एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के घोरटोपी गांव के समीप शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर और बाइक के बीच की सीधी टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी 19 वर्षीय सन्नी कुमार और 21 वर्षीय अनिकेत कुमार के नाम से हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों युवक अपने सात अन्य दोस्तों के साथ चार बाइक से बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने आए थे। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सभी साथी अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में जरमुंडी थाना क्षेत्र के घोरटोपी गांव के समीप एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथ चल रहे सभी साथियों ने दोनों को लेकर दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PJMCH) पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों युवकों के मृत घोषित होने के बाद उनके साथी पुलिस को सूचना दिए बिना निजी एंबुलेंस से शव लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए। सुबह करीब आठ बजे नगर थाना के एएसआई कुमोद कुमार अस्पताल पहुंचे तो शव नहीं मिलने पर पूछताछ शुरू की। एंबुलेंस चालक का मोबाइल नंबर मिलने पर पुलिस ने उससे संपर्क किया। चालक ने बताया कि वह गोड्डा जिले में बिहार सीमा के पास पहुंच चुका है।
पुलिस के निर्देश पर वह दोपहर करीब 12 बजे शव लेकर वापस अस्पताल लौटा। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले में जंगली हाथियों ने एक अधेड़ व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार को बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बरकनगांगो गांव में हुई। मृत व्यक्ति की पहचान इसी गांव के निवासी चिंतामणि साव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को उनका शव एक खेत में पड़ा मिला। बरकट्ठा थाना प्रभारी आशीष कुमार ने कहा, साव सोमवार दोपहर खेत में गए थे, तभी जंगली हाथियों ने उन्हें कुचलकर मार डाला। परिजनों ने उनकी तलाश की और अगली सुबह उनका शव मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
बरही वन क्षेत्र के पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में एक लाख रुपए दिए गए हैं, जबकि शेष मुआवजा औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में तीन हाथी विचरण कर रहे हैं। हाथियों को इलाके से खदेड़ने के लिए वन विभाग ने 15 सदस्यीय त्वरित प्रतिक्रिया बल की टीम तैनात की है। झारखंड सरकार जंगली जानवरों के हमलों में होने वाली मौत के मामलों में 10 लाख रुपए का मुआवजा देती है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, इटखोरी। इटखोरी प्रखंड में जिप सदस्य सरिता देवी के अनुशंसा पर प्रखंड के 74 विद्यालयों में डीएमएफटी मद से चाहरदिवारी का निर्माण करवाया जाएगा। जिला परिषद सदस्य श्रीमती सरिता देवी के इस प्रयास को प्रखंड वासियों ने खूब सराहा है, साथ ही उन्हें साधुवाद भी दिया है। क्योंकि सभी विद्यालयों में चाहरदीवारी निर्माण की की मांग कई वर्षों से लोग कर रहे थे।
अब जल्द ही 74 विद्यालयों में चाहरदीवारी निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रशासनिक स्वीकृति उपायुक्त रवि आनंद के द्वारा मिला है कुछ ही दिनों में टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से बहुत जल्द इटखोरी प्रखंड के सभी विद्यालय में चाहरदीवारी का कार्य शुरू होगा। जिप सदस्य सरिता ने कहा कि विकास के लिए कृतसंकल्प हूँ।
चहारदीवारी का निर्माण बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी और बुनियादी कदम है। यह बच्चों को घर और स्कूल के बाहर सड़क के हादसों, आवारा जानवरों और अवांछित लोगों की पहुंच से दूर रखती है, जिससे वे एक सुरक्षित और नियंत्रित वातावरण में खेल और पढ़ाई सकते हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा कि धनबाद नगर निगम के लोयाबाद वार्ड 08 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में किया गया भरी घोटाला, लोयाबाद वार्ड 08 में ठेकेदार संजय कुमार सिंह को नगर निगम द्वारा कुल राशि 83,72000 आवंटन हुआ है।
जिसमें लोयाबाद वार्ड 08 के बीजीएस हाई स्कूल के पीछे पीसीसी सड़क निर्माण कार्य के साथ अन्य स्थानों पर भी सड़क निर्माण कार्य कराया गया है, जिसकी कुल स्वीकृत लागत 83,72000 है। इन सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं वित्तीय अनियमितताओं की भी निष्पक्ष जांच कराया जाए कि जैसे बीजीएस हाई के पीछे सड़क निर्माण कार्य में घोटाला किया गया है वैसे ही ओर भी जगह पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में घोटाला किया गया।
कैसे ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्रियों का जैसे घटिया क्वालिटी का सीमेंट, बालू, गिट्टी का इस्तमाल गया है जिसे पहली बारिश में ही रोड की स्थिति खराब होते जा रही है, रोड पर सीमेंट के जगह बस बालू ओर गिट्टी नजर आ रहे है ओर जगह जगह रोड भी टूटने लगी है और जहाँ 8इंच की मोटाई की ढलाई होनी थी लेकिन वहां केवल 4इंच का ढलाई किया गया है।
अगर रोड तोड़वा के देखा जाएगा तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी कि कैसे ठेकेदार ने नगर निगम का पैसा का फर्जीवाड़ा किया है और जितना दिन भी निर्माण कार्य चला एक दिन भी वार्ड 08 के जेई ने निरीक्षण करने नहीं पहुंचा, रोड बाने के बाद भी नहीं जेई ने निरीक्षण नहीं किया इससे साफ प्रतीत होता है कि ठेकेदार और जेई की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता।
जहाँ जहां रोड टूटी है वहां पे ठेकेदार मिट्टी का फिलिंग कराया जा रहा है और वो भी मिट्टी के जगह कचरा भर दिया गया है जो कि हमारे पास प्रमाण भी उपलब्ध है कि कैसे मिट्टी फिलिंग के नाम पर कचरा वाला मिट्टी का फिलिंग किया गया है, ऐसे ठेकेदार का लाइसेंस रद्द किया जाना चाहिए क्योंकि ऐसे ठेकेदार खुद तो घोटाला कर ही रहे हैं।
साथ में सरकार ओर नगर निगम की भी छवि धूमिल कर रहे है हमारे धनबाद के प्रतिष्ठित महापौर महोदय को लगातार क्षेत्र की हर समस्या का निवारण करते आ रहा है ओर जनता की सुख दुख में हमेशा आगे रहते है ओर धनबाद में जब से माननीय संजीव सिंह भईया जब से महापौर बने है तब से विकास की नदियाँ बह रही है।
हर क्षेत्र में विकाश हो रहा है जगह जगह रोड, नली बनाया जा रहा है ओर जगह जगह स्ट्रीट लाइट भी लगाया जा रहा है ओर यही नहीं धनबाद के डिप्टी मेयर द्वारा भी क्षेत्र में बेहतर काम किया जा रहा है धनबाद को ऐसे की मेयर ओर डिप्टी मेयर की जरूरत थी जो धनबाद को ओर बेहतर बना सके।
सरकार ओर धनबाद उपायुक्त और महापौर से भी अनुरोध है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ठेकेदार ओर वार्ड 08 के जेई पर कार्रवाई करने की कृपा करेंगे ताकि नगर निगम ओर सरकार को जो चुना लगाया जा रहा है उसपर रोक लग सके ओर क्षेत्र में अच्छा कार्य हो सके।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। राज्य सरकार ने लोहरदगा लोकसभा के अंतर्गत 3 महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए कुल 242 करोड़ 30 लाख 70 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा मिलेगी
1.गुमला: घाघरा से जोकारी भाया रनहे, कुण्डो, रूकीघाटी (बिशुनपुर) पथ
लंबाई: 19.100 किमी
राशि: 101 करोड़ 77 लाख 37 हजार 700 रुपये
कार्य: चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, पुलों का निर्माण, भू-अर्जन, R&R, यूटिलिटी शिफ्टिंग
2. मांडर विधानसभा के अंतर्गत: टांगरबसली मोड़ से बोबरो मोड़, माया परयागो, बिसहाखटंगा, डुमरी पथ
लंबाई: 11.576 किमी
राशि: 63 करोड़ 77 लाख 13 हजार 300 रुपये
कार्य: चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, पुनर्निर्माण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, R&R, वृक्षारोपण
3 गुमला: परवल RCD पथ से करंज पथ भाया पहाड़बंगरू, चीतागुटू, कानारोआ, बैरीटोली, नया करंज थाना
लंबाई: 14.251 किमी
राशि: 76 करोड़ 75 लाख 18 हजार 900 रुपये
कार्य: चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, पुनर्निर्माण, भू-अर्जन, Plantation, Utility Shifting, R&R
सांसद भगत ने कहा कि लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत इन सड़कों के बनाने से हजारों किसानों ,छात्रों और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा ।मैं झारखंड सरकार औरमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। श्री भगत ने कहा कि इससे पूर्व गुमला और लोहरदगा जिला में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत दर्जनों सड़के जो पहाड़ी क्षेत्रों में पड़ता है उसकी स्वीकृति दिलाई है।
टीम एबीएन, रांची। अपर बाजार स्थित शनि मंदिर के मुख्य पुजारी एवं श्री महाबीर मंडल, राँची के पूर्व मंत्री मुरारी लाल शर्मा निधन पर विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा मुरली लाल शर्मा जी का निधन हम राँची वाशियों के लिए अपूरणीय क्षति है। मुरारी लाल शर्मा समाज व श्री महाबीर मंडल, राँची के एक स्तम्भ थे।
डॉ साहु ने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके पुण्य आत्मा को वे अपने श्री चरणों में स्थान दें व परिवार को आत्मबल दें। उक्त जानकारी विहिप झारखण्ड-बिहार के क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नीट समेत देश की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि जब संसद में छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बचती है, तब लोकतंत्र में सड़कें आवाज़ उठाने का माध्यम बन जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों युवाओं का भविष्य अनिश्चितता के भंवर में फंस गया है, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर संकट पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस लगातार नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रही है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले दो वर्षों से लगातार इस विषय पर चर्चा, जवाबदेही और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग करते रहे हैं, लेकिन सरकार ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि एक कहावत है, जब संसद चुप हो जाती है, या सत्ता मौन हो जाती है, तब सड़कें बोलने लगती हैं। यह कोई सामान्य मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है।
सुखदेव भगत ने कहा कि जब सरकार विपक्ष की आवाज़ सुनने को तैयार नहीं होती, तब लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना विपक्ष की जिम्मेदारी बन जाती है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन का निर्णय किसी टकराव की राजनीति नहीं, बल्कि सरकार को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि सरकार को विपक्ष के विरोध को टकराव के रूप में देखने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए और यह समझना चाहिए कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। अंत में सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाए तथा छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ तत्काल बंद करे।
टीम एबीएन, रांची। NSU में नो कॉटिक्स (No Cotics) स्कूल अवेयरनेस ड्राइव सफलतापूर्वक आयोजित NSU में नो कॉटिक्स स्कूल अवेयरनेस ड्राइव सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इसमें 130 से ज़्यादा छात्र और फैकल्टी सदस्य शामिल हुए। यह कार्यक्रम नशीले पदार्थों के सेवन की रोकथाम और युवाओं की मानसिक सेहत पर केंद्रित था और बहुत प्रभावशाली रहा।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व बेंगलुरु में पढ़ने वाले 16 साल के छात्र और नो कॉटिक्स पहल के संस्थापक अव्युक्त सोंथालिया ने किया। सीखने के लिए एक बेहतरीन माहौल बनाने के लिए ऑडिटोरियम को नो कॉटिक्स की ब्रांडिंग, बैनर, ऑडियो-विज़ुअल सिस्टम और प्रेजेंटेशन के उपकरणों से अच्छी तरह तैयार किया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत अव्युक्त की एक डेटा-आधारित प्रेजेंटेशन से हुई, जिसमें युवाओं में नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े मुख्य राष्ट्रीय और वैश्विक आँकड़े दिखाए गए। प्रेजेंटेशन में लत के कारणों, साथियों के दबाव (पीयर प्रेशर) के असर, नशीले पदार्थों के सेवन के लंबे समय तक रहने वाले शारीरिक और मानसिक नतीजों, और कम उम्र में सही फैसले लेने की अहमियत पर चर्चा की गई।
प्रेजेंटेशन के बाद, छात्रों को AI से बनी विज़ुअल कहानियाँ दिखाई गईं। इनमें साथियों के दबाव, लत और निजी फैसलों के असर से जुड़ी असल ज़िंदगी की स्थितियों को दिखाया गया था। टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से मुश्किल मुद्दों को समझना आसान हो गया और छात्रों को रोज़मर्रा की ज़िंदगी में अपने फैसलों के बारे में गहराई से सोचने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके बाद मशहूर मनोवैज्ञानिक डॉ. सुमिता भगत का एक ज्ञानवर्धक सेशन हुआ, जिन्हें 35 साल से ज़्यादा का प्रोफेशनल अनुभव है। उन्होंने डिप्रेशन, एंग्जायटी (चिंता), साथियों के दबाव, परीक्षा के तनाव, इमोशनल रेजिलिएंस (भावनात्मक मजबूती) और तनाव को मैनेज करने के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से बात की।
उनके सेशन में मदद लेने, भावनात्मक सेहत बनाए रखने और मुश्किल हालात से निपटने के स्वस्थ तरीके विकसित करने की अहमियत पर ज़ोर दिया गया। इस कार्यक्रम की एक खास बात सवाल-जवाब का इंटरैक्टिव सेशन था, जिसमें छात्रों ने खुलकर अपनी चिंताएँ बताईं, अनुभव साझा किए और तनाव, मानसिक सेहत, साथियों के असर और नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े मुद्दों पर सलाह ली।
छात्रों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम की अहमियत और सार्थक बातचीत में उनकी दिलचस्पी का पता चला। तथ्यों पर आधारित रिसर्च, AI-पावर्ड स्टोरीटेलिंग, मनोवैज्ञानिकों की सलाह और बातचीत को मिलाकर, इस कार्यक्रम ने छात्रों को नशीले पदार्थों के सेवन और मानसिक सेहत से जुड़ी चुनौतियों की पूरी समझ दी।
यह प्रोग्राम चल रहे नो नार्कोटिक्स स्कूल अवेयरनेस ड्राइव का हिस्सा है। इस पहल का मकसद एजुकेशनल संस्थानों में जाना और युवाओं को सबूतों पर आधारित अवेयरनेस प्रोग्राम, नए एजुकेशनल टूल्स और एक्सपर्ट्स के साथ बातचीत के ज़रिए सशक्त बनाना है, ताकि स्वस्थ, जागरूक और ड्रग-फ्री समाज को बढ़ावा दिया जा सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse