झारखंड

View All
Published / 2021-05-25 12:22:42
चतरा, पलामू और गढ़वा जिले में जल्द आक्सीजन प्लांट लगाने की दें स्वीकृति : सुनील सिंह

मेदिनीनगर। चतरा सांसद सुनील सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्द्धन को पत्र भेजकर चतरा, पलामू व गढ़वा जिले में प्राथमिकता के आधार आक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति देने का आग्रह किया है। सांसद ने कहा कि चतरा लोकसभा क्षेत्र में लातेहार व पलामू जिला का एक विधानसभा क्षेत्र पांकी आता है। स्वास्थ्य व यातायात सेवाओं की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र है। उक्त तीनों जिले को आकांक्षी जिले में भी शामिल किया गया है। स्वास्थ्य और यातायात दोनों सुविधाओं के अभाव के कारण जिले में कोविड 19 से निपटने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य रूप से तीनों जिले के अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति की समस्या है। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश में प्रथम चरण में 52 और दूसरे चरण में 200 पीएसए आॅक्सीजन प्लांट स्थापित किये जा रहे हैं, परंतु इन दोनों सूची में चतरा लोकसभा के चतरा, लातेहार व पलामू जिले में से एक भी शामिल नहीं किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा पलामू व चतरा के प्रस्ताव डीआरडीओ को भेजा गया था और एनएचएआइ को जमीन का भी निरीक्षण करवाया जा चुका है। सांसद श्री सिंह ने पलामू, लातेहार व चतरा जिले में पीएसए आक्सीजन प्लांट स्थापित कराने की मांग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की है। ताकि कोविड के संकट के समय में इन पिछड़े जिलों में नागरिकों को आॅक्सीजन की कमी के कारण जान बचायी जा सके।

Published / 2021-05-21 15:45:26
पलामू : सदर एसडीओ ने छह दुकानों को किया सील,1700 रुपये जुर्माना वसूली

पाटन पलामू। सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह शुक्रवार को पाटन के किशनपुर बाजार पहुंचे। उन्होंने बाजार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि सरकार द्वारा प्रतिबंधित करने के बावजूद कई दुकानों को खोला गया है। ऐसे कुल छह दुकानों को एसडीओ ने सील कर दिया। वहीं कोरोना के गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर विभिन्न दुकानदारों से बतौर जुमार्ने के रूप में 1700 रुपये की वसूली भी की गयी। इस दौरान एसडीओ व टीओपी 3 के प्रभारी बिनोद राम ने सड़क पर ई पास की भी जांच की। एसडीओ ने सभी दुकानदारों को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया। साथ ही संक्रमण के इस दौर में व्यवसायियों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए प्रतिबंधित दुकानें नहीं खोलने,संक्रमण से खुद को बचाने एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने बिना ई-पास एवं अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

Published / 2021-05-21 15:40:13
गढ़वा : धक्का लगने से पुलिस जवान व बाइक चालक की मौत, दो गंभीर

गढ़वा। गढ़वा-शाहपुर मुख्य मार्ग पर भीखही मोड़ के समीप ई पास व ट्रिपल लोडिंग वाहन की जांच कर रहे एक पुलिस की जवान को मोटरसाइकिल सवार ने जोरदार धक्का मार दिया। पुलिस जवान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मोटरसाइकिल सवार एक युवक की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। साथ ही मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में मृतक जवान पलामू जिला के छतरपुर के रसीदा गांव निवासी (मूल निवासी भोजपुर बिहार) प्रमोद राय 40 वर्ष बताया गया है। जबकि मोटरसाइकिल सवार मृतक पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी सुभाष कुमार 26 वर्ष है। घायलों में पथरा गांव निवासी क्रांति कुमार 22 वर्ष व छोटू कुमार 20 वर्ष का नाम शामिल है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार डंडा पुलिस भीखही मोड़ पर ई पास व ट्रिपल लोडिंग वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पथरा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल सवार को आरक्षी प्रमोद राय ने रोकने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल तेज रफ्तार के कारण प्रमोद राय को धक्का मारते हुए कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे जवान प्रमोद राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान सुभाष कुमार की मौत हो गई। घायल दो अन्य मोटरसाइकिल सवारों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी श्रीकांत एस खोटरे, एसडीपीओ अवध कुमार यादव, गढ़वा थाना प्रभारी संजय कुमार ने अस्पताल पहुंचकर दुख प्रकट किया। एसपी ने बताया कि पुलिस भिखही मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच जवान को एक मोटरसाइकिल सवार ने धक्का मार दिया। जिससे जवान की मौत हो गई। यह बहुत ही दुखद घटना है। एसपी ने लोगों से अपील किया है कि पुलिस आपकी सेवा में है। मदद करें । ताकि इस तरह की घटना दोबारा ना हो। मृत आरक्षी के शव का पोस्टमार्टम कराकर घर भेज दिया गया है। पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार कुशवाहा ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि पुलिस कप्तान द्वारा अगर पहले से तैयारी कर बैरिकेटिंग व ब्रीफिंग जवानों के साथ किया जाता तो शायद इस तरह की घटना नहीं घटती। उन्होंने कहा घटना की सूचना महासंघ को दे दी गई है।

Published / 2021-05-20 14:25:51
उच्च व रसूखदार डॉक्टरों को किसी से डर नहीं : मनीष जायसवाल

हजारीबाग। सदर विधायक मनीष जायसवाल ने गुरुवार को वर्चुअल प्रेस-कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने हजारीबाग में सिलिंडर चोरी के मुद्दे व कोरोना काल में खुद के सेवा कार्यों के बारे में बताया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आॅक्सीजन सिलिंडर और रेगुलेटर चोरी के मामले पर विधायक ने कहा कि या मामला पुलिस अनुसंधान के क्रम में है। हाईकोर्ट ने भी इस पर स्वत: संज्ञान लिया है। अस्पताल प्रबंधन का एफआईआर प्रीमेच्योर था। अस्पताल प्रबंधन को पहले अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए था फिर एफआईआर। पुलिस इस गंभीर और संवेदनशील मामले पर निष्पक्ष जांच कर और इसमें शामिल असंवेदनशील लोगों को समाज के समक्ष लाकर पूरे मामले को उजागर करे एवं उन्हें कठोर दंड दे। शिकायत के बावजूद नहीं लिया कोई एक्शन : उन्होंने एचएमसीएच में पदस्थापित डॉक्टरों के इस आपदा काल में कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा किया। कहा कि एचएमसीएच में करीब 100 डॉक्टर हैं। यहां 200 से अधिक मरीज एक बार में इलाज नहीं कराते होंगे। ऐसे में प्रति 2 मरीज एक डॉक्टर पदस्थापित होने के बावजूद भी यहां कोरोना पीड़ित मरीजों को दो-तीन दिन बाद किसी डॉक्टर ने जाकर देखा। यहां पदस्थापित अनेकों स्पेशलाइजेशन चिकित्सक हैं जिन्होंने एमबीबीएस किया है। वे चाहते तो एक बेसिक डॉक्टर की सेवा देते हुए यहां मची अफरा-तफरी को समाप्त कर सकते थे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मैंने इस संबंध में हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से जब शिकायत किया तो उन्होंने स्पष्ट कहा की हम इन्हें कुछ नहीं कर सकते। सदर विधायक ने कहा कि दरअसल यहां पोस्टेड डाक्टर्स उच्च व रसूखदार हैं। उन्हें एचएमसीएच में आकर सेवा नहीं करने का भय नहीं रहता है। वे अपने मन के मालिक हैं। उनकी लॉबिंग काफी मजबूत है। वे राजधानी या अन्य जगहों पर रहते हैं। श्मसान घाट से होगा सीधा प्रसारण : श्री जायसवाल ने बताया कि जिले के दो बड़े श्मशान घाट खीरगांव अवस्थित मुक्तिधाम और कोनार पुल श्मशान घाट से सीधा प्रसारण की पूरी तैयारी कर ली गई है। दोनों जगहों पर 4- 4 कैमरा इंस्टॉल किया गया है। कहा कि इससे लोग अपनों के शव को अंतिम नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत ढाई लाख मास्क का वितरण विभिन्न माध्यमों से किया जा रहा है। 1850 कोविड मेडिसिन किट स्थानीय चिकित्सकों की राय - सुमारी के बाद जरूरतमंदों के बीच बांटा जा रहा है। 76 आॅक्सीजन सिलेण्डर और सैकडों आॅक्सीजन फ्लो मीटर के माध्यम से अब तक करीब 212 लोगों को लाभान्वित किया गया है। एक आॅक्सीजन युक्त एंबुलेंस हजारीबाग और आसपास के मरीजों के लिए मुफ्त में शुरू किया गया। गरीब लोग भूखे न रहें इसलिए 50,000 का कच्चा राशन युक्त फूड पैकेट्स का निर्माण और वितरण रोज बेसिस पर शुरू किया।

Published / 2021-05-20 13:42:25
विधायक कमलेश सिंह ने फिर उपलब्ध कराया 25 बेड और 2 आक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर

हुसैनाबाद पलामू। हुसैनाबाद -हरिहरगंज विस क्षेत्र की जनता परिवार के सदस्य हैं। क्षेत्र के लोगों के लिए अनुमंडल अस्पताल हुसैनाबाद में हर संभव व्यवस्था करने को लेकर कटिबद्ध हैं। उक्त बाते विधायक कमलेश कुमार सिंह ने कही। विधायक ने कहा कि पूर्व की व्यवस्था के अलावा फिर 25 बेड और 2 आक्सीजन कॉनसनट्रेटर उपलब्ध करा दिया गया है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी विधायक ने अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद को काफी संख्या में आॅक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराया है। बेड और आॅक्सीजन सिलेंडर के अलावा अन्य व्यवस्था कराने का काम किया है। जिससे हुसैनाबाद के कोरोना से पीड़ित लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़े। बताते चलें कि 100 बेड के हुसैनाबाद अनुमण्डल अस्पताल की स्वीकृति 2007 में तत्कालीन विधायक व उस समय के मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने कराने का काम किया था। दुर्भाग्य है कि अस्पताल 2019 में बन कर तैयार हुआ और बेड की संख्या कम कर के 50 कर दिया गया।वर्तमान कार्यकाल में विधायक कमलेश कुमार सिंह अस्पताल में समुचित व्यवस्था कराने को लेकर वो लगातार स्वास्थ्य मंत्री व जिले के अधिकारियों से प्रयासरत हैं। उन्होंने हुसैनाबाद -हरिहरगंज के नागरिकों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता रथ निकाला है। जागरूकता रथ गांव गांव में जाकर आम लोगो को कोरोना से बचाव के उपाय के अलावा जांच कराने और वैक्सीन लगवाने के फायदे भी बताए जा रहे हैं। विधायक ने आम लोगों से घरों में रहने, अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, मास्क का प्रयोग ,दो गज दूरी का पालन करने के साथ साथ जांच कराने और वैक्सीन लगवाने की अपील की है।

Published / 2021-05-20 13:41:24
पलामू : दूसरे राज्यों से आनेवालों का कोविड जांच अनिवार्य

हरिहरगंज पलामू। पलामू प्रमंडल के आयुक्त जटाशंकर चौधरी तथा पुलिस उप महानिरीक्षक राजकुमार लकड़ा ने गुरुवार को हरिहरगंज स्थित झारखंड- बिहार सीमा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने उपस्थित दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को बिना ई-पास के वाहनों को झारखंड में प्रवेश न करने, दूसरे राज्यों से आनेवालों को कोविड जांच कराने का भी निर्देश दिया। गौरतलब है कि झारखंड- बिहार की सीमा पर जारी स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का जायजा लेने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी व डीआइजी राजकुमार लकड़ा हरिहरगंज अन्तर्राजतीय सीमा आए थे। यहां पहुंचने पर आयुक्त ने निरीक्षण के क्रम में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी से वाहनों के आवागमन के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए अंतर्राज्यीय सीमा के चेक पोस्ट पर सख्ती जरूरी है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वालों को कोरोना की रोकथाम के लिए झारखंड सरकार के निर्देश पर लगाये गये स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर अधिकारियों ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को नियमों का पालन कराने के प्रति गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। मौके पर एसडीओ व एसडीएम के कार्यों का प्रशंसा किया। मौके पर छतरपुर एसडीओ नरेंद्र गुप्ता, डीएसपी शम्भू कुमार सिंह, बीडीओ निखिल गौरव कमान कच्छप, सीओ वासुदेव राय, एसआई वरुण कुमार, सुमित दास व एएसआई सत्येंद्र सिंह, दंडाधिकारी घनश्याम कुमार, डॉ तौहिद अहमद केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2021-05-17 14:25:34
रामगढ़ : सीएम हेमंत सोरेन ने मांडू में 80 बेड वाले कोविड केयर सेंटर का किया आनलाइन उद्घाटन

रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय से रामगढ़ जिला स्थित मांडू प्रखंड के डीएवी स्कूल घाटोटांड़ में बने आक्सीजनयुक्त 80 बेड वाले कोविड केयर सेंटर का आनलाइन उद्घाटन किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ जिले के अधिकतर क्षेत्रों में विभिन्न औद्योगिक संस्थान खनन कार्य करते हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण में औद्योगिक समूहों की भूमिका महत्वपूर्ण है। आज राज्य सरकार एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से 80 बेड वाले आक्सीजनयुक्त अस्पताल का उद्घाटन हुआ है। कहा कि मैं टाटा स्टील फाउंडेशन वेस्ट बोकारो के अधिकारियों को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं। संकट की इस घड़ी में टाटा स्टील फाउंडेशन का यह प्रयास सराहनीय है। मुझे विश्वास है कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था हम सभी के समन्वय, प्रतिबद्धता और प्रयास से और मजबूत होगी। सभी के सहयोग से ही कोरोना की इस लड़ाई को जीता जा सकेगा। सीएम ने कहा कि रामगढ़ जिले के लिए आज एक सुखद दिन है। स्वास्थ्य व्यवस्था में एक और अहम कड़ी जुड़ रही है। मुख्यमंत्री ने ब्लैक फंगल्स के प्रति चिंता जताते हुए प्रशासन से ब्लैक फंगल्स की समस्या पर नजर रखने की बात कही तथा ब्लैक फंगल्स के केसों पर त्वरित चिकित्सा सुनिश्चित उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि संक्रमण को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी जिले, प्रखंड तथा पंचायतों में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्य योजना तैयार कर रही है। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सर्किट बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है जिससे स्थिति बेहतर हो सकेगी। बताया सभी प्रखंडों में 2-2 एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाने की योजना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सभी जिलों में मेडिकल आॅक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता के लिए आॅक्सीजन बैंक बनाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के चेन को तोड़ने के लिए रैपिड एंटीजन किट के माध्यम से कोविड जांच की व्यवस्था राज्य सरकार सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, आशा वर्कर, एसएचजी की महिलाओं का सहयोग लेकर बीमार लोगों का उपचार सुनिश्चित हो सके इस हेतु कार्य योजना तैयार की गई है। राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पल्स आॅक्सीमीटर, स्वास्थ्य किट तथा दवाइयां उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि प्रारंभिक दौर में ही मरीजों को उपचार मिल सके। ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन से पहले कोरोना जांच बढे इस निमित्त 20 लाख रैपिड एंटीजन किट मुहैया कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संक्रमित लोगों तथा उनके परिवार को हर संभव मदद करने का प्रयास कर रही है। श्री सोरेन ने कहा कि संक्रमित लोगों के बेहतर इलाज के लिए राज्य में पांच लाख कोविड किट वितरण करने की शुरुआत कर दी गई है। संक्रमण के इस दौर में अंतिम संस्कार हेतु लकड़ियां तथा कब्रगाह खुदाई हेतु जेसीबी मशीन की उपलब्धता नि:शुल्क किया गया है। मुख्यमंत्री ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी सांसद, मंत्री एवं विधायकों द्वारा कोरोना नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयास तथा कार्यों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। कहा कि आगे भी इसी तरह मिलजुल कर कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए कार्य किए जाने के संकल्प को दोहराया। कोरोना नियंत्रण को लेकर मिले सभी के सुझावों को मुख्यमंत्री ने मील का पत्थर बताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना जांच तथा वैक्सीनेशन को लेकर कुछ अफवाह तथा भ्रम की स्थिति है। लोगों के मन से कोरोना जांच तथा वैक्सीनेशन के प्रति भ्रम और असमंजस को दूर करना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक करना होगा तभी हमें संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सफलता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुभारंभ होने के बाद महज 30 हजार युवाओं ने ही रजिस्ट्रेशन कराया था परंतु अब वैक्सीनेशन हेतु युवा आगे बढ़ रहे हैं और टीकाकरण के प्रति उत्साहित हैं। टीकाकरण के प्रति निरंतर बढ़ते उत्साह के लिए राज्यवासी धन्यवाद के पात्र हैं। वैक्सीनेशन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़े इस निमित्त राज्य सरकार ने मुखिया, वार्ड पार्षद, मानकी-मुंडा सहित अन्य को टीकाकरण कराने का काम कर रही है। सांसद जयंत सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपनी-अपनी बातें रखीं तथा कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने इनके द्वारा मिले सुझावों पर आगे की रणनीति बनाने का भरोसा दिया। इस अवसर पर स्वागत संबोधन में रामगढ़ उपायुक्त संदीप सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष रामगढ़ जिले में चल रहे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास सचिव विनय चौबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2021-05-17 14:17:05
लोहरदगा : कोरोना पीड़ितों के लिए दिया एंबुलेंस

लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री अजातशत्रु के द्वारा स्वर्गीय ब्रजेश्वर सिंह ट्रस्ट के माध्यम से एंबुलेंस मुहैया कराई गई। इससे कोरोना से पीड़ित गरीब तबके के मरीजों को विशेष सेवा प्रदान की जाएगी। जिसका विधिवत उद्घाटन मिशन चौक स्थित आवासीय परिसर में की गई। मौके पर अजातशत्रु ने कहा कि इस वैश्विक महामारी की जंग किसी एक व्यक्ति की नहीं है। इसमें हमें साथ मिलकर लड़ना होगा। इसी मंत्र के साथ में भारतीय जनता पार्टी एवं उनकी इकाई युवा मोर्चा निरंतर कार्य कर रही है। लोहरदगा युवा मोर्चा भी एक साथ कदम से कदम मिलाकर लड़ाई को आसान बनाने में सहयोग कर रही है। कोई भी सहयोग हमें प्रेरणा देती है, लोग एक दूसरे को देख कर ही प्रेरित होते हैं। इसलिए हमें और जागरूकता लाने की जरूरत है। उद्घाटन के मौके पर अजय पंकज, पशुपतिनाथ पारस, सजल कुमार, डॉ मृत्युंजय चक्रवर्ती, मिथुन तमेडा, सुधांशु कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।

Page 1542 of 1563

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse