रांची। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के ओबरिया रोड में खूंटी के व्यवसायी से सवा करोड़ रुपये लूट लिया है। घटना 6:30 बजे सुबह की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार में जा रहे व्यापारी से अपराधियों ने हथियार के बल पर 1 करोड़ 25 लाख रुपए की लूट कर ली। जानकारी के अनुसार खूंटी के बड़े व्यवसाई निकेश मिश्रा ओबरिया रोड रांची स्थित विजय साहू के मकान में किराए पर रहते थे। आज सुबह 6:30 बजे के लगभग अपनी कार में अपने 3 लोगों के साथ 1 करोड़ 25 लाख रुपैया लेकर किसी महाजन के यहां जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह अपने घर की गली से कार से निकले ओबरिया रोड में वहां इंडिका सवार पांच अपराधी 2 कार में बैठे रहे और तीन ने रिवाल्वर और पिस्टल की नोक पर कार को रुकवाया और सभी लोगों के कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। इधर पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुटी है। वहीं सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। बता दें जिस जगह घटना हुआ है महज 50 मीटर की दूरी पर टीओपी है।
जमशेदपुर। मानगो के अपराधी अमरनाथ गिरोह की कमर तोड़ते हुए जमशेदपुर पुलिस ने उसके 10 गुर्गों को 22 अग्नेयास्त्रों के साथ धर दबोचा है। बहुत दिन बाद पुलिस को इतनी ब ड़ी संख्या में हथियार मिले हैं और थोक भाव से अपराधियों को दबोचने का मौका भी मिला है। कोल्हान के डीआइजी के अनुसार अपराधियों ने मानगो में बड़े अपराध को अंजाम देने की योजना तैयार की थी। इनके टारगेट में अपराधी, ठेकेदार, सफेदपोश और जमीन कारोबारी शामिल थे। शहर में 2008 की तरह सीरियल क्राइम की तरह दहशत फैलाना था। शहर में सीरियल क्राइम के दौरान डाक्टर, इंजीनियर और कारोबारी की हत्या कर दी गई थी। अपराधियों की एकमुश्त गिरफ्तारी की डीआइजी ने टीम जमशेदपुर पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इस अभियान में शामिल पदाधिकारियों को सम्मानित किया। गिरफ्तार अपराधियों में रंजीत सरदार, प्रदीप सिंह, णाल गोस्वामी, रिंकू शीट, अमर ठाकुर उर्फ अमर बच्चा, साजन मिश्रा, अमरजीत पांडेय, आकाश महतो, बुद्घु सैनी और अन्य है। गिरोह ने मानगो के उलीडीह में पांच अप्रैल को स्क्रैप टाल संचालक मोती चंद्र गुप्ता पर फायरिंग की थी। सिद्गोड़ा में आॅटो चालक बबलू शर्मा की हत्या कर दी थी। सभी अपराधी मानगो के अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़े हुए है। मानगो गुरुद्वारा बस्ती निवासी छात्र नेता टुनटुन सिंह की हत्या, उलीडीह में बस एजेंट सुरेद्र सिंह की हत्या समेत कई मामलों के आरोपित राजा शर्मा और उसके साथी गिरोह की टारगेट में था। राजा शर्मा कुछ माह पहले ही अपील बेल पर वह रिहा हुआ है। मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र के सोनू टाल वाले की हत्या में उसे सजा हुई थी। मानगो और उलीडीह थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। राजा शर्मा को आर्थिक मदद करने वाले मानगो के एक ठेकेदार का नाम भी अपराधियों ने पुलिस को बताएं है। जमीन की खरीद-बिक्री करने वाले विजय मंडल भी गिरोह की टारगेट में था। मानगो के ओलीडीह के मंगल कलोनी में पांच अप्रैल को स्क्रैप टाल संचालक मोती चंद्र गुप्ता पर फायरिंग की थी। गोली संचालक की दाहिने पैर में लगी थी। आकाश और अभियांशु के खिलाफ ओलीडीह थाना में जान मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने और रंगदारी मांगने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तार 10 अपराधियों में आकाश भी शामिल है।
लातेहार। लातेहार एसपी प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लातेहार पुलिस ने चंदवा थाना क्षेत्र के बेलगड़ा जंगल से प्रतिबंधित उग्रवादी पीएलएफआई के सात उग्रवादियों को दबोचने में सफलता पायी है। लातेहार एसपी कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते पलामू डीआईजी राजकुमार डी लकड़ा व एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई संगठन के दर्जन भर उग्रवादी हरवे-हथियार के साथ चंदवा थाना क्षेत्र के बेलगड़ा जंगल में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में जमा हुए हैं। सूचना के आलोक में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा की अगुवाई में चंदवा थाना व सैट व झारखंड जगुवार एजी-37 के अधिकारियों एवं जवानो के द्वारा आपरेशन चलाया गया जिसमें घेराबंदी कर सात उग्रवादियों को पकड़ा गया। प्रेस वार्ता में आगे बताया कि गिरफ्तार सभी सातो उग्रवादी बालूमाथ थाना से भागने में सफल रहे पीएलएफआई के कमांडर कृष्णा यादव के के सहयोगी है। गिरफ्तार पीएलएफआई उग्रवादियों में रामजीत उरांव, संतोष उरांव मड़मा चंदवा, बिरसा उरांव बरगड़ा चान्हो, छोटन महली ओपा चान्हो, परमेश्वर उरांव बलसोकरा पाहन टोली चान्हो, बालक राम उर्फ दिलीप राम हेंजला कुडू व मंजन मुंडा बेलगड़ा चंदवा शामिल है। डीआइजी श्री लकड़ा ने बताया कि गिरफ्तार रामजीत, संतोष व छोटन महली के खिलाफ चंदवा व चान्हो थाना में कई मामले दर्ज है। अकेले संतोष उरांव के खिलाफ हीं 15 अपराधिक मामले दर्ज है। वहीं रामजीत के खिलाफ भी लगभग 8 मामले दर्ज है। वहीं छोटन के खिलाफ भी पांच मामले दर्ज है। इनके पास से 2 देशी रायफल, 8 जिंदा गोली, 11 मोबाईल व एक चितकबरा पाउच बरामद किया गया है।
ओरमांझी। शराब के अवैध कोरोबारी नये-नये जुगाड़ लगा झारखंड से बिहार शराब ले जाकर वहां मंहगी कीमत पर बेच रहे हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना पर विभिन्न ब्रांड के अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इसका पर्दाफांश हुआ है। शुक्रवार रात को पुलिस ने महुली बस की जांच में कई बैग मे भरे अंग्रेजी शराब के 280 बोतल पकड़े। वहीं बस में उक्त बैग रखने व बिहार ले जाने वाले सुलतानपुर फतुहा पटना बिहार निवासी नवल राय (25) व सोनारी थाना अरवल बिहार के अनीस कुमार (30) को गिरफर किया गया। ग्रामीण एसपी नौसाद आलम, सिल्ली डीएसपी ख्रीस्टोफर केरकेटा, थाना प्रभारी श्याम किषोर महतो ने बताया कि पकड़े गए शराब की बोतलों में लगाए झारखंड सरकार के नकली लेबल लगा बिहार ले जाया जा रहा था। इससे झारखंड सरकार को राजस्व की भी हानि हो रही है। वहीं एक्साईज इंस्पेक्टर संजीत देव कहा कि लेबल के साथ कही शराब भी नकली तो नही इसकी जांच के लिए शराब के सैंपल नासिक इंदौर की लैब भेजा जाएगा। इससे पूर्व भी गुप्त सूचना पर ही एक कार में छुपा कर बिहार ले जाते शराब की खेफ ओरमांझी पुलिस द्वारा पकड़ी गई थी। इस बार भी गुप्त सूचना पर ही डीएसपी ख्रीस्टोफर केरकेट्टा के ने तृत्व में ओरमांझी थाना प्रभारी श्याम किषोर महतो व पुलिस कर्मियों द्वारा शराब की खेफ पकड़ी गई। पुछे जाने पर ग्रामीण एसएसपी नौसाद आलम ने कहा सिर्फ गुप्त सूचना पर नही औचक जांच कर भी शराब पकड़ी गई है। आज ही चेकिंग लगा जांच करते अनगड़ा थाना प्रभारी को ब्रजेष कुमार को पुरस्कृत किया गया है। बिहार में महंगे कीमत पर बेची जानी थी- पकड़े गए शराब में बलैंडर प्राईड के 750 व 375 एमएल के 133 बोतल, किंगफिसर केन बियर 48 पीस, रायल स्टेज की 42 पीस, ब्लू रॉक 29 बोतल व रॉयल चैलेंज की 28 बोतल है। जिसे बिहार में महंगे कीमत पांच लाख तक में बेची जा सकती है। शराब के खेफ व आरोपितों को पकडने में सिल्ली डीएसपी, ओरमांझी थाना प्रभारी के साथ पुअनि नरेष मंडल, बुद्धेष्वर उरांव, आरक्षी जीतेंद्र कुमार, अनुराग कुमार श्रीवास्तव, अमित कुमार, हरेंद्र प्रसाद, सनोज कुमार दास व चालक हेमंम कुमार यादव शामिल थे।
सिल्ली। एसएस प्लस टू विद्यालय सिल्ली में नये भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को स्थानीय विधायक सुदेश कुमार महतो ने किया। अतिरिक्त 10 कमरे के भवन निर्माण कार्य समग्र शिक्षा विभाग से कुल 60 लाख रुपये से किया जाएगा। इस मौके पर विधायक ने कहा कि प्रखंड के इस बुनियादी विद्यालय में सुविधाओं की अभाव नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इस विद्यालय के स्थापना पढ़ाई के क्षेत्र में स्थानीय लोगों के सपनों को साकार के लिए हुई थी। हम उनकी अनदेखी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सुविधा भी छात्र-छात्राओें की संख्या के हिसाब से होनी चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि विद्यालय की जमीनों पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है जिसका जांच कर अतिक्रमण से रोका जाएगा और क्षेत्र की पहचान इस विद्यालय का अस्तित्व को मिटने नहीं दिया जाएगा। प्रधानाध्यापक आदित्य नाथ झा ने कहा कि विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ने से विद्यालय के संसाधन कम पड़ रहे हैं। कमरे के अभाव में छात्र-छात्राओं की नामांकन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है अब यह भवन विद्यालय के लिए कारगर होगा। वहीं उन्होंने भवन निर्माण में विधायक के प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। कार्यक्रम से पूर्व विधायक एवं अन्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने पुष्प गुच्छ एवं छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर किया। मौके पर गूंज परिवार के अध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चितरंजन महतो, पंचायत समिति सदस्य मोती मुंडा, शिक्षक पवन कुमार पांडे, ओम प्रकाश, भारती महतो, मोना कुमारी, पूजा प्रिया, उषा कुमारी, सरिता कुमारी, आनंद प्रसाद, रामानुज प्रसाद, अनुज, रामानंद प्रसाद सिंह, आनंद प्रसाद, रविंद्र कुमार महतो, कृष्णा उरांव समेत अभिभावक व छात्र गण उपस्थित थे।
गुमला। लेवी के एक लाख 90 हजार रुपये के साथ पुलिस ने तीन लोगों को धर दबोचा। तीनों लेवी की राशि माओवादी कमांडर बुद्धेश्वर के पास पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने चैनपुर ब्लॉक मोड़ के पास बाइक सवार दो लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक लाख 85 हजार रुपये बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सुरेश व रवि सिंह बताया। बताया कि गाई डैम के पास नहर मरम्मत करवा रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से माओवादी कमांडर बुधेश्वर ने दो लाख रुपये लेवी मांगी थी। कंपनी के मुंशी ने एक लाख 90 हजार रुपये दिया। फिल्मोंन कुजूर ने राशि बुद्धेश्वर के पास पहुंचाने के लिए दिया था। दोनों की निशानदेही पर फिल्मोन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उसके पास रखे 5 हजार रुपये भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार नक्सलियों में रायडीह थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के सुरेश साहू, जारी थाना क्षेत्र के पुलुंग गांव निवासी रवि सिंह व डुमरी थाना क्षेत्र के फिल्मोंन कुजूर शामिल है। एसपी को सूचना मिली थी कि नव गाई डैम के पास नहर मरम्मत का कार्य करवा रहे एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से माओवादी कमांडर बुधेश्वर द्वारा दो लाख रुपए लेवी की मांग की गई है। लेवी की राशि 9 अप्रैल को किया जाना है। सूचना के आधार पर चैनपुर सर्किल के SDPO के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने प्लानिंग के तहत जैसे ही ये लोग लेवी की राशि लेकर निकले चैनपुर ब्लॉक मोड़ के पास एक चेकनाका लगाकर दोनों को धर दबोचा।
एबीएन डेस्क रांची। झारखण्ड की राजधानी रांची में कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। राजधानी में हर दिन कोराना संक्रमण के लगभग 800 नये मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को स्थिति यह है कि सीरियस मरीजों को भी हॉस्पिटल में बेड नहीं मिल रहा है। वहीं प्राइवेट हॉस्पिटल्स ने तो हाथ खड़े कर दिये हैं। चूंकि वहां पर कोविड के अलावा अन्य मरीजों का भी इलाज किया जा रहा है। सरकारी हॉस्पिटल्स की भी स्थिति खराब है. कुछ सेंटरों में तो मैनपावर की कमी के कारण मरीज भाग जा रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सदर हॉस्पिटल में सामने आया। जहां स्टाफ नहीं होने के कारण कोरोना का मरीज परेशान हो गया और हॉस्पिटल से भाग खड़ा हुआ। सिटी के सभी बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल्स ने पिछले साल कोरोना के कहर को देखते हुए होटलों के साथ टाईअप किया था। लॉकडाउन में होटल पूरी तरह से बंद थे। तब होटलों को ही कोविड सेंटर में तब्दील कर दिया गया था। लेकिन इस बार हॉस्पिटल प्रबंधन ने होटल संचालकों से संपर्क किया। पर इस बार सभी होटल खुले हैं और वहां पर कस्टमर आ रहे हैं। जिससे होटल संचालकों ने साफ मना कर दिया है। उनका कहना है कि अगर होटल खाली होता तो हॉस्पिटल के साथ जुड़ जाते। केस 1 : अपर बाजार के महावीर चौक का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे तत्काल सदर हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। इलाज के दौरान उसने जब ड्यूटी स्टाफ से पानी मांगा, तो उसे खुद से ग्राउंड फ्लोर से लाने को कह दिया गया। इसके बाद मरीज ने स्थिति को भांपा और वहां से भाग कर अपने घर आ गया। फिलहाल वह घर पर ही इलाज करा रहा है। केस 2 : अरगोड़ा के ट्विन टावर की एक महिला कोविड पॉजिटिव पायी गयी। पिछले दो दिनों से वह बेड के लिए परेशान है, लेकिन किसी हॉस्पिटल में उन्हें बेड नहीं मिल पा रहा है। प्राइवेट के अलावा गवर्नमेंट में भी जब बेड नहीं मिला तो अब वह सेल्फ आइसोलेशन में रह कर इलाज करा रही हैं। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। क्या कहते हैं हॉस्पिटल के अधिकारी : भगवान महावीर मेडिका हॉस्पिटल के मेडिकल एडवाइजर आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि होटल के साथ टाईअप के लिए अप्रोच किया था लेकिन उन्होंने मना कर दिया। अब हमारे बेड पैक्ड हैं और नया पेशेंट नहीं ले सकते। पिछली बार हमने होटलों में भी मरीजों का इलाज किया था। आर्किड हॉस्पिटल के पीआरओ हृदय कुमार ने बताया कि हमारे हॉस्पिटल में कोविड पेशेंट के लिए बेड फुल हो चुके हैं। होटलों से बात हो रही है, लेकिन जब खाली होंगे तभी वे देने को तैयार हैं। अभी तो नये मरीज को एडमिट नहीं ले सकते। जब होटल खाली होंगे तो टाईअप कर मरीजों का वहां पर इलाज करेंगे।
एबीएन डेस्क, रांची। राज्य सरकार के आदेशानुसार 8 से 30 अप्रैल 2021 तक रात 8 बजे के बाद दुकानों/ प्रतिष्ठानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। दिन भर बाजार बंद करने संबंधी कोई भी आदेश/ निर्देश जारी नहीं किया गया है।सभी जिम और पार्क 8 से 30 अप्रैल 2021 तक पूर्णतः बन्द रहेंगे। परन्तु बाजार रात्रि 8 बजे तक खुले रह सकते हैं। रात्रि 8 बजे के बाद ही दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। रांची वासियों से यह अपील है कि ऐसे किसी भी पूर्णतः बाजार बंदी की भ्रामक खबर पर ध्यान न दें। शनिवार या रविवार के दिन भी बाजार यथावत 8 बजे रात्रि तक खुले रहेंगे। राज्य सरकार के द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse