झारखंड

View All
Published / 2021-06-26 12:39:20
गढ़वा में भालू का आतंक, तीन की मौत, तीन गंभीर

भंडरिया (गढ़वा)। गढ़वा जिले के बड़गढ़ प्रखंड के बरकोल गांव में शुक्रवार की शाम एक जंगली भालू ने एक परिवार के छह लोगों पर हमला कर दिया। इसमें दो सगे भाई और उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई। जबकि इसी परिवार के दो लोग और एक अन्य महिला किसी तरह से जान बचाकर भाग निकले। घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश जताया है। ग्रामीणों ने डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर लाश नहीं उठाने दी। जानकारी के मुताबिक गढ़वा मुख्यालय से काफी दूर बड़गढ़ प्रखंड में बरकोल गांव स्थित है। गांव का अनित गिद्ध लाइट चार्ज कराने के लिए गांव के बाजार में गया था। ग्रामीणों ने बताया कि वहां से लौटने के दौरान शाम सात बजे के करीब गांव से कुछ दूरी पर उस पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान अनित मदद के लिए जोर से चिल्लाया। चीख पुकार सुनने के बाद उसका भाई सुजीत गिद्ध और रिश्तेदार राजू उरांव वहां पहुंच गए। इस दौरान भालू ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। वे सभी भालू से किसी तरह बचने की कोशिश कर रहे थे कि इसी दौरान अनित के अन्य दो भाई कमलेश गिद्ध और छोटू गिद्ध और छोटू की पत्नी मरियम गिद्ध भी वहां पहुंच गई। इस बीच भालू ने किसी के सिर का मांस नोच लिया तो किसी की हड्डियां तोड़ दी। भालू ने अनित, सुजीत और राजू को बुरी तरह जख्मी कर दिया। भालू ने उनके सिर और शरीर के अन्य भागों से मांस नोच डाला। इसमें तीनों की मौत हो गई, शेष तीन लोग बुरी तरह घायल होने के बाद किसी तरह जान बचाकर भागे। शनिवार सुबह परिजनों को पूरी जानकारी मिली। इस घटना के बाद गांव में खौफ का माहौल है। साथ ही जंगली जानवरों से ग्रामीणों की रक्षा के लिए कोई उपाय न करने को लेकर वन विभाग पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध शुरू कर दिया। वे वन विभाग के डीएफओ को बुलाने की मांग कर रहे थे। घायल छोटू गिद्ध ने कहा कि उनके सामने ही उनके दो भाइयों को भालू ने मार डाला। वह किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा।

Published / 2021-06-25 12:32:12
पाकुड़ : आपातकाल में जेल गये बुजुर्ग किये गये सम्मानित

पाकुड़। स्थानीय काली भषाण पोखर के निकट नगर अध्यक्ष पंकज कुमार शाह एवं पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ नगर ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के विरोध में भाजपा ने काला दिवस के रूप में मनाया। 1974 के आंदोलन के दौरान जेल गए पाकुड़ कोर्ट के पूर्व वरिष्ठ अधिवक्ता बद्री प्रसाद तिवारी को भाजपा नेत्री मीरा प्रवीण सिंह ने अंगवस्त्र देकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक प्रभारी विवेकानंद तिवारी, पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता एवं भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज कुमार साह ने सच्चिदानंद जी का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यसमिति सदस्य व पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता ने भी संबोधित किया और कहा कि आपातकाल के समय हमारे जैसे कार्यकर्ताओं को भूमिगत होना पड़ा और भूमिगत होकर पार्टी के प्रति काम को और भी आगे बढ़ाने में मदद मिला। जिसका परिणामस्वरूप कार्यकर्ताओं को जीत मिली। 46 साल बीत चुके हैं जब भारतीय लोकतंत्र ने काला दिन देखा था। बद्री प्रसाद तिवारी ने कहा कि 1971 में भारत पर पाकिस्तानी आक्रमण से उत्पन्न संकट का मुकाबला करने के लिए धारा 352 के तहत देश में पहले से एक इमरजेंसी लागू थी फिर 25 दिन 1975 को देश की सुरक्षा पर संकट के नाम पर एक और इमरजेंसी थोपने का काम कांग्रेस ने किया था। क्या वास्तव में आंतरिक अराजकता के कारण देश की सुरक्षा खतरे में थी, यह सोचने का विषय है। कार्यक्रम में भाजपा की जिला नेत्री मीरा, प्रवीण सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमृत पांडे, दिलीप सिंह, हिसाबी राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ भगत, जिला मंत्री पार्वती पासवान, महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष रूपाली सरकार, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शबरी पाल, नगर उपाध्यक्ष पिंका पटेल, संजय सरकार, नगर महामंत्री पार्थ रक्षित आदि भी उपस्थित थे।

Published / 2021-06-25 12:24:28
लोहरदगा : 15 अक्टूबर तक नदी के बालू घाटों से बालू उठाव की मनाही

लोहरदगा। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त द्वारा निदेश दिया गया कि एनजीटी के आदेशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी के बालू घाटों से बालू उठाव की मनाही है। इस आदेश का पालन सभी संबंधित घाट में कराया जाय। साथ ही, अगर कोई चोरी-छिपे भी नदी से बालू निकालते हुए पकड़ा जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाय। ऐसी सूचना मिलती है तो कई पुलों के नीचे से बालू उठाव की जा रही है जिससे पुल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। ऐसे लोगों पर भी विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई किये जाने का निदेश दिया गया। उपायुक्त द्वारा इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक खनन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से लगातार छापेमारी अभियान चलाये जाने का निदेश दिया गया। साथ ही, खनन विभाग को इस संबंध में जरूरी साइनेज लगाने का निदेश दिया गया। बैठक में हिंडाल्को प्रबंधन को लोहरदगा जिला में खनन से संबंधित लीज के आवश्यक कागजात उपलब्ध कराये जाने का निदेश दिया गया। साथ ही, जिला में बॉक्साइट की ढुलाई के लिए इस्तेमाल हो रहे रोपवे की उंचाई से राष्ट्रीय उच्च पथ के चैड़ीकरण में कोई प्रभाव ना पड़े, इसके लिए राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, रांची के पदाधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक कर समस्या का समाधान करने का निदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त जिन रैयतों की जमीन पर रोपवे के लिए जरूरी पोल का अधिष्ठापन किया गया है, वैसे छूटे हुए रैयतों को नियमानुसार मुआवजा और आरएनआर पॉलिसी के अंतर्गत आवश्यक लाभ दिये जाये का निदेश दिया गया। हिंडाल्को को साइडिंग शिफ्ट करने,ग्रामीणों को फलदार, महोगनी के पौधे उपलब्ध कराने, प्रदूषण इंडेक्स बोर्ड लगाने का पुन: निर्देश दिया गया। खदानों के ढुलाई कार्य मे लगे वाहनों सहित ओभर लोडिंग गाडियो की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से क्रशरों की अनियमितता पर स्पष्टीकरण पूछे जाने का निर्देश दिया गया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार, अनुमंडल दंडाधिकारी अरविंद कुमार लाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीएन सिंह, वाणिज्य कर उपायुक्त कुमादिनी सिंकु, जिला परिवहन पदाधिकारी केके राजहंस, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय, पर्यावरण कंसल्टेंट चंदन कुमार, हिंडाल्को की ओर से नीरज, अभिषेक, प्रकाश समेत अन्य उपस्थित थे।

Published / 2021-06-25 12:17:03
विधायक प्रतिनिधि ने मंत्री को सौंपी समस्याओं की सूची

गढ़वा। स्वास्थ्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू ने गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को गढ़वा नगर परिषद एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याआें से अवगत कराया। इस संबंध में श्री साहू ने मंत्री श्री ठाकुर से रांची स्थित आवास पर समस्याआें की सूची सौंपते हुए निदान कराने की मांग की है। मंत्री को सौंपे गये मांग पत्र में गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के टंडवा स्थित भगलपुर दानरो नदी तट पर छठ घाट का निर्माण कराने, अस्तित्व खो चुके शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाली सरस्वतिया नदी का तटबंध निर्माण कराने, सड़क की चैड़ीकरण करने के लिए मुख्य सड़क से टेलीफोन के खंभों को हटवाने, प्रदूषित हो चुके नदियों की सफाई एवं कचड़ा मुक्त करने, टंडवा स्थित भगलपुर के पास दानरो नदी तट पर श्मशान घाट का निर्माण कराने, मझिआंव मोड़ का सुंदरीकरण कराने, श्री बांके बिहारी मंदिर के सामने सामुदायिक धर्मशाला का निर्माण कराने, लंबे समय से फुटपाथ पर आजीविका चलाने वाले रेहड़ी एवं ठेला दुकानदारों के लिए वेंडर मार्केट का निर्माण कराने, टंडवा स्थित चिलिंग प्लांट के सामने श्मशान शेड का निर्माण कराने, ऊंचरी स्थिर कब्रिस्तान की चहारदीवारी का जीर्णोद्धार कराने, स्टेशन रोड स्थित रामलला मन्दिर के बगल में कपिल ठाकुर के घर के पास चापाकल का अधिष्ठापन कराने, लगमा स्थित ब्रह्मस्थान की चहारदीवारी कराने, दलेली स्थित चिड़ी धाम (महताम) के पास चैपाल एवं पीसीसी पथ का निर्माण कराने तथा कल्याणपुर स्थित डैम को पर्यटन स्थल बनाने की मांग शामिल है। मंत्री श्री ठाकुर ने संज्ञान लेते हुए तत्काल आवेदन को संबंधित पदाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। साथ ही कुछ योजनाएं विधाया मद से पूर्ण करने की बात कही। मौके पर असजद अंसारी, हेमंत गुप्ता, धीरज दुबे, चंदन पासवान, मासूम माही, अरुण सोनी आदि उपस्थित थे।

Published / 2021-06-25 12:09:11
रैयत को मुआवजा शीघ्र नहीं मिला, तो आंदोलन करेगी कांग्रेस : बिट्टू पाठक

विश्रामपुर, पलामू। विश्रामपुर विधानसभा के ब्रह्मोरिया से होकर नवगढ़ा, लालगढ़, तोलरा, गुरहा होते हुए बन रहे मुख्य सड़क के लिए अधिग्रहित की गयी जमीन के बदले किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला। न ही अभी तक बिश्रामपुर अंचल से कोई नोटिस नही मिला है कि किसका कितना जमीन गया है और कितना मुआवजा मिलेगा। ग्रामीणों के कहने पर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष जैस रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों से जानकारी मिली कि पथ निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 3 सालों से अभी तक जिनके जमीन गई है उनको न एक पैसा मिला है। इसपर जिला अध्यक्ष बिट्टू पाठक ने पथ निर्माण के कार्यपालक अभियंता एवं जन भू अर्जन पदाधिकारी से टेलीफोन के माध्यम से वार्तालाप की एवं जल्द से जल्द भुगतान करने के लिए कहा। इस दौरान शंखा स्टेन और बी मोड़ में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत भी गया। इसके लिए उन्होंने बिश्रामपुर के सीओ शंभु शरण से मुलाकात भी की और जल्द से जल्द ग्रामीणों की समस्या सुलझाने की बात कही। मौके पर हुसैनाबाद विधानसभा प्रभारी समीर अहमद राइन, जिला वरीय उपाध्यक्ष संतोष चौबे, प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र शुक्ला उर्फ गुड्डू शुक्ल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश चौरसिया, देवांश शुक्ला, छोटू पाठक, सौरभ पांडे, शशांक सुमन, नगर अध्यक्ष ऋषि पांडे, भूषण पांडेय, जमील खान, कॉलेज खान, डॉ इलियास आदि उपस्थित थे।

Published / 2021-06-25 12:01:47
आपातकाल में हुआ था जनता के अधिकारों का हनन : बीडी राम

मेदिनीनगर। भारतीय इतिहास में आज का दिन (25 जून) काला धब्बा के रूप में जाना जाता है। वर्ष 1975 में आज ही के दिन कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थों के लिए आपातकाल की घोषणा की थी, जो भारत के महान लोकतंत्र पर काला धब्बा है। उक्त बातें पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने कही। सांसद ने कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक यानी 21 महीने की अवधि में भारत में आपातकाल घोषित था। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह सबसे विवादास्पद और अलोकतांत्रिक काल था। जिसके अंतर्गत चुनाव स्थगित किए गए तथा नागरिक अधिकारों का हनन किया गया। राजनीतिक विरोधियों को कैद कर लिया गया था और प्रेस पर प्रतिबंध लगा दिया गया था एवं बड़े पैमाने पर पुरूष नसबंदी अभियान चलाया गया था। जिससे आम जनता काफी आहत हुयी थी। जनता के द्वारा आपातकाल के विरूद्ध सत्याग्रह चलाया गया था। सांसद श्री राम ने कहा कि आपातकाल लागू होते ही आंतरिक सुरक्षा कानून (मीसा) के तहत राजनीतिक विरोधियों जय प्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, जॉर्ज फर्नांडिस आदि को गिरफ्तार किया गया था। आपातकाल के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को प्रतिबंधित कर दिया गया, हजारों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया तथा भीषण यातनाएं दी गयी। श्री राम ने कहा कि कांग्रेस द्वारा जनता पर थोपा गया काला कानून का विरोध पूरे देश में चरम सीमा पहुंच गया जिसके फलस्वरूप पहली बार देश में गैर कांग्रेसी सरकार मोरारजी देसाई के नेतृत्व में बनी। श्री राम ने सत्याग्रहियों को नमन करते हुए कहा कि जिन्होंने भीषण यातनाएं सहने के बाद भी आपातकाल का विरोध किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की आस्था को संजोकर रखा, उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक है।

Published / 2021-06-24 12:35:18
रांची एयरपोर्ट पर ट्रैफिकिंग कर जम्मू-कश्मीर ले जा रहे 19 बच्चों का रेस्क्यू, सीआइएसएफ ने बचाया

रांची। ह्यूमन ट्रैफिकिंग कर राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जम्मू ले जा रहे 19 नाबालिग बच्चों को एयरपोर्ट प्रशासन की सूझबूझ से बचाया गया। दरअसल, गुरुवार को एयरपोर्ट पर 19 बच्चों को काम दिलाने के नाम पर दिल्ली होते हुए जम्मू ले जाया जा रहा था लेकिन जैसे ही सभी बच्चे एयरपोर्ट पहुंचे वहां पर सीआइएसएफ की टीम को जांच के दौरान यह शक हुआ कि सभी बच्चे नाबालिग हैं और उन्हें बहला-फुसलाकर बाहर ले जाया जा रहा है। सीआइएसफ के डिप्टी कमांडेंट ने जानकारी देते हुए बताया कि इंस्पेक्टर पीएल ठाकुर को डिपार्चर गेट पर जैसे ही शक हुआ उन्होंने सभी बच्चों की प्रोफाइलिंग और आइडी चेक की, जिससे शक बढ़ता गया और फिर यह पता चला कि सभी बच्चों को बहला-फुसलाकर बाहर ले जाया जा रहा था और उसमें ज्यादातर बच्चे नाबालिग थे। वहीं पूरे मामले में राजू गंझु नाम के एक दलाल को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं रेस्क्यू में पकड़े गये सभी बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंप दिया गया है। साथ में ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Published / 2021-06-24 12:30:12
चाईबासा : पीएलएफआइ एरिया कमांडर समेत 8 उग्रवादी धराये, कई हथियार जब्त

रांची। पुलिस को पश्चिम सिंहभूम में उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पीएलएफआई के एरिया कमांडर सुमन सिंह उर्फ सुमन सिंह गंझू समेत 8 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उग्रवादियों के पास से दो देसी कट्टा, 8 एमएम का 7 गोली, 12 बोर का 3 गोली, एक रायफल, 9 मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, वर्दी तथा पीएलएफआई के पर्चे समेत कई सामान जब्तस किये हैं। पुलिस ने जिन गिरफ्तार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है उनमें सुमन सिंह, रमाय बोयपाई, देवी सिंह गंझू, दशरथ सिंह, गुरुचरण खंडाईत, लखन बोदरा, मंगल सिंह ओड़ेया और शनिका पूर्ति शामिल हैं।

Page 1538 of 1564

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse