झारखंड

View All
Published / 2026-06-21 17:40:55
अग्रवाल सभा की वार्षिक आमसभा संपन्न

अग्रवाल सभा के सत्र- 2026-28 के लिए 31 सदस्यीय कार्यकारिणी निर्वाचित 

टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा रांची की वार्षिक साधारण आमसभा का आयोजन रविवार को महाराजा अग्रसेन भवन स्थित सभागार में अध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। आमसभा में बड़ी संख्या में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज के विकास, संगठन की मजबूती तथा भावी योजनाओं को लेकर अपने महत्वपूर्ण विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। 

बैठक की शुरुआत संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ हुई। सभा के मंत्री अनिल  अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 के दौरान अग्रवाल सभा द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने वर्ष भर में आयोजित कार्यक्रमों, समाजहित में किए गए कार्यों तथा सभा की उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी सदस्यों को दी। 

प्रतिवेदन में समाज सेवा, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों का भी उल्लेख किया गया। इसके उपरांत कोषाध्यक्ष विजय कुमार खोवाल ने वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। वित्तीय पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभा ने सर्वसम्मति से चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमित अग्रवाल को आगामी कार्यकाल के लिए सभा का अंकेक्षक नियुक्त किया। 

आमसभा में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, समाज के युवाओं तथा महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करने पर भी व्यापक चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव देते हुए सभा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

अध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकता, पारस्परिक सहयोग और सक्रिय सहभागिता ही समाज की प्रगति का मूल आधार है। उन्होंने समाजहित में सभी सदस्यों से निरंतर सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक नारसरिया ने अग्रवाल सभा के सत्र 2026-28 के लिए निर्विरोध निर्वाचित 31 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की। 

नव निर्वाचित सदस्यों में अजय कुमार खेतान, अजय कुमार डिडवानिया, अनिल अग्रवाल, अमर अग्रवाल, अरुण भरतिया, अशोक कुमार लाठ, किशन कुमार पोद्दार, कौशल कुमार राजगढ़िया, जितेश अग्रवाल, नरेश कुमार बंका, निकुंज पोद्दार, निर्मल कुमार बुधिया, विजय कुमार खोवाल, विनोद कुमार टिबड़ेवाल, मनोज कुमार चौधरी, मनोज कुमार ढांढनिया, मुकेश जाजोदिया, राजकुमार मित्तल, रामाशंकर बगड़िया, रौनक झुनझुनवाला, विकास अग्रवाल, शारदा ड्रोलिया, सज्जन कुमार पाड़िया, संजय बजाज, संजय सर्राफ, सुनील कुमार केडिया, सुनील कुमार पोद्दार, सुभाष चंद्र पटवारी, सुरेश कुमार चौधरी, सुरेश कुमार पोद्दार तथा सौरव बजाज शामिल हैं। बैठक का संचालन मंत्री अनिल  अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरीय उपाध्यक्ष सज्जन पाड़िया ने किया। 

इस अवसर पर चुनाव पदाधिकारी राजेंद्र केडिया एवं नंदकिशोर पाटोदिया उपस्थित थे।आमसभा में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, सुरेश चंद्र अग्रवाल, चंडी प्रसाद डालमिया, विनोद कुमार जैन, पवन पोद्दार, कमल कुमार केडिया, जेएन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी अग्रवाल सभा रांची के मंत्री अनिल अग्रवाल ने दी।

Published / 2026-06-21 12:36:12
हिंडाल्को के ट्रक में बैठे यमराज ने तीन नहीं चार की हत्या की : सूरज अग्रवाल

  • हिंडाल्को के ट्रक में बैठे यमराज ने तीन नहीं चार की हत्या की : सूरज अग्रवाल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में दिनांक 19/6/26 को रात्रि करीब 9:30 बजे मिशन चौक के समीप एक ही परिवार के तीन सदस्यों के साथ एक हत्या और की गई। जो बच्चा अभी जन्म तक नहीं लिया था, उसे गर्भ में ही हिंडालको ने हत्या कर दी।

इस हत्या के दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जिस ट्रक के द्वारा लोगों को कुचला गया, वह ट्रक 32 वर्ष पुराना था। तो हिंडालको कंपनी किस नियम के तहत इस ट्रक को चला रही थी। इस ट्रक को परमिट देने के लिए कितने पैसे हिंडाल्को के अधिकारियों ने लिया था, यह जांच का विषय है। 

हिंडालको कंपनी बड़ी-बड़ी बात करती है। सड़क सुरक्षा खान सुरक्षा आदि तरह-तरह के सिर्फ सरकारी कोरम को पूरा करती है। ताकि सरकार को धोखा दिया जा सके लेकिन एक कहावत है हाथी का दांत खाने का अलग और दिखाने का अलग।

हिंडालको चरितार्थ कर रही है इस पर कार्रवाई होनी चाहिए और हिंडाल्को के अधिकारियों के ऊपर प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। ताकि इस दुर्घटना में अपने परिवार को खोने वाले लोगों को न्याय मिल सके। बिहार से लोहरदगा के हिंडाल्को में आकर बैठे हुए पूर्णिया। 

गया और डेहरी के अधिकारी लाटसाहबी छोड़कर लोगों के तकलीफ के बारे में सोचे जिस तरह से हिंडालको कंपनी स्थानीय लोगों को दरकिनार कर बाहरी लोगों को कंपनी के कार्यालय से लेकर कंपनी के कार्यों में भी दाखिला दे रही है। यह अत्यंत चिंतनीय है। दुखद है क्योंकि स्थानीय लोग ही स्थानीय का दुख पीड़ा को समझ पाएंगे। यह बाहरी लोग यहां सिर्फ पैसे की उगाही करने आए हैं।

लोहरदगा के जनप्रतिनिधि स्थानीय डोमिसाइल को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। भौकाल मचाते रहते हैं। ऐसे जनप्रतिनिधियों को भी हिंडाल्को के खिलाफ आवाज बुलंद करना चाहिए। नहीं तो जनता सब देख रही है आने वाले समय में जनता सबक सिखाएगी। 

Published / 2026-06-20 21:07:12
तीन मासूमों की मौत हादसा नहीं, प्रबंधन की घोर लापरवाही का परिणाम : देवेन्द्र नाथ महतो

सीसीएल के लापरवाही से मासूम बच्चों की मौत हुई है : देवेन्द्र नाथ महतो 

मासूम बच्चों की मौत के विरोध में सीसीएल मगध माइंस बंद, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग 

टीम एबीएन, रांची। हर बार की भांति इस बार भी देवेन्द्र नाथ महतो गरीबों का मसीहा बने, लातेहार जिला के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत आरा-चमातु निवासी द्वारिका गोंझू के तीनों मासूम बच्चों—माही 9 वर्ष, दीपिका 6 वर्ष एवं आर्यन 3 वर्ष की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सीसीएल मगध परियोजना प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुखद घटना घटी है। 

घटना के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा  के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण सबसे पहले मगध परियोजना के पीओ कार्यालय पहुंचे। वहां एरिया जीएम एवं प्रोजेक्ट आॅफिसर से मुलाकात कर घटना पर वार्ता करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय, उचित मुआवजा एवं अन्य मांगों को रखने का प्रयास किया गया। लेकिन परियोजना प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गयी और न ही ग्रामीणों के साथ कोई सार्थक वार्ता की गयी। 

प्रबंधन के असंवेदनशील रवैये से ग्रामीणों में भारी आक्रोश उत्पन्न हो गया। इसके बाद देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सीसीएल मगध माइंस का संचालन बंद करा दिया तथा न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। देर रात तक माइंस का संचालन पूरी तरह बंद रहा और आंदोलन जारी रहा। इस दौरान देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा तीन मासूम बच्चों की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि प्रबंधन की घोर लापरवाही का परिणाम है। 

जब ग्रामीण अपनी पीड़ा और न्याय की मांग लेकर प्रबंधन के पास पहुंचे, तब उनकी बात सुनने तक का प्रयास नहीं किया गया। यह जनता के प्रति गैर-जिम्मेदाराना और असंवेदनशील रवैया है। उन्होंने आगे कहा पीड़ित परिवार को तत्काल सम्मानजनक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार, घटना की उच्चस्तरीय जांच एवं दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। 

साथ ही परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाये, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों। देवेन्द्र नाथ महतो ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा जब तक पीड़ित परिवार की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता और न्याय सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक सीसीएल मगध माइंस का संचालन बंद रहेगा। 

यदि प्रबंधन और सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन एवं प्रशासन की होगी। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा जेएलकेएम के पदाधिकारी और कार्यकर्ता देर रात तक डटे रहे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया।

Published / 2026-06-20 21:04:15
रांची : सिटीजन फोरम ने सुनी 10 वार्ड पार्षदों की समस्याएं

  • रांची सिटीजन फोरम ने सभी 53 वार्ड पार्षदों से मुलाकात कार्यक्रम के तहत आज 10 वार्ड पार्षदों से मिलकर उनको उनके वार्ड की विभिन्न समस्याओं खासकर रांची शहरी क्षेत्र में लगातार हो रहे जल जमाव की समस्या के समाधान हेतु ज्ञापन दिया 
  • साथ ही सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को अंग वस्त्र देकर उनके जीत के लिए बधाई दी 
  • सभी वार्ड पार्षदों को रांची सिटीजन फोरम द्वारा चर्चा, संवाद एवं जागरूकता के माध्यम से सहभागिता हेतु सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया 
  • मुलाकात के क्रम में पता चला कि फंड नहीं होने का बहाना बनाकर रांची नगर निगम शहरी क्षेत्र के विकास कार्यों को रोके हुए हैं और इन 3 महीना में अब तक मात्र एक बोर्ड की ही मीटिंग करवा पाया है 
  • अब तक हुए एकमात्र बोर्ड की मीटिंग में लिये गये निर्णय का भी अनुपालन नहीं हो रहा है 

टीम एबीएन, रांची। रांची सिटीजन फोरम अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ रांची नगर निगम के कुल 53 वार्ड क्षेत्र अंतर्गत सभी 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से मुलाकात के क्रम में आज वार्ड 37 के परमेश्वर सिंह, वार्ड 39 की शीला देवी, वार्ड 40 की सुचिता रानी, वार्ड 41 की नीलम चौधरी, वार्ड 42 की ममता देवी, वार्ड 43 की शशि सिंह, वार्ड 49 की जमीला खातून, वार्ड 50 की सुनीता तिग्गा, वार्ड 51 की सबिता लिंडा और वार्ड 53 की निर्मला गाड़ी से मुलाकात किया और उनको उनके निर्वाचन के लिए अंग वस्त्र देकर बधाई दी। 

अब तक वार्ड 1 के नकुल तिर्की, वार्ड 2 की सविता कच्छप, वार्ड 3 की बसंती लकड़ा, वार्ड 5 के अवधेश बैठा, वार्ड 7 की मीनू देवी, वार्ड 10 की संगीता देवी, वार्ड 11 की आलिया नाज, वार्ड 15 की गजाला परवीन, वार्ड 16 के मोहम्मद सलाहुद्दीन असलम, वार्ड 17 की फातमा शमीम, वार्ड 20 के सुनील कुमार यादव, वार्ड 21 के मोहम्मद एहतेशाम, वार्ड 22 के मोहम्मद असलम, और वार्ड 25 की सुषमा राज, वार्ड 29 के सुनील यादव से भी मुलाकात हो चुका है और इस तरह से कुल 25 वार्ड पार्षदों से अब तक मुलाकात हो चुका है। सभी को उनके वार्ड से जुड़े विभिन्न समस्याओं पर एक ज्ञापन दिया गया, जिसमें अभी बरसात के मौसम में रांची शहरी क्षेत्र में होने वाले जल जमाव पर विस्तृत चर्चा की गयी।

इस क्रम में आग्रह किया गया कि आप लोग अपने-अपने वार्ड में जल निकासी के पुराने स्रोतों को चिन्हित करवाते हुए उन्हें क्लियर करवायें और अगर वहां यदि अतिक्रमण है तो उस अतिक्रमण को कम से कम इतना हटवा दें कि जल निकास आसानी से हो सके, क्योंकि आज से 15-20 वर्ष पहले रांची में जल जमाव नहीं होता था और वर्षा आज की तुलना में अधिक होती थी तथा करीब-करीब प्रतिदिन ही वर्षा हो जाया करती थी।

गर्मी और बरसात के मौसम में, लोगों को अपने साथ छाता लेकर निकलना पड़ता था और रांची शहरी क्षेत्र में कहीं पर भी कोई जल जमाव नहीं होता था, लेकिन अब जब बरसात कम हो गयी है तो उसके बाद भी इधर 15-20 वर्षों में जल जमाव की स्थिति प्रचंड होते जा रही है, क्योंकि जल निकासी के पुराने मार्ग अवरुद्ध हैं और कई जगह अतिक्रमण के कारण निकासी मार्ग बंद हो चुके हैं, जिससे वर्तमान समय में जल जमाव हो रहा है। 

यदि इन पुराने जल निकास के मार्गों को पूर्व की भांति खोल दिया जाय तो फिर वर्तमान में जिस प्रकार से जल जमाव की समस्या सामने आ रही है वैसा समस्या देखने को नहीं मिलेगा। इसके अलावा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, खुले हुए व जाम नाले, आधी-अधूरी या क्षतिग्रस्त सड़क, पार्कों की दुर्दशा, बच्चों के लिए खेल मैदान का अभाव, अनियमित साफ-सफाई और अपर्याप्त जलापूर्ति तथा कानून व्यवस्था जैसी चुनौतियों पर भी उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया। 

अधिकतर वार्ड पार्षदों का कहना है कि वह लोग भी अपने वार्ड में अधिक से अधिक काम करवाना चाहते हैं, लेकिन अफसर और इंजीनियर फंड की कमी का बहाना बनाकर नगर विकास के कार्यों को रोके हुए हैं और इस क्रम में उनका पिछला 3 महीने में हुए एकमात्र बोर्ड की मीटिंग में गर्मी मौसम में 5 चापाकल बोरिंग हेतु प्रत्येक पार्षद को अनुशंसा करने का अधिकार देने की बात हुई थी, जिसे अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है और बरसात आ गया है।

इसी प्रकार हर वार्ड पार्षद को 50 नया स्ट्रीट लाइट लगाने का अनुशंसा का अधिकार पर बात हुआ था जोकि अभी तक नहीं हुआ है। रांची नगर निगम का ध्यान बड़े-बड़े योजनाओं पर अधिक है, जबकि वार्ड में छोटे-छोटे विकास योजनाओं की सबसे अधिक जरूरत है, जिसे सर्वप्रथम वरीयता के आधार पर पहले निष्पादन करने की जरूरत है। 

मुलाकात के क्रम में वार्ड पार्षदों ने बताया कि सबसे विचित्र स्थिति तो यह है कि वार्ड पार्षदों को रांची नगर निगम के अफसरों से मिलने के लिए मुलाकात पर्ची लिखकर देना होता है और इंतजार करना होता है, तथा अफसर के बुलाने पर ही यह वार्ड पार्षद जोकि जनता के प्रतिनिधि हैं, और इन्हें सहयोग हेतु रांची नगर निगम में नियुक्त अफसरों के आदेश के बाद ही उनके कार्यालय कक्ष में प्रवेश करने दिया जाता है, इस संस्कृति में आवश्यक सुधार की जरूरत है। 

फोरम ने सभी पार्षदों को यह आश्वासन दिया कि राँची सिटीजन फोरम चर्चा, संवाद, जागरूकता एवं रचनात्मक सहयोग के माध्यम से उनके साथ सकारात्मक सहभागिता स्थापित करेगा, ताकि नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय विकसित हो तथा इसका लाभ नगर निगम के सभी 53 वार्डों की आम जनता को प्राप्त हो सके। 

दिनांक 16.06.2026 से शुरू हुए इस कार्यक्रम में लगातार हम लोग सभी 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से संपर्क कर उनसे मिलेंगे, विगत दिनों में अब तक 25 वार्ड पार्षदों से मुलाकात हो चुकी है। रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सचिव रेणुका तिवारी, संयुक्त सचिव मनीष बक्शी, हरीश नागपाल, संतोष मृदुला, सदस्य सुजीत कुमार पांडेय, कुमार अभिषेक दुबे, राजेश कुमार, आशीष जायसवाल, इत्यादि मौजूद थे।

Published / 2026-06-20 21:02:18
लोहरदगा : मिशन चौक हादसे में तीन भाई-बहनों की मौत से शोक की लहर

सांसद सुखदेव भगत ने जताया गहरा दुख, सड़क सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई का निर्देश  

आलोक कुमार साहू ने डीटीओ से की वार्ता, मिशन चौक जैसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। शहर के व्यस्ततम मिशन चौक पर शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। बीते रात लगभग 9 बजे एक तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने स्कूटी सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक आपस में भाई-बहन बताये जा रहे हैं और बरवाटोली के निवासी थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। 

घटना की जानकारी मिलते ही लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत हृदयविदारक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी पूरी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। 

सांसद ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सांसद वर्तमान में लोहरदगा से बाहर हैं, लेकिन हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने अपने निजी सचिव आलोक कुमार साहू को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये। 

सांसद के निर्देश पर आलोक कुमार साहू ने जिला परिवहन पदाधिकारी से वार्ता कर शहरी क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और बक्सी डीपा से शंख नदी मोड़ तक भारी वाहनों एवं अन्य गाड़ियों की अधिकतम गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित कर उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की। 

सांसद ने कहा कि मिशन चौक सहित शहरी क्षेत्र में लगातार बढ़ती वाहन गति और यातायात नियमों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग से सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिये गये निर्णयों को कड़ाई से लागू करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। 

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है। इस दौरान राजू कुरैशी भी उपस्थित थे। सांसद ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। 

मिशन चौक पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावी यातायात प्रबंधन और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Published / 2026-06-20 18:44:25
धनबाद : तिलातांड़ में अवैध कोयला डिपो का खेल जारी

  • धनबाद : तिलातांड़ में अवैध कोयला डिपो का खेल जारी
  • बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा अवैध कोयला कारोबार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर कहा कि धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र अंतर्गत तिलातांड़ बारूद घर के समीप कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है। अवैध कोयला डिपो चलाकर कोयले का भंडारण किया जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

मोटरसाइकिल एवं स्कूटर के माध्यम से विभिन्न स्थानों से कोयला एकत्र कर डिपो में जमा किया जाता है। इसके बाद मजदूरों की सहायता से प्रतिदिन हाइवा एवं ट्रकों में कोयला लोड कर बाहरी मंडियों की ओर भेजा जाता है। अवैध कारोबार पर कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबारियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। 

चल रहे अवैध कोयला डिपो के कारण क्षेत्र में हर समय आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहता है कि इस प्रकार की गतिविधियों से प्रशासन और पुलिस की छवि भी प्रभावित होती है। आप अपने स्तर से निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की कृपा करेंगे। साथ ही अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की कृपा करेंगे।

Published / 2026-06-20 18:41:56
साहिबगंज : स्कूल के हॉस्टल में छह वर्षीया से दुष्कर्म, टीचर अरेस्ट

  • साहिबगंज : स्कूल के हॉस्टल में छह वर्षीया से दुष्कर्म, टीचर अरेस्ट
  • स्कूल हॉस्टल में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। जिले में एक स्कूल शिक्षक को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर संस्थान के छात्रावास में छह साल की बच्ची के साथ बलात्कार करने का आरोप है। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

बरहेट थाने के प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि 30 साल के शिक्षक को पीड़िता की मां द्वारा एक दिन पहले की गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। 

शिकायत के अनुसार, अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्रावास में 15 जून को लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और माता-पिता को इस बारे में दो दिन बाद पता चला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि लड़की को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है।

Published / 2026-06-20 18:40:01
रोटरी और योगासन एसोसिएशन ने किया योगासन स्पोर्ट्स स्टार्स को सम्मानित

  • रोटरी और योगासन एसोसिएशन ने किया योगासन स्पोर्ट्स स्टार्स को सम्मानित
  • रोटरी और योगासन एसोसिएशन ने किया योगासन स्पोर्ट्स के सितारों को सम्मानित

टीम एबीएन, रांची। रोटरी क्लब आॅफ रांची और योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन आॅफ झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को योगासन स्पोर्ट्स के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। रांची क्लब परिसर स्थित रोटरी भवन में आयोजित सम्मान समारोह का उद्घाटन वरिष्ठ आईएएस व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के पदाधिकारी शशि प्रकाश झा, सीआरपीएफ के डीआईजी डीएन लाल, क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, योगसन स्पोर्ट्स झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी इस ऐतिहासिक अवसर पर योगासना स्पोर्ट एसोसिएशन आॅफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी और सचिव चंदू कुमार कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह और मुख्य सलाहकार विपिन पांडे सर विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने पदक विजेता को मोमेंटो शॉल और पौधा देकर कर सम्मानित किया। इसके अलावा चित्रा साहा, आकांक्षा कुमारी, पम्मी कुमार, चंदू कुमार, डॉ संतोषी साहू को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि शशिप्रकाश झा ने कहा कि योग केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का सशक्त आधार है। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में योग केवल शरीर को लचीला बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि मन को स्थिर और विचारों को स्पष्ट करने की शक्ति भी देता है।

योगासन स्पोर्ट्स ने पारंपरिक योग को नयी पहचान दी है। यह देखकर खुशी होती है कि झारखंड के युवा इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनती हैं। हमें खेल और स्वास्थ्य को जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाना होगा।

विशिष्ट अतिथि डीएन लाल ने कहा कि वर्दी हो या खेल का मैदान, सफलता का मूल मंत्र धैर्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही होता है। दबाव के क्षणों में वही व्यक्ति आगे निकलता है जिसने स्वयं पर नियंत्रण सीखा हो। खिलाड़ियों की मेहनत मेडल से कहीं बड़ी होती है, क्योंकि उसके पीछे वर्षों का संघर्ष छिपा होता है। हर उपलब्धि एक नई जिम्मेदारी भी लेकर आती है। मेरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी आगे और ऊंचाइयां छुएंगे।

क्लब अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि सम्मान केवल उपलब्धि का नहीं, बल्कि उस संघर्ष, समर्पण और निरंतर प्रयास का भी होता है जो सफलता तक पहुंचाता है। जब हमारे शहर और राज्य के युवा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकते हैं, तो पूरा समाज गौरवान्वित महसूस करता है। 

ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान और प्रोत्साहन देना हम सबकी जिम्मेदारी है। रोटरी हमेशा सकारात्मक बदलाव के साथ युवाओं के सपनों को समर्थन देता रहा है। आज का यह सम्मान समारोह उसी संकल्प का प्रतीक है। सम्मानित होने पर रोशन थापा ने भावुक होकर कहा कि भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना मेरे जीवन के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक है। 

यह उपलब्धि एक दिन की मेहनत का नहीं, बल्कि वर्षों के अनुशासन, संघर्ष और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। हर चुनौती ने मुझे और मजबूत बनाया तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आज मिला यह सम्मान मेरे लिए नयी ऊर्जा और बड़ी जिम्मेदारी दोनों लेकर आया है। मेरा सपना है कि आने वाले समय में योगासन स्पोर्ट्स में भारत को विश्व स्तर पर नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाऊं। मंच संचालन एसके घोषाल ने किया। 

समारोह मुख्य रूप से प्रवीण राजगढ़िया, क्लब उपाध्यक्ष शालिनी सिंघानिया, डॉ अनिल पांडेय, जयदीप सिंह, विनोद कुमार, करुणा राजगढ़िया, प्रशांत सिंह, एसके घोषाल, आम्या अंशु, पूजा सिंह, राहुल रंजन, शंकर राणा, उषा शर्मा, गुड़िया सोनी, मनीषा कुमारी, देव नंद, अनिष्का शिवराज, आरती पांडेय उपस्थित थे।

रोशन ने योगासन चैंपियनशिप में भारत के लिए जीता गोल्ड

रोशन थापा जैप-1 रांची में प्रतिनियुक्त आईआरबी लातेहार के जवान हैं। मूल रूप से वे नेपाल के बरेली (लुंबिनी के निकट) के निवासी हैं। वर्ष 2019 में उन्होंने योगासन स्पोर्ट्स की शुरुआत की और अपनी मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनायी। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

वर्ष 2026 में प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में ट्रेडिशनल इंडिविजुअल योगासन (सीनियर बी पुरुष वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया। अंतरराष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने झारखंड और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

Page 2 of 1649

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse