चतरा। जिले में एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने की फिराक में जुटे अपराधियों के विरूद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई की है। सिमरिया थाना पुलिस ने टंडवा रोड स्थित धनगड्डा घाटी से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 5 देसी बम और मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में गठित टीम ने ये कार्रवाई की है। बरामद बम को मौके पर ही सुरक्षाबलों ने डिफ्यूज कर दिया।
पलामू। दिवाली की रात जुआ खेलने वालों खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। पलामू पुलिस ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर जुआ खेलने के आरोप में 26 लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि लाखों रुपए बरामद की है। गिरफ्तार जुआरियों से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है।पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के बैरिया और हाउसिंग कॉलोनी के इलाके में जुआ खेला जा रहा है। इसी सूचना के आलोक में पुलिस ने छापेमारी की और मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के पास से भारी मात्रा में नकद रुपए बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी मेदनीनगर के बेरिया ऑल सपना के इलाके के रहने वाले हैं जबकि एक आरोपी लातेहार का मनिका का रहने वाला है। पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि रेहला थाना क्षेत्र के जय भवानी विवाह भवन के इलाके में जुआ खेला जा रहा है। किसी सूचना के आलोक में टाउन इंस्पेक्टर अभय कुमार सिन्हा और पड़वा थाना प्रभारी रुपेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस छापेमारी में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 5.93 लाख रुपये बरामद किए हैं। रेहला से गिरफ्तार आरोपियों में गढ़वा जिला के रहने वाला है। पलामू पुलिस कई इलाकों में छापेमारी कर रही है। रेहला से पुलिस ने राज कुमार मेहता, परमेंद्र कुमार सिंह, संतोष कुमार, रामलाल साव, नरेंद्र राम, बिलाल खान, ललित कुमार सिंह, जाहिद कुरैशी, रितेश पांडे, चंदन कुमार गुप्ता, दशरथ साहू, नौशाद अंसारी, अखिलेश कुमार और मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया है।
एबीएन डेस्क | बगोदर थाना क्षेत्र के अटका स्थित बैंक ऑफ इंडिया में गुरुवार को अहले सुबह आग लग गई. इस अगलगी की घटना में लाखों की संपत्ति का नुकसान पहुंचा है. बैंक के गार्ड के अनुसार कैश जलने की भी आशंका है. शॉर्ट सर्किट से बैंक में आग लगने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर जब तक काबू पाया जाता तब तक आग पूरी तरह से बैंक परिसर में फैल चुकी थी और तबाही मचा चुकी थी. बाद में दमकल की गाड़ी पहुंची तब आग को पूरी तरह से कंट्रोल किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आग से बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है. अगलगी की घटना के बाद बैंक के अंदर का हिस्सा पूरी तरह से गर्म हो गया. इससे बैंक के अंदर जाना और क्षतिपूर्ति का आंकलन करना फिलहाल संभव नहीं है. घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी. रात दो बजे के करीब आग लगने की बात कही जा रही है. तीन बजे के बाद लोगों की भीड़ जुटती गई और फिर आग को बुझाने का प्रयास किया गया. मौके पर थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी दलबल के साथ पहुंचे हुए थे. राहत एवं बचाव कार्य में जुटे बगोदर थाना के एएसआई जितेंद्र राम को हल्की चोट भी पहुंची है. घटना की सूचना मिलने पर बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटना का जायजा लिया. साथ ही अगलगी कैसी हुई इसकी जानकारी लोगों से ली. उन्होंने घटना को दुखद बताया है |
रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत कार्यवाह राकेश लाल ने आज संघ कार्यालय श्रीनिकेतन के सभागार में प्रेस को संबोधित करते कहा कि कार्यकारी मंडल की वर्ष में दो बार बैठक होती है। एक प्रतिनिधि सभा से पहले और दूसरा दशहरा और दीपावली के बीच में। कोरोना के कारण पिछले साल बैठक नहीं हो सकी थी। कोरोना काल में संघ के स्वयंसेवकों ने लाखों की संख्या में सेवा कार्य किए। कोरोना के कारण संघ कार्य का विस्तार भी बाधित हुआ। शाखाएं ठीक से नहीं लग पाईं, देशभर में प्रवास भी बाधित हुआ। शाखा के रूप में प्रत्यक्ष कार्य प्रभावित हुआ, लेकिन सेवा के रूप में व्यापक कार्य हुआ। नित्य शाखा में आने वाले स्वयंसेवकों के साथ ही केवल कार्यक्रमों में आने वाले स्वयंसेवकों ने भी अत्यधिक सक्रियता से कार्य किया। किन्तु अब परिस्थितियां बदली है। कार्यकारी मंडल की बैठक में बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हमलों को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया है। बांग्लादेश में हिन्दू समाज पर आक्रमण अचानक घटित घटना नहीं है। फेक न्यूज के आधार पर साम्प्रदायिक उन्माद पैदा करने की कोशिश की गई है, ये हिन्दू समाज के निर्मूलन का योजनाबद्ध प्रयास था। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव में हिन्दुओं पर हुए हिंसक आक्रमणों पर दुःख व्यक्त किया गया है और वहां के हिन्दू अल्पसंख्यकों पर लगातार हो रही क्रूर हिंसा और बांग्लादेश के व्यापक इस्लामीकरण के जिहादी संगठनों के षडयन्त्र की घोर निंदा की गई है। प्रस्ताव में कहा गया है कि हिन्दू समाज को लक्षित कर बार-बार हो रही हिंसा का वास्तविक उद्देश्य बांग्लादेश से हिन्दू समाज का संपूर्ण निर्मूलन है। फलस्वरूप भारत विभाजन के समय से ही हिन्दू समाज की जनसंख्या में निरंतर कमी आ रही है। विभाजन के समय पूर्वी बंगाल में हिन्दुओं की जनसंख्या लगभग अठ्ठाईस प्रतिशत थी, वह घटकर अब लगभग आठ प्रतिशत रह गई है। जमात-ए-इस्लामी (बांग्लादेश) जैसे कट्टरपंथी इस्लामी समूहों द्वारा अत्याचारों के कारण विभाजन काल से विशेषकर 1971 के युद्ध के समय बड़ी संख्या में हिन्दू समाज को भारत में पलायन करना पड़ा। संघ ने मानवाधिकार के तथाकथित प्रहरी संगठनों और संयुक्त राष्ट्र संघ से संबंधित संस्थाओं के गहरे मौन पर चिंता व्यक्त की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान किया कि इस हिंसा की निंदा करने के लिए आगे आए व बांग्लादेश के हिन्दू, बौद्ध व अन्य अल्पसंख्यक समाज के बचाव व सुरक्षा हेतु अपनी आवाज़ उठाए। बांग्लादेश या विश्व के किसी भी अन्य भाग में कट्टरपंथी इस्लामिक शक्ति का उभार विश्व के शांतिप्रिय देशों की लोकतांत्रिक व्यवस्था और मानवाधिकार के लिए गम्भीर ख़तरा सिद्ध होगा। प्रस्ताव में हिंसा से पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए इस्कॉन, रामकृष्ण मिशन, भारत सेवाश्रम संघ, विश्व हिन्दू परिषद एवं अनेक हिन्दू संगठनों-संस्थाओं की सराहना की गई है। कार्यकारी मंडल ने भारत सरकार से भी अनुरोध किया कि उपलब्ध सभी राजनयिक माध्यमों का उपयोग करते हुए बांग्लादेश में हो रहे आक्रमणों व मानवाधिकार हनन के बारे में विश्व भर के हिन्दू समाज एवं संस्थाओं की चिंताओं से बांग्लादेश सरकार को अवगत कराये ताकि वहां के हिन्दू और बौद्ध समाज की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रेस को संवोधित करते हुए कहा कि देश स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस निमित्त संघ के स्वयंसेवक समाज व विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर काम करेंगे। स्वतंत्र रूप से भी आयोजन होंगे। स्वतंत्रता आंदोलन के अज्ञात सेनानियों का जीवन समाज के सामने लाया जाएगा। भारत का स्वतंत्रता आंदोलन विश्व में विशिष्ट रहा है, सबसे लंबे समय तक चला है। आंदोलन में देश की एकात्मता प्रकट हुई। यह आंदोलन केवल अंग्रेजों के खिलाफ नहीं था, अपितु भारत के स्व का आंदोलन था। इसलिए स्वदेशी आंदोलन उसमें जुड़ गया। स्व-भाषा, स्व-संस्कृति का आंदोलन जुड़ गया। इसलिए भारत के स्व का अर्थ अंग्रेजों को यहां से भगाना चाहिए, इतना ही नहीं था। भारत की आत्मा को जागृत करने का था, इसके लिए स्वामी विवेकानंद सहित अनेक हस्तियों ने कार्य किया। साथ ही इस अवसर पर वर्तमान पीढ़ी को संकल्प लेना चाहिए कि हम भारत को हर क्षेत्र में दुनिया में उत्कृष्ट बनाने के लिए कार्य करेंगे।सह प्रांत कार्यवाह ने कहा कि सिक्ख पंथ के नवम गुरु, गुरु श्री तेगबहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष पर संघ सम्पूर्ण समाज के साथ जो उनके आदर्शों को मानता है के साथ मिलकर कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय किया है। गुरु श्री तेगबहादुर जी ने धर्म संस्कृति की रक्षा के लिए बलिदान दिया है। उनकी स्मृति व प्रेरणा वर्तमान पीढ़ी को होनी चाहिए। उन्होंने संघ के कार्यवृत के बारे में बताया कि देश में अभी 34 हजार स्थानों पर दैनिक शाखा, साप्ताहिक मिलन 18490 स्थानों पर, मासिक मंडली 7905 स्थानों पर, यानि कुल 55 हजार स्थानों पर संघ का प्रत्यक्ष कार्य है। अभी देशभर में 54382 दैनिक शाखाएं लग रही हैं। वहीं झारखण्ड में कुल 0423 स्थानों पर दैनिक शाखा साप्ताहिक मिलन 0272 स्थानों पर, मासिक मंडली 0049 स्थानों पर, यानि कुल 750 स्थानों पर संघ का प्रत्यक्ष कार्य है। अभी झारखण्ड में 0664 दैनिक शाखाएं लग रही हैं। वर्ष 2025 में संघ के 100 वर्ष होने वाले हैं। तथापि हम प्रति तीन वर्ष में संगठन के विस्तार की योजना बनाते हैं। इस दृष्टि से हमने विचार किया है कि मंडल स्तर तक हमारा काम होना चाहिए। अभी झारखण्ड में 0258 ब्लॉक/खंड में से 0126 में संघ कार्य है। 1264 मंडलों में 0672 मंडलो में काम है, 024 जिलों में से 024 जिलों में काम है, हमने विचार किया है कि आने वाले तीन साल में संघ कार्य सभी मंडलों तक पहुंचना चाहिए। पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को लेकर भी योजना बनी है। 2022 से 2025 तक कम से कम दो साल का समय देने वाले कार्यकर्ता तैयार करेंगे। मार्च में इसकी संख्या आ जाएगी। कोरोना के कारण नित्य शाखा बाधित होने पर भी संपर्क के आधार पर झारखण्ड में 2037 स्थानों पर गुरु पूजन का कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में 3252354 स्वयंसेवकों ने श्रीगुरु पूजन किया। पर्यावरण संरक्षण प्रतिदिन का कार्य है, केवल दीपावली पर पटाखों को प्रतिबंधित करने से क्या समस्या का समाधान होगा, इससे समाधान नहीं होने वाला। विश्व के अनेक देशों में पटाखों का उपयोग होता है, इसलिए किस प्रकार के पटाखों को प्रतिबंधित करना है, इसे देखना होगा। समग्रता से विषय को देखना चाहिए, एकदम से निर्णय नहीं लिया जा सकता। समग्रता से और समय रहते चर्चा होनी चाहिए। इससे मिलने वाले रोजगार के बारे में भी विचार करना होगा। मार्च माह की बैठक में पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, समरसता, सामाजिक सद्भाव के कार्य के साथ जोड़ने पर विचार हुआ था। ये चारों समाज की गतिविधि बने, इस दृष्टि से काम करने का तय किया था। इसे लेकर अभी तक हुए प्रयासों व अनुभवों की समीक्षा भी बैठक में हुई है। इस पत्रकार वार्ता में प्रान्त प्रचार प्रमुख धनन्जय कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
रांची/रातू। बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गुजरात और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल आदरणीय कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर झारखंड ब्रह्मर्षि युवा मंच ने रातू प्रखंड के तिलता स्थित गायत्री नगर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैलाशपति मिश्रा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ अभिषेक, डॉ एसएन मिश्रा एवं डॉ बृजेश ने गायत्री नगर के सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों की स्वास्थ्य की जांच की। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड ब्रह्मर्षि युवा मंच के अध्यक्ष अमित कुमार ने किया। अमित ने कहा कि युवाओं के बीच कैलाशपति मिश्र का व्यक्तित्व अपने आप में एक मिसाल है उन्होंने सभी धर्मों का और सभी जाति के लोगों को आगे बढ़ाने का काम किया। उनका व्यक्तित्व बह्मर्षि समाज के लिए एक मिशाल है। अमित ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उनके विचारों को और उनके जीवन के बारे में आप अध्यन करें एवं जन जन तक पहुंचाने का काम करें। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच करने आए डॉक्टर अभिषेक ने कहा कि हम ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन लगातार करते रहना चाहिए एवं समाज में पढ़ रहे युवाओं के लिए एजुकेशन काउंसलिंग की व्यवस्था आने वाले दिनों में झारखंड ब्रह्मर्षि युवा मंच करेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह ने कहा कि स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र बिहार के भीष्म पितामह थे। उन्होंने जाति धर्म से ऊपर उठकर हर वर्ग के व्यक्ति के लिए कार्य किया। स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र त्याग एवं तपस्या के मूरत थे। श्री सिंह ने कहा कि श्री कृष्ण सिंह जी एवं श्री कैलाशपति मिश्र के समान व्यक्तित्व विरले ही धरती पर जन्म लेते हैं। कार्यक्रम में अमित कुमार, आकाश भूषण, सुजीत सिंह, अजीत कुमार, डॉ ब्रजेश, डॉ एसएन मिश्रा, प्रवीण सिंह, मृत्युंजय शर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में संतोष सिंह, पिंटू सिंह, भीष्म नारायण सिंह, मृत्युंजय पांडे, श्रीकांत सिंह, अंकित कुमार, सावित्री देवी, सोनी कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धन्यवाद ज्ञापन झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आकाश भूषण ने किया।
रांची। सोमवार को वाईबीएन विश्वविद्यालय शिक्षक शिक्षण संस्थान ने दीपावली के उपलक्ष पर रंगोली प्रतियोगिता और शिल्पकारी (आर्ट एंड क्राफ्ट) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार भगत सिंह समूह (ग्रुप) विजेता रहे। द्वितीय पुरस्कार महात्मा गाँधी ग्रुप को दिया गया और तृतीय पुरस्कार सुभाष चंद्र बोस ग्रुप को मिला तथा शिल्पकारी (आर्ट एंड क्राफ्ट) प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार विजेता नेहा स्टेला रही, जबकि द्वितीय पुरस्कार विजेता अंकिता श्रीवास्तव और तृतीय पुरस्कार विजेता नेहा सिंह रही। मौके पर शिक्षण संस्थान के सभी गणमान्य प्राध्यापक-प्राध्यापिका और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से अपना सहयोग दिया। सभी प्रतिभागियों ने शिक्षण संस्थान भवन की साज-सज्जा में शिल्पकारी में तथा रंगोली बनाने में बहुत परिश्रम किया था। सबका प्रयास इतना सराहनीय था कि विजेताओं का चयन करना कठिन हो रहा था। इस समारोह में जज की भूमिका में डॉ अंकिता कुमारी ने पुरस्कृत कर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम में बीएड संकाय की प्रधानाचार्या डॉ अनामिका का योगदान महत्वपूर्ण रहा। शिक्षण संकाय के प्राध्यापिका मंडली से सुमन, संदीप, मानस, संगीता इत्यादि सदस्यों ने अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम निर्णायक मंडल में डॉ अंकिता कुमारी, डॉ मीना, डॉ आरती गुप्ता, डॉ अपर्णा ने निष्पक्ष निर्णय लिया। इस कार्यक्रम में स्वाति, विनीता कुमारी, राखी विश्वकर्मा सहित शिक्षण संकाय के सभी सदस्य उपस्थित थे। सभी ने दीपावली उत्सव में आतिशबाज़ी भी की और बड़े हर्षोल्लास से सभी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी। सबक सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उक्त जानकारी संस्थान की मीडिया प्रभारी राखी विश्वकर्मा ने दी।
बिश्रामपुर। बिश्रामपुर नप में छठ पूजा को लेकर नगर के अंदर के विभिन्न घाटों की साफ सफाई का सोमवार को सहायक नगर आयुक्त मो प्रवेज आलम, बिश्रामपुर थाना प्रभारी धुमा किस्कु और सिटी मैनेजर सुभाष हेंब्रम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।जिसमें बिश्रामपुर शिव मंदिर छठ घाट, राज घाट, नवाडीह और रेहला छठ घाट शामिल है।उन्होंने कहा कि शिव घाट पर नगर परिषद ने सुंदरीकरण, राज घाट में व्रत धारियों के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय जल्द ही बनाया जायेगा। उन्होंने सफाई कर्मी और सुपरवाइजरों को सभी घाटों की साफ-सफाई में किसी तरह की कोताही नहीं करने की हिदायत दी। थाना प्रभारी ने कहा कि सभी घाटों की सफाई कराई जा रही है। सभी घाटों की साफ सफाई की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं कहीं-कहीं घाटों को जेसीबी की सहायता से समतल किया जा रहा है, ताकि छठ पूजा में छठव्रतियों को पूजा करने में कोई परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। वहीं राज घाट में छठ पूजा समिति पूरे घाटों की बांस- बल्ली से बैरिकेडिंग कर रही है।मौके पर समाजसेवी विजय कुमार रवि, राजन पांडेय, संजय ठाकुर, बिट्टू खान, दीपक कुमार, मोबारक अंसारी, धनंजय यादव, राजू साव सहित कई लोग उपस्थित थे।
एबीएन डेस्क, रांची। सोहराई पर्व झारखंड प्रदेश के मुख्य त्योहारों में एक प्रमुख पर्व है, जो दीपावली के एक दिन बाद मनाया जाता है। झारखंड में सोहराय पर्व का अपना ही महत्व है। इस पर्व में गाय, बैल, बकरी, भैंस समेत अन्य जानवरों की पूजा की जाती है। उक्त बातें झारखंड प्रदेश रांची महानगर भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ कार्यालय के किसान मोर्चा मंत्री सतीश महतो ने कही। उन्होंने कहा कि दीपावली की सुबह उठकर किसान अपने जानवरों को नदी तालाब आदि विभिन्न जल स्रोतों में ले जाकर नहा लाते हैं। उसके बाद घर लाकर उनका श्रृंगार करते हैं। जानवरों की सींग में पुदीना, गले में हार और शरीर में रंगोली बनाते हैं। उसके बाद गौशाले में ले जाकर मवेशियों के अंगों में तेल लगाया जाता है। खाने के लिए उरद की सामग्री (क्षेत्रीय भाषा कोहरी) दी जाती है। जानवरों के खाने के दौरान ही उनके खाने के बर्तन से कुछ सामान निकालकर किसान खुद एवं पूरे परिवार के साथ थोड़ा-थोड़ा खाते हैं, जिसे बड़ा शुभ माना जाता है। उसके बाद गौशाले में मुर्गा रंगवा की बलि और तपावन हरिया देने की भी परम्परा है। बाद में ढोल, नगाड़ा, पटाका बजाकर मवेशियों के साथ अठखेलियां भी की जाती है।सोहराई पर्व शहर के विकास के साथ ही विलुप्त होती जा रही है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सोहराय पर्व आज भी बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। सभी झारखंडवासियों को सोहराई और दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं...
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse