झारखंड

View All
Published / 2025-11-27 18:26:39
झारखंड : मंइयां सम्मान की राशि पर साइबर फ्रॉड का साया

साइबर ठगों के निशाने पर मंईयां सम्मान योजना! महिला के खाते से बार-बार निकाल रहे राशि, नया खाता खोलते ही... 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पाकुड़ में साइबर ठगों ने मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर अवैध निकासी की है। यहां की रहने वाली एक महिला के साथ बड़ी ठगी हुई है। वहीं, महिला ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करा दी है। 

महिला ने नया खाता खुलवाया, लेकिन... 

मामला जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के तालझारी गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां की एक महिला के साथ लगातार ठगी हो रही है। हद तो तब हो गयी जब पुराना खाता बंद कर महिला ने नया खाता खुलवाया, लेकिन नये खाते से भी पैसे चोरी होने लगे। 

महिला ने बताया कि जैसे ही मंईयां सम्मान योजना की राशि उनके खाते में आनी शुरू हुई, उसी समय से खाते से पैसे की चोरी होने लगी। महिला ने बताया कि बार-बार बिना जानकारी के उनके खाते से रकम निकाली जा रही है। 

पुलिस साइबर ठगों की पहचान और अवैध निकासी की जांच में जुटी 

महिला ने बताया कि पुराना खाता बंद कर नया खाता भी खोला गया, लेकिन इसमें भी बार-बार बिना जानकारी के उनके खाते से रकम निकाली जा रही है। वहीं, फिलहाल पुलिस साइबर ठगों की पहचान और अवैध निकासी की जांच में जुट गयी है।

Published / 2025-11-27 18:15:10
हमर अधिकार मंच ने 8 जिलों के जिला संयोजक के नाम की घोषणा

शेष 16 जिलों के भी जिला संयोजकों की भी जल्द होगी घोषणा : दीपेश निराला 

टीम एबीएन, रांची। हमर अधिकार मंच (हम) के अध्यक्ष दीपेश निराला ने झारखंड के 8 जिलों के जिला संयोजक के नाम की घोषणा की है, जिसके तहत सरायकेला-खरसावां जिला के जिला संयोजक के रूप में रश्मि भेंगरा, कोडरमा जिला के जिला संयोजक के रूप में विकास निरंजन की। 

हजारीबाग जिला के जिला संयोजक के रूप में अरविंद कुमार सिंह, गिरिडीह जिला के जिला संयोजक के रूप में पवन कुमार गुप्ता, धनबाद जिला के जिला संयोजक के रूप में जय नारायण महतो, बोकारो जिला के जिला संयोजक के रूप में पंकज कुमार शर्मा, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिला के जिला संयोजक के रूप में प्रेम कुमार श्रीवास्तव और लातेहार जिला के जिला संयोजक के रूप में राजेश चंद्र पांडेय के नाम की घोषणा की गई है। 

हमर अधिकार मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नव मनोनीत जिला संयोजकों को बधाई दी है। उक्त जानकारी हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने दी।

Published / 2025-11-26 22:07:54
झारखंड में भी हो गयी एसआईआर की शुरुआत

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में एसआईआर की शुरुआत हो चुकी है। मतदाताओं के बीच इसको लेकर काफी हलचल देखने को मिल रही है। इसे देख रांची क्षेत्र वार्ड 11 के सुलतान कॉलोनी स्थित मुजीब कुरैशी के आवास में विशेष शिविर का आयोजन हुआ। सामाजिक स्तर पर मतदाताओं में जागरूक करने हेतु कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 

जिसमें 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान सूची का मिलान किया गया, एसआईआर में लगने वाले दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गयी, जिससे लोगों को एसआईआर को समझने में आसानी हुई। इसमें वार्ड 11 के 800-1100 लोगों ने हिस्सा लिया। इसपर झारखंड आंदोलनकारी मुजीब कुरैशी ने कहा इस तरह का वोटर जागरूकता प्रोग्राम सामाजिक स्तर से होना चाहिए ताकि लोगों को झारखंड में एसआईआर को समझने और इससे जुड़ी तैयारी कर सके। 

समाजसेवी सदाम कुरैशी ने कहा झारखंड में रकफ की तैयारियां शुरू हो चुकी है। निर्वाचन आयोग झारखंड में इसपर काम कर रहा है। जल्द ही बीएलओ आप तक सत्यापन के लिए आ सकते है जिसके लिए हमें लोगों को जागरूक करना चाहिए, इसके लिए सामाजिक स्तर पर मतदाताओं के बीच काम करने की जरूरत है। 

जिससे झारखंड के मतदाताओं का सत्यापन आसानी से हो सके और कोई छूटे नहीं। शिविर में समाजसेवी सदाम कुरैशी की मुख्य भूमिका रही। उक्त जानकारी समाजसेवी सह निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि सदाम कुरैशी ने दी।

Published / 2025-11-26 22:07:11
संविधान दिवस पर थड़पखना स्थित एफएन नीलेश एसोसिएट कार्यालय में सामूहिक प्रस्तावना पठन

टीम एबीएन, रांची। आज थड़पखना स्थित एफएन नीलेश एसोसिएट कार्यालय में संविधान दिवस पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया। मौके पर उपस्थित अतिथियों को प्रतावना की प्रति भेंट की गयी।  

कार्यक्रम की शुरुआत अधिवक्ता एफएन नीलेश ने बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर और भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। 

समारोह को संबोधित करते हुए अधिवक्ता एफएन नीलेश ने कहा कि भारत का संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का भी संदेश देता है। 

रितेश कुमार, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार के संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष, ने कहा कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारा भारतीय संविधान की मूल भावना है, जिसे समझना और अपनाना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने संविधान दिवस पर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। साथ ही कहा कि बाबा साहेब अम्बेडकर का योगदान भारत सदा याद रखेगा। 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मियों ने संविधान के मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। समारोह में एफएन नीलेश (अधिवक्ता), रितेश कुमार (अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष), चंचल भट्टाचार्य, शीतल छाबड़ा (समाजसेवी), महेंद्र जयसवाल, अमित सत्यार्थी (अधिवक्ता), राजू महतो, पवन कुमार पाल, मुनमुन कुमार सिंह, विक्की, उज्ज्वल अग्रवाल (अधिवक्ता), एसके यादव (अधिवक्ता), बीके महतो (अधिवक्ता) सहित कई प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। 

Published / 2025-11-26 19:08:12
वन बंधु परिषद रांची ने किया भारत के रंग- एकल के संग का मंचन

टीम एबीएन, रांची। वन बंधु परिषद रांची चैप्टर ने 27 नवंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कार्यक्रम भारत के रंग- एकल के संग का मंचन संध्या 6 बजे से आर्यभट्ट सभागार में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए भारत के अलग-अलग राज्यों से चयनित आदिवासी वनवासी जनजातीय कलाकारो को गहन प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है। 

प्रशिक्षित होने के बाद इन कलाकारों ने यूरोप एवं अमेरिका के 60 से अधिक भिन्न-भिन्न स्थानों में अपनी कला के प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम को देखकर अनेक अप्रवासी भारतीय राष्ट्र निर्माण एवं देश सेवा की भावना से एकल अभियान के साथ जुड़ गये। 

रांची के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में देश भक्ति के गीत नाट्यों के साथ-साथ  भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव, कंस का वध,  कृष्ण सुदामा की मित्रता के प्रसंग का भी  मंचन किया जायेगा। उक्त जानकारी वनबन्धु परिषद् रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।

Published / 2025-11-26 19:02:13
लोहरदगा : एक लाख का ईनामी नक्सली राजा हेमंत अरेस्ट

लोहरदगा में मिली बड़ी सफलता: एक लाख का इनामी नक्सली राजा हेमंत धराया; लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैला रहा था 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड में नक्सल विरोधी विशेष अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भाकपा संगठन के रीजनल कमांडर और 15 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंजू के दस्ता सदस्य और एक लाख के इनामी नक्सली राजा हेमंत असुर उर्फ राजन को गिरफ्तार कर लिया। 

उसके पास से एक देसी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसकी टीम के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है। 

लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन का सक्रिय सदस्य राजा हेमंत असुर इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ वेदांत शंकर, 32 बटालियन एसएसबी के निरीक्षक मनीष कुमार चौबे, अजीत कुमार और कुरु थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया। 

प्रारंभिक पूछताछ में अपना नाम रंजीत बताया 

अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया, जिसने प्रारंभिक पूछताछ में अपना नाम रंजीत बताया। तलाशी में उसके पास हथियार और कारतूस मिले। आगे की जांच में उसकी पहचान एक लाख इनामी नक्सली राजा हेमंत असुर उर्फ राजन के रूप में हुई। 

राजा हेमंत का लंबा आपराधिक इतिहास रहा 

कुडू थाना में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार राजा हेमंत का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि वह लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैला रहा था।

Published / 2025-11-26 18:59:42
झारखंड : अब ठंड करेगी प्रचंड अटैक

कोहरे की सफेद चादर में लिपटेंगे ये जिले; 3 डिग्री तक गिरेगा पारा... जानें ताजा अपडेट 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में सर्दी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।         

कोहरे की सफेद चादर में लिपटेंगे ये जिले 

रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, धनबाद, पलामू, गढ़वा और लातेहार में ठंड का असर सबसे अधिक रहेगा। अगले चार दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा या हल्की धुंध छाने के आसार हैं, जिससे दृश्यता में कमी आयेगी।       

न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना 

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 27 नवंबर को तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे पारा 9 डिग्री तक पहुंच सकता है।

इन जिलों में गिरेगा सबसे अधिक पारा, रातें रहेगी अत्यंत ठंडी 

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तरी छोटानागपुर और मध्य झारखंड के जिलों में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिलेगी। चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार जैसे जिलों में तापमान 8 से 9 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, मध्य झारखंड के रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और गुमला में भी रातें अत्यंत ठंडी रहेंगी। 

पूर्वी झारखंड के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। गोड्डा में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि धनबाद, देवघर और दुमका जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 

मौसम विशेषज्ञों ने दी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह 

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ठंड से बचाने की जरूरत पर जोर दिया गया है। साथ ही, नागरिकों को कोहरे के समय वाहन चलाते हुए धीमी गति अपनाने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ाने की सलाह दी गयी है।

Published / 2025-11-26 18:58:15
आजसू छात्र संघ निकालेगा शिक्षा के लिए भिक्षा जनाक्रोश मार्च

छात्रवृत्ति रोके जाने के विरोध में सौंपेगा राज्यपाल को ज्ञापन 

टीम एबीएन, रांची। आजसू छात्र संघ गुरुवार को बापू वाटिका, मोराबादी से राजभवन तक शिक्षा के लिए भिक्षा : जनाक्रोश मार्च निकलेगा और लाखों छात्रों की छात्रवृत्ति रोके जाने के खिलाफ प्रदर्शन करेगा।  आजसू छात्र संघ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा और महामहिम राज्यपाल से आग्रह करेगा कि लंबित 2024-25 की छात्रवृत्ति वितरण में तुरंत हस्तक्षेप करें। साथ ही राज्य सरकार को निर्देशित करें कि ई-कल्याण पोर्टल पर सभी लंबित आवेदनों की स्थिति सार्वजनिक रूप से जारी की जाये, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। 

आजसू केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव एवं युवा आजसू के रांची नगर अध्यक्ष अमित यादव ने बताया कि झारखंड राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के लाखों विद्यार्थी सत्र 2024-25 की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए कई महीनों से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देरी केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सरकार की गंभीर लापरवाही और उदासीनता को दर्शाती है, जिसके कारण उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों का भविष्य संकट में है। 

उन्होंने आगे जानकारी दी कि राज्य सरकार के अनुसार 11.34 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलनी थी, लेकिन अब तक केवल 7.45 लाख छात्रों को आंशिक भुगतान किया गया है। 3.5 लाख से अधिक ओबीसी विद्यार्थी आज भी पहली किस्त की प्रतीक्षा में हैं। रांची, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो सहित विभिन्न जिलों में विद्यार्थी पिछले एक महीने से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, परंतु सरकार मौन है। आजसू छात्र संघ ने राज्य सरकार की असंवेदनशीलता के खिलाफ कल 27 नवम्बर 2025 को एक शांतिपूर्ण जन-जागरण एवं जन-आक्रोश मार्च आयोजित करने की घोषणा की। 

मार्च का विवरण 

  • तिथि: 27 नवम्बर 2025 
  • समय: प्रात: 10:00 बजे 
  • स्थान: बापू वाटिका, मोराबादी से राजभवन, रांची 
  • उद्देश्य: छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना और लंबित समस्याओं के समाधान हेतु जन-जागृति लाना। 
    छात्र संघ ने स्पष्ट किया कि यह मार्च पूर्णत: शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत होगा और सभी प्रतिभागियों को प्रशासनिक नियमों के पालन हेतु निर्देशित किया गया है। 

राज्यपाल से प्रमुख मांगें 

छात्र संघ के कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने स्पष्ट कहा कि जब तक राज्य की वर्तमान सरकार हर अंतिम छात्र को उसकी पूर्ण छात्रवृत्ति उपलब्ध नहीं कराती, तब तक यह आंदोलन एक क्षण के लिए भी थमेगा नहीं। न एक छात्र छूटेगा और न एक भी मांग अधूरी रहने दी जायेगी। आज की सत्ता यदि विद्यार्थियों के अधिकारों पर चुप्पी साधे रहती है, तो यह संघर्ष और तेज होगा क्योंकि यह लड़ाई केवल छात्रवृत्ति की नहीं, बल्कि न्याय, अधिकार और जवाबदेही की है।   

प्रदेश उपाध्यक्ष ऋतुराज शहदेव ने सरकार पर तीखा सवाल उठाते हुए कहा छात्रवृत्ति कोई दया नहीं, यह हमारा अधिकार है। लेकिन सरकार की चुप्पी ने लाखों विद्यार्थियों का अकादमिक वर्ष जोखिम में डाल दिया है। यदि सरकार तुरंत समाधान नहीं देती, तो छात्र अपनी आवाज और बुलंद करेंगे। यह लड़ाई शिक्षा बचाने की है, और इसे पूरे दमखम के साथ लड़ा जायेगा।  

अंत में ओम वर्मा ने कहा कि यह आंदोलन किसी पार्टी या व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन लाखों विद्यार्थियों का है जो बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सम्मानजनक भविष्य की उम्मीद रखते हैं। झारखंड सरकार को समझना होगा कि शिक्षा के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ अमित साहू, रवि रोशन आदि भी उपस्थित थे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, युवा आजसू के महानगर अध्यक्ष अमित यादव, डॉ अमित साहू, रवि रोशन, सक्षम झा, अमन साहू उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।

Page 202 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse