुख्यमंत्री हेमत सोरेन ने आगे लिखा कि मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। इस वीभत्स घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
सोमवार की शाम को हुई इस घटना के बाद देश भर में हाई-अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सीएम फडणवीस ने अधिकारियों के साथ इमरजेंसी मीटिंग की है। जांच एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अलग-अलग राज्यों के सीएम एक्शन मोड में नजर आये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य को लेकर पलामू में अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला की गयी। मौके पर डीडीसी जावेद हुसैन ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी भूमिका गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में विवाह करने वाले बालक-बालिकाएं शारीरीक और मानसिक रूप से पूर्ण विकसित नहीं होते। उनमें कुपोषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अधिक देखने को मिलती है।
यही कारण है कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक समस्या है, बल्कि यह स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से भी जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक कुरीतियों के साथ-साथ दंडनीय अपराध है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में एक भी बाल विवाह नहीं हो। इससे संबंधित सूचना मिलते ही शादी रूकवाने के साथ-साथ प्रावधान अनुरूप इसमें शामिल माता-पिता के साथ-साथ सभी के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाये।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि पलामू जिले के लोगों में अब जागरूकता बढ़ी है, जिसका सकारात्मक परिणाम यह है कि बाल विवाह होने के पूर्व ही सूचनाएं प्राप्त हो रही है और उसपर प्रशासन तत्परता से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे समाज के हर तबके तक पहुंच रखती हैं और जमीनी स्तर पर जागरूकता फैला रही हैं।
सहायक समाहर्ता हिमांशु कुमार लाल ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीतियों को मिलकर जड़ से समाप्त करना होगा। इसके लिए जागरूकता आवश्यक है। बाल विवाह से बालिकाएं शारीरीक व मानसिक रूप से पीछे रह जातीं हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीना ने जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान को तेज करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ शादियां रुकवाना नहीं, बल्कि जागरूकता फैलाकर लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, सहिया आदि प्रशासनिक एवं गैर प्रशासनिक तंत्र के माध्यम से अपने सूचना तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि धर्म गुरूओं की समाज में सकारात्मक प्रभाव रहता है, ऐसे में बाल विवाह की रोकथाम में उन्हें आगे आने की जरूरत है। लोग अपनी पहचान छुपाकर भी इसकी रोकथाम में भूमिका निभा सकते हैं।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने विभाग की कार्य योजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को और सशक्त व प्रभावी बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों, पंचायत और हाट- बाजारों में नुक्कड़-नाटक और अन्य माध्यमों से लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभाव के बारे में बताया जायेगा।
साथ ही बाल विवाह से प्रभावित बच्चियों को विभाग के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा में वापस लाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पलामू को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की दिशा में हम सभी अग्रसर हैं। कार्यशाला के अंत में सभी ने बाल विवाह रोकथाम को लेकर एकजुट होकर कार्य करने की शपथ ली।
कार्यशाला में नियोजन पदाधिकारी नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बाल संरक्षण इकाई के सदस्य, पंचायत सचिव, प्रवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक स्थलों से जुड़े धर्म गुरू भी उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 11/11/2025 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) का एक प्रतिनिधिमंडल रांची विश्वविद्यालय के कुलपति से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा को ह्यूमनिटी विषय में शामिल करने हेतु आग्रह किया आजसू का प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रांची विश्विद्यालय के अंतर्गत आने वाले जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा जैसे कुरमाली, मुंडारी, संथाली, हो, खड़िया, खोरठा, पंचपरगणिया, नागपुरी, कुडुख इत्यादि विषयों को पूर्व की भांति मानविकी संकाय शामिल किया जाये।
चूंकि जब से इन सभी विषयों को जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा संकाय में शामिल किया गया है, तब से नेट / जेआरएफ उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उनको गाइड मिल पाये और उनके समय अवधि में अपना पीएचडी करे सके।
कुलपति ने आश्वासन देते हुए कहा कि इन विषयों के नामांकन के लिए कल नोटिफिकेशन निकाल दिया जायेगा और सभी विद्यार्थी पीएचडी में रजिस्ट्रेशन कराकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने में हो रही समस्याओं का निदान अविलंब हो जायेगा।
इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, सौरभ शर्मा, प्रताप सिंह, रवि रोशन, योगेश, अमन महतो, अभिषेक, सुमित इत्यादि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। हटिया में आज मंगलवार को नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नीफ्ट के आसपास के क्षेत्रों में की गयी। जहां-जहां सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे थे, वहां नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया।
कई अस्थायी ढांचे और दुकानों को भी तोड़ा गया। नगर निगम की टीम ने कई गुमटियां, दुकानें और अन्य सामान भी जब्त किये। अधिकारियों ने बताया कि इन कब्जों की वजह से सड़क पर रोज जाम लगता था और लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती थी।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। नगर निगम ने कहा कि अगर अगली बार दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो सख्त कार्रवाई की जायेगी। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क या फुटपाथ पर कब्जा न करें और शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग दें।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर मंगलवार को रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से रन फॉर झारखंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर झारखंड के साथ-साथ झारखंड रजत जयंती कार्यक्रमों व धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रमों के श्रृंखला की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी और कहा कि मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं, जिनके लंबे संघर्ष, कुबार्नी और शहादत से इस राज्य की पहचान बनी है। झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि रन फॉर झारखंड के माध्यम से हम राज्य के प्रति अपनत्व, एकता और विकास की भावना को मजबूती देना चाहते हैं। राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवंबर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनायी जायेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड का स्थापना दिवस हमारे गौरव, एकता और संघर्ष की पहचान है। भगवान बिरसा मुंडा और अन्य शहीदों के बलिदान से ही यह राज्य अस्तित्व में आया है।
उन्होंने आगे कहा कि रन फॉर झारखंड राज्य की एकता और अखंडता का प्रतीक है, जो युवाओं को राज्य के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड की रजत जयंती 15 नवंबर को पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाई जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 25वें स्थापना दिवस को लेकर राजधानी रांची में इस बार भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ-साथ रांची नगर निगम को भी विशेष जिम्मेदारी दी गयी है। निगम की ओर से न केवल शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है, बल्कि सांस्कृतिक आयोजनों को भी गरिमा प्रदान की जा रही है।
स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत 11 नवंबर से हुई। सबसे पहले राजधानी रांची में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य की एकता, ऊर्जा और युवा शक्ति को प्रदर्शित करना है।
नगर निगम ने स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए शहर के मुख्य मार्गों की सफाई, मार्ग चिह्नों के नवीनीकरण और सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया। दौड़ के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया।
स्थापना दिवस के मुख्य आकर्षणों में से एक वॉल पेंटिंग कार्यक्रम होगा, जो 14 नवंबर को आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में राजधानी के तीन प्रमुख स्थानों, अल्पसंख्यक भवन के पास, बिरसा चौक और मोरहाबादी मैदान परिसर की दीवारों को सोहराय, खोवर और अन्य पारंपरिक लोक कलाओं से सजाया जायेगा।
इन वॉल पेंटिंग्स की थीम होगी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान। मौके पर राज्य के जाने-माने कलाकार अपनी रचनाओं के माध्यम से झारखंड की परंपरा, संस्कृति और जनभावनाओं को जीवंत करेंगे।
नगर निगम के उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू ने बताया कि रांची की दीवारें झारखंड की आत्मा को दर्शायेंगी। हमारी कोशिश है कि स्थापना दिवस पर शहर पूरी तरह स्वच्छ, सजीव और सांस्कृतिक रंगों में डूबा नजर आये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)।झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सोमवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना करते हुए जिलेवासियों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
रथ रवानगी के अवसर पर उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस गौरव का क्षण है। झारखंड स्थापना दिवस उत्सव, जनभागीदारी और विकास के संकल्प का प्रतीक है। सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। जागरूकता ही सशक्त समाज की नींव है। जागरूकता रथ एवं नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
यह जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखण्डों, पंचायतों एवं गांवों में भ्रमण करेगा और आम जनता को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी देगा। रथ में लगे ऑडियो सिस्टम के माध्यम से योजनाओं के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। साथ ही नुक्कड़-नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जागरूक किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक भी सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंच सके।
हरी झंडी दिखाने के पूर्व उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों ने नुक्कड़-नाटक टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं जागरूकता रथ से प्रसारित हो रहे जागरूकता संदेश की प्रस्तुतियों को देखा व सुना। अधिकारियों ने कार्यक्रम प्रस्तुति की सराहना की।
जागरूकता रथ को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जिसमें झारखंड के विकास यात्रा, राज्य सरकार की प्रमुख योजनाएं जैसे अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेंशन योजना, कृषि संबंधित योजनाओं सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक दिखाई गई है। साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं ऑडियो के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
रथ के माध्यम से 11 नवंबर से 29 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न हिस्सों में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि राज्य स्थापना को जनता के साथ मिलकर गौरव के रूप में मनाया जा सके। जागरूकता रथ रवानगी के मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse