झारखंड

View All
Published / 2021-04-09 15:27:33
हजारीबाग : कोरोना-वोरोना से नहीं है डर, हमें पढ़ने दीजिये सर

हजारीबाग। देश में मौजूदा समय में कोरोना वायरस की दूसरी लहर चल रही है और ये लहर पहली वाली से ज्यादा खतरनाक बताई जा रही है। शुक्रवार को देश में कोरोना के एक लाख 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जो कि अबतक का सर्वाधिक आंकड़ा है। राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी शैक्षणिक संस्थान, स्कूल और कॉलेज बंद करने का फैसला किया है। इसी को लेकर छात्रों के बीच खासा गुस्सा देखा जा रहा है। शुक्रवार को कोचिंग हब माने जाने वाले कोर्रा,मटवारी में प्रशासन द्वारा कोचिंग बंद करा दिया गया। जिसके बाद कोचिंग संस्थान के सैकड़ो छात्र सड़क पर उतर गए और हंगामा करने लगे। कोरोना को लेकर जारी नई गाइडलाइंस के खिलाफ छात्र सड़कों पर उतर गये। हंगामा करते व नारा लगाते हुए छात्र कोर्रा चौक पहुंचे और सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना के बाद सदर एसडीपीओ महेश प्रजापति, बीडीओ अमिताभ भगत, सीसीआर डीएसपी अमिता लकड़ा घटनास्थल पर पहुंची और छात्रों को समझाने की कोशिश की। लेकिन छात्र नहीं माने। अंतत: पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा जिसके बाद छात्र दो गुटो में बट गये। कुछ छात्र कोर्रा चौक में रूके रहे और कुछ हजारीबाग के डिस्ट्रिक्ट मोड़ जाकर सड़क जाम कर दिया। खबर लिखे जाने तक छात्र सड़क जाम कर नारे लगा रहे थे। कई कोचिंग संस्थानों में सरकारी गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। एक ही कमरे में 50/50 छात्रों को ढूस-ढूस कर बैठाया जा रहा था। छात्र बिना मास्क के कोचिंग क्लासेस में आ रहे थे। इधर हजारीबाग में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढती जा रही है। प्रशासन को जब ये सूचना मिली कि कोचिंग संस्थानों में ऐसा हो रहा है तो प्रशासन ने मजबूरन ऐसे कोचिंग संस्थानों को बंद करने को कहा जिसके बाद ये सारा खेल हुआ। सुत्रों की माने तो इन छात्रों को कोचिंग संचालकों द्वारा भड़काने का काम किया गया है। आॅनलाइन क्लासेस लें कोचिंग संस्थान के संचालक : स्थानीय निवासी वहीं कोर्रा व मटवारी के स्थानीय निवासियों ने कहा कि सुबह व शाम में जुलूस के शक्ल में छात्रों की भीड़ हो जाती है। सरकारी गाइडलाइन के चलते रामनवमी जैसे पर्व में जुलूस नहीं निकाला जा रहा। संचालकों को छात्रों को समझाना चाहिए। जैसे स्कूल आॅनलाइन क्लासेस ले रहे हैं। क्या कोचिंग संस्थान के संचालक आॅनलाइन क्लासेस नहीं ले सकते। आजकल किस छात्र के पास मोबाइल की सुविधा नहीं है। छात्र मास्क उपयोग नहीं करते। हमलोग को भी डर लगता है कि कहीं इन लोगों के कारण हमलोग संक्रमण का शिकार ना हो जाय। सरकार ने जो भी निर्णय लिया है वो स्वागत योग्य है। अगर एक बार संक्रमण फैल गया तो क्या इसकी जिम्मेवारी कोचिंग संस्थान के संचालक लेंगे।

Published / 2021-04-09 11:02:09
चारा घोटाला : लालू यादव को नहीं मिली जमानत, अगली सुनवाई 16 को

रांची। चारा घोटोला मामले में सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू यादव को जमानत नहीं मिली। शुक्रवार, यानी 9 अप्रैल 2021 को लालू यादव की सजा की अवधि आधी पूरी हो रही थी। ऐसे में उनके वकील ने झारखंड हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी। जस्टिस अपरेश सिंह की अदालत में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान CBI के अधिवक्ता ने अदालत से काउंटर एफिडेविट दायर करने के लिए 3 दिन का वक्त मांगा। अदालत ने CBI को 3 दिन का समय देते हुए एफिडेविट दायर करने को कहा। मामले की अगली सुनवाई अब 16 अप्रैल को निर्धारित की गई है। लालू के वकील ने बताया कि 9 अप्रैल को चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में राजद सुप्रीमो की सजा की आधी अवधि पूरी हो रही है। इससे पहले भी 19 फरवरी 2021 को हाईकोर्ट ने लालू यादव को जमानत देने से इंकार कर दिया था। तब लालू की याचिका कोर्ट ने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उन्‍होंने कुल सजा की आधी अवधि पूरी नहीं की है। फिलहाल, गंभीर बीमारियों से ग्रसित लालू दिल्ली के एम्स में इलाजरत है।

Published / 2021-04-08 13:24:14
हर घर को मिलेगा शुद्ध पेयजल : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने रंका प्रखंड के तमगे कला में 11 करोड रुपए की लागत से बनने वाले ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस योजना से तमगे कला पंचायत के सात गांव का 1234 घर लाभान्वित होगा। मंत्री ने कहा कि गढ़वा के सभी गांव के प्रत्येक घर को शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराया जाएगा। इस दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य की जनता को घर घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। रंका के तमगे कला में 10 करोड़, 93 लाख, 94 हजार, 337 रुपए की लागत से इस जलापूर्ति योजना का निर्माण किया जाएगा। इस योजना से तमगेकला, जोगीखुरा, मुंगदह, केदाल, उल्का, पिंडरा तथा जोलंगा गांव के 1234 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। सरपदहा जोलंगा डैम से जलापूर्ति की जाएगी। इस योजना की डब्ल्यूटीपी की क्षमता 1.40 एमएलडी, जल मीनार की क्षमता 3.60 लाख लीटर तथा वितरण प्रणाली की लंबाई 42452 मीटर है। मंत्री ने कहा कि 31 जनवरी 2023 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने की तिथि निर्धारित है, परंतु इसका काम समय अवधि पहले ही पूर्ण हो, इस बात का ध्यान संवेदक रखेंगे। मंत्री ने कहा कि कार्य किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी हर हाल में कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो यह संवेदक सुनिश्चित करें तथा संवेदक को कार्य करने में कोई परेशानी ना हो यह हमारे कार्यकर्ता सुनिश्चित करेंगे। समय से पहले ही कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए ताकि जल्द से जल्द लोगों के घर शुद्ध पेयजल पहुंच सके। मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता प्रदीप सिंह, आशीष गुप्ता, कार्तिक पांडे, दीपक सोनी, इरफान अंसारी, मुमताज रंगसाज आदि लोग उपस्थित थे।

Published / 2021-04-08 13:16:59
डीपीएस बोकारो की प्रतिष्ठा ने लिखा अंग्रेजी उपन्यास

बोकारो। दिल्ली पब्लिक सकूल, बोकारो की 12वीं कक्षा की छात्रा प्रतिष्ठा मिश्रा ने पौराणिक कथाओं पर आधारित अंग्रेजी उपन्यास ‘धर्म ट्रांसपायर्ड’ लिखकर होनहार बिरवान के होत चिकने पात वाली कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। प्रतिष्ठा जब सातवीं में थी, तभी उसने रचनात्मक लेखन की शुरुआत कर दी थी। कोविड-19 के दौरान हुए लॉकडाउन का सदुपयोग करते हुए उसने अपनी लेखनी प्रतिभा को निखारने पर ध्यान केंद्रित किया और उसी का नतीजा है कि उसने यह उपन्यास लिखकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा को एक मुकाम देने में सफलता हासिल की है। प्रतिष्ठा मिश्रा की पुस्तक मार्च, 2021 के तीसरे सप्ताह में प्रकाशित हुई जो आॅनलाइन भी उपलब्ध है। यह उपन्यास भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है। यह पुस्तक पौराणिक शिक्षाओं में एक अंतर्दृष्टि देती है। पुस्तक में प्रस्तुत दृष्टांत भारतीय पौराणिक कथाओं के बारे में लेखिका की कल्पना को दर्शाता है। अपने विद्यालय के प्राचार्य को पुस्तक भेंट करते हुए प्रतिष्ठा ने कहा कि उसके लिए डीपीएस बोकारो हमेशा एक प्रेरक कारक रहा है और शिक्षकों ने उसे लिखने के लिए सदैव प्रोत्साहित किया है। अंग्रेजी विभाग में सभी शिक्षकों का मानना था कि वह एक किताब लिख सकती हैं, शिक्षकों की इसी प्रेरणा व प्रोत्साहन की बदौलत वह पुस्तक लेखन की ओर अग्रसर हुई और सफल रही। प्रतिष्ठा के लेखन कौशल की सराहना करते हुए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य एएस गंगवार ने उसे इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Published / 2021-04-07 16:21:35
जमशेदपुर : कोरोना को हराने के लिए आज से नाइट कर्फ्यू, जिम और स्वीमिंग पुल बंद

जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए झारखंड सरकार की कोविड गाइडलाइन के तहत गुरुवार 8 अप्रैल से लेकर 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। पूर्वी सिंहभूम के डीसी सूरज कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार रात 8 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक घरों से निकलना प्रतिबंधित रहेगा। आदेश के मुताबिक 8 अप्रैल से 30 अप्रैल तक सभी स्कूल, जिम व पार्क बंद रहेंगे। सिनेमा हल भी खुल गए हैं, लेकिन इस आदेश में सिनेमाहल या मल्टीप्लेक्स की चर्चा नहीं है, इसलिए यह बंद नहीं होगा। लोग मास्क, सैनिटाइजर व शारीरिक दूरी का ख्याल रखते हुए सिनेमा देख सकेंगे। किसी भी प्रकार की खेल गतिविधियां नहीं होंगी, यह शहर में हो रहा था। जमशेदपुर में आठ अप्रैल से मेला-प्रदर्शनी व जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है। इन तीनों का आयोजन शहर में जोर-शोर से चल रहा था। भजन संध्या के कार्यक्रम भी खूब हो रहे थे, इसलिए इस आदेश का असर पड़ सकता है। एक-दो स्थानों पर अभी इसके आयोजन होने थे, देखने वाली बात होगी कि यह बंद होता है कि नहीं। जहां तक मास्क व शारीरिक दूरी की बात है, तो यह जांच अभियान शहर के अंदर चौक-चौराहों पर निर्बाध तरीके से चल रहा है। शादी व अंतिम संस्कार के अलावा कोई भी बैंक्वेट हॉल नहीं खुलेगा। शादी में 200 और अंतिम संस्कार में 50 लोग ही जुट सकेंगे। रेस्टोरेंट में 50 फीसद लोग ही बैठ सकेंगे। धार्मिक व पूजा स्थल पर भी क्षमता से आधे लोग ही जुट सकेंगे।

Published / 2021-04-07 15:19:10
रामगढ़ : सार्वजनिक स्थलों पर 5 से अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध

रामगढ़। बढ़ते कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा 8 अप्रैल से 30 अप्रैल तक के लिए जारी किए गए दिशा निदेर्शों के आलोक में बुधवार को उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता की गयी। इस दौरान उपायुक्त संदीप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों को सरकार द्वारा जारी दिशा निदेर्शों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गयी। उपायुक्त ने बताया कि उक्त अवधि के दौरान सभी इनडोर व आउटडोर स्थानों पर सामूहिक कार्यक्रम (शादी विवाह व अंतिम संस्कार को छोड़कर) पर प्रतिबंध रहेगा। शादी, विवाह में शामिल होने वाले लोगों की संख्या की अधिकतम सीमा 200 व अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की संख्या अधिकतम 50 ही होगी। सभी प्रकार के जुलूस, धार्मिक व त्यौहार के जुलूस सहित को निकाले जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। किसी भी सार्वजनिक स्थल पर 5 से अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर भी प्रतिबंध है। सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, शिक्षण कार्य आॅनलाइन/ डिजिटल माध्यम से ही किया जाएगा। वर्ग 10वीं एवं 12वीं के वैसे छात्र-छात्राएं जो वर्ष 2021 के बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे उन्हें आॅफलाइन क्लास की अनुमति होगी। परंतु यह अनिवार्य नहीं होगा अभिभावक कि यदि सहमति हो तो कोरोना प्रोटोकॉल के सभी एतिहात के तहत आॅफलाइन क्लास की जा सकती है। सभी तरह के मेला प्रदर्शनी पर प्रतिबंध है। सभी जिमखाना, स्विमिंग पूल बंद रहेंगे। सभी खेलकूद कार्यक्रम पर रोक रहेगी, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण हेतु स्टेडियम में आने की अनुमति होगी। सभी पार्क बंद रहेंगे। सभी होटल/रेस्टोरेंट में बैठने की क्षमता के 50% लोगों के साथ संचालन की अनुमति होगी। किसी भी धार्मिक कार्य हेतु स्थल की क्षमता के 50% लोगों के साथ करने की अनुमति होगी परंतु कोविड-19 प्रोटोकॉल के एतिहात यथा फेस मास्क, सैनिटाइजेशन, 2 गज की सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। बैंक्वेट हॉल में शादी विवाह अंतिम संस्कार से संबंधित कार्यक्रम के अतिरिक्त कोई अन्य कार्यक्रम पर प्रतिबंध रहेगा। शादी/ विवाह/ अंतिम संस्कार से संबंधित कार्यक्रम को छोड़कर अन्य कार्यक्रमों के लिए बुकिंग किए जाने पर बैंकट हॉल को सील करते हुए संबंधित संचालक/ प्रबंधक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यापार स्थल/दुकान/रेस्टोरेंट्स/ क्लब रात्रि 8:00 बजे के बाद खोलने पर प्रतिबंध रहेगा। खाने के टेक होम या डिलीवरी पर रोक नहीं होगी। किसी भी सरकारी कार्यालय/निजी कार्यालय/व्यापार प्रतिष्ठान/ धार्मिक स्थल/ कार्यक्रम स्थल/ रेलवे स्टेशन/ एयरपोर्ट/ बस/टैक्सी/ आॅटो रिक्शा अन्य सार्वजनिक स्थल यथा दुकाने आदि पर बिना मास्क/ फेस कवर के प्रवेश करना आने-जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वैसी सभी गतिविधियां जिन्हें विशिष्ट रूप से प्रतिबंधित नहीं किया गया है, कंटेनमेंट जोन के बाहर उनके लिए अनुमति होगी। इसका उल्लंघन किसी व्यक्ति के द्वारा किया जाता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के प्रावधानों के अनुसार एवं आईपीसी की धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त जानकारी दी कि कोरोना से बचाव हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मास्क चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही जिन लोगों द्वारा मास्क अथवा फेस कवर का प्रयोग नहीं किया जा रहा है उनसे फाइन की वसूली की जा रही है। चेंबर आॅफ कॉमर्स तथा अन्य माध्यमों से सभी प्रतिष्ठानों, पेट्रोल पंप आदि को बिना मास्क के आने वाले किसी भी ग्राहक को कोई सेवा नहीं देने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि कोरोना से बचाव हेतु सभी दिशा निदेर्शों का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जिनके द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी लोग मास्क पहने एवं सामाजिक दूरी सहित अन्य नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा नो मास्क नो एंट्री अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विशेष रूप से उन क्षेत्रों में जिनमें ज्यादा संख्या में लोग एक जगह इकट्ठा हो रहे हैं को निर्देश दिया गया है कि बिना मास्क के किसी भी व्यक्ति को एंट्री ना दी जाए। प्रेस वार्ता में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम कुमार, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शशांक शेखर मिश्र, जिला जनसंपर्क कार्यालय रामगढ़ से नीतीश कुमार पासवान सहित अन्य उपस्थित थे।

Published / 2021-04-07 15:18:08
हजारीबाग : मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करेंगी जलसहिया

हजारीबाग। विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जलसहियाओं ने पेयजलापूर्ति (पीएचडी) आॅफिस का घेराव किया। इस दौरान विभागीय अभियंता पर कई तरह के आरोप मढ़े गए और जमकर नारेबाजी की गयी। जलसहियाओं ने विभागीय अभियंता से मिलने की कोशिश भी की। लेकिन वे बिना मिले पतली गली से निकल लिये। इस दौरान हजारीबाग जिले की सभी जलसहियाओं ने डीवीसी स्थित पीएचडी आॅफिस को घेराव किया। इस संबंध में जल सहिया संघ कीअध्यक्ष सपना शर्मा, सचिव सुषमा देवी, उर्मिला देवी, नविता पूनम एवं शुभम कुमारी ने बताया कि विभाग की ओर से मीटिंग में बुलाया जाता है, लेकिन पानी तक नहीं पूछा जाता है। दूरदराज से महिलाएं बैठक में आती हैं। फंड भी आता है तो विभाग के पदाधिकारी गटक जाते हैं। सहिया ने यह भी कहा कि शौचालय बनाने के वक्त प्रोत्साहन राशि 75 रुपए तय किया गया था। शौचालय पूरा होने के बावजूद आज तक राशि नहीं दी गई है। जलापूर्ति योजना के सर्वे के लिए पांच रुपए तय किया गया था, वह भी आज तक नहीं मिला एवं हजार रुपए जो मानदेय विभाग की ओर से दिया जा रहा है, उसमें भी बढ़ोतरी नहीं की जाती है। मांग और हक की बात जब की जाती है तो है तो अधिकारी मिले बिना ही भाग जाते हैं। ऐसा कब तक चलेगा। अगर ऐसा ही होता रहा तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। घेराव में सैकड़ो की संख्या में जलसहियाएं उपस्थित थी।

Published / 2021-04-07 15:17:15
14 पशुओं को मुक्त कराने के बाद बोली योगी सेना : किसी भी हाल में नहीं बचेंगे तस्कर

गढ़वा। गौ तस्करी के लिए ले जा रहे 14 मवेशियों को मझिआंव में योगी सेना ने तस्करों से मुक्त कराया। साथ ही मुक्त पशुओं को थाना में सौंप दिया। मौके पर योगी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विपुल दुबे ने बताया कि जिले में तेजी से गौतस्करी का मामला प्रकाश में आ रहा है। योगी सेना ने गुप्त सूचना के आधार पर मझिआंव विडंडा गांव होते हुए तस्करी के लिए ले जा रहे 14 पशुओं को योगी सेना के कार्यकर्ताओं ने कत्लखाने जाने से बचा लिया। वहीं तस्कर चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने सभी पशुआें को ग्रामीण पशुपालकों के बीच वितरण कर दिया। जिला प्रवक्ता ऋषि पांडेय ने कहा कि योगी सेना को पशु तस्करी बर्दाश्त से बाहर हैं और किसी भी पशु तस्करों को छोड़ा नहीं जाएगा। इसके लिए हम सब 24 घंटे तैयार हैं। किसी भी हाल में तस्करी नहीं होने देंगे। माफिया बड़ी संख्या में लगातार पशु तस्करी कर रहे हैं। इस पर जिला पुलिस प्रशासन कड़ी कार्रवाई करें ताकि गौ हत्या बंद हो सके और अपराधियों में भय व्याप्त हो। अंकित तिवारी ने बताया कुछ दिन लगातार तस्करों पर करवाई के बाद भी गौतस्करी हो रही है। इस से यह साबित हो रहा है कि तस्करों का मनोबल काफी बढ़ गया है। जिसे हम सब नहीं चलने देंगे। मौके पर सचिन चंद्रवंशी, मोहित पांडेय, रूपेश पासवान, हर्षित तिवारी, विमल सिंह, नितेश पांडेय, किंसु चंद्रवंशी, सुधीर उपाध्याय, छोटू पांडेय, रामजी चैहान, बलवंत चंद्रवंशी, रवि, विवेक, अभिषेक सहित कई अन्य उपस्थित थे।

Page 1550 of 1564

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse