झारखंड

View All
Published / 2021-08-13 17:30:28
वाहन चेकिंग : 38 लाख के गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से नेपाल जा रही थी खेप

सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा में पुलिस को नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से नेपाल ले जाते 76 किलो गांजे के साथ एक तस्कर को धर दबोचा। जब्त गांजे की कीमत 38 लाख बताई गई है। कार से गांजे की खेप ले जाई जा रही थी। वाहन चेकिंग के दौरान बांसजोर ओपी पुलिस टीम ने 76 किलो गांजे के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया। एसपी डॉ शम्स तब्रेज ने बताया कि गांजे की बड़ी खेप की गुप्त सूचना मिली थी। ओडिशा से गांजे की खेप को बिहार होते हुए नेपाल पहुंचाया जाना था। गुप्त सूचना पर बासजोर में एनएच-143 पर सघन वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक को रुकने का इशारा किया गया, तो कार सवार व्यक्ति उतरकर भागने लगा। पुलिस की टीम ने उसे खेदड़कर धर दबोचा। पूछताछ करने पर गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम आनन्द साहू बताया। साथ ही बिहार होते हुए नेपाल पहुंचाने की योजना का खुलासा किया। तलाशी के दौरान के सीट के नीचे से एक किलोग्राम के 36 पैकेट गांजा बरामद किया गया। कार के पीछे डिक्की से लाल रंग के बोरे में 11 किलोग्राम का तीन बोरा तथा 07 किलोग्राम का 01 बोरा गांजा बरामद हुआ। कार से कुल वजन 76 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत 38 लाख रुपये हो सकती है। कार चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

Published / 2021-08-12 16:37:12
बुजुर्ग दंपती की हत्या मामले में चार हिरासत में, घर के अंदर मिले अहम सुराग

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के डाल्टनगंज शहर के कुंड मोहल्ला में बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें एक गार्ड और एक सफाई कर्मी शामिल हैं। थाने में सभी से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्याकांड में रांची से आई फॉरेंसिक की टीम लगातार डीएनए सैंपल जुटा रही है। सभी तरह के साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच में एसपी के साथ जिले के दो डीएसपी और विभिन्न थानों के कई पुलिस अधिकारी भी लगातार लगे हुए हैं। परिवार वालों को अभी तक किसी खास व्यक्ति पर आशंका तो नहीं है मगर पुत्र अरविंद कुमार का कहना है कि बड़े बुजुर्ग के नाते समाज के कई फैसलों में वे जाते थे। उनका कहना है कि हो सकता है किसी को उनका फैसला बुरा लगा हो और नाराजगी में ही इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया हो। मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्यरत अधिकारी और बुजुर्ग दंपति के पुत्र ने अपील की है कि जिला प्रशासन इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाए, ताकि इस तरह की घटना किसी के साथ न हो। वहीं जानकारी यह भी मिल रही है कि घर के अंदर चाय के लिए तीन कप लगाए गए थे, इससे यह संकेत मिल रहे हैं। इस हत्याकांड में कोई जान-पहचान का व्यक्ति भी इसमें शामिल हो सकता है।

Published / 2021-08-12 15:18:10
करीब एक करोड़ के डोडा के साथ तीन गिरफ्तार

चांडिल। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तमाड़ से राजस्थान के बीकानेर जा रहे ट्रक में 196 बोरा में लदे तीन हजार किलो डोडा के साथ ट्रक के चालक,खलासी एवं रेकी करने वाले को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में लदे डोडा की कीमत करीब एक करोड़ रूपया आंकी जा रही है। पुलिस ने ट्रक में लदे डोडा एवं बाइक को जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने गुरूवार की अहले सुबह करीब चार बजे ट्रक को रोका तथा कागजात एवं ट्रक में लदे सामानों की छानबीन की। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला की ट्रक में भारी मात्रा में डोडा लदा हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले ट्रक के मालिक व चालक गणपत चौधरी एवं खलासी रामनिवास गोदरा एवं रांची के नामकुम के रहने वाले सुकराम मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग अभियान में एसडीपीओ के अलावे चांडिल थाना प्रभारी सनोज चौधरी,चौका थाना प्रभारी प्रकाश यादव, एएसआई सुरेन्द्र सिंह, विष्णु प्रसाद शामिल थे। एसडीपीओ ने बताया की पकड़े गए डोडा की कीमत करीब एक करोड़ रूपया है। ट्रक में करीब 29 टन लोहा भी लोड है।

Published / 2021-08-12 13:44:29
पलामू : धारदार हथियार से गला रेतकर बुजुर्ग दंपती की हत्या

मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के कुंड मुहल्ला में बुधवार की रात एक बुजुर्ग दंपति को तेज धारदार हथियार से अज्ञात लोगों ने निर्मम हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी पुलिस को गुरुवार को सुबह में लगी । घटना की सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर घटना का जायजा लिया। इधर इस हाई प्रोफाइल डब्ल मर्डर की खबर के बाद डीआइजी राज कुमार लकड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने एसपी और डीएसपी को कड़े निर्देश भी दिये। मृतक 70 वर्षीय फौजी राजेश्वर राम रिटायर्ड आर्मी थे। जबकि 65 वर्षीय उनकी पत्नी शर्मिला देवी गृहिणी थी। मृतक के छोटे बेटे अरविंद कुमार मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के आप्त सचिव हैं। जबकि छोटे बेटे आनंद कुमार पलामू डीपीआरओ में कार्यरत है। जानकारी के मुताबिक राजेश्वर और उनकी पत्नी कुंड मुहल्ला स्थित अपने आवास पर अकेले रहते थे। घर में एक गार्ड भी था। घटना का पता तब चला जब अहले सुबह गार्ड घर पर पहुंचा। दोनों दंपत्ती अज्ञात व्यक्ति घर में प्रवेश कर दोनों को निर्मम तरीके से गला रेतकर एवं शरीर के कई हिस्सों में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसकी गहनता पूर्वक जांच कराने के लिए एसपी ने रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलवाया । साथ ही जांच में सीआईडी की टीम भी लगी। गुरुवार को अपराहन 3:00 बजे से जांच दल ने बारीकी से एक एक बिंदुओं पर जांच प्रारंभ किया । इसके बाद दोनों मृतक दंपति का शव अंत्य परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया । इधर इस घटना से पूरा शहर के लोग हतप्रभ हैं। घटना के तह तक पुलिस पहुंचने के लिए प्रयासरत है । पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में बताया कि यह घटना प्लांट वे में किया गया है। अपराधी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ सुराग पुलिस को हाथ लगी है। एसआईटी टीम का गठन कर मामले का उद्भेदन जल्द कर लिया जाएगा । ज्ञातव्य हो कि इस मामले में पुलिस 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक दंपति की बेटी नीलू का रो-रो कर बुरा हाल था। दोनों शव का दाह संस्कार कोयल नदी के तट पर हरिश्चंद्र घाट पर देर शाम को किया गया।

Published / 2021-08-12 13:37:31
बारिश से गिरे कच्चे मकान में रहने को मजबूर है परिवार

बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान गिर रहे हैं। बालूमाथ के चमातू निवासी किसुन साव पिता स्व0 रामेश्वर साव का कच्चा मकान बुधवार देर शाम भारी बारिश की वजह से गिर गया। मकान गिरने से घर-गृहस्थी का सामान खराब हो गया व मकान गिरने से परिवार के सामने रहने का संकट उत्पन्न हो गया है। मजबूरी में परिवार को टूटे मकान में ही रहना पड़ रहा है। वही किशुन साव ने बताया कि इस मकान के अलावा हमारे पास दूसरा कोई मकान नहीं है। इस कारण हमारे परिवार के लोग इसी टूटे हुए मकान में रहने को मजबूर हैं। मेरे पास इतने पैसे भी नहीं है कि मैं दूसरा मकान बना सकूं। पीड़ित परिवार ने प्रखंड प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है। बता दें कि एक माह के अंदर बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में बारिश से अब तक दो दर्जन से अधिक कच्चे घर ध्वस्त हुए हैं।

Published / 2021-08-12 13:19:38
56 किलोग्राम अफीम डोडा लदा टेम्पो जब्त

चतरा। एसपी राकेश रंजन ​को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलेद में नदी किनारे पुलिस ने 56 किलोग्राम अवैध डोडा लदे एक टेम्पो जब्त किया है। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि बुधवार को पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलेद में नदी किनारे अवैध डोडा की खरीद बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठित किया गया। उक्त टीम ने ग्राम जलेद में नदी किनारे जाकर छापामारी की। छापामारी के दौरान वहां मौजूद तस्कर रात्रि और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। एसडीपीओ ने बताया कि टेम्पो (JH02BB-2028) की तलाशी के दौरान उसमें 56 किलो डोडा और वजन करने वाला इलेक्ट्रॉनिक मशीन जब्त किया गया है। घटना के संबंध में कांड दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है।

Published / 2021-08-12 12:29:16
पलामू में इंटरसिटी ठहराव समेत अन्य रेल सुविधा की मांगें पूरी नहीं होने पर किसान बिग्रेड व पूर्व सैनिक करेंगे सत्याग्रह

मोहम्मदगंज पलामू। पूर्व मध्य रेल के मोहम्मदगंज और हैदरनगर स्टेशन पर रांची सासाराम 08635/36 के ठहराव सहित विभिन्न मांगो को लेकर किसान ब्रिगेड के संरक्षक कर्नल संजय कुमार सिंह ने मोहम्मदगंज स्टेशन के प्रबंधक को एक मांग पत्र सौंपा है। कर्नल संजय कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व मध्य रेल का मोहम्मदगंज स्टेशन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। उक्त स्टेशन से मोहम्मदगंज प्रखंड के अलावा गढ़वा जिला के कांडी,मझिआव व भवनाथपुर के सैकड़ों गांवों में बसने वाले सैनिक व पूर्व सैनिक के परिजन सहित आम लोग रेल सुविधा से जुड़े हुए है। कर्नल श्री सिंह ने कहा कि रेलवे सुविधा से जुड़े कई और अन्य मांग 08611/12 रांची वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित परिचालन प्रस्तावित सिंगरौली पटना एक्सप्रेस को चलाने को आरंभ करने 03347/48 पलामू एक्सप्रेस को पुराने समय सारणी से चलाने सहित स्पेशल ट्रेन को मूल ट्रेन में चला कर अस्थाई भाड़ा वृद्धि को रद्द करने की अति आवश्यक मांगे शामिल है। श्री सिंह ने कहा कि एक माह के अंदर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो किसान बिग्रेड एकदिवसीय सत्याग्रह करेगी,जिसमे पूर्व सैनिक परिषद के सदस्य भी शामिल रहेंगे। इस मौके पर धिरेन्द्र बैठा, विश्वनाथ मेहता, शंकर सिंह,निरंजन मंटू सिंह,रजनीश सिंह, रुद्रप्रताप सिंह, बिट्टू सिंह, विनय सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।

Published / 2021-08-12 12:26:29
अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में सक्रिय हुआ आॅक्सीजन प्लांट

हुसैनाबाद पलामू। अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में नवनिर्मित आॅक्सीजन प्लांट का उद्घाटन विधायक कमलेश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य का पहला अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद है, जहां आॅक्सीजन प्लांट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आॅक्सीजन प्लांट का लाभ अनुमंडल क्षेत्र के तीन लाख से अधिक लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब आॅक्सीजन की वजह से किसी की जान नहीं जाने दी जायेगी। विधायक श्री सिंह ने कहा कि इसके अलावा कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर शिशु आइसीयू की व्यवस्था भी कर दी गई है। उन्होंने पलामू के उपायुक्त शशि रंजन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गरीबों व पिछड़े इलाके की समस्याओं के प्रति उनका रवैया सकारातमक रहता है। उन्होंने कहा कि अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में सर्जन व अन्य चिकित्सकों की व्यवस्था भी की जायेगी। जल्द ही सदर अस्पताल से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में होगी। अनुमंडलीय अस्पताल के बाद हरिहरगंज सीएचसी, हैदरनगर, पिपरा व मोहम्मदगंज में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हैदरनगर पीएचसी में चिकित्सक आपात कालीन सेवाएं चालू करें। अगर उन्हें पसंद नहीं है, तो अपनी बदली कहीं और करा लें। उन्होंने कहा कि फिल्हाल मोहम्मदगंज में चिकित्सक की व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनो में वहां स्थाई रुप से सभी सेवाओं का विस्तार किया जायेगा। एनसीपी के प्रदेश प्रवक्ता सूर्या सिंह ने कहा कि हुसैनाबाद अन्य इलाकों से काफी बेहतर है। अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक रत्नेश कुमार ने कहा कि अनुमंडलीय अस्पताल में 50 बेड पर आॅक्सीजन की व्यवस्था प्लांट से हो गई। उन्होंने कहा कि शिशु आइसीयू की व्यवस्था पर भी कार्य शुरू करा दिया गया है। उन्होंने इसके लिए विधायक व सरकार को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र कुमार सिंह ने किया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि अजीत सिंह, डा. पीएन सिंह, बीपीएम विभूति कुमार के अलावा स्वास्थ्य कर्मी व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Page 1528 of 1565

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse