टीम एबीएन, रांची। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचइसी) में 29 माह से लंबित वेतन के विरोध में एचईसी कर्मियों ने आंदोलन की शुरूआत कर दी है। वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस आंदोलन का सबसे अधिक असर एचएमबीपी (हेवी मशीन बिल्डिंग प्लांट) में देखने को मिला।
जहां उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, एचएमटीपी (हेवी मशीन टूल्स प्लांट) और एफएफपी (फाउंड्री फोर्ज प्लांट) में भी आंशिक रूप से काम प्रभावित हुआ है। उत्पादन ठप होने से कंपनी के समग्र संचालन पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। कर्मियों का कहना है कि इतने लंबे समय तक वेतन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों ने प्रबंधन से जल्द बकाया वेतन भुगतान की मांग करते हुए स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन अब तब तक जारी रह सकता है, जब तक उनका बकाया वेतन नहीं मिल जाता। प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण आने वाले दिनों में भी कार्य प्रभावित रहने की संभावना जताई जा रही है। इससे उत्पादन और कंपनी के वित्तीय संचालन पर और दबाव बढ़ सकता है।
इधर, एचइसी में कार्मिक निदेशक के पद पर बदलाव की भी घोषणा की गई है। भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कृष्णेंदु कुमार घोष एचइसी के नए कार्मिक निदेशक होंगे। वर्तमान निदेशक मनोज लकड़ा का कार्यकाल 23 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद कृष्णेंदु कुमार घोष पदभार संभालेंगे। बताया जाता है कि कृष्णेन्दु घोष वर्तमान में भेल में एचजीएम के पद पर कार्यरत हैं।
इस बीच एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि 29 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण मजदूरों को मानसिक और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रबंधन दबाव बनाकर काम कराने की कोशिश कर रहा है, जिससे घबराहट में दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के पास लगभग 13.5 करोड़ रुपये उपलब्ध होने के बावजूद त्योहारों के समय भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया, जो प्रबंधन के तानाशाही रवैये को दर्शाता है। वहीं, मजदूरों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। प्लांट में आपातकालीन व्यवस्था के लिए एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं है और दुर्घटना की स्थिति में घायल कर्मियों को निजी वाहनों या दोपहिया से अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।
रमाशंकर प्रसाद ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की सुरक्षा, वेतन, कैंटीन सुविधा और सीपीएफ लोन जैसी बुनियादी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने कहा कि मजदूर अब शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे और जरूरत पड़ी तो भेल प्रबंधन के खिलाफ भी व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में रामनवमी, सरहुल एवं ईद जैसे प्रमुख पर्वों को शहर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में योगदान देने वाले शांति दूतों के सम्मान में जिला प्रशासन ने एक विशेष रात्रि भोज कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में रांची जिला शांति समिति के सदस्यों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। लोयाबाद के वार्ड संख्या 08 में चल रहे नाली निर्माण कार्य में भारी घोटाला की शिकायत सार्वजनिक हो गयी है। इस संबंध में अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से झारखंड सरकार, धनबाद उपायुक्त, धनबाद नगर निगम तथा झरिया विधायक रागिनी सिंह को ट्वीट कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि नाली निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा भारी लापरवाही बरती जा रही है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण में निम्न गुणवत्ता के सीमेंट, बालू और ईंटों के उपयोग की गयी है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जब वार्ड 08 के जूनियर इंजीनियर ने ईमानदारी से काम की निगरानी करते हुए कार्रवाई की, तो ठेकेदार द्वारा उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है और उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाया गया है कि इस निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं (घोटाला) हुई हैं, जिससे नगर निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका है।
अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष ने धनबाद उपायुक्त महोदय से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे ठेकेदार का लाइसेंस रद्द करने की भी मांग की गई है।
टीम एबीएन, रांची। आजसू छात्र संघ, रांची विश्वविद्यालय इकाई द्वारा विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया है। छात्र संघ ने कहा है कि विगत लगभग 2 वर्षों से स्नातक सत्र लगातार लेट चल रहा है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
छात्र नेताओं ने बताया कि सत्र लेट होने के कारण छात्रों को समय पर परीक्षा, परिणाम एवं आगे की पढ़ाई में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इसके साथ ही, पीजी नामांकन सत्र (2025-27) का अब तक प्रारंभ नहीं होना भी गंभीर चिंता का विषय है। झारखंड के सबसे बड़े विश्वविद्यालय में एक भी छात्र का पीजी में नामांकन नहीं हो पाना, प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है।
आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलपति एवं डीएसडब्ल्यू से मांग की है कि स्नातक सत्र को शीघ्र नियमित किया जाए। पीजी सत्र 2025-27 का नामांकन अविलंब प्रारंभ किया जाए।
छात्र संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आजसू छात्र संघ विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
अंत में छात्र संघ ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छात्र-हित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर छात्र संघ के प्रतिनिधि ओम वर्मा (प्रदेश अध्यक्ष), बबलू महतो (कार्यकारी अध्यक्ष) एवं छात्र नेता अमन साहू, राज मजूमदार, योगेश महतो, यश सोनी, आशीष कुमार उपस्थित रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व सांसद मोहसिना किदवई जी के निधन पर पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू जी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोहसिना किदवई जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
वे एक सशक्त, कर्मठ और समर्पित जननेता थीं, जिन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में समाज और देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। श्री साहू ने कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
टीम एबीएन, रांची। सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार भवन न्यास मंडल के तत्वाधान में सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार स्मृति भवन, चुटिया रांची में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। इस पावन अवसर पर नासिक की सुप्रसिद्ध कथा व्यास पूज्या मां चैतन्य मीरा जी के श्रीमुख से सात दिनों तक श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम दिन प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।
इस कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर भक्ति भाव से नृत्य करते हुए पूरे उत्साह और आनंद के साथ कथा स्थल तक यात्रा की। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर तथा अल्पाहार के माध्यम से कलश यात्रियों का स्वागत सत्कार किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।कथा स्थल पर पहुंचने के पश्चात संस्था के अध्यक्ष एवं मुख्य यजमान द्वारा विधिवत व्यासपीठ पूजन संपन्न किया गया।
इसके उपरांत कथा का शुभारंभ हुआ, जिसमें मां चैतन्य मीरा जी ने श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिव्य कथा का नियमित एवं श्रद्धापूर्वक श्रवण मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला एक मार्गदर्शक है, जो व्यक्ति को सदमार्ग, प्रेम, सामंजस्य और आध्यात्मिक उन्नति की ओर प्रेरित करता है।
गुरु मां ने अपने प्रवचन में यह भी कहा कि यदि व्यक्ति पूर्ण नियम और श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण करता है, तो उसके जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मक परिवर्तन अवश्य आता है। कथा के माध्यम से उन्होंने यह संदेश भी दिया कि प्रभु श्रीराम और प्रभु श्रीकृष्ण ही इस सृष्टि के पालनहार हैं और श्रीमद् भागवत उनके दिव्य स्वरूप का ही प्रतिरूप है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण के साथ-साथ भजन-कीर्तन का भी भरपूर आनंद लिया।
भक्ति संगीत और हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण गूंजायमान हो उठा, जिससे सभी भक्त भावविभोर हो गए। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कथा में योगदा सत्संग के स्वामी श्री सत्संग आनंद जी महाराज, पूर्व सांसद महेश पोद्दार, पूर्व उपमेयर संजीव विजय वर्गीय, अनूप दधीचि सहित उनकी टीम एवं अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों का गुरु मां द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।मुख्य यजमान रघुनंदन टिबड़ेवाल ने अपने परिवार के साथ विधिवत भागवत पूजन एवं आरती संपन्न की। आयोजन समिति द्वारा पूरे कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सात दिवसीय इस श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से रांची में भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जो आने वाले दिनों में भी श्रद्धालुओं को प्रेरणा और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता रहेगा। इस अवसर पर- फतेह चंद्र अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, कमल कुमार अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, अनु पोद्दार, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अनु पोद्दार ने दी ।
टीम एबीएन, रांची। आदित्य साहू के नेतृत्व में बनी प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की पहली बैठक मंगलवार को हुई। बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई और संगठन को मजबूत बनाने की भविष्य की रणनीति तैयार की गयी।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत सभी नवमनोनित पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने नए पदाधिकारियों को लड्डू खिलाकर स्वागत किया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।
बैठक के दौरान राज्य की राजनीतिक स्थिति पर खुलकर चर्चा हुई और संगठन को धारदार बनाने के लिए भविष्य की रणनीति बनायी गयी। प्रदेश भाजपा ने हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने का फैसला लिया है। इसके तहत बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में हो रही परेशानियों के खिलाफ राज्य भर में आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है।
नये प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि 17 अप्रैल को बिजली की कमी, स्मार्ट मीटर से गलत बिलिंग और बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ विद्युत कार्यपालक अभियंता के कार्यालय पर प्रदर्शन किया जायेगा। इसके बाद पानी की समस्या को लेकर भी बड़ा आंदोलन किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड ने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) रैंकिंग में पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान एवं एनएचएम सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि सामने आयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse