झारखंड

View All
Published / 2021-11-27 10:18:12
झारखंड की हेमन्त सरकार सिर्फ ट्रांसफर-पोस्टिंग में लिप्त : डॉ शशिभूषण

पांकी। पांकी विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा कि झारखंड की हेमन्त सरकार सिर्फ ट्रांसफर और पोस्टिंग में लिप्त है।झारखंड के अबतक के सबसे विफल सरकार के रूप में यह सरकार जानी जायेगी। इस सरकार में पूरे राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, चारों तरफ लूट खसोट का आलम है। बिना चढ़ावा के कहीं जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। वे शनिवार को झारखंड सरकार की विफलता, पंचायत चुनाव में हो रहे विलंब, जेपीएससी घोटाला जैसी कई ज्वलंत समस्याओं को लेकर पार्टी द्वारा प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित धरने में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगार दर-दर भटक रहे हैं। सरकार ने हर साल पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन इनके राज में ट्रांसफर पोस्टिंग का उद्योग चल रहा है।कानून व्यवस्था चरमरा गई है।जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती है। चुनाव को टालकर यह सरकार लोकतंत्र का गला घोट रही है और गांव की जनता को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहती है। केंद्र सरकार ने डीजल और पेट्रोल के दामों में कमी की। लेकिन यह निक्कमी सरकार ने एक रुपया डीजल पेट्रोल का दाम नहीं घटाया। राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प है। पदाधिकारी पैसे लेकर युवा लोगों को पेंशन स्वीकृत कर दे रहे हैं और योग्य लाभुक मुंह ताक रहे हैं। इस मामले को मैं विधानसभा के पटल पर रखूंगा। उन्होंने अपने निजी खर्च पर विधानसभा क्षेत्र के 51 जोड़ों की शादी कराने की घोषणा की। भाजपा के ओबीसी सेल के पूर्व प्रदेश मंत्री अजय गुप्ता ने कहा की यह सरकार गरीब विरोधी सरकार है। इस सरकार में गरीब, बेरोजगारों का भला होने वाला नहीं है। किसान बेहाल हैं।किसानों का अगले वर्ष का भी धान का पैसा बकाया है, जिसे सरकार आज तक भुगतान नहीं की। पूरे राज्य में अराजकता की स्थिति है। कार्यक्रम के पश्चात विधायक ने राज्यपाल के नाम प्रेषित बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। मौके पर विधायक प्रतिनिधि सुनील गुप्ता, संतु सिंह, रंजय ठाकुर, लोहरसी मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह, शत्रुद्धन सिंह, युवा मोर्चा पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, प्रसिद्ध सिंह, सांसद प्रतिनिधि सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ चुनमुन पांडेय, ओमप्रकाश दुबे, ललन भुईयां, मधु सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बाल्मिकी सिंह ने किया, जबकि संचालन मंडल महामंत्री श्यामनंदन ओझा ने किया।

Published / 2021-11-27 10:08:09
किफायती आवास परियोजना झुमरी तिलैया आवास आवंटन का आयोजन

कोडरमा। नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड सरकार के सौजन्य से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) किफायती आवास परियोजना झुमरी तिलैया आवास आवंटन का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। अपर समाहर्ता अनिल तिर्की की अध्यक्षता में आवास आवंटन कार्य संपन्न हुआ। लाभुकों के बीच लॉटरी सिस्टम के माध्यम से आवास आवंटित किया गया। आवास आवंटन कार्य सर्वप्रथम दिव्यांग व सीनियर सिटीजन लाभुकों आवास आवंटित की गयी, तत्पश्चात सामान्य रूप से लाभुकों के बीच आवास आवंटित की गयी।अपर समाहर्ता ने जिन लाभुकों कोओ आवास आवंटित हुआ, उन्हें शुभकामनाएं दिये। मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी विनीत व नगर परिषद् झुमरीतिलैया के कर्मी व लाभुक मौजूद थे।

Published / 2021-11-27 09:53:56
इंडियन एयर फोर्स के विंग कमांडर मिस्टर शमीम अख्तर का सेक्रेड हार्ट स्कूल में भव्य स्वागत, छात्रों और शिक्षकों को दिये कई टिप्स

कोडरमा। इंडियन एयरफोर्स के विंग कमांडर मिस्टर शमीम अख्तर ने शनिवार को सेक्रेड हार्ट स्कूल में बच्चों और शिक्षकों को ढेर सारे टिप्स दिए। इसके पहले विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव प्रमोद कुमार और प्राचार्य नवीन कुमार ने बुके और प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। विद्यालय परिसर में उन्होंने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, सफलता और कैरियर से संबंधित कई सारी बातों को साझा किया और उन्हें अपने जीवन पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विंग कमांडर मिस्टर शमीम अख्तर शिक्षकों से रूबरू हुए। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों के शब्द अनमोल होते हैं। उन्हें बच्चों को हमेशा मोटिवेट करते रहना चाहिए। छात्रों के मनोबल को बढ़ाते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की बातों में जादू होता है। बच्चे अच्छा करते हैं तो देश भी अच्छा करता है। उन्होंने कहा कि आजकल देश में बहुत कुछ चल रहा है, लेकिन इन चीजों का प्रभाव शिक्षक अपने ऊपर ना पड़ने दें। इसका सीधा प्रभाव देश पर पड़ेगा, क्योंकि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और स्कूल का रिजल्ट कैसे बेहतर हो इसके लिए शिक्षकों को योजना बनानी चाहिए। लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए किसी बड़े काम को करने की जरूरत नहीं होती बल्कि कई छोटे-छोटे काम करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण तैयार करना शिक्षकों की जिम्मेदारी होती है।उन्होंने शिक्षकों को टिप्स देते हुए कहा कि समय के अनुसार उन्हें खुद को अपडेट करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब शिक्षकों को अवश्य देना चाहिए। इससे शिक्षकों पर छात्रों का भरोसा और विश्वास बढ़ता है। वहीं उन्होंने अभिभावकों को भी संदेश देते हुए कहा कि कई अभिभावक अपने बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और आईपीएस बनने के लिए दबाव बनाते हैं। ऐसा उन्हें नहीं करना चाहिए। दुनिया बहुत बड़ी है। इन चीजों के अलावा भी कई सारे ऑप्शन से हैं, जहां बच्चे अपना करियर बना सकते हैं। इस मौके पर उन्होंने शिक्षकों को ढेर सारे टिप्स भी दिए। मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव प्रमोद कुमार, प्राचार्य नवीन कुमार, कोऑर्डिनेटर किशोर कुणाल, राजन कुमार, सीसीए इंचार्ज प्रवीण कुमार, सुभय कुमार, दीपक सर्राफ, रमेश कुंज, जेपी सिंह, संजय तिवारी, सुनील सिंह, आशुतोष गौतम, सुजीत प्रताप, चंदन पांडेय, राहुल कुमार, सुमित साव, राशिद हुसैन, फैयाज कैसर, राहुल कुमार, शंकरकुमार, विशाल आनंद, कविता झा, पायल सिंह और मनोज पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे। बता दें कि विंग कमांडर मिस्टर शमीम अख्तर सैनिक स्कूल तिलैया के वाइस प्रिंसिपल भी रहे हैं और फिलहाल वे पुणे में पोस्टेड हैं।

Published / 2021-11-27 08:47:05
1 दिसंबर को राज्य भर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

रांची। 1 दिसंबर को राज्य भर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। इसके तहत राज्य की सभी अदालतों में मामलों का निपटारा किया जाएगा। कोर्ट में लंबित मामलों के साथ वैसे मामलों का भी लोक अदालत में निपटारा किया जाएगा, जो अभी कोर्ट नहीं पहुंचे हैं। लोक अदालत में मामलों को भेजे जाने के लिए आपसी सहमति बनाई जा रही है। सहमति बनने के बाद मामलों को लोक अदालत में अंतिम निपटारे के लिए भेजा जाएगा। झालसा ने सभी जिलों को विधिक सेवा प्राधिकार को इसकी तैयारी करने का निर्देश दिया है। खास बातें : लोक अदालत में मामलों को भेजने के लिए बनाई जा रही आपसी सहमति। सहमति बनने के बाद मामलों को लोक अदालत में अंतिम निपटारे को भेजा जाएगा। इन मामलों का होगा निपटारा : लोक अदालत में उत्पाद अधिनियम के वाद, वन अधिनियम के वाद, चेक बाउंस से संबंधित वाद, अंतिम प्रपत्र से संबंधित वाद, विद्युत अधिनियम के वाद, श्रम वाद एवं न्यूनतम मजदूरी के वाद, विवाहेत्तर प्रताड़ना के वाद, बैंक ऋण से संबंधित वाद, मोटरयान दुर्घटना मुआवजा से संबंधित वाद, भू-अधिग्रहण से संबंधित वाद, पारिवारिक वाद, छोटे आपराधिक वाद (माप-तौल, पुलिस अधिनियम एवं रेलवे न्यायालय से संबंधित वाद), राजस्व संबंधित मामले और सभी प्रकार के दीवानी और फौजदारी मामलों का निपटारा किया जाएगा।

Published / 2021-11-27 08:33:31
वाईवीएन विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय फार्मासिस्ट सप्ताह का समापन समारोह 2021 का आयोजन

रांची। वाईवीएन विश्वविद्यालय, रांची के फार्मासिस्ट विभाग के द्वारा 22 नवंबर से 26 नवंबर तक चलने वाले राष्ट्रीय फार्मासिस्ट सप्ताह का समापन स्कूल आफ फार्मेसी कैंपस क्वाली नामकुम रांची में किया गया। ज्ञातव्य हो कि वाईवीएन विश्वविद्यालय के फार्मासिस्ट विभाग के द्वारा विगत सप्ताह में क्विज प्रतियोगिता, साइंटिफिक पोस्टर प्रेजेंटेशन, रंगोली प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय फार्मासिस्ट सप्ताह के आयोजन महता पर वाईवीएन विश्वविद्यालय के चेयरमैन श्री रामजी यादव ने बताया कि राष्ट्रीय फार्मासिस्ट सप्ताह का मुख्य उद्देश्य सभी हितधारकों को समाज में फार्मासिस्ट की उपस्थिति के बारे में जागरूक करना और पंजीकृत फार्मासिस्टों द्वारा दवाओं, उनके उपयोग, हैंडलिंग और वितरण के संबंध में निभाई गई भूमिका को चिन्हित करना है। श्री यादव ने वर्तमान वैश्विक महामारी काल में फार्मासिस्ट के रोल को विस्तार से बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एचआर अरविंद कुमार, कुलपति डॉ एसपी यादव सीईओ डाॅ दीपक कुमार, डीन एकेडमीक डॉ अंकिता कुमारी, उप रजिस्ट्रार श्री संजय तिवारी, परीक्षा नियंत्रक चंद्रजीत कुमार, स्कूल ऑफ़ फार्मेसी प्राचार्य प्रो मृत्युंजय सत्पथी, फीजियोथेरोपी के हेड डाॅ पप्पू कुमार, होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल राजाउलातु के अधीक्षक डाॅ कालीचरण चौधरी, डाॅ विनोद कुमार, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. कमल कांत पात्रा, आशीष कुमार सिंह, एनएसएस के कौशल किशोर, अविनाश कुमार गणित के प्रोफेसर डॉ नारायण प्रसाद, बीएड के प्राचार्या डॉ अनामिका सिंह, कॉमर्स विभाग के बृजेश सिंह, आफरीन अली, डॉ प्रीथा बोस, चंचला कुमारी, रिया आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राष्ट्रीय फार्मासिस्ट सप्ताह के समापन समारोह में वाईवीएन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एसपी यादव के द्वारा सभी सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र का वितरित किया गया। उक्त जानकारी स्कूल आफ फार्मेसी, वाईवीएन विश्वविद्यालय कवाली, नामकुम, रांची के प्राचार्य प्रो मृत्युंजय सत्पथी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2021-11-27 08:28:10
रिपु सूदन साहू को मिला झारखंड भूषण सम्मान

लोहरदगा। बेहतर कार्यकुशलता के साथ-साथ सच्ची लगन तथा सामाजिक कार्य की बदौलत इंसान हर मुकाम को हासिल कर सकता है। सामाजिक कार्यकर्ता जिले के सिठियो गांव निवासी रिपु सूदन साहू को मुम्बई के बोरीवली स्थित प्रबोधनकार ठाकरे नाटय गृह सभागार में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पद्मश्री छूटनी महतो, मोंगिया टीएमटी के सीएमडी गुणवंत सिंह मोंगिया, सुप्रीम कोर्ट के जज जोग सिंह द्वारा झारखंड भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। देश के सैकड़ों जिलों का भ्रमण कर युवाओं के व्यक्तित्व विकास सम्बन्धित कार्यशाला संचालित करनेवाले रिपु सूदन साहू को यह सम्मान झारखंड इंटलेक्चुअल फोरम के द्वारा आयोजित झारखंड के 21वें स्थापना दिवस समारोह के दिन सामाजिक क्षेत्र में उनके बेहतर योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। मौके पर रिपु सूदन ने कहा कि 26 नवबंर के दिन मेरे जीवन का एक अविस्मरणीय दिन है। मैं बदले में कुछ भी उम्मीद किए बिना अपना काम करता हूं। मुझे कभी भी इस तरह के बेहतरीन तोहफे की उम्मीद नहीं थी। इस प्रेरणा के साथ मुझे और भी कड़ी मेहनत करने की नसीहत मिली। मैं भविष्य में और भी बेहतर करने के लिए संकल्पित हूं। समारोह में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, मुम्बई उत्तर से लोसभा सांसद गोपाल शेट्टी, सुप्रिम कोर्ट के जज जोग सिंह, रतन टाटा के प्रधान सचिव योगेश जोशी, फिल्म अभिनेता महाभारत धारावाहिक के दुर्योधन पुनीत इस्सर, पद्मश्री छूटनी महतो, पद्मश्री मधु मंसुरी हंसमुख, मोंगिया स्टील के सीएमडी गुणवंत सिंह मोंगिया, टफकोन स्टील के सीएमडी मोहन प्रसाद गुप्ता इत्यादि कार्यक्रम के हिस्सा रहे ।

Published / 2021-11-27 08:15:03
पाकुड़ : हाइवा-ट्रक की टक्कर में चार लोग जिंदा जले

पाकुड़। पाकुड़ से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां चार लोग जिन्दा जल गए। घटना पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना इलाके के धर्मपुर कदवा गांव के पास की है। एक हाईवा और एक ट्रक के बीच आमने सामने की टक्कर से दोनो गाड़ियों में आग लग गयी जिसमें दोनो के ड्राइवर और खलासी केबिन में फंसकर जल गये। पुलिस ने अबतक तीन शवों को निकाल लिया है। एक शव को निकाला जा रहा है। मृतकों की अभी तक पहचान नही हो पाई है। अबतक मिली जानकारी के मुताबिक घने कोहरे के कारण पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के धर्मपुर कदवा के समीप ट्रक व हाइवा में हुए आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी। टकराने के बाद दोनो गाड़ियां एक दूसरे में उलझ गयी और दोनो के ड्राइवर खलासी गाड़ी के केबिन में फंस गये। थोड़ी देर में ही दोनो गाड़ियों में आग लग गयी। आग इतना फैल गयी कि दोनों वाहन में भीषण आग लग गयी। इस घटना में जहाँ दोनों वाहन जलकर पूरी तरह से राख हो गए। वहीं, दोनों के चालक व खलासी की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को अब तक तीन ही लोगों का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक बंगाल का ट्रक सीमेंट लोड कर गोड्डा-धरमपुर होते हुए बंगाल की ओर जा रहा था। जबकि गोड्डा का हाइवा गिट्टी लोग कर लिट्टीपाड़ा की ओर से गोड्डा की ओर जा रहा था। घना कोहरा होने के कारण आगे कुछ भी देख पाना संभव नहीं हो रहा था। आशंका जताई जा रहा है कि घने कोहरे के कारण दोनों वाहन के चालक को आगे कुछ भी समझ नहीं आया होगा और दोनों के बीच भीषण टक्कर हो गयी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी अभिषेक राय सदल बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिये। थाना प्रभारी की सूचना पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन वाहन ने आग को घंटो मेहनत के बाद बुझाया। पुलिस वाहन के मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

Published / 2021-11-26 15:38:57
झारखण्ड : शाम की कनकनी ने बढ़ाई ठंड

रांची। झारखंड में कनकनी ठंड बढ़ने लगी है। शाम के समय तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। इन दिनों धान की कटाई शुरू हो गई है। किसान सुबह से शाम तक अपने खेत खलिहानों में नजर आते हैं। धान की कटाई होने के कारण जमीन में नमी आई है। जिसके कारण सर्द हवा चलने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा। राज्य में अगले दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं 27 से 30 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा और आसमान बिल्कुल साफ रहेगे। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 1 दिसंबर को मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा। वहीं 2 दिसंबर को राज्य के कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। 26 से 30 नवंबर तक मौसम में नहीं होगा बदलाव : झारखंड के मौसम में 26 से 30 नवंबर तक कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा। लेकिन तापमान में दो से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। सुबह के वक्त में कोहरा भी देखने को मिलेगा। राज्य में पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा है। सबसे उच्चतम तापमान जमशेदपुर में 30.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई है। जबकि सबसे न्यूनतम तापमान रामगढ़ में 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई।

Page 1494 of 1570

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse