झारखंड

View All
Published / 2021-07-08 15:55:11
पिकअप और पुलिस वाहन भिड़े, 7 पुलिस जवान सहित 8 जख्मी

बोकारो। गुरुवार को पिकअप और पुलिस 407 सीधे भिड़ गए। हादसे में 7 पुलिस जवान और पिकअप का ड्राइवर जख्मी हो गए। हादसा दांतु गांव में बजरंगबली मंदिर से ठीक आगे हुआ। यह घटना बोकारो-रामगढ़ ठऌ 23 पर कसमार थाना क्षेत्र की है। घायलों में दारोगा अनिल दुबे के अलावा सिपाही संजय कुमार, अजय कुमार, राजा कुमार, मंटू पासवान, मनोज कुमार यादव, वीरेंद्र कुमार और करण देव रजक शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मी साहिबगंज से रांची के होटवार में खाली गोली का खोखा जमा करने 407 से जा रहे थे। सभी घायलों का इलाज बीजीएच में चल रहा है। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि चार पुलिस कर्मी अधिक घायल है। घायल बोलेरो चालक लोहरदगा का निवासी है।

Published / 2021-07-08 12:52:44
पलामू : 50 किलो डोडा के साथ एक गिरफ्तार

पांकी पलामू। पीपराटांड़ पुलिस ने मिली गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के गरगांव से पचास किलो डोडा के साथ नियाजुल अंसारी को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी राहुल गुप्ता ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली की गरगांव में एक घर में अवैध तरीके से व्यापार करने के उद्देश्य से डोडा का भंडारण किया जा रहा है। इसकी सूचना एसडीओ लेस्लीगंज को भी दे दी गयी। साथ ही पांकी बीडीओ सह सीओ को घटनास्थल आने का आग्रह किया गया। उनके आने के पश्चात नियाजूल अंसारी के घर की तलाशी ली गई तो पांच प्लास्टिक के बोर में रखा 50 किलो डोडा बरामद हुआ। इस आरोप में नियाजुल अंसारी को पकड़ा गया। जबकि दो अन्य लोग फरार हो गए। गुरुवार को गिरफ्तार नियाजुल अंसारी को जेल भेज दिया गया। इस अभियान में सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Published / 2021-07-08 12:52:04
हजारीबाग : एक लाख की इनामी उषा समेत तीन नक्सलियों का सरेंडर

हजारीबाग। जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला बल और कोबरा 22 बटालियन के संयुक्त आपरेशन में दो महिलाएं समेत एक पुरूष नक्सली ने गुरुवार को जिला प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों नक्सलियों को बुके देकर सम्मानित किया और समाज की मुख्यधारा में लौटने का स्वागत किया। इनमें एक महिला नक्सली उषा किस्कु उर्फ फूलमणी उर्फ उषा संथाली पर एक लाख का इनाम घोषित था। उसे इनाम का चेक समर्पित किया गया। सरेंडर करने वाले में एक लाख की इनामी नक्सली उषा किस्कु उर्फ फूलमणी उर्फ उषा संथाली, नागेश्वर गंझू और सरिता सोरेन शामिल हैं। जिला के पुलिस कप्तान कार्तिक एस ने बताया कि पुलिस के लिए यह बड़ी कामयाबी है। झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्निवास नीति नई दिशा-एक नई पहल से प्रेरित होकर तीनों माओवादियों ने सरेंडर किया। उषा किस्कु(27), पिता चेतो मांझी, हजारीबाग के आंगो स्थित डुकरू हरली टोला वर्ष 2009 से सक्रिय माओवादी रही है। इस पर हजारीबाग और चतरा में छह मामले दर्ज हैं। साथ ही झारखंड के विभिन्न जिलों में कई नक्सली वारदातों में इसका नाम है। इस पर एक लाख का इनाम घोषित था। वहीं सरिता सोरेन उर्फ ममता संथाली (19), पिता अर्जुन सोरेन हजारीबाग के आंगो स्थित डुकरू हरली टोला निवासी है। हजारीबाग, चतरा और बोकारो में कई नक्सली वारदातों में संलिप्त रही है। वह वर्ष 2015 से माओवादी संगठन में सक्रिय रही है। इसपर हजारीबाग और चतरा में कुल पांच मामले दर्ज हैं। नागेश्वर गंझू (38), पिता बनौदी गंझू चतरा के सिमरिया स्थित दूधमटिया का रहनेवाला है। उसका एक घर हजारीबाग के बड़कागांव स्थित हेसाबार में भी है। वह 2018 से माआवोदी संगठन में हजारीबाग, चतरा और बोकारो में सक्रिय रहा। हजारीबाग में वह दो नक्सली वारदातों में नामजद हैं। ज्ञात हो कि ये तीनों नक्सली झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण एवं पुनर्निवास नीति नई दिशा-एक नई पहल के तहत आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकार की ओर से एक लाख रुपए समेत कई सुविधाएं दी जाएंगी। मौके पर एसपी कार्तिक एस, डीसी आदित्य आनंद, एसडीओ विद्याभूषण प्रसाद, सीआरपीएफ कोबरा 22 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक मौजूद थे।

Published / 2021-07-07 15:55:11
चास के 50वें एसडीओ के रूप में दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया योगदान

बोकारो। नए अनुमंडल पदाधिकारी चास दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। चास आने के बाद उन्होंने निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी शशि प्रकाश सिंह से अनुमंडल कार्यालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रभार ग्रहण किया। शेखावत चास अनुमंडल के 50 वें अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में योगदान किया। श्री शेखावत भारतीय प्रशासनिक सेवा 2019 बैच के अधिकारी है। पदभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि वह वरीय पदाधिकारियों से प्राप्त दिशा दृ निर्देश का अनुपालन करते हुए विधि व्यवस्था संधारण के लिए जो भी आवश्यक होगा उसे वह सुनिश्चित करेंगे। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का संचरण कराना प्राथमिकता होगी। मौके पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जेम्स सुरीन सहित कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।

Published / 2021-07-07 15:49:58
शिक्षा, स्वास्थ्य और विधि व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस : आदित्य रंजन

कोडरमा। जिले के 23वें उपायुक्त के रूप में आदित्य रंजन ने निवर्तमान उपायुक्त रमेश घोलप से पदभार ग्रहण किया। बताते चले कि कोडरमा के निवर्तमान उपायुक्त श्री घोलप का स्थानांतरण निदेशक झारखण्ड राज्य कृषि विपणन परिषद में हुआ है। वहीं कोडरमा के नए डीसी 2015 बैच के आईएएस अधिकारी आदित्य रंजन इसके पूर्व ग्रामीण विकास विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर थे, वहां से इनका स्थानांतरण पहली बार बतौर उपायुक्त कोडरमा में हुआ। श्री रंजन इसके पहले हजारीबाग में एसडीओ और सिंहभूम में डीडीसी रह चुके है। पदभार ग्रहण के उपरांत पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के बीच रहकर काम करना उनकी प्राथमिकता सूची में है, राज्य सरकार की सभी योजनाओं को धरातल पर उतारना और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा जिला का नाम बाल मजदूरी में भी आता है, ऐसे में उसे दूर करने का कार्य किया जाएगा। उपायुक्त श्री रंजन ने कहा कि जिले का औचक निरीक्षण कर यहां उपलब्ध आधारभूत संरचना का मूल्यांकन करने के बाद जिन चीजों की कमी होगी, उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा, कोविड के संभावित तीसरे लहर से बचाव व नियंत्रण के लिए आधारभूत संरचनाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, शतप्रतिशत लोगों का टिकाकरण, राज्य सरकार के गाइडलाइन के तहत सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और विधि व्यवस्था पर अधिक फोकस रहेगा, ताकि जिलेवासियों को इलाज के लिए अन्यत्र नही जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से जिले में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने तथा योजनाओं को पारदर्शिता पूर्वक लागू करने का कार्य किया जाएगा। मूलतः बोकारो जिला के रहने वाले आदित्य रंजन एक व्यवसायी परिवार से हैं। उनकी प्राथमिक शिक्षा सरकारी स्कूल से हुई। उनके सबसे बड़े भाई डाॅ. राकेश कुमार एक आॅर्थोपेडिशियन हैं, जबकि छोटे भाई बिजनेसमैन। आदित्य रंजन कंप्यूटर इंजीनियर रहे हैं। वे एक मल्टी नेशनल कंपनी ओरेकल में कार्यरत थे, वहीं आईएएस परीक्षा में उन्होंने 99वां रैंक हासिल किया। बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागर में कई लोगों व पदाधिकारियों ने कोडरमा के निवर्तमान उपायुक्त रमेश घोलप और नए उपायुक्त आदित्य रंजन का बुके देकर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में अर्जुन मोदी, रवि मोदी, सत्येंद्र गौतम, पंकज वर्णवाल, प्रवीण मोदी और संजीव समीर शामिल थे।

Published / 2021-07-03 14:57:27
चाईबासा : दो महिला समेत चार माओवादी समर्थक गिरफ्तार

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने शनिवार सोनुआ थाना क्षेत्र के झिंगामार्चा गांव से दो महिला समेत कुल चार माओवादी समर्थको को पुलिस ने एसओपी के तहत दबोच कर जेल भेज दिया। पुलिस ने चारों के पास से माओवादी संगठन के बैनर व पोस्टर जब्त किया है। इस सम्बंध में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा को गुप्त सूचना मिली कि भाकपा माओवादी संगठन के सुरेश मुंडा दस्ता के सदस्य दमन विरोधी सप्ताह को लेकर सोनुवा थाना क्षेत्र के झिंगामार्चा एवं आसपास क्षेत्र में पोस्टर बाजी करने के सक्रिय है । उक्त आगत सूचना का सत्यापन व उसके आलोक में एसओपी के तहत आवश्यक कार्रवाई के गठित टीम ने तथाकथित महिला माओवादी समर्थक गुरुवारी हेम्ब्रम उर्फ बसंती(20) और पुण्डी सुंडी(21) के अलावा सूर्या उर्फ सूर्या सोय उर्फ सिंगराई सोय(21) और विजय उर्फ दुग्गा सोय(20) को पुलिस ने दबोच लिया। बताया जा रहा है, उक्त चारो ने पुलिस को कई सुराग के बारे में बताया है।

Published / 2021-07-03 14:51:26
गो तस्करी : ट्रक पर लदे 20 पशु जब्त, चालक गिरफ्तार

बेड़ो। रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर शनिवार की अहले सुबह लगभग 5.30 बजे केशा मोड़ और कॉलेज गेट के समीप बेड़ो पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 20 से अधिक गौवंशीय पशुओं को ट्रक समेत जब्त कर लिया है। वहीं चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ट्रक पर सवार तस्कर भागने में सफल रहे। बेड़ो के थाना प्रभारी मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि जैसे ही ट्रक को रोका गया सभी उतरकर भागने लगे। सभी पशु भूखे थे। जैसे ही उन्हें थाना परिसर लाया गया सभी घास खाने टूट पड़े। बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ की ओर ट्रक जा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि गोवंश पशुओं की तस्करी के अधिनियम के तहत बेड़ो थाना में मामला दर्ज किया जाएगा। गौवंशीय पशुओं को स्थानीय मुखिया सुशांति भगत की देखरेख में किसानों को अस्थायी रूप से सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी प्रक्रिया कानून के दायरे में की जाएगी। ज्ञात हो कि तीन दिन पहले गत गुरुवार को बेड़ो पुलिस ने पैदल जानवरों को तस्करी के लिए ले जाए जा रहे नौ पशुओं को बरामद किया था। पशुओं की तस्करी करते हुए खुलेआम बंद ट्रकों और पैदल मांडर तथा लापुंग होते हुए रांची और खूंटी जिले के सीमावर्ती इलाके से होकर तस्करी किए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। पशु तस्कर पूरी योजनाबद्ध तरीके से गोवंशीय पशुओं को छत्तीसगढ़ से बांग्लादेश तक तस्करी कर पहुंचाने का काम एक बार फिर शुरू कर दिये हैं।

Published / 2021-07-03 14:44:12
विधायक कमलेश सिंह की पहल पर अनुमंडल अस्पताल में लगेगा आक्सीजन प्लांट

हुसैनाबाद पलामू। अनुमण्डल अस्पताल के 50 बेड पर पाइपलाइन से आक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी और आॅक्सीजन प्लांट की स्थापना की जाएगी। हुसैनाबाद विधायक कमलेश कुमार सिंह के अथक प्रयास से यह सफल हो सका है। आक्सीजन प्लांट और पाइपलाइन लगाने वाली एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने अपनी टीम के साथ अनुमण्डल अस्पताल निरीक्षण किया और प्लांट लगाने की जगह चिन्हित किया। अस्पताल के प्रभारी डॉ रत्नेश ने बताया कि आॅक्सीजन प्लांट और पाइप लाइन की व्यवस्था हो जाने से आने वाले तीसरी लहर के लिए हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। किसी भी परिस्थिति में इलाज के लिए मरीजों को परेशानी नहीं होगी। विधायक कमलेश कुमार सिंह की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे करोना काल में विधायक ने अनुमंडल अस्पताल में समुचित व्यवस्था कराने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहे हैं। मौके पर डा पी एन सिंह, बीपीएम विभूति गुप्ता, राकांपा के प्रवक्ता योगेंद्र सिंह, राजकुमार ठाकुर, विनय पासवान, जीशान हसन, रविन्द्र कांस्यकार, प्रिंस शर्मा उपस्थित थे।

Page 1536 of 1564

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse