गढ़वा। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने सोमवार को गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान में लगभग साढ़े 11 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 26 योजनाआें का शिलान्यास किया। इनमें करीब साढ़े छह करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक बहुद्देशीय सांस्कृतिक भवन (टाउन हॉल) तथा नगर परिषद की अन्य 25 योजनाएं शामिल है। मंत्री श्री ठाकुर एवं नप अध्यक्ष पिंकी केषरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर, पूजा अर्चना कर व नारियल फोड़कर शिलापट्ट का अनावरण किया। मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि इस बहुद्देशीय सांस्कृतिक भवन के निर्माण से गढ़वा के विकास में एक और अध्याय जुड़ गया। उन्होंने कहा कि गढ़वा के लिए किये जा रहे विकास कार्यों में कई बाधाएं उत्पन्न हो रही है। हर कार्य में विरोधी रोड़ा अटकाते हैं। परंतु दूसरों के विरोध से उन्हें और अधिक उर्जा मिलती है। जिससे वे और तेजी से विकास कार्य करते हैं। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा के विकास में यदि उनकी जान भी चली जाए, तो वे इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वा के लिए उनका सर्वस्व न्योछावर है। वे अपने लिए नहीं जनता एवं समाज के लिए जीते हैं। मंत्री ने विपक्षिआें को धन्यवाद देते हुए कहा कि गढ़वा का नाम सिर्फ झारखंड ही नहीं दिल्ली तक गूंज रहा है। उन्होंने जब सुंदरीकरण के लिए घंटाघर का निर्माण शुरू कराया तब विपक्षियों ने गढ़वा का नाम दिल्ली तक लहरा दिया। मंत्री ने कहा कि दिसंबर तक शहरी जलापूर्ति योजना प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने हाथी उड़ाने में राज्य का खजाना खाली कर दिया था। झारखंड की हेमंत सरकार को सत्ता संभालने के बाद खाली खजाना और माहामारी कोरोना उपहार में मिला। फिर भी काफी बेहतर ढंग से राज्य का विकास हो रहा है। मौके पर उपायुक्त राजेश कुमार पाठक, उप विकास आयुक्त एसएन उपाध्याय, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय पांडेय, पूर्व नप अध्यक्ष अनिता दत्त, नप क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सिन्हा, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, प्रवक्ता धीरज दुबे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अंजली गुप्ता, परेष तिवारी, मेदनी खान, संतोष केसरी, संजय चैधरी, मुन्ना सिंह, सभी वार्ड पार्षद एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
गुमला। चैनपुर थाना क्षेत्र के मरवा इलाके में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक लाख के इनामी नक्सली राकेश उरांव उर्फ मनाकी उरांव को हथियार और विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किया है। भाकपा माओवादी सदस्य राकेश उरांव के खिलाफ गुमला के 8 थानों में विभिन्न अपराधों में मामला दर्ज है और पुलिस उसकी कई दिनों से तलाश कर रही थी। एसपी डॉक्टर एहतेशाम वकारीब के मुताबिक कुख्यात नक्सली बुद्धेश्वर के मारे जाने के बाद उसके दस्ते के सभी सदस्य गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर भागते फिर रहे हैं। जबकि पुलिस लगातार नक्सलियों पर दबिश बनाई हुई है। इसी दौरान रविवार को ये सूचना मिली थी राकेश उरांव मरवा जंगल में छिपा हुआ है। इस सूचना के बाद छापेमारी दल का गठन किया गया। मरवा जंगल में तलाशी के दौरान पुलिस को देखकर फरार होने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। राकेश उरांव की निशानदेही पर जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटकों को पुलिस ने बरामद कर लिया।नबरामद किए गए विस्फोटकों में एक देसी पिस्टल, एक पीस कारतूस, 5 पीस इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर सहित कई दूसरे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक विस्फोटकों को पुलिस टीम को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।
रांची। नामकुम प्रखंड के लाली पंचायत अन्तर्गत कुदागाढ़ा राजस्व गांव के फतेहपुर, गरुड़पीढ़ी, हेसो में ट्राइबल सोशल वेलफेयर सोसाइटी, रांची एवं वाईवीएन विश्वविद्यालय, रांची के द्वारा संचालित समग्र विकास कार्यकम हेतु ग्रामीणों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान दिग्विजय सिंह मुण्डा ने किया। बैठक में बेरोजगार युवक-युवतियों को दक्ष (प्रशिक्षित) बनाकर स्वरोजगार से जुड़ने का विशेष कार्यक्रम एवं रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में वाईवीएन विश्वविद्यालय के चेयरमैन सह ट्राइबल सोशल वेलफेयर सोसाइटी रांची के सीईओ रामजी यादव ने कहा की हमारी संस्था समग्र विकास कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण युवा स्वरोजगार कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। यह कार्यक्रम ग्रामीण युवक एवं युवतियों के लिए विशेष कार्यक्रम के रूप में कार्यान्वित किया जाएगा। श्री यादव ने कहा इस कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य है, ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा के युवक एवं युवतियों के लिए प्रशिक्षण द्वारा उनके दक्षता के आधार पर उनके लिए स्थायी आय के स्रोत सृजन करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा इस कार्यक्रम को क्रियान्वित करने के निम्न बिंदुओं पर गंभीर चिंतन के बाद ग्रामीण युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर कार्यरूप दिया जाएगा, तीव्र गति से ग्रामीण युवाओं का शहरों की ओर बहिर्गमन पर नियंत्रण, कुल आबादी का एक तिहाई हिस्सा युवा वर्ग का (18 से 35 वर्ष) है, जो किसी भी देश के विकास एवं निर्माण में बहुत बड़ी मानव शक्ति होटी है उसका सदुपयोग करने एवं प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप में उनके सामाजिक, आर्थिक समस्याओं का निदान करना। बैठक को लाली पंचायत के मुखिया रामचंद्र सिंह मुंडा ने भी संबोधित किया और उन्होंने कहा कि समाज उचित मार्गदर्शन नहीं होने के कारण युवा गलत रास्ता का चयन करते हैं, जिससे समाज दिशा विहीन हो जाती है। संस्था के इस कार्यक्रम को चलाने से हमारा समाज निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। बैठक में काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए।बबैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन रविंद्र नाथ प्रमाणिक ने किया। उक्त जानकारी वाईवीएन विश्वविद्यालय, रांची के चेयरमैन रामजी यादव ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी के दी।
रांची। झारखंड में 252 पदों के लिए 7वीं से 10वीं तक की संयुक्त सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से हुई। कोरोना को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन किया गया।
एबीएन डेस्क। नक्सली गंगा प्रसाद राय की शनिवार को (18 सितंबर) देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई है। पिछले महीने 4 अगस्त को दुमका पुलिस और एसएसबी के सामने आत्मसमर्पण करने के बाद वो जेल में बंद था। 17 अगस्त को उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए रांची रिम्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान नक्सली की मौत हो गई। रिम्स में इलाजरत कैदी फरार : रिम्स (रांची) की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अपहरण और हत्या का आरोपी फरार हो गया। कृष्ण मोहन झा नाम के कैदी को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से इलाज के लिए रिम्स लाया गया था। मौका पाते ही रविवार को रिम्स के मेडिसिन वार्ड से वह फरार हो गया। इस घटना के बाद एकबार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले भी रिम्स से कैदी के फरार होने की घटना घट चुकी है।
रांची। सीआइडी की साइबर टीम ने बल्क मैसेज भेज सिम केवाइसी करने के नाम पर 2.53 लाख की ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को धर दबोचा है। रांची के डोरंडा के रहने वाले प्रत्युष कुमार से इसी वर्ष अप्रैल महीने में साइबर अपराधियों ने 2.53 लाख की ठगी की थी। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में धनबाद के धनसार का सचिन मंडल और धनबाद के ही गोविंदपुर का रहने वाला रोहित सिंह शामिल है। 11 अप्रैल को रांची के डोरंडा के रहने वाले प्रत्युष नाथ को साइबर अपराधियों ने मैसेज के जरिए बताया कि उनके बीएसएनएल सिम का केवाईसी अपडेट नही है। अगर शाम तक केवाईसी अपडेट नहीं हुआ तो सिम कार्ड बंद कर दिया जाएगा। मैसेज में केवाईसी अपडेट के लिए एक लिंक भी दिया हुआ था। लिंक पर क्लिक करते ही प्रत्युष के मोबाइल को साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया और देखते ही देखते खाते से 2.53 लाख गायब कर दिए। ठगी के बाद प्रत्यूष ने साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया था। मामला दर्ज करने के बाद सीआईडी की साइबर टीम अपराधियों की तलाश में जुट गई थी। इसी बीच टेक्निकल टीम के द्वारा यह जानकारी मिली कि इन ठगी को अंजाम देने के लिए धनबाद में बने एक सर्वर का प्रयोग किया गया था। तहकीकात के बाद आखिरकार धनबाद से सचिन और रोहित पकड़े गए। गिरफ्तार साइबर अपराधियों ने इससे पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। सीआईडी की टीम उन मामलों को लेकर भी उनसे पूछताछ कर रही है। साइबर अपराधी बल्क मैसेजिंग सर्विस के इस्तेमाल से लगातार साइबर फ्रॉड लोगों के खातों में सेंध लगाते रहे हैं। इसे देखते हुए बल्क मैसेजिंग सर्विस कंपनियों ने फ्रॉड से संबंधित कंटेंट को बैन कर दिया था। इसके बावजूद अब साइबर फ्रॉड इस बल्क मैसेजिंग सर्विस के कंटेंट में छेड़छाड़ कर लोगों को मैसेज भेज रहे हैं। इन्हीं मैसेज के जरिए वे लोगों को चूना लगा रहे हैं। इन दिनों अलग-अलग सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों जैसे बीएसएनएल, एयरटेल, जियो, वीआई सहित अन्य कंपनियों के नाम पर मैसेज भेजे जा रहे हैं। लोगों के मोबाइल नंबर पर भेजे गए मैसेज में यह कंटेंट भेजा जा रहा है कि आपका नंबर बंद होने वाला है। केवाईसी अपडेट करा लें। इसके लिए साइबर अपराधी मैसेज की कंटेंट में संपर्क करने के लिए नंबर भेजते हैं। उन नंबरों पर संपर्क करते ही साइबर फ्रॉड लोगों को टीम वीवर, एनीडेस्क, क्विक सपोर्ट सहित अन्य ऐप डाउनलोड करवा कर खातों में सेंध लगा रहे हैं। इसके अलावा रिमोट एडमिनिस्ट्रेशन टूल (आरएटी) के क्रिम्सन मालवेयर भी भेजे जा रहे हैं। इसे लेकर बीएसएनएल सहित कई टेलीकॉम कंपनियों ने अलर्ट जारी किया है। इस अनुरोध पर रांची के साइबर थाने की पुलिस ने भी अलर्ट जारी कर इससे बचने की अपील की है।
लातेहार जिला के बालूमाथ थाना अंतर्गत शेरेगाड़ा ग्राम के मननडीह टोला में करमा डाल विसर्जन के दौरान सात युवतियों की पानी में डूबने से मौत हो गई है। सभी मृत युवतियों की उम्र 10 वर्ष से लेकर 20 वर्ष के बीच है। बालूमाथ थाना पुलिस सभी शवों को अपने कब्जे में कर बालूमाथ ले आई है। सात मृतकों में तीन मृतका आपस में बहन है और अकलू गंझू की बेटी है। 1. रेखा कुमारी, 18 वर्ष, 2. लक्ष्मी कुमारी, 8 वर्ष, 3. रीना कुमारी, 11 वर्ष (तीनों के पिता अकलू गंझू है), 4. मीना कुमारी, 8 वर्ष, पिता लालदेव गंझू, 5. पिंकी कुमारी, 15 वर्ष, पिता जगन गंझू, 6. सुषमा कुमारी, 7 वर्ष, पिता चरण गंझू, 7. सुनीता कुमारी, 17 वर्ष, पिता स्वर्गीय बिफा गंझू शामिल हैं। सभी ग्राम शेरेगाड़ा, टोला मननडीह, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार की है।
रामगढ़। रामगढ़-बोकारो NH-23 स्थित चितरपुर प्रखंड अंतर्गत मारंगमरचा के सिकनी मोड़ के पास शुक्रवार की शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दोनों ही बाइक से अपने घर आ रहे थे और इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था।इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घायल काे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान दुलमी प्रखंड अंतर्गत सिकनी निवासी टीपू कुमार (20) के रूप में की गई। टीपू अपने दोस्त पवन कुमार के साथ चितरपुर पेट्रोल पंप गया था। यहां से बाइक में पेट्रोल भरवा कर दोनों ही अपने घर सिकनी लौट रहे थे। इसी बीच किसी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और दोनों ही सड़क पर गिर गए। दोनों के सिर पर गंभीर चोट आई। टीपू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पवन गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse