झारखंड

View All
Published / 2026-07-22 20:51:46
जब सत्ता नहीं सुनती, तब सड़कें बोलती हैं : सुखदेव भगत

  • सांसद सुखदेव भगत का केंद्र सरकार पर करारा वार
  • जब सत्ता नहीं सुनती, तब सड़कें बोलती हैं : सुखदेव भगत
  • नीट समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर सरकार को घेरा, कहा, करोड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर; खड़गे-राहुल का प्रदर्शन टकराव नहीं, सरकार के लिए आत्ममंथन का संदेश

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नीट समेत देश की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि जब संसद में छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बचती है, तब लोकतंत्र में सड़कें आवाज़ उठाने का माध्यम बन जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों युवाओं का भविष्य अनिश्चितता के भंवर में फंस गया है, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर संकट पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस लगातार नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रही है।

 उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले दो वर्षों से लगातार इस विषय पर चर्चा, जवाबदेही और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग करते रहे हैं, लेकिन सरकार ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि एक कहावत है, जब संसद चुप हो जाती है, या सत्ता मौन हो जाती है, तब सड़कें बोलने लगती हैं। यह कोई सामान्य मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। 

सुखदेव भगत ने कहा कि जब सरकार विपक्ष की आवाज़ सुनने को तैयार नहीं होती, तब लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना विपक्ष की जिम्मेदारी बन जाती है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन का निर्णय किसी टकराव की राजनीति नहीं, बल्कि सरकार को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि सरकार को विपक्ष के विरोध को टकराव के रूप में देखने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए और यह समझना चाहिए कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। अंत में सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाए तथा छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ तत्काल बंद करे।

Published / 2026-07-22 20:44:01
NSU में नो कॉटिक्स स्कूल अवेयरनेस ड्राइव सम्पन्न

NSU में नो कॉटिक्स स्कूल अवेयरनेस ड्राइव सम्पन्न

टीम एबीएन, रांची। NSU में नो कॉटिक्स (No Cotics) स्कूल अवेयरनेस ड्राइव सफलतापूर्वक आयोजित NSU में नो कॉटिक्स स्कूल अवेयरनेस ड्राइव सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इसमें 130 से ज़्यादा छात्र और फैकल्टी सदस्य शामिल हुए। यह कार्यक्रम नशीले पदार्थों के सेवन की रोकथाम और युवाओं की मानसिक सेहत पर केंद्रित था और बहुत प्रभावशाली रहा।

 इस कार्यक्रम का नेतृत्व बेंगलुरु में पढ़ने वाले 16 साल के छात्र और नो कॉटिक्स पहल के संस्थापक अव्युक्त सोंथालिया ने किया। सीखने के लिए एक बेहतरीन माहौल बनाने के लिए ऑडिटोरियम को नो कॉटिक्स की ब्रांडिंग, बैनर, ऑडियो-विज़ुअल सिस्टम और प्रेजेंटेशन के उपकरणों से अच्छी तरह तैयार किया गया था। 

कार्यक्रम की शुरुआत अव्युक्त की एक डेटा-आधारित प्रेजेंटेशन से हुई, जिसमें युवाओं में नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े मुख्य राष्ट्रीय और वैश्विक आँकड़े दिखाए गए। प्रेजेंटेशन में लत के कारणों, साथियों के दबाव (पीयर प्रेशर) के असर, नशीले पदार्थों के सेवन के लंबे समय तक रहने वाले शारीरिक और मानसिक नतीजों, और कम उम्र में सही फैसले लेने की अहमियत पर चर्चा की गई। 

प्रेजेंटेशन के बाद, छात्रों को AI से बनी विज़ुअल कहानियाँ दिखाई गईं। इनमें साथियों के दबाव, लत और निजी फैसलों के असर से जुड़ी असल ज़िंदगी की स्थितियों को दिखाया गया था। टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से मुश्किल मुद्दों को समझना आसान हो गया और छात्रों को रोज़मर्रा की ज़िंदगी में अपने फैसलों के बारे में गहराई से सोचने के लिए प्रेरित किया गया। 

इसके बाद मशहूर मनोवैज्ञानिक डॉ. सुमिता भगत  का एक ज्ञानवर्धक सेशन हुआ, जिन्हें 35 साल से ज़्यादा का प्रोफेशनल अनुभव है। उन्होंने डिप्रेशन, एंग्जायटी (चिंता), साथियों के दबाव, परीक्षा के तनाव, इमोशनल रेजिलिएंस (भावनात्मक मजबूती) और तनाव को मैनेज करने के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से बात की।

 उनके सेशन में मदद लेने, भावनात्मक सेहत बनाए रखने और मुश्किल हालात से निपटने के स्वस्थ तरीके विकसित करने की अहमियत पर ज़ोर दिया गया। इस कार्यक्रम की एक खास बात सवाल-जवाब का इंटरैक्टिव सेशन था, जिसमें छात्रों ने खुलकर अपनी चिंताएँ बताईं, अनुभव साझा किए और तनाव, मानसिक सेहत, साथियों के असर और नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े मुद्दों पर सलाह ली। 

छात्रों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम की अहमियत और सार्थक बातचीत में उनकी दिलचस्पी का पता चला। तथ्यों पर आधारित रिसर्च, AI-पावर्ड स्टोरीटेलिंग, मनोवैज्ञानिकों की सलाह और बातचीत को मिलाकर, इस कार्यक्रम ने छात्रों को नशीले पदार्थों के सेवन और मानसिक सेहत से जुड़ी चुनौतियों की पूरी समझ दी।

यह प्रोग्राम चल रहे नो नार्कोटिक्स स्कूल अवेयरनेस ड्राइव का हिस्सा है। इस पहल का मकसद एजुकेशनल संस्थानों में जाना और युवाओं को सबूतों पर आधारित अवेयरनेस प्रोग्राम, नए एजुकेशनल टूल्स और एक्सपर्ट्स के साथ बातचीत के ज़रिए सशक्त बनाना है, ताकि स्वस्थ, जागरूक और ड्रग-फ्री समाज को बढ़ावा दिया जा सके।

Published / 2026-07-22 20:34:47
ब्लैकलिस्टेड कंपनी की परीक्षा केवल स्थगित नहीं, रद करें : देवेंद्र नाथ महतो

  • ब्लैकलिस्टेड कंपनी से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा केवल स्थगित नहीं, बल्कि रद्द होनी चाहिए : देवेंद्र नाथ महतो
  • जेएलकेएम ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर दबाव बनाया

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 14वीं सिविल सेवा परीक्षा को लेकर राज्य की राजनीति और छात्र समुदाय में लगातार चर्चा तेज हो गई है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने आज ऑक्सीजन पार्क, रांची में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और विसंगतियों का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि परीक्षा संचालन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी पहले से ब्लैकलिस्टेड रही है तथा मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदु सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह उत्पन्न हो चुका है, तो केवल मुख्य परीक्षा को स्थगित करना पर्याप्त नहीं है। 

इससे लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अनिश्चितता बनी रहेगी। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराए और यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो 14वीं सिविल सेवा परीक्षा को रद्द कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ पुनः आयोजित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास बहाल हो सके।

श्री महतो ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग में व्यापक सुधार और संपूर्ण व्यवस्था की पारदर्शी सफाई होने तक जेएलकेएम का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह बात अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भी दोहराई। आज की प्रेस वार्ता में रांची जिला अध्यक्ष गुना भगत, संगठन के प्रवक्ता महावीर साहू, पंचम इक्का, कालेश्वर बड़ाइक सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Published / 2026-07-22 20:28:44
ब्लैकलिस्टेड कंपनी की परीक्षा केवल स्थगित नहीं, रद करें : देवेंद्र नाथ महतो

  • ब्लैकलिस्टेड कंपनी से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा केवल स्थगित नहीं, बल्कि रद्द होनी चाहिए : देवेंद्र नाथ महतो
  • जेएलकेएम ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर दबाव बनाया

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 14वीं सिविल सेवा परीक्षा को लेकर राज्य की राजनीति और छात्र समुदाय में लगातार चर्चा तेज हो गई है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने आज ऑक्सीजन पार्क, रांची में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और विसंगतियों का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि परीक्षा संचालन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी पहले से ब्लैकलिस्टेड रही है तथा मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदु सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह उत्पन्न हो चुका है, तो केवल मुख्य परीक्षा को स्थगित करना पर्याप्त नहीं है। 

इससे लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अनिश्चितता बनी रहेगी। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराए और यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो 14वीं सिविल सेवा परीक्षा को रद्द कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ पुनः आयोजित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास बहाल हो सके।

श्री महतो ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग में व्यापक सुधार और संपूर्ण व्यवस्था की पारदर्शी सफाई होने तक जेएलकेएम का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह बात अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भी दोहराई। आज की प्रेस वार्ता में रांची जिला अध्यक्ष गुना भगत, संगठन के प्रवक्ता महावीर साहू, पंचम इक्का, कालेश्वर बड़ाइक सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Published / 2026-07-22 18:03:12
धनबाद : कतरास के जीएनएम कॉलेज के पास शराब बेचते 2 व्यक्ति रंगेहाथ गिरफ्तार

  • धनबाद : कतरास के जीएनएम कॉलेज के पास शराब बेचते 2 व्यक्ति रंगेहाथ गिरफ्तार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के सख्त निर्देश के आलोक में जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत मछली पट्टी में जीएनएम कॉलेज के पास सहायक आयुक्त उत्पाद अजय कुमार गोंड के नेतृत्व में उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर देशी, विदेशी व महुआ शराब बरामद की है।

इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत मछली पट्टी में जीएनएम कॉलेज के पास शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद उत्पाद विभाग ने कतरास थाना के सहयोग से मछली पट्टी में छापामारी की। इस दौरान मौके से 18.6 लीटर महुआ शराब, 6.9 लीटर देशी शराब तथा 2.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

उपायुक्त ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में लिप्त सुशील कुंडू एवं अनिल कुमार बर्नवाल को अवैध शराब बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अवैध शराब कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों एवं गैर-कानूनी गतिविधि के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं रिहाइशी इलाकों के आसपास अवैध शराब या नशीली वस्तुओं की बिक्री में शामिल लोगों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ में उपायुक्त ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों व आम जनता से अपील की कि शिक्षण संस्थानों के निकट किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

Published / 2026-07-22 06:06:43
14वीं जेपीएससी परीक्षा में उठाये गये सवालों पर सीआईडी जांच शुरू होना छात्र आंदोलन की बड़ी सफलता : देवेंद्र नाथ महतो

  • 14वीं जेपीएससी परीक्षा में उठाये गये सवालों पर सीआईडी जांच शुरू होना छात्र आंदोलन की बड़ी सफलता  : देवेंद्र नाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग  सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार छात्र-युवा आंदोलन, विरोध-प्रदर्शन एवं महामहिम राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन के बाद आज सीआईडी एवं रांची पुलिस द्वारा जेपीएससी कार्यालय में की गयी जांच की कार्रवाई का स्वागत करते हैं। यह छात्रों द्वारा उठाये गये गंभीर सवालों को गंभीरता से लिए जाने का संकेत है।

साथ ही जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि आज की जांच यह दशार्ती है कि छात्रों द्वारा उठाये गये प्रश्नों को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हालांकि केवल जांच शुरू होना पर्याप्त नहीं है। राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के हित में जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध होनी चाहिए तथा उसकी पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।

जेपीएससी ने पुन: मांग की है कि जांच पूरी होने तक 14वीं जेपीएससी की मुख्य परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक किये जायें तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता, गोपनीयता भंग या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाये।

साथ ही उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों छात्रों के भविष्य, न्याय, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के लिए है। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Published / 2026-07-21 23:21:52
नीट मामलों को लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

  • नीट मामलों को लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
  • कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन : लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत भी शामिल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/ नयी दिल्ली। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और नीट सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर आज कांग्रेस पार्टी के द्वारा प्रधानमंत्री आवास के समीप जोरदार प्रदर्शन किया गया।

इस प्रदर्शन में देशभर के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं के साथ लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। नीट में हुई गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी। हम छात्रों, किसानों और आम जनता के साथ खड़े हैं।

Published / 2026-07-21 21:55:59
गिरिडीह : जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

  • गिरिडीह : जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है।जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा गांव में बिना पहचान के जंगली मशरूम (खुखड़ी/पुट्टू) खाना एक ही परिवार को भारी पड़ गया। मशरूम की सब्जी खाने के बाद परिवार के छह सदस्यों की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। 

आनन-फानन में सभी को फूड पॉइजनिंग की शिकायत के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, झरघट्टा गांव के इस परिवार के सदस्यों ने पास के जंगल से लाए गए जंगली मशरूम की सब्जी बनाकर खायी थी। 

खाना खाने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर परिवार के सभी सदस्यों को उल्टी, तेज पेट दर्द, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते जब सभी की हालत बिगड़ने लगी, तो पड़ोसियों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

Page 19 of 1684

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse