झारखंड

View All
Published / 2025-11-25 21:59:14
रांची में वनडे : राजधानी पहुंचने लगे क्रिकेटर, जोरदार स्वागत

रांची एयरपोर्ट पर क्रिकेटर्स का स्वागत, 30 नवंबर को जेएससीए में भारत-दक्षिण अफ्रीका का वनडे मैच 

टीम एबीएन, रांची। दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत के बीच 30 नवंबर को होने वाले वनडे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी रांची पहुंचने लगे हैं। सोमवार को अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा रांची एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दोनों खिलाड़ी शाम 6:45 बजे फ्लाइट से रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर काफी संख्या में फैंस मौजूद थे, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और तस्वीरें लेने की कोशिश की। 

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से होटल तक खिलाड़ियों की सुरक्षा और ट्रैवल प्लान को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जेएससीए प्रबंधन लगातार खिलाड़ियों के मूवमेंट पर नजर रख रही है। इसी बीच जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि खिलाड़ियों का आना शुरू हो गया है और आने वाले 24 घंटों में टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों के कई खिलाड़ी रांची पहुंच जायेंगे। 

उन्होंने कहा कि प्रैक्टिस सेशन का पूरा शेड्यूल जल्द जारी किया जायेगा, जिसके लिए जेएससीए ग्राउंड पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार 26 नवंबर को भारतीय वनडे टीम के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा के शाम 6 बजे, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ के 7:45 बजे रांची पहुंचने का कार्यक्रम तय है। इन दोनों खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। 

इस बीच जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले बड़े मुकाबले को लेकर तेजी से तैयारी हो रही है। पिच और आउटफील्ड को मैच के अनुरूप अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्टेडियम की सुरक्षा, पार्किंग, दर्शक सुविधा और टिकटिंग व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की गयी है। जेएससीए के अधिकारियों का कहना है कि मैच के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। 

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। घरेलू जमीन पर टीम इंडिया जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहती है, वहीं दक्षिण अफ्रीका रांची की पिच पर बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरने जा रही है। खिलाड़ियों के लगातार आगमन से रांची में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है और शहर 30 नवंबर के वनडे मैच के लिए तैयार है।

Published / 2025-11-25 20:46:57
रांची में वनडे : धीमी व्यवस्था से परेशान दिखे क्रिकेट फैंस

टिकट काउंटर पर धीमी रफ्तार से लोग परेशान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल 

टीम एबीएन, रांची। रांची में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे मैच को लेकर जहां उत्साह चरम पर है, वहीं टिकट बिक्री में अव्यवस्था की वजह से क्रिकेट प्रेमियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धुर्वा स्थित JSCA स्टेडियम के बाहर सुबह होते-होते दो किलोमीटर से भी लंबी कतारें लग गई। रात से लाइन में खड़े लोग टिकट मिलने की उम्मीद में जमे रहे, लेकिन धीमी रफ्तार से चल रही टिकट बिक्री ने उनका उत्साह कम कर दिया। 

टिकट खरीदने में लोगों को हो रही परेशानी 

दर्शकों का कहना है कि टिकट काउंटरों की संख्या बेहद कम है और उपलब्ध काउंटर भी धीमी गति से काम कर रहे हैं। तीन काउंटरों के सहारे हजारों लोगों को टिकट दिया जा रहा है, जिससे भीड़ लगातार बढ़ रही है और कतारें छोटी होने के बजाय और लंबी हो रही हैं। 

कई युवाओं ने बताया कि वे रात 2 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन सुबह तक भी लाइन मुश्किल से आगे बढ़ पाई। वहीं, कई परिवारों और बुजुर्गों ने कहा कि इतनी बड़ी भीड़ के लिए यह व्यवस्था नाकाफी है। ठंड में बच्चों और महिलाओं को घंटों खड़ा रहना पड़ रहा है। 

टिकट काउंटर के बाहर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग तो की गयी है, लेकिन दर्शकों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी मौजूद नहीं हैं। कई स्थानों पर धक्का मुक्की की स्थिति बनी, जिससे असंतोष बढ़ता जा रहा है।

Published / 2025-11-24 21:03:15
झारखंड हाईकोर्ट का हंटर : 30 मार्च से पहले कराना होगा निकाय चुनाव

30 मार्च 2026 से पहले झारखंड में हो जाएंगे नगर निकाय चुनाव! राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में दिया शपथ पत्र 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में लंबे समय से लंबित शहरी निकाय चुनाव नहीं होने पर रौशनी खलखो की ओर से दायर अवमानना याचिका पर सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस आनंदा सेन की अदालत में सुनवाई हुई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने कोर्ट को बताया है कि विस्तृत तैयारी के लिए 8 सप्ताह की जरुरत पड़ेगी।  

साथ ही चुनावी प्रक्रिया पूर्ण करने में अतिरिक्त 45 दिन लगेंगे।  इस बाबत सीलबंद शपथ पत्र 22 नवंबर को ही दाखिल कर दिया गया था।  याचिकाकर्ता के अधिवक्ता विनोद सिंह ने बताया कि सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 30 मार्च तय कर दी है।  

राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारी के लिए मांगा समय 

प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विनोद सिंह जबकि राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता ने पक्ष रखा। वहीं राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अधिवक्ता सुमित गड़ोदिया ने दलील पेश की। महाधिवक्ता ने बताया कि चुनाव से जुड़े सभी निर्णयों की प्रतियां राज्य निर्वाचन आयोग को दे दी गयी हैं। 

वहीं राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कहा गया है कि चुनाव कराने को लेकर आयोग गंभीर है। लेकिन इसकी तैयारी के लिए 8 सप्ताह और चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए 45 दिन लगेंगे। कोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से दाखिल सीलबंद शपथ पत्र का अवलोकन करने के लिए सुनवाई की अगली तारीख 30 मार्च 2026 तय की है।  

9 नगर निगम जहां होने हैं चुनाव 

रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो 

20 नगर परिषद जहां होने हैं चुनाव 

गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम।  

19 नगर पंचायत जहां होने हैं चुनाव 

बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया।  

पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने चुनाव की संभावित तारीख की मांग करते हुए सुनवाई के लिए 24 नवंबर की तारीख तय की थी। तब महाधिवक्ता राजीव रंजन की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि सरकार ने नगर निकाय चुनाव के लिए कराए गए ट्रिपल टेस्ट की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप दी है। सीटों के आरक्षण, जनसंख्या सूची सहित कुछ बिंदुओं पर आयोग ने अतिरिक्त जानकारी मांगी है, जिसे जल्द मुहैया करा दिया जाएगा।  

बता दें कि जून 2020 से 12 शहरी निकायों में चुनाव नहीं हुए हैं। इसके अलावा 27 अप्रैल 2023 के बाद से राज्य में कोई शहरी निकाय चुनाव नहीं हुआ है। इसमें नगर निगम, नगर परिषद और नगर निकायों की कुल संख्या 48 है। हाईकोर्ट ने 4 जनवरी 2024 को आदेश पारित कर तीन सप्ताह के भीतर चुनाव सुनिश्चित कराने को कहा था।  

इस डेडलाइन के फेल होने पर अवमानना याचिका दायर हुई थी। अब राज्य निर्वाचन आयोग के रुख से स्पष्ट है कि झारखंड में अब 30 मार्च 2026 से पहले निकाय चुनाव का काम पूरा कर लिया जायेगा। उम्मीद जतायी जा रही है कि फरवरी 2026 से मार्च 2026 के बीच चुनाव का कार्य पूरा करा लिया जायेगा। 

Published / 2025-11-24 21:01:36
धरती आबा के गांव का विकास कार्य ठप

बिरसा मुंडा के गांव खूंटी में विकास कार्य ठप; छह महीने से डायवर्जन अधूरा, जनता में आक्रोश 

टीम एबीएन, रांची। बिरसा मुंडा की जन्मभूमि खूंटी में विकास योजनाओं की रफ्तार इन दिनों काफी सुस्त पड़ गयी है। हालात यह है कि जिला विकास की दौड़ में पीछे छूटता दिख रहा है। बुनियादी ढांचे में हो रही देरी और लंबे समय से जारी पिछड़ेपन की तस्वीर लोगों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। 

इसका ताजा उदाहरण खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर पोलो मैदान के पास बना वह पुल है, जो छह महीने पहले लगातार हुई बारिश में टूट गया था। हैरानी की बात यह है कि पुल टूटने के बाद बनाये जा रहे वैकल्पिक डायवर्जन का निर्माण कार्य भी अब तक अधूरा पड़ा है। इसके कारण स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

स्थानीय राम मनोहर महतो और काशीनाथ महतो ने बताया कि यह पुल ग्रामीणों के लिए जीवन रेखा है। पुल नहीं होने के कारण उन्हें कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर एक छोटे से डायवर्जन को बनाने में छह महीने लग जाते हैं, तो पूरा पुल बनने में कितने साल लगेंगे? 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी समस्याओं पर न तो ध्यान दिया जा रहा है और न ही अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की कोई गंभीरता दिख रही है। ग्रामीणों ने विडंबना का जिक्र करते हुए कहा कि जब किसी बड़े नेता का दौरा होता है तो रातों-रात सड़कें बन जाती हैं, पुल तैयार हो जाते हैं और पूरा इलाका चमका दिया जाता है। 

लेकिन जब गांववालों के लिए पुल बनाने की बात आती है, तो सिस्टम सुस्त पड़ जाता है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर क्यों बिरसा मुंडा जैसी महान विभूति की जन्मभूमि को विकास कार्यों में लगातार उपेक्षित किया जा रहा है। जिस जिले का नाम राज्य की राजनीति में हमेशा आगे रहता है, वहां विकास की यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता को उजागर करती है।

Published / 2025-11-24 18:49:19
अब चढ़ने के साथ हवाई जहाज भी उड़ायेंगे झारखंड के युवा : हेमंत सोरेन

अब झारखंड का युवा हवाई जहाज में चढ़ेगा और उड़ायेगा भी : सीएम 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सिदो-कान्हू एयरपोर्ट परिसर, दुमका में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया। 

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का का शुभांरंभ करते हुए सीएम ने कहा कि इस संस्थान को स्थापित करने के लिए आधारशिला रखी गयी थी। उस समय इस संस्थान को आगे बढ़ाने के बजाय, इसको बंद डब्बे में डाल दिया। ऐसे संस्थानों को पूर्व में निरंकुश करने का काम किया गया। 

लेकिन अब यहां का युवा हवाई जहाज में चढ़ेगा और हवाई जहाज भी उड़ायेगा। अब युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर पायलट बन सकेंगे। 30 युवाओं का चयन प्रतियोगिता परीक्षा के जरिये होगा। 15 आरक्षित वर्ग के युवाओं को राज्य सरकार शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप पर प्रशिक्षण देगी।

Published / 2025-11-24 18:47:30
ही मैन के निधन पर सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और करोड़ों दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 89 वर्ष की आयु में इस महान कलाकार के निधन से बॉलीवुड में गहरा शोक छा गया है। वहीं, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है। 

धर्मेंद्र जी का जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति 

सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। धर्मेंद्र जी ने अपने सरल, सहज और प्रभावशाली अभिनय से पीढ़ियों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। 

उनका व्यक्तित्व जितना विनम्र था, उतना ही प्रेरणादायक भी। धर्मेंद्र जी का जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना करता हूं और शोकग्रस्त परिवारजनों, उनके प्रशंसकों एवं शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। अंतिम जोहार ही-मैन! 

बता दें कि अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत फिर बिगड़ जाने के बाद उनका निधन हो गया है। मुंबई में विले पार्ले स्थित शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया है। उनके बड़े बेटे सनी देयोल ने उन्हें मुखाग्नि दी।

Published / 2025-11-24 18:39:44
गिरिडीह : हाथियों ने तीन लोगों को कुचला, दो की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। जिले में लगातार जंगली हाथियों के आंतक से ग्रामीण परेशान हैं। इस दौरान तीन लोगों को कुचल दिया गया है, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गयी है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी है। यह मामला गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के अंतर्गत आने वाले गादी गांव का है। 

जंगली हाथियों के झुंड ने तीन लोगों को कुचल दिया है, जिसमें शांति देवी (70) और बोधी पंडित (55) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायल महिला का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि सुबह शांति देवी अपने बारी की तरफ गयी हुई थी, कोहरे के कारण हाथियों का झुंड दिखाई नहीं दिया और अचानक हाथियों ने शांति देवी और बोधी पंडित को कुचल दिया। 

अलग-अलग इलाकों में घूम रहे झुंड 

जंगली हाथियों की झुंड कई दिनों से गिरिडीह जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भटक रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लगातार गिरिडीह पुलिस और वन विभाग की टीम हाथियों को खदेड़ने का प्रयास कर रही है और पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। परिवार वाले रो-रो कर बुरा हाल हैं। इस घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस और वन विभाग को दी गयी, जो घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गयी हैं। 

ग्रामीणों का वन विभाग पर आरोप 

कई ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उनका कहना है कि सुरांगी जंगल में हाथी की मौजूदगी की सूचना एक दिन पहले ही वन विभाग को दे दी गयी थी। यदि विभाग समय रहते हाथी को किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा देता, तो यह हादसा नहीं होता। वन विभाग ने प्रविधान के अनुरूप मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। 

जागो अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गया है। इसी क्षेत्र में एक और घटना में भीमाटांड़ के भीमलाल यादव को भी हाथी ने बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। घटना के बाद वन विभाग की एक टीम जंगल में गश्ती कर रही है। मौके पर सैकड़ों लोग उपस्थित थे। 

Published / 2025-11-24 18:32:59
शहीद बुली महतो की प्रतिमा के अनावरण को लेकर वंशजों के साथ सामूहिक बैठक

बुली महतो जयंती 27 नवंबर को होगी प्रतिमा अनावरण 

जयराम महतो, पदम श्री मधु मंसूरी, देवेंद्र नाथ महतो रहेंगे उपस्थित 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सोनाहातु/ रांची। झारखंड का इतिहास बेहद ही गौरवशाली रहा है। स्वतंत्रता संग्राम में इस क्षेत्र के कई वीर-वीरांगनाओं ने अपना सक्रिय योगदान दिया है। अत्याधुनिक ऐतिहासिक अनुसंधान से बुली महतो का साक्ष्य मिला है। 

स्वतंत्रता संग्राम के दौरान झारखंड एवं बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में बुली महतो ने अंग्रेजों के खिलाफ प्रत्यक्ष लड़ाई लड़ा था। प्राप्त दस्तावेज से ब्रिटिश हुकूमत ने उन्हें काला पानी की सजा दिया था।  स्वतंत्रता सेनानी बुली महतो की आदमकद प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को सफल करने को लेकर आज (सोमवार) उनके वंशज व परिवार के साथ सामूहिक बैठक हुई। 

यह बैठक उनके पैतृक गांव कोड़ाडीह के दुर्गा मंडप प्रांगण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के आयोजनकर्ता देवेंद्र नाथ महतो को वंशजों व ग्रामीणों ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आर्थिक सहयोग दिया। चावल दाल व नगद राशि प्रदान किया गया। 

बताते चलें कि उनकी जयंती पर 27 नवंबर 2025 (गुरुवार) को बारुहातू पंचायत के भकुवाडीड मोड़ में प्रतिमा अनावरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जायेगा। प्रशासनिक सूचनार्थ प्रदान कर दिया गया है। जिसमें डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, पद्म श्री मधु मंसूरी और सिल्ली विधानसभा पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो, स्थानीय निर्वाचित मुखिया, ग्राम प्रधान व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

Page 203 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse