झारखंड

View All
Published / 2021-09-03 08:58:26
गढ़वा : डैम में नहाने गई दो बच्चियों की डूबने से मौत

गढ़वा। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव के उरांव टोला की दो बच्चियों की डैम में डूबने से मौत हो गई। दरअसल, बभनी खाड़ डैम में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे नहाने के क्रम में गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हुई। इस घटना के बाद साथ में स्नान कर रही दो लड़कियां भागकर आईं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उनके शव को निकाला गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्ची की मौत शव निकालने से पहले डैम में ही हो गई थी। जानकारी के अनुसार जंगीपुर उरांव टोला निवासी 13 वर्षीय सुमित्रा कुमारी पिता श्याम बिहारी उरांव और 12 वर्षीय मनीषा कुमारी पिता अशोक उरांव सुबह 9 बजे ट्यूशन पढ़कर घर आई और खाना खाकर गाय चराने जंगल में चली गई। वहां बभनी खाड़ डैम के तेतरिया खाड़ नामक स्थान पर डैम में नहाने लगी। जहां दोनों की मौत गहरे पानी में डूबने से हो गई। डैम में डूबने की खबर मिलते ही नयाखाड़ा निवासी रामप्रवेश उरांव, विनोद उरांव, संतोष उरांव व रविंद्र उरांव तत्काल डैम में उतर कर दोनों का शव बाहर निकाला। मौके पर पुलिस पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Published / 2021-09-03 07:38:30
झारखंड विस सत्र : सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विरोध व हंगामा शुरू, बाबूलाल को नहीं मिला शोक प्रकाश पर बोलने का समय

रांची। झारखंड विधानसभा सभा का मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही विरोध व हंगामा का दौर भी शुरू हो गया। आज (शुक्रवार) सदन में दिवंगत नेताओं, कलाकारों, समाजसेवियों के प्रति शोक व्यक्त किया जा रहा था, उस समय भाजपा विधायकों ने जमकर बवाल काटा। भाजपा विधायक पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को शोक संदेश पर बोलने के लिये समय नहीं देने पर आक्रोशित हुए। भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही, मनीष जयसवाल, सीपी सिंह सहित अन्य ने जब भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को शोक संदेश बोलने का समय नहीं देकर विपक्ष के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण को बिलने का समय दिया गया, तब विरोध शुरू कर दिया। विरोध कर रहे भाजपा विधायकों का कहना था कि सदन में शोक प्रकाश विधायक दल के नेता के द्वारा रखा जाता है। हमारे नेता बाबूलाल मरांडी हैं, इसलिए उन्हें समय दिया जाय, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बिरंची नारायण बिना शोक प्रकाश रखे बैठ गए। इसके बाद स्पीकर ने प्रदीप यादव का नाम पुकारा। इसपर भी भाजपा विधायकों ने विरोध किया। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रदीप यादव को किस हैसियत से बोलने के मौके दिया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई।

Published / 2021-09-03 06:55:27
झारखण्ड : 8 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं, 24 घंटे में 28 मरीज मिले, सबसे अधिक 13 रांची में

रांची बबेशक, झारखंड में कोरोना महामारी को नियंत्रित माना जा रहा है, लेकिन संक्रमितों के मिलने का क्रम निरंतर जारी है। गुरुवार को 24 घंटे में 28 संक्रमित मिले हैं। ये संक्रमित राज्य के आठ जिलों से मिले हैं। इनमें रांची व जामताड़ा को छोड़कर अन्य जिलों में एक-दो की संख्या में संक्रमित मिले हैं। सबसे अधिक 13 संक्रमित राजधानी रांची से मिले हैं। जामताड़ा में छह संक्रमित पाये गये हैं। रांची व जामताड़ा के अलावा बोकारो, पूर्वी सिंहभूम व पश्चिमी सिंहभूम से दो-दो मरीज मिले हैं जबकि चतरा, धनबाद व साहिबगंज से एक-एक मिले हैं। राज्य के 16 जिलों से एक भी संक्रमित नहीं मिले हैं। इस तरह राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 347922 हो गई है। इनमें 342647 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। गुरुवार को 22 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अच्छी बात यह भी है कि राज्य में कोरोना से मौत पूरी तरह से नियंत्रित है। फिलहाल जान गंवाने वालों की संख्या 5132 पर स्थिर है। राज्य में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या में भी उतार चढ़ाव जारी है। तीन दिन पूर्व सक्रिय मरीजों की संख्या 136 तक गिर गई थी। शुक्रवार सुबह यह संख्या बढ़कर 143 हो गई है। इसके बाद भी 24 में से दो ही जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या दस या इससे अधिक है। सबसे अधिक 82 सक्रिय मरीज रांची में है। जामताड़ा में सक्रिय मरीजों की संख्या 10 है। राज्य के आठ जिलों में एक भी सक्रिय मरीज नहीं हैं। इन जिलों में गढ़वा, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, कोडरमा, लोहरदगा, पाकुड़ व पलामू शामिल हैं। इसके साथ ही आधा दर्जन जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या एक है।

Published / 2021-09-02 17:42:55
धनबाद : ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक की मौत

धनबाद। धनबाद के कतरास में शुक्रवार को हुये गोलीबारी में तीन लोग जख्‍मी हो गये। जख्‍मी नीरज तिवारी के मौत हो जाने की खबर मिली है। वहीं घायल रौनक गुप्‍ता और रोहित गुप्‍ता का इलाज चल रहा है। अबतक जो बातें छनकर सामने आ रही है, उसके अनुसार गोलीबारी में घायल लोग पहले कुख्‍यात अमन सिंह गिरोह के लिए काम करते थे। किसी बात पर तनातनी और अनबन हो जाने के कारण गिरोह से अलग हो गये थे। आशंका जतायी जा रही है कि अमन सिंह गिरोह से जुड़े लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है। अमन सिंह वर्तमान में होटवार जेल रांची में बंद है। मौके-ए-वारदात से पुलिस को कई खोखे मिले हैं।

Published / 2021-09-02 16:57:33
चाईबासा : माओवादियों तक जरूरत का सामान पहुंचाने वाला धराया

चाईबासा। माओवादियों के लिए जरूरत का सामान लेकर जा रहे एक शख्‍स को पुलिस ने पकड़ा। उसके पास से बैट्री, प्‍लास्टिक, बैनर, मोबाइल, सुई, धागा, सेल्‍लो टेप समेत जरूरत का कई सामान बरामद हुआ। बैनर में कृषि कानून को रद्द करने, जनता पर युद्ध अभियान तत्‍काल बंद करने, फर्जी मुठभेड़ के दो‍षियों को सजा देने, भूमि अधिग्रहण कानून को रद्द करने समेत कई बातें लिखी है। पकड़े गये शख्‍स ने अपना नाम गोमिया कोड़ा बताया। वह टोन्‍टो थाना क्षेत्र के रेंगड़ा का रहने वाला है। उसके पैकेट से 35 हजार कैश, तार, कटर, राशन सामग्री, पटाखा, बैंक में पैसा जमा करने की पर्ची मिली है। पुलिस उससे पूछताछ कर जानकारी जुटाने में लगी है। गुप्‍त सूचना के आधार पर उसकी गिरफ्तार रेंगड़ा स्‍कूल के पास से हुई।

Published / 2021-09-02 16:49:05
सिमडेगा : वाहन चेकिंग के दौरान दो तस्कर गिरफ्तार, 77 किलो गांजा जब्त

सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत बोलबा थाना की पुलिस को नशे के सौदागरों के विरूद्ध एक बार फिर बड़ी करवाई की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गांजा की तस्करी में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं साढ़े 38 लाख रुपये के 77 किलो गांजा जब्त किया गया है। इस बाबत एसपी डॉ शम्स तब्रेज ने प्रेस वार्ता कर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय अपराध नियंत्रण अभियान के लिए चलाए जा रहे वाहन चेकिंग के दौरान उक्त करवाई की गई। बोलबा थाना गेट पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (जेएच 03 एस-6239) को रोकने का प्रयास किया गया तो गाड़ी रुकते ही उसमें सवार दो लोग तेजी से उतरकर भागने की कोशिश की। लेकिन मौके पर मुस्तैद पुलिस ने दोनों को दौड़कर दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम मनीष कुमार साहू-सुंदरगढ़ निवासी तथा देवेंद्र सबर सम्बलपुर निवासी बताया।

Published / 2021-09-02 16:46:39
हजारीबाग : 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार, आरोपियों के सारे अकाउंट होंगे फ्रीज

हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में बैंक पासबुक, एटीएम डेबिट कार्ड और फ्रॉड में प्रयुक्त मोबाइल आदि बरामद किए गए हैं। अपराध से अर्जित पैसे से क्रय-विक्रय और लेनदेन किए गए जमीन के कागजात भी बरामद हुए हैं। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि स्कोका आउटलुक वेबसाइट पर फर्जी आईडी बनाकर सर्विस प्रोवाइड करने के नाम पर लोगों से ठगी का काम करते हैं। यह जानकारी एसपी मनोज रतन चौथे ने गुरुवार को दी। एसपी ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के तहत कार्रवाई करते हुए ईडी को सूचित कर आरोपियों की प्रॉपर्टी को अटैच किया जाएगा और सारे अकाउंट फ्रीज किए जाएंगे। इसके तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में मुख्य सरगना किंगपिन रहे बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बंडा सिंघा निवासी किशोर साव, रमेश कुमार, विनोद कुमार साव, बेल कप्पी निवासी गौतम कुमार नायक, गोरहर थाना क्षेत्र के सिलाड़ीह निवासी केदार साव और बरकट्ठा थाना क्षेत्र के कोनहरा कला निवासी श्याम सुंदर यादव शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक सेंट्रो कार एक बाइक विभिन्न कंपनियों के 8 मोबाइल विभिन्न बैंकों के 13 पासबुक विभिन्न बैंकों के 11 चेक बुक और विभिन्न बैंकों के 11 डेबिट क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि मुख्य सरगना किशोर साव में बीएड की डिग्री प्राप्त किए हुए हैं। इसके विरुद्ध गोरहर थाना में 2018 में भी आपराधिक मामला दर्ज किया जा चुका है, जिसमें वह वांछित है। एएपी ने कहा कि गुप्त सूचना मिली की बंडा सिन्घा निवासी किशोर साव के घर के पास कुछ लड़के एकत्रित होकर फोन के माध्यम से लड़कियों की फोटो दिखा कर ठगी का काम कर रहे हैं। इसकी सूचना पर एसपी ने एक टीम का गठन किया। टीम ने सूचना का वेरिफिकेशन करने के बाद किशोर साव के घर के पास पहुंच कर घेराबंदी की। जहां तीन व्यक्ति पुलिस बल को देखकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि उनका एक सहयोगी है, जिसका नाम किशोर साव है और वह नीले रंग की सैंट्रो कार में बैठा है। इस सुराग के आधार पर उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर गुरुवार को अन्य दो और अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि किशोर साव के घर से 50 लाख रुपए का जमीन का पेपर भी मिला है। इसके अलावा हजारीबाग शहर के कोर्रा में बहुमंजिला इमारत भी बना रखा है। इन सारी संपत्तियों की जांच की जा रही है। इसके लिए सीओ को लिखा गया है ताकि इसके आय का स्रोत स्पष्ट हो सके फिर इनकी संपत्ति को अटैच किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पासबुक फ्रीज करने के लिए बैंक को लिख दिया गया है। यह भी जांच की जा रही है इनके अकाउंट में कहां-कहां से पैसे आए और इनके अकाउंट से कहां-कहां पैसे भेजे गए। एसपी मनोज रतन चौथे ने लोगों से अपील की है कि लोग संदिग्ध लिंक को क्लिक न करें। ऐसे वेबसाइट को ना डाउनलोड करें और ना ही क्लिक करें। अगर इस तरह के मामले आते हैं तो नि:संकोच पुलिस को सूचित करें। सूचना को गोपनीय रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।

Published / 2021-09-02 16:42:17
धनबाद जज उत्तम आनंद की मौत मामला : CBI की जांच से झारखंड हाईकोर्ट संतुष्ट

रांची। जज उत्तम आनंद की कथित मौत की सीबीआई जांच के बिंदु पर झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सीबीआई की ओर से अदालत में जांच की प्रगति रिपोर्ट पेश किया गया। अदालत को जानकारी दी गई कि नार्को टेस्ट का सैंपल दूसरे राज्यों में भेजा गया है, शीघ्र ही रिपोर्ट आ जाएगी। अदालत ने नार्को टेस्ट रिपोर्ट पूरी सावधानी से कड़ी सुरक्षा में मंगाने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 9 सितंबर को होगी। इस बीच में प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया है। झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन और न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत में जज मौत की सीबीआई जांच के बिंदु पर सुनवाई हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मामले की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान जांच पदाधिकारी की ओर से अद्यतन जांच रिपोर्ट पेश किया गया। अदालत को अधिवक्ता के माध्यम से जानकारी दी गई कि मामले के दो आरोपी जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। उनका नार्को टेस्ट सैंपल दूसरे राज्य में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर अदालत को इससे अवगत कराया जाएगा।अदालत ने उन्हें नार्को टेस्ट रिपोर्ट को कड़ी सुरक्षा में लाने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि अगर उपलब्ध हो तो हवाई मार्ग से रिपोर्ट मंगवाई जाए। ट्रेन से मंगाए जाने पर रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ हो सकता है। इसलिए कड़ी सुरक्षा में वह रिपोर्ट मंगाई जाए। अदालत में प्रगति रिपोर्ट पेश करने को कहा है, ताकि इस केस की जांच निष्पक्ष रूप से पूरी तरह हो सके। बता दें कि धनबाद के एडीजी उत्तम आनंद की मॉर्निंग वाक के दौरान सुबह में ऑटो से धक्का लगने की वजह से मौत हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज देखने के उपरांत ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्हें जानबूझकर धक्का मारा गया है। उसके बाद सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका को बदलकर सुनवाई की। मामले की सीबीआई जांच चल रही है। हाई कोर्ट की तरफ से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उसी मामले की सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से अद्यतन जांच रिपोर्ट पेश किया गया। अदालत ने अपनी संतुष्टि जाहिर करते हुए जांच को आगे बढ़ाने का निर्देश देते हुए अद्यतन जांच रिपोर्ट फिर से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

Page 1521 of 1566

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse