टीम एबीएन, रांची। उड़ान आई ए एस एकेडमी मां पार्वती कंपलेक्स में हिंदी साहित्य भारती की रांची इकाई की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य भारती के केन्द्रीय महामंत्री रामनिवास शुक्ल और विशिष्ट अतिथि के रूप में डा वासुदेव प्रसाद उपस्थित थे। श्री शुक्ल ने संस्था के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए कहा कि संस्था के सदस्यों की संख्या में वृद्धि हेतू प्रयास किया जाए।
साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का चयन किया जाए, उन्होंने हिंदी साहित्य भारती द्वारा संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, महापुरुषों एवं साहित्यकारों की जयंती तथा अन्य रचनात्मक व सामाजिक कार्यों को कराने पर जोर दिया। डॉ बासुदेव प्रसाद ने हिंदी साहित्य भारती द्वारा किये जा रहे कार्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रांची जिला हिंदी साहित्य भारती के अध्यक्ष बलराम पाठक ने कहा हिंदी साहित्य भारती की रांची इकाई की बैठक मासिक होगी। एवं संगठन को मजबूत एवं विस्तार करने हेतु वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, तथा सदस्यों की संख्या बढ़ाने हेतु हर संभव प्रयास करेंगे।
हिंदी साहित्य भारती के कार्यक्रम महाविद्यालयों के हिंदी विभाग में आयोजित किया जाएं। ताकि विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। आज की बैठक में ममता मनीष सिन्हा को काव्य मंच प्रकोष्ठ प्रभारी, विशाल कुमार को शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा डॉ ओमप्रकाश को शिक्षक मंच प्रभारी के रूप में चयनित किया गया।
बैठक में जिला सचिव सुकुमार झा, कोषाध्यक्ष त्रिपुरेश्वर नाथ मिश्र, निशांत कुमार पाठक, डॉ ममता मनीष सिन्हा, डॉ ओम प्रकाश, विशाल कुमार, सहित कई सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ पर रविवार को एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने दो लोगों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में चारपहिया वाहन चालक भी घायल हुआ है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना उस वक्त हुई जब दुकानदार दुकान खोल रहे थे। किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला। देखते ही देखते कोहराम मच गया। लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की रांची में इलाज के क्रम में मौत हो गई। वहीं घटना में बोलेरो का चालक भी घायल हुआ है। घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के कुडू मस्जिद चौक निवासी सुरेश साहू के 39 वर्षीय पुत्र जेनरल स्टोर के मालिक सत्येंद्र साहू और रांची के श्री मां ट्रांसपोर्ट के चालक बिहार के गया जिला के केवला निवासी 45 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के हाता टोली निवासी संतोष सिंह के पुत्र बोलेरो चालक 25 वर्षीय पिंटू सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सत्येंद्र साहू कुडू मस्जिद चौक के रहने वाला है। वह कुडू ब्लॉक मोड़ स्थित अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचा था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को दुकान के बाहर खड़ी कर दुकान की ओर बढ़ा ही था कि तेज रफ्तार बोलेरो ने सत्येंद्र को टक्कर मार दी। जिससे सत्येंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ दूरी पर बैठे हुए ट्रांसपोर्ट वाहन के चालक राजेश यादव को भी टक्कर मार दी। जिससे राजेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
इस घटना में राजेश और पिंटू सिंह को भी चोट आई है। जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया था। रांची रिम्स ले जाने के बाद राजेश यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि पिंटू सिंह का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चाईबासा। चाईबासा से एक बड़ी खबर सामने आई है।। जिले की पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए डकैती और लूट की दो बड़ी वारदातों का एक साथ खुलासा किया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) चाईबासा बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 13 दिसंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर एक आल्टो कार में अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया। टीम ने ग्राम शारदा के पास संदिग्ध आल्टो कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी सरोज बोदरा के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई, जबकि कार की डिक्की से एक और देशी कट्टा मिला। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, 7200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त आल्टो कार को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने 8 दिसंबर को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में हुई डकैती की घटना और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आपराधिक कड़ियों को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
टीम एबीएन, रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल से एक बार फिर नक्सली हिंसा की बड़ी खबर सामने आई है। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट हुआ है, जिसमें कोबरा 209 बटालियन के दो जवान घायल हो गए।
घायल जवानों की पहचान अलख दास और नारायण दास के रूप में की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सारंडा जंगल के बालिवा क्षेत्र में उस वक्त हुई, जब सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान के तहत इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान पहले से लगाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों जवान घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजे जाने की व्यवस्था की गई है। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने आईईडी विस्फोट की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवानों का इलाज रांची स्थित राज अस्पताल में किया जाएगा।
आईईडी विस्फोट के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है। नक्सलियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं, ताकि क्षेत्र में किसी भी तरह की दूसरी घटना को रोका जा सके और नक्सलियों पर निर्णायक कार्रवाई की जा सके।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 242 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया।
आज का श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा ट्रस्ट के सदस्यों के सौजन्य से आयोजित किया गया। श्री राधा कृष्ण जी का दिव्य अलौकिक श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात मेवायुक्त केसरिया खीर महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तथा मंदिर परिसर में उपस्थित 4 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
तत्पश्चात भजन- संध्या के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी द्वारा श्री राधा कृष्ण, श्री श्याम प्रभु पर आधारित गाए मनमोहक सुमधुर भजनों श्रोताओं को खूब झुमाया तथा श्री राधा कृष्ण के जयकारा से पूरा वातावरण कृष्णमय एवं भक्तिमय बन गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि आज श्री राधा कृष्ण मंदिर में आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं में दर्शन किये। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, नंदकिशोर चौधरी, प्रभास गोयल, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, मनीष सोनी, संजय सर्राफ, धीरज गुप्ता, परमेश्वर साहू, हरीश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त किए जाने पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता एवं झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति न केवल श्री चतुर्वेदी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समूचे पत्रकारिता जगत के लिए गर्व का विषय है।
संजय सर्राफ ने बधाई देते हुए कहा कि श्री चतुर्वेदी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने दीर्घ, निष्पक्ष एवं निर्भीक अनुभव के माध्यम से सदैव जनहित को सर्वोपरि रखा है। सत्य, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही आज उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व तक लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि श्री चतुर्वेदी ने सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और आम नागरिकों की आवाज़ को मजबूती से उठाया, जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता और गरिमा को नई ऊँचाइयाँ मिलीं। श्री सर्राफ ने कहा कि केंद्रीय सूचना आयुक्त जैसे संवैधानिक पद पर एक अनुभवी और संवेदनशील पत्रकार का चयन होना, सूचना के अधिकार को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाएगा।
श्री चतुर्वेदी का प्रशासनिक समझ, मीडिया अनुभव और जनहित के प्रति समर्पण निश्चित रूप से आम जनता को सूचना प्राप्ति के अधिकार को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री आशुतोष चतुर्वेदी अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप करेंगे तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को और अधिक मजबूत करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक तरलोक सिंह चौहान ने शनिवार को संताल परगना क्षेत्र में मानव तस्करी को गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए चिंता व्यक्त की।
मुख्य न्यायाधीश ने यह बात राज्य भर में एकसाथ आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा चुनौतीपूर्ण है और बाल श्रम को रोकना एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
चौहान ने चुड़ैल-सिद्धांत या जादू-टोना जैसी कुप्रथाओं को सामाजिक अभिशाप बताते हुए जागरूकता और कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में इसका अनुभव होना चाहिए।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा, कानूनी सेवाओं और सशक्तिकरण शिविरों के माध्यम से न्यायपालिका समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समानता, गरिमा और न्याय सुनिश्चित हो। लोक अदालत, कानूनी सहायता और सुलह जैसी व्यवस्थाएं केवल विवादों का समाधान नहीं करती, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास को भी मजबूत बनाती हैं और कानूनी सेवाओं को टकरावपूर्ण से सहयोगात्मक बनाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कानूनी सेवाएं अब केवल मुफ्त कानूनी सहायता तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह नागरिकों के व्यापक सशक्तिकरण का एक साधन बन गई हैं। इसके साथ ही, न्यायालय ने एक लीगल एड क्लिनिक द्वारा प्रस्तुत किए गए लघु फिल्म को भी सराहा, जिससे आम लोगों की समस्याओं, संघर्ष और आकांक्षाओं को उजागर करते हुए कानूनी जागरूकता बढ़ती है।
रांची के झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यकारी अध्यक्ष न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद ने कहा कि आज भी महिलाएं और समाज के कमजोर वर्ग अंधविश्वास के चलते चुड़ैलों के रूप में हिंसा का शिकार होते हैं। उन्होंने कहा, चुड़ैल जैसी कोई चीज़ नहीं है। ऐसे विश्वास अज्ञानता और भ्रांति का परिणाम हैं।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को कानूनी जागरूकता प्रदान की गई और विभिन्न सरकारी कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न राज्य सरकार विभागों द्वारा स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पहचान पत्र और आजीविका से संबंधित सेवाओं के स्टॉल लगाकर मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क धनबाद। कोयलांचल धनबाद जिले के केंदुआडीह क्षेत्र में जमीन के नीचे से जहरीली गैस के रिसाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। गैस रिसाव के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रविवार सुबह गैस के प्रभाव से एक बुजुर्ग महिला अचानक बेहोश हो गई, जिसके बाद परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बेहोश महिला का नाम मुनिया देवी बताया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत पर निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि केंदुआडीह इलाके में जहरीली गैस रिसाव की वजह से अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग सांस लेने में तकलीफ, चक्कर और अन्य बीमारियों से पीड़ित हो चुके हैं।
लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही प्रशासन ने केंदुआडीह के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित करने के लिए वैकल्पिक जमीन भी चिन्हित की है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीण प्रशासन के इस प्रस्ताव से सहमत नहीं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चिन्हित स्थान शहर से काफी दूर है और वहां रोजगार के कोई साधन उपलब्ध नहीं हैं। उनका आरोप है कि वे पीढ़ियों से इसी क्षेत्र में रहकर अपनी रोजी-रोटी कमा रहे हैं और अचानक विस्थापन से उनका जीवन प्रभावित होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse