झारखंड

View All
Published / 2026-02-18 21:00:54
डीआईजी ने किया पुलिस निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण

क्षेत्र में विधि व्यवस्था एवं नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने सहित अन्य बिन्दुओं पर दिया निर्देश 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, चैनपुर/ पलामू)। पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल आज चैनपुर स्थित पुलिस निरीक्षक सदर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के निदेर्शो का अनुपालन करते हुए नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया। 

उन्होंने नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु असमाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन तथा अन्य प्रतिबंधित चीजों की आवाजाही पर रोक लगाने हेतू पूरी सख्ती बरतने, क्षेत्र में पेट्रोलिंग की व्यवस्था को तेज करने तथा रात्रि गस्ती में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। 

वहीं क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखने एवं अन्य बिन्दुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लोगों से आपसी समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं से अवगत होने और समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तत्परता बरती जाए। अपराध करने वाले अपराधी किसी भी सूरत में पुलिस गिरफ्त से बचना नहीं चाहिए।

उन्होंने विभिन्न थानों में दर्ज कांडों का निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारी फरार वारंटी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें तथा जेल से बाहर आये अपराधियों पर पैनी नजर रखना सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। आमलोगों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में संधारित अभिलेखों एवं पंजियों को शीघ्र ठीक करने का भी निर्देश दिया।  

इंस्पेक्टर कार्यालय पहुंचने पर डीआईजी का स्वागत किया गया। वहीं पुलिस बल द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया।  निरीक्षण के मौके पर पुलिस निरीक्षक पुनम टोप्पो, सदर अंचल चैनपुर के पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, थाना प्रभारी ओम प्रकाश साह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

Published / 2026-02-18 20:59:00
रांची : प्रेस क्लब में वसंत मेला 27-28 को

टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब में 27 और 28 फरवरी को दो दिवसीय वसंत मेला का आयोजन किया जायेगा। मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को क्लब परिसर में एक बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने की। 

बैठक में निर्णय लिया गया कि वसंत मेला का आयोजन क्लब की वीमेन वेलफेयर कमेटी के तत्वावधान में किया जाएगा। आयोजन को सफल और व्यवस्थित रूप देने के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया गया है। इसमें चंदन भट्टाचार्य, राजन बॉबी अशोक गोप, चंदन वर्मा और विजय गोप शामिल हैं। 

दो दिवसीय इस मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाये जायेंगे। मेले में लगभग 35 स्टॉल लगाए जाएंगे. आगंतुकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल, आकर्षक परिधानों और हस्तशिल्प से सजे बुटीक स्टॉल, हेल्थ एवं वेलनेस से संबंधित काउंटर, बच्चों और युवाओं के लिए गेम्स जोन सहित कई अन्य स्टॉल उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा महिलाओं और परिवारों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा। 

आयोजकों ने बताया कि वसंत मेला का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्यमियों को मंच प्रदान करना तथा सदस्यों और उनके परिवारों के लिए एक आनंदमय वातावरण तैयार करना है। साथ ही मनोरंजन के लिए शाम को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, और संगीत कार्यक्रम के अलावा अनेकों लुभावने कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 

बैठक में प्रेस क्लब कमिटी के सदस्यों के साथ वीमेंस वेलफेयर कमेटी की प्रतिमा सिंह, करवी दत्ता, नेहा वारसी, संतोष मृदुला, शीला कुमारी शामिल रहे। स्टॉल बुकिंग के इच्छुक व्यवसायी और उद्यमी रांची प्रेस क्लब कार्यालय अथवा निम्नलिखित सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क : प्रतिमा कुमारी - 7004134774, कर्वी दत्ता - 9430329888, संतोष मृदुला - 8986605190, नेहा वारसी- 9304188065

Published / 2026-02-18 20:35:22
रांची प्रेस क्लब के सम्मानित सदस्य की पुत्री को गोल्ड मेडल

पिठोरिया की अभिज्ञा केशरी बनी गोल्ड मेडलिस्ट 

टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब के सम्मानित सदस्य पिठौरिया निवासी सुजीत केसरी की पुत्री को गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ है। अभिज्ञा केशरी ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नामकुम स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में डॉ प्रदीप कुमार वर्मा के द्वारा अभिज्ञा केशरी को बीकॉम टैक्सेशन विभाग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए  स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, निरंतर परिश्रम तथा पूरे पाठ्यक्रम के दौरान उनके समर्पण के लिए प्रदान किया गया। 

अभिज्ञा ने अपने अध्ययन काल में निरंतर उत्कृष्ट परिणाम मैट्रिक 94.8 प्रतिशत और इंटर 95.2 प्रतिशत प्राप्त करते हुए अपनी प्रतिभा और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए स्नातक में टॉप करके गोल्ड मेडलिस्ट बनी। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है, बल्कि  इस बात का प्रमाण भी है कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। 

उनकी इस सफलता से पत्रकार पिता सुजीत केशरी, माता मंजू केसरी सहित परिवार के सदस्य, शिक्षकों और शुभचिंतकों में हर्ष और गर्व का वातावरण है। उनका यह सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।

Published / 2026-02-18 20:28:20
लोहरदगा : निकाय चुनाव में चल रहा पोस्टर वार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा नगर परिषद चुनाव को लेकर जारी दोनों प्रचार-पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए युवा नेता व समाजसेवी रामाधार पाठक ने कहा कि लोकतंत्र में हर प्रत्याशी को अपनी बात जनता तक रखने का पूरा अधिकार है। चुनाव केवल व्यक्ति या दल का नहीं, बल्कि नगर के भविष्य का प्रश्न होता है। 

उन्होंने कहा कि पोस्टरों में बड़े नेताओं के चित्र लगाना एक परंपरा रही है, परंतु अंतिम निर्णय लोहरदगा की जागरूक जनता को अपने क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की प्रतिबद्धता के आधार पर करना चाहिए। नगर परिषद का चुनाव स्थानीय समस्याओं सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, बाजार व्यवस्था और युवाओं के रोजगार के समाधान का माध्यम होना चाहिए, न कि केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का मंच। 

रामाधार पाठक ने अपील की कि सभी प्रत्याशी स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का पालन करें, एक-दूसरे पर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से बचें और मुद्दों पर चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि लोहरदगा की जनता अब जागरूक है और वह भावनात्मक नारों से अधिक ठोस कार्ययोजना और ईमानदार नेतृत्व को महत्व देगी। 

अंत में उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और ऐसे प्रतिनिधि का चयन करें जो नगर के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी प्रशासन और सामाजिक सौहार्द को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

Published / 2026-02-18 20:27:36
लोहरदगा : निकाय चुनाव में अध्यक्ष प्रत्याशी विशाल डुंगडुंग के समर्थन में जनसैलाब

लोहरदगा नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विशाल डुंगडुंग के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब 

एबीएन न्यूज नेटवक, लोहरदगा। लोहरदगा नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गयी हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी युवा नेता विशाल डुंगडुंग के समर्थन में जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित जनसंपर्क अभियान और सभाओं में हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए। 

कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पूरे क्षेत्र को उत्साह और जोश से भर दिया। अपने संबोधन में विशाल डुंगडुंग ने कहा कि वे नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, बेहतर पेयजल व्यवस्था, सुदृढ़ सड़क निर्माण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन देने का संकल्प लेते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी देखने को मिली। समर्थकों ने कहा कि विशाल डुंगडुंग एक जमीनी नेता हैं, जो हर वर्ग की समस्याओं को समझते हैं।

Published / 2026-02-17 21:38:11
गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 21 मरीजों को बड़ी राहत, सरकार ने मंजूर की सहायता राशि

टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य आरोग्य समिति की बैठक आज झारखंड स्टेट आरोग्य समिति के कार्यकारी निदेशक श्री छवि रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में राज्य के 21 मरीजों को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत वित्तीय सहायता देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। 

कार्यकारी निदेशक, जसास की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट और अन्य गंभीर रोगों के इलाज के लिए 5 लाख से 20 लाख तक रुपए के अनुदान प्रस्तावों की समीक्षा की गई। इस बैठक में अपर कार्यकारी निदेशक श्रीमती सीमा सिंह, विभाग के आंतरिक वित्तीय सलाहकार श्री ध्रुव प्रसाद, डीआईसी डॉक्टर सिद्धार्थ सान्याल और विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक में 5 लाख रुपये से लेकर 20 लाख रुपये तक के चिकित्सीय अनुदान के कुल 21 मामलों की समीक्षा की गई। 

बैठक के मुख्य अंश और स्वीकृत किए गए प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं : 

  • मिताली झा (जामताड़ा), ओवरी कैंसर 
  • संतोष कुमार गुप्ता (गढ़वा), कैंसर (ल्यूकेमिया) 
  • सपन कुमार नायक (सरायकेला-खरसावां), कैंसर (जीभ का कार्सिनोमा) 
  • बेबी दिव्यांशु यादव (बच्चा) (पूर्वी सिंहभूम), कैंसर  
  • शकुंतला देवी (जामताड़ा), कैंसर (मेटास्टैटिक सर्विक्स) 
  • उमेश मंडल (गिरिडीह), बोन मैरो ट्रांसप्लांट 
  • बबीता देवी (हजारीबाग), कैंसर (मेटास्टैटिक रेक्टम) 
  • होरेन मंडल (जामताड़ा), कैंसर (मेटास्टैटिक ग्रेड 2) 
  • राशीद अंसारी (देवघर), कैंसर (गॉल ब्लैडर) 
  • सुनीता देवी (राँची), कैंसर (सर्विक्स) 
  • सावित्री दत्ता (पूर्वी सिंहभूम), स्तन कैंसर  
  • तिलोत्तमा कुम्हार (सरायकेला-खरसावां), कैंसर (ओवरी) 
  • फरजाना जन्नत (हजारीबाग), स्तन कैंसर 
  • मनोज कुमार रवानी (गिरिडीह), गंभीर दिमागी चोट  
  • राहुल रंजन (बोकारो), किडनी ट्रांसप्लांट 
  • अर्पण जेम्स कुजूर (बच्चा) (राँची), कैंसर 
  • राजो देवी (राँची), स्तन कैंसर 
  • मंजू देवी (राँची), स्तन कैंसर 
  • कोमल जायसवाल (पाकुड़), कैंसर (स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा)  
  • तबारक अंसारी (गिरिडीह), किडनी ट्रांसप्लांट 
  • कौशलेश पांडेय (गिरिडीह), कैंसर (रेक्टम) 

विशेष समीक्षा एवं सत्यापन के निर्देश 

पाकुड़ की कोमल जयसवाल के 10 लाख रुपये से अधिक के मामले को भौतिक सत्यापन के बाद मंत्रिपरिषद की स्वीकृति हेतु भेजने का निर्णय लिया गया है। गिरिडीह के तबारक अंसारी (किडनी ट्रांसप्लांट) और कौशलेश पांडे के मामलों में वर्तमान चिकित्सीय स्थिति के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिये गये हैं। 

महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश 

बैठक में कार्यकारी निदेशक ने निर्देश दिया कि भविष्य में जिलों से प्राप्त आवेदनों में मरीज की वर्तमान स्थिति का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। यदि मरीज उपस्थित होने में असमर्थ है, तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनका सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

Published / 2026-02-17 21:36:33
राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना : बीड ओपनिंग संपन्न

टीम एबीएन, रांची। राज्य कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 17 फरवरी 2026 को टेक्निकल बीड ओपनिंग की प्रक्रिया संपन्न हुई। बीड ओपनिंग कमेटी की बैठक झारखंड स्टेट आरोग्य समिति के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन की अध्यक्षता में हुई। 

इस बैठक में अपर कार्य निदेशक सीमा सिंह, विभागीय उप सचिव सह आंतरिक वित्तीय सलाहकार ध्रुव प्रसाद, डीआईसी डॉ सिद्धार्थ सान्याल, महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र मिश्रा, वरिष्ठ परामर्शी अंशु कुमार सिंह, वित्त प्रबंधक विवेक कुमार नायक और शिकायत निवारण प्रबंधक श्री कुणाल भारती उपस्थित थे।  

नई बीमा पॉलिसी जल्द से जल्द शुरू करने के लिए बीमा कंपनियों का चयन किया जाना है। नई व्यवस्था के तहत अस्पतालों को भुगतान सीजीएचएस दरों पर किया जायेगा, ताकि पारदर्शिता और मानकीकरण सुनिश्चित की जा सके। 

राष्ट्रीय स्तर के अस्पतालों में उपचार की सुविधा 

योजना के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में वास्तविक प्राप्त या सीजीएचएस दर के आधार पर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी, जिनमें शामिल हैं: 

  • सीएमसी, वेल्लोर 
  • एआईजी, हैदराबाद 
  • टाटा ग्रुप के सभी अस्पताल 
  • आईएलबीएस, नई दिल्ली 
  • राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर, दिल्ली 
  • नारायणा इंस्टीट्यूट आॅफ कार्डियक साइंसेज, बेंगलुरु 
  • अपोलो हॉस्पिटल्स, चेन्नई 
  • मेदांता द मेडिसिटी, गुरुग्राम 
  • इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर, नई दिल्ली 
  • नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली 
  • शंकर नेत्रालय, चेन्नई और कोलकाता 
  • नारायणा हेल्थ, बेंगलुरु 
  • बीएम बिड़ला हार्ट रिसर्च सेंटर, कोलकाता 
  • 7 बीड प्राप्त, शंकाओं का समयबद्ध निस्तारण 

टेंडर प्रक्रिया में कुल 7 बीड प्राप्त हुए। इससे पहले आयोजित प्री-बीड बैठक में विभिन्न बीमा कंपनियों ने भाग लिया था जिसमें उन्होंने कुछ शंकाएं रखी थीं जिनका निस्तारण विभाग ने अतिशीघ्र कर दिया। 

स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की गई। 16 फरवरी 2026 को बीड जमा करने की अंतिम तिथि थी और 24 घंटे बाद इसकी ओपनिंग की गई। पूरी प्रक्रिया झारखंड टेंडर पोर्टल पर संचालित की गयी। 

प्रमुख बीमा कंपनियों की भागीदारी 

प्राप्त बीड में निम्नलिखित कंपनियां शामिल हैं: 

  • यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (सरकारी उपक्रम) 
  • आईसीआईसीआई लोंबार्ड 
  • टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी 
  • बजाज एलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड 
  • एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड 
  • एचडीएफसी ईगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी 
  • इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड 

सरकारी एवं निजी दोनों क्षेत्रों की कंपनियों की भागीदारी से इस योजना में प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, जिससे राज्य कर्मियों को बेहतर कवरेज और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

Published / 2026-02-17 21:32:02
झारखंड : बजट सत्र को लेकर स्पीकर ने बनायी रणनीति

बजट सत्र को लेकर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने की उच्चस्तरीय बैठक, अधिकारियों को दिये ये निर्देश 

टीम एबीएन, रांची। बजट सत्र के दौरान सदन में आने वाले प्रश्नों को सही और ससमय जवाब देने का सख्त निर्देश स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने राज्य के आला अधिकारियों को दिये हैं। विधानसभा में मंगलवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के सचिव मौजूद थे। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर की मौजूदगी में हुई इस बैठक में स्पीकर ने सदन में ध्यानाकर्षण, प्रश्नकाल आदि में आनेवाले प्रश्नों का सही और ससमय जवाब सरकार की ओर से देने के निर्देश दिये। 

बैठक के बाद स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने मीडियाकर्मी से बात की। स्पीकर ने कहा कि अधिकारियों के द्वारा आश्वस्त किया गया है कि जो भी सामग्री की आवश्यकता बजट सत्र के दौरान होगी, उसे उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि ससमय प्रश्नों का जवाब आयेगा। 

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इस सत्र को अहम बताते हुए कहा कि अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में कार्यपालिका की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनसे अपेक्षा की गयी है कि सदन के अंदर जो भी प्रश्न आये, उसका ससमय जवाब मिले। साथ ही विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी है। जिससे 18 फरवरी से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को सुचारु ढंग से संचालित किया जा सके। 

17 दिनों के कार्यदिवस का होगा बजट सत्र 

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र इस बार खास होने वाला है। इस बार के बजट सत्र में जहां विधानसभा पेपरलेस की दिशा में कदम बढ़ाता दिखेगा, वहीं सदन की कार्यवाही भी बदली बदली सी दिखेगी। 18 फरवरी से शुरू हो रहे इस बजट सत्र में कुल 17 कार्य दिवस होंगे। जिसकी शुरुआत 18 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद विवाद के बाद 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश होगा। 

20 फरवरी को आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट 

20 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा। इसी दिन राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी लाये जाने की संभावना है। शनिवार और रविवार की वजह से 21 और 22 फरवरी को अवकाश रहेगा। वहीं 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के मतदान की वजह से सदन की कार्यवाही स्थगित होने की संभावना है। हालांकि अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार इस दिन अनुपूरक बजट पर वाद विवाद के बाद मतदान और पारण निर्धारित किया गया है। 

24 फरवरी को होंगे बजट पेश 

24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इससे पहले प्रश्नकाल की कार्यवाही होगी। 25 फरवरी को बजट पर सामान्य वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। 26 फरवरी को भी आय व्यय के अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। 27 फरवरी को अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। इसके बाद 28 फरवरी से 8 मार्च तक होली का अवकाश रहेगा। फिर 9 मार्च से 13 मार्च तक प्रश्नकाल के बाद बजट के अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा।

Page 15 of 1564

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse