लोहरदगा। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह लोहरदगा के पूर्व विधायक कमल किशोर भगत ने ग्रामिणों से मिली शिकायत के बाद 11 करोड़ सात लाख की लागत से बनने वाली फुलझर डैम नहर निर्माण का आजसू कार्यकर्ताओं के साथ कार्यस्थल पर जाकर निरीक्षण किया। पूर्व विधायक ने कहा कि कार्य की गुणवत्ता बिल्कुल घटिया स्तर की है। केके भगत ने कहा कि जब मैं लोहरदगा विधायक था तब बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों की आग्रह पर मैंने तत्कालीन विभागीय मंत्री चन्द्रप्रकाश चौधरी से मिलकर इस महत्वपूर्ण योजना की स्वीकृति दिलाई थी। इस महत्वपूर्ण योजना का ठेका मेसर्स बिजय कुमार सिंह छत्तीसगढ़ को दे दिया गया। लगातार ग्रामीणों से मिल रही शिकायतों के बाद जब अपने आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ योजना स्थल पहुंच कर निर्माण कार्य को देखा तो दंग रह गये। नहर के दोनों तरफ की दीवार फटी हुई है और ऊपर से मरम्मत कर लीपापोती किया गया है। सबसे निम्न स्तर का सीमेंट और मरा पत्थर का गिट्टी प्रयोग में लाया जा रहा है। पुछने पर वहा काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि सिमेंट एवं गिट्टी की मात्रा भी सही नहीं है। बालू की मात्रा अधिक है और पानी भी ठीक से नही पटाया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इस योजना में सिर्फ पुरूष मजदूरों से काम कराया जा रहा है, महिला मजदूरों की उपेक्षा की जा रही है। और सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 11 घंटे काम कराकर मात्र 300 रू दिया जाता है। कमल किशोर भगत ने ग्रामीणों से कहा कि इतना घटिया काम और ठेकेदार की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री और अभियंता प्रमुख से बात कर योजना की जांच कराई जाएगी। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ अगर सरकार कार्रवाई नही करेगी तो आजसू पार्टी सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होगी। केके भगत के साथ आजसू के लोहरदगा जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी रामचंद्र गिरि, अरविंद यादव, किस्को प्रभारी संजु सिंह के साथ काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
गढ़वा। गढ़वा जिला कुश्ती संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष जाने-माने पहलवान प्रेमचंद गौड़ का बुधवार को निधन हो गया। वे अपने पीछे अपना भरा पूरा परिवार छोड़ गये। वे गढ़वा जिला सेपक टकरा खेल संघ के सचिव प्रीतम गौड़ के पिता थे। खेल प्रेमियों ने प्रेमचंद गौड़ के निधन को गढ़वा जिला के कुश्ती खेल के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। वे पिछले कई हफ्तों से बीमार थे। गढ़वा स्थित आलम नर्सिंग होम में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके निधन पर कई खेल प्रेमियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। संवेदना व्यक्त करनेवालों में गढ़वा जिला ओलंपिक संघ सह कुश्ती संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, गढ़वा जिला ओलंपिक संघ की संरक्षक अनिता दत्त, राकेश पाल, विजय कुमार केषरी, मदन प्रसाद केशरी, महासचिव आलोक मिश्रा, प्रो डॉ उमेश सहाय, ओमप्रकाश तिवारी, उदय नारायण तिवारी, अरविंद कुमार, जगन्नाथ राम, जुल्फिकार अली, सत्येंद्र यादव, धर्मेंद्र कुमार पाल, रामप्रवेश तिवारी, चंद्र बहादुर सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता किशोर कुणाल, विनोद जायसवाल, राम आशीष तिवारी, अजय गुप्ता, विकास स्वदेशी, आनंद प्रकाश दुबे, उपासना विश्वकर्मा, अमित यादव, पुनीत जायसवाल, उत्तम पांडेय, रमाशंकर सिंह, ललन पहलवान, मनीष केशरी शामिल हैं।
कोडरमा। जिले में कोरोना विस्फोट लगातार जारी है बीते सोमवार को जहां कोरोना के 125 नए मरीजों की पहचान हुई तो मंगलवार को 90 पॉजिटिव मरीज मिले, इससे जिले में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 647 हो गए। मंगलवार को सदर सदर अस्पताल, रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हुए कोरोना जांच में 90 नए मरीजों की पहचान हुई, इसमे ट्रूनेट मशीन से हुए कोरोना जांच में 72 जबकी रैपिड एंटीजेन टेस्ट किट से हुए जांच में 18 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं सीएस डॉ़ एबी प्रसाद ने बताया कि यह आंकड़ा काफी डरावना है, यदि अब भी हम नही संभलें हो स्थिति और भी अधिक विस्फोटक हो सकती है। सिविल सर्जन ने लोगों से जब तक जरूरत नही हो घरों से बाहर नही निकलने, जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करने, दो गज की दूरी सहित अन्य नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। सीएस ने बताया कि जिले में फिलहाल एक्टिव केसों की संख्या 647 है, पॉजिटिव मरीजों में 90 लोग कोविड केयर सेंटर डोमचांच जबकि शेष मरीज होम आइसोलेशन में इलाजरत है। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी कोडरमा डॉ़ रंजीत कुमार ने बताया की कोडरमा रेलवे स्टेशन में 220 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 8 पॉजिटिव पाए गए, सभी पॉजिटिव मरीजों को डीसीएचसी महिला कॉलेज डोमचांच में शिफ्ट किया गया।
हजारीबाग। एक दुखद दुर्घटना में शनिवार को युवा नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट राहुल कुमार और उनकी 27 वर्षीय महिला मित्र मौमिनी गांगुली की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गयी थी। राहुल हजारीबाग के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग गोवा में थी। उनकी नौकरी पांच साल पहले ही हुई थी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वे रात्रि के 12.30 अपने 4 अन्य दोस्तो के साथ टहलने के लिए निकले थे। वे वहां स्थित पूल से गुजर रहे थे कि मतस्यगंधा एक्सपे्रस जो मारगांव जा रही थी उसकी चपेट में आ गये। रेल राहुल को घसीटता हुआ कुछ दूर तक ले गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी। वहीं कोलकाता निवासी मौमिनी इस दुर्घटना में पुल के पास के मांडोवी नदी में गिर गयी। घटनास्थल पर मौजूद इनके अन्य दोस्तो ने तुरंत इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। जिसके बाद राहुल का शव तो ट्रैक पर मिल गया लेकिन मौमिनी का शव ढूंढा नहीं जा सका। काफी खोजबीन के बाद गोताखोरों की मदद ली गयी। रविवार को नौसेना के गोताखोरो ने उनके शव को नदी से ढूंढ निकाला। मंगलवार को राहुल कुमार का शव सेना के माध्यम से उनके पैतृक आवास हजारीबाग लाया गया। जहां अधिकारियों ने उन्हें गार्ड आॅफ आनर देकर सम्मानित किया। राहुल के पिता ने नरेंद्र चौरसिया ने कहा कि उनका बेटा रात को अन्य सहपाठियों के साथ निकला था। एक महिला मित्र को बचाने की क्रम में वो ट्रेन के चपेट में आ गया। मेरा बेटा किसी की सहायता करने के दौरान अपनी जान गवां बैठा। ऐसे बेटे पर मुझे नाज है। राहुल घर में छोटे थे। उनके एक भाई और एक बहन हैं। इधर इस मामले में नौसेना के अधिकारी गोवा पुलिस के साथ अन्य जानकारी हासिल कर रहे हैं।
कुजू । कुजू कोलियरी के न्यू कॉलोनी में आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी शामिल हुए। इस दौरान यज्ञाचार्य मनोज पांडेय के नेतृत्व में धीरज पांडेय, मुन्ना पांडेय, लखन पांडेय,अजीत तिवारी,शुभम पांडेय,घनश्याम पांडेय, धनंजय पांडेय, मनीष पांडेय, बंटी पांडेय, संदीप पांडेय द्वारा यजमान हेमंत सिंह, अर्जुन सिंह,अवधेश कुमार, कामेश्वर प्रसाद, जीवन कुमार, फूलेश्वर कुमार, संजय गोसाईं सपत्नीक को विधिवत पूजार्चना कराई। बाद में कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें एक हजार एक महिलाएं अपने अपने सिर पर कलश लेकर यज्ञ स्थल से गाजे-बाजे के साथ तीन नंबर चरण पहाड़ी पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोचारण के बीच कलशों में पवित्र जल भरा गया। यात्रा जय माता दी के जयघोष के साथ पुन: न्यू कॉलोनी यज्ञ स्थल पहुंच कर सभी कलशों को स्थापित किया गया। मौके पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि यज्ञ के आयोजन से वातावरण शुद्ध होता है।वहीं आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने क्षेत्र के सुख समृद्धि की कामना की। कलश यात्रा में मुख्य रूप से मुखिया अशोक कुमार, तेजनाथ महतो, संटू चौधरी,अरविंद कुमार, गुड्डू सिंह, निते गुप्ता, कुमार, मोनू कुमार, संतोष कुमार, पप्पू कुमार,पिंटू केशरी, राजेश महतो, राजेश मंडल, राकेश कुमार, झनकू, सुबोध कुमार,बादल कुमार, रंजन कुमार सहित काफी संख्या में महिला पुरुष व बच्चे बच्चियां शामिल थे।
दुमका। ज्वेलरी दुकान से चोरी की घटना को अंजाम देने वाला तीन चोर को हंसडीहा पुलिस चोरी के समान सहित गिरफ्तार करने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी विक्रम कुमार वर्मा, लड्डू साह एवं पंकज कुमार है। तीनो हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट के नोनी गांव निवासी है। इसकी जानकारी प्रेसवार्ता कर एसडीपीओ, जरमुंडी उमेश कुमार सिंह ने थाना परिसर में मंगलवार को दिया। एसडीपीओ ने बताया कि बीते 10 अप्रैल को ओम गणपति ज्वेलर्स, नोनीहाट में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मामले में दुकानदार सुधीर कुमार घिडिया के लिखित शिकायत पर पुलिस कांड संख्या 37/21 के तहत 461, 370/34 के भादवी की धारा के तहत मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई थी। पुलिस इंस्पेक्टर संजय सुमन के नेतृत्व में टीम गठित कर चोरी में प्रयुक्त दो बाइक सहित चोरी के समान बरामद करते हुए गिरफ्तारी करने में सफल रही। पुलिस गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी हुई पांच जोड़ी चांदी के पायल, 9 पीस चांदी के चैन, पोला चांदी का 12 पीस, मठिया चांदी का 10 पीस, चांदी का पैर का बिछिया 30 पीस, चांदी का अंगूठी 9 पीस, हाथ का पट्टा चांदी का तीन पीस, चांदी का लॉकेट 10 पीस, चांदी का सिल्ली 290 ग्राम का एक पीस सहित चोरी में प्रयुक्त दो बाइक, हथौड़ा समेत अन्य सामग्री बरामद की है। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी आकृष्ट अमन सहित अन्य पुलिस बल का सराहनीय प्रयास रहा।
ओरमांझी। प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिन में कोविड-19 की 267 जांच में 57 पॉजिटिव निकला है। इससे पूर्व रविवार व सोमवार को हुए 150 जांच में प्रखंड क्षेत्र के 32 लोग की जांच रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। सीएचसी डुंडे ओरमांझी में मंगलवार को 117 लोगों की को जांच हुई। जिसमें जिन 25 लोगों की जांच रिर्पोट 25 आए, उनमें चार प्रखंड मुख्याल कर्मी का भी रिर्पोट पॉजिटिव आया है। इससे पूर्व ओरमांझी के प्रखंड विकास पदाधिकरी (बीडीओ) कुमार अभिनव स्वरूप सहित कस्तुरबा गांधी अवासीय विद्यालय के 18 छात्राओं की भी जांच रिर्पोट पॉजिटिव आ चुकी है। जिस गति से प्रखंड क्षेत्र से कोविड-19 की जांच रिर्पोट पॉजिटिव निकल रहे हैं। क्षेत्र के लोगों को अतिसिक्त सावधानी बरतने के साथ सरकार की गाइडलाइन फेस मास्क व सेनिटाईजार का इस्तमाल व सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की जरूरत है। सीओ बिजय केरकेट्टा ने कहा कल से दो दिन मुख्यालय बंद है। इस दौरान मुख्यालय का सिनेटाईजेशन करा दिया जाएगा। उन्होने कहा अगर मुख्याल बंद नही रहता तो भी दो दिन सिनेटाईजर कराने के लिए मुख्याल बंद करना पड़ता।
मेदिनीनगर। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में पिछले 12 घंटे में बाल गृह और रिमांड होम में रखे गए चार बच्चे मिसिंग पाए गए। जानकारी के मुताबिक जेलहाता स्थित बाल गृह (संप्रेक्षण गृह) से मंगलवार की अहले सुबह तीन बजे दो बच्चे बाल गृह की छत से कूदकर फरार हो गए। जिनका वीडियो सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है । इनकी उम्र 13 से 14 वर्ष के आस पास की है। छानबीन में दौरान पता चला है कि एक बच्चा गढ़वा से लाया गया था, जबकि एक बच्चा को मोबाइल चोरी के आरोपी में गत 7 अप्रैल को टीओपी-2 एरिया में पकड़ा गया था। वह साहेबगंज का रहने वाला है। बताया जाता है कि बाल गृह में फिलहाल 17 बच्चों को रखा गया है। अभी इन मिसिंग बच्चों की खोजबीन में प्रशासन लगी ही हुई थी कि शाम तीन बजे के आसपास रिमांड होम से भी दो बच्चों के भाग जाने की सूचना है। इनमें से एक बच्चा तरहसी और दूसरा चैनपुर का रहने वाला है। दोनों की उम्र महज 18 साल और 16 साल है। इन दोनों को दुष्कर्म के आरोप में रिमांड होम में रखा गया था। हर स्तर पर हो रही है बच्चों को ढूंढने की कोशिश : डीएसडब्लूओ पलामू के समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चैहान ने बताया कि बाल गृह के दो बच्चे और रिमांड होम से दो बच्चे मिसिंग हैं। बच्चों का पता लगाने के लिए छानबीन शुरू कर दी गयी है। हर स्तर पर बच्चों को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को ढूंढने के लिए पुलिस को भी सूचना दी गयी है। साथ ही आॅटो चालकों और बस पड़ाव और स्टेशन पर बच्चों की हुलिया और उम्र बताकर अलर्ट किया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि किसी तरह भागे बच्चों को ढूंढ़कर वापस बालगृह में रखा जाए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse