झारखंड

View All
Published / 2025-12-18 23:03:26
जयराम, देवेंद्र और अन्य जेएलकेएम पदाधिकारियों ने पितामह बिनोद बिहारी महतो को किया नमन

  • बिनोद बाबू ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाया : टाइगर जयराम महतो
  • बिनोद बाबू की जीवनी से संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय की प्रेरणा मिलती है : देवेंद्र नाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य आंदोलन के पुरोधा, प्रखर राजनीतिज्ञ, विद्वान, सांस्कृतिक प्रेमी विनोद बिहारी महतो जी की 34 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पूरे झारखंड प्रदेश में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया गया। जेएलकेएम सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के साथ जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो एवं अन्य पदाधिकारियों ने धनबाद के बलियापुर स्थित बिनोद धाम पहुंचकर बिनोद बाबू को नमन किया।

मौके पर टाइगर जयराम महतो ने कहा कि बिनोद बिहारी महतो सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि उस पारस पत्थर की कहानी हैं, जिसने संघर्ष की धूल को सोने में बदल दिया। बिनोद बाबू ने समाज में हजारों साल से जड़ें जमाए कुरीतियों, अंधविश्वास और शोषण के खिलाफ ऐसी जंग छेड़ी, जिसकी गूंज आज भी सुनाई देती है। उन्होंने अलग झारखंड राज्य के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी। उनके मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि इतिहास केवल तारीखों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि कुछ ऐसे नामों की गाथा है जो खुद एक युग बन जाते हैं। आज यदि हम झारखंड की धरती और उसके आकाश की ओर देखें, तो बिनोद बिहारी महतो का नाम सितारे की तरह चमकता है। आज सियासत के बड़े-बड़े दिग्गज उन्हें अपना गुरु मानते हैं और झारखंड के लोग सम्मान से उन्हें भीष्म पितामह कहते हैं।

 बिनोद बाबू जानते थे कि गुलामी की जंजीरें अज्ञान की आग में गल जाती हैं और उन्हें तोड़ने का एकमात्र हथियार शिक्षा है। उन्होंने इस समाज की जड़ों में शिक्षा का बीज बोया जिसके साथ पढ़ो और लड़ो का नारा जन्मा - पढ़ो ताकि हक को जान सको और लड़ो ताकि हक को पा सको। बिनोद बाबू की जीवनी से संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय की प्रेरणा मिलती है।

मौके पर धनबाद जिलाध्यक्ष शक्ति महतो, उषा महतो, आशीष कुमार, कुमार राजा, भारती महतो, केंद्रीय सचिव दीपक रवानी, पंचम एक्का,  गुणा भगत, मनीष साहू के अलावा अन्य पदाधिकारी और गण मान्य लोग उपस्थित थे।

Published / 2025-12-18 22:26:30
आर्च बिशप हाउस में संपन्न हुआ क्रिसमस प्रेस कॉन्फ्रेंस सह गैदरिंग

टीम एबीएन, रांची। आर्चबिशप हाउस, रांची में में आज क्रिसमस प्रेस कॉन्फ्रेंस सह गैदरिंग सम्पन्न हुआ। इस मौके पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मीडिया कर्मियों को क्रिसमस संदेश दिया तथा क्रिसमस केक वितरण कर क्रिसमस एवं नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। क्रिसमस का आगाज हो चुका है। 

दुकानें श्रृंगार की चीजों से सजी हुईं, लोग घरों की साफ सफाई, रंग रोगन कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों में क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया जा रहा है। लोग एक दूसरे को क्रिसमस का उपहार दे रहे हैं। ऐसे ही मौके पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में आर्चबिशप हाउस राँची में आज क्रिसमस प्रेस कॉन्फ्रेंस सह गैदरिंग का आयोजन रहा।

महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद क्रिसमस का संदेश देते हुए कहा क्रिसमस शांति का राजा है। और जब प्रभु येसु का जन्म गौशाला हुआ तब इसका समाचार सबसे पहले स्वर्ग दूतों ने चरवाहों को दिया। येसु के काल में चरवाहे तुच्छ समझे जाते थे लेकिन ईश्वर उन्हें भी मूल्यवान समझते हैं।

 इसलिए हम भी इस क्रिसमस, मानवता का भाव एक दूसरे के साथ रखें। विशेषकर जो गरीब और हाशिए पर रहने वाले लोगों के साथ सहानुभूति एवं प्रेम का भाव रखें। साथ ही उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों को उनके समाज और देश निर्माण में योगदान हेतु उनकी सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

क्रिसमस के इस माहौल में महाधर्माध्यक्ष ने केक दे कर क्रिसमस और नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस क्रिसमस प्रेस कॉन्फ्रेंस सह गैदरिंग में रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत मीडिया कर्मी, समाचार पत्रों के संवाददाता, न्यूज रीडर्स, संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।

Published / 2025-12-18 21:01:50
रांची : रेलवे स्टेशन पर 14 किलो गांजा बरामद, तीन अरेस्ट

आपरेशन नार्कोस के तहत आरपीएफ को मिली बड़ी सफलता, रांची रेलवे स्टेशन पर 14 किलो गांजा बरामद; 3 गिरफ्तार 

टीम एबीएन, रांची। रांची रेलवे स्टेशन पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे आपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये बतायी जा रही है।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को रांची रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी ट्रेन संख्या 15027 के कोच एस-3 की गहन तलाशी ली गयी। जांच के दौरान तीन बैग संदिग्ध अवस्था में पाये गये, जिनके पास दो पुरुष और एक महिला बैठे हुए थे। 

जब आरपीएफ कर्मियों ने तीनों से पूछताछ की तो उन्होंने बैग अपना होने की बात स्वीकार की, लेकिन बैग में रखे सामान के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। लगातार पूछताछ के बाद आखिरकार एक व्यक्ति ने बैग में गांजा होने की बात कबूल कर ली। इसके बाद आरपीएफ टीम ने तीनों संदिग्धों को उनके बैग सहित ट्रेन से उतार लिया और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।  

प्लेटफॉर्म पर की गयी विस्तृत जांच में बैग से कुल 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मादक पदार्थ की पुष्टि के बाद आरपीएफ ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आज आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामले को संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Published / 2025-12-18 14:05:45
लोहरदगा : क्रिकेट के महाकुंभ में दिखेगा सहवाग–हरभजन का रोमांच

  • लोहरदगा में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, सहवाग–हरभजन की मौजूदगी से बढ़ेगा रोमांच

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट को लेकर जिलेभर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। यह भव्य आयोजन 10 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा, जबकि इसका शानदार उद्घाटन समारोह 9 फरवरी 2026 को किया जायेगा।

पूर्व राज्यसभा सांसद एवं लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टूर्नामेंट आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के नामी खिलाड़ी और क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि लोहरदगा जैसे छोटे जिले में इस स्तर का आयोजन होना यहां के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मैदान पर उतरेंगे। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की टीमों के बीच होने वाले मुकाबले दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर होंगे। क्रिकेट प्रेमियों को इन सितारों को एक बार फिर मैदान में खेलते देखने का अवसर मिलेगा।

9 फरवरी को आयोजित उद्घाटन समारोह पूरी तरह भव्य और यादगार होगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के रशियन बैंड द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जायेगी, वहीं स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। संगीत, नृत्य और रोशनी के इस अनूठे संगम से लोहरदगा की धरती उत्सवमय हो उठेगी।

चार दिवसीय इस टी-20 टूर्नामेंट के दौरान हर मैच में दर्शकों के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है। मैचों के दौरान चीयर गर्ल्स और बॉलीवुड सिने कलाकारों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इससे न सिर्फ खेल का रोमांच बढ़ेगा, बल्कि दर्शकों को एक संपूर्ण मनोरंजन पैकेज भी मिलेगा।

टूर्नामेंट का समापन समारोह भी बेहद खास होगा। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री स्वयं विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और मनोबल और अधिक बढ़ेगा।

धीरज प्रसाद साहूने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि लोहरदगा और झारखंड में क्रिकेट को नई पहचान देना, स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस क्रिकेट महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग करें।

कुल मिलाकर, बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 टूर्नामेंट लोहरदगा के खेल, संस्कृति और उत्सव का एक ऐसा संगम साबित होगा, जो लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा।

Published / 2025-12-17 23:04:20
जिंगी पहुंच आजसू के केंद्रीय नेताओं ने दी कमल किशोर भगत को श्रद्धांजलि

  • जिंगी पहुंचकर आजसू के केंद्रीय नेताओं ने कमल किशोर भगत को श्रद्धांजलि दी

एबीएन न्यूज नेटवर्क लोहरदगा। झारखंड आंदोलनकारी, पूर्व विधायक एवं आजसू के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष स्व कमल किशोर भगत जी की चौथी पुण्यतिथि पर आज जिंगी, कुंडू स्थित उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके पश्चात देवशरण भगत एवं प्रवीण प्रभाकर ने लोहरदगा में स्व कमल किशोर भगत के आवास पर उनकी पत्नी नीरू शांति भगत की उपस्थिति में प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय नेताओं के साथ केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल, बंटी यादव, सिद्धार्थ राय, महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिंहा, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शाहदेव, मनोज महतो आदि उपस्थित रहे।

प्रवीण सिंह से मिले आजसू नेता

आजसू पार्टी मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर केन्द्रीय सचिव सुरज अग्रवाल ने पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह से मिलकर उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की तथा श्रद्धांजलि अर्पित की।

Published / 2025-12-17 22:53:12
रातू के आदिवासी किसानों को दिये गये पूसा के उन्नत बीज

टीम एबीएन, रांची। पसंद फाउंडेशन के द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बरही, हजारीबाग के मदद से अनुसूचित जनजातिय उपयोजना अंतर्गत तारुप पंचायत, रातू प्रखंड के कुल 100 जनजातिय किसानों को चना, मसूर तथा सरसों के बीज नि:शुल्क दिये गये।

इस वर्ष संस्था के द्वारा परियोजना अंतर्गत जनजातिय किसानो के बीच दलहन/ तिलहन की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूसा के उन्नत किस्म के दल्हन, तिलहन के बीज पा कर किसानों में उत्साह है।

पसंद फाउंडेशन के कार्यकारी प्रबंधक कीर्तिमान नाथ ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बरही, हजारीबाग की कृषि वैज्ञानिक डॉ. शिल्पी केरकेट्टा का विशेष सहयोग मिला और किसानो को नि:शुल्क बीज के साथ खेती की विधि भी बतायी गयी, जिससे की किसानों को खेती से अधिकतम लाभ मिल सके। 

कार्यक्रम को सफल बनाने में तारुप पंचायत के उप मुखिया बंधु महतो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। साथ ही पंचायत समिति के सदस्य, तारुप के ग्राम प्रधान और वार्ड सदस्य भी उपस्थित रहे।

Published / 2025-12-17 20:44:14
रांची : राजधानी में जल्द होगा माही का एक और आशियाना

रांची के सेंबो में एमएस धोनी का नया आशियाना, पहाड़ी भूखंड पर जी प्लस वन घर की तैयारी 

टीम एबीएन, रांची। रांची के राजकुमार और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रांची में एक और आशियाना बनाने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने रांची रिंग रोड के पास सेंबो इलाके में एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन खरीदी है। यह नया घर पहाड़ी क्षेत्र में बनाया जायेगा, जहां से आसपास का प्राकृतिक दृश्य दिखाई देता है। 

धोनी द्वारा खरीदी गयी जमीन सेंबो क्षेत्र में स्थित है, जहां प्लॉट संख्या 822, 1314, 1322 और 1324 उनके नाम पर दर्ज हैं। इस भूखंड के ठीक बगल में सीआरपीएफ कैंप स्थित है। जानकारी के अनुसार, धोनी भी इसी कैंप की तर्ज पर ऊंचे पहाड़ पर अपना घर बनवाने की योजना पर काम कर रहे हैं, ताकि सुरक्षा और एकांत दोनों का संतुलन बना रहे। 

महेंद्र सिंह धोनी ने अपने नए घर के निर्माण के लिए रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार से अनुमति मांगी थी। इसके तहत उनकी पत्नी साक्षी सिंह धोनी के नाम से नक्शा स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया। शुरुआत में तीन तल्लों के निर्माण की अनुमति मांगी गयी थी, लेकिन जमीन का स्वरूप कृषि योग्य होने के कारण नियमानुसार केवल सात मीटर ऊंचाई तक निर्माण की मंजूरी दी गयी। 

जी प्लस वन तल्ला का होगा निर्माण 

नियमानुसार स्वीकृति मिलने के बाद धोनी का यह नया आशियाना अब जी प्लस वन तल का होगा। यानी ग्राउंड फ्लोर और एक अतिरिक्त मंजिल का निर्माण किया जायेगा। इसी अनुमति के आधार पर भवन का डिजाइन और संरचना तय की गयी है, ताकि सभी नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। 

जयपुर के आर्किटेक्ट ने तैयार किया डिजाइन 

धोनी के इस नये ड्रीम होम का डिजाइन जयपुर के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट शांतनु गर्ग ने तैयार किया है। शांतनु गर्ग देश के चर्चित युवा वास्तुकारों में शामिल हैं और उन्होंने कई लग्जरी फार्महाउस और हाई-एंड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। उनकी पहचान मॉडर्न आर्किटेक्चर और नेचर-इंटीग्रेटेड डिजाइन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मानी जाती है। 

2210 वर्गमीटर में फैला होगा बिल्ट-अप एरिया 

एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन पर बनने वाले इस घर का कुल बिल्ट-अप एरिया 2210 वर्गमीटर होगा। घर की योजना इस तरह बनायी गयी है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ खुला और शांत वातावरण भी मिल सके। डिजाइन में पहाड़ी भू-आकृति को ध्यान में रखते हुए संरचना को ढाल पर अनुकूलित किया गया है। 

ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल की रूपरेखा 

ग्राउंड फ्लोर पर एक बड़ा हॉल बनाया जायेगा, जो परिवार और मेहमानों के लिए उपयोग में आयेगा। इसके साथ ही मल्टी कार गैरेज की व्यवस्था भी की गयी है, ताकि एक से अधिक वाहनों की पार्किंग संभव हो सके। प्रथम तल पर आपस में जुड़े तीन यूनिट का निर्माण प्रस्तावित है। 

हर यूनिट में चार कमरे 

प्रथम तल पर बनने वाले तीनों यूनिट में प्रत्येक यूनिट में चार-चार कमरे होंगे। इस तरह घर में पर्याप्त निजी और पारिवारिक स्थान उपलब्ध रहेगा। डिजाइन में गोपनीयता और सुविधा दोनों का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि परिवार के सदस्य आरामदायक जीवन जी सकें। 

ओपन रिक्रिएशनल एरिया की व्यवस्था 

घर के पीछे की ओर 15 गुणा 25 फीट का ओपन रिक्रिएशनल एरिया भी रखा गया है। यह खुला स्थान आराम, मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए उपयोग में आयेगा। पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यह हिस्सा घर की खास पहचान बनने की संभावना है।  

रांची से जुड़ाव की एक और मिसाल 

महेंद्र सिंह धोनी का रांची से गहरा जुड़ाव रहा है। क्रिकेट से संन्यास के बाद भी वह रांची मंड समय बिताते हैं और यहां निवेश करते रहे हैं। सेंबो में प्रस्तावित यह नया आशियाना उनके शहर के प्रति लगाव को एक बार फिर दर्शाता है।

Published / 2025-12-17 20:42:07
धनबाद : ठंड में जानलेवा बना हीटर, नानी-नाती की मौत, छह गंभीर

ठंड में राहत के बजाय जानलेवा बना हीटर! नानी और नाती की दर्दनाक मौत, 6 लोगों की हालत गंभीर

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले में हीटर ने 2 लोगों की जान ले ली है जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

आग की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत

मामला जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के विकास नगर का है। बताया जा रहा है कि एक महिला हीटर चलाकर कमरे में सो रही थीं, लेकिन उसे क्या पता था सुबह उसकी आंख ही नहीं खुलेगी। रात को 12 बजे के बाद अचानक कमरे में आग लग गयी और आग ने विकराल रूप ले लिया। 

महिला और 15 दिन पहले नानी के घर आया उसका नाती आग की चपेट में आ गये जिससे दोनों की मौत हो गयी। इतना ही नहीं, आग की चपेट में आने से परिवार के ही छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं।

इलाके में पसरा मातम

कहा जा रहा है कि सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। सूचना मिलते ही पहुंची दमकल की गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।

Page 188 of 1688

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse