एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। भारतीय जनता पार्टी के बरवाअड्डा मंडल की संगठनात्मक बैठक शनिवार को मंडल अध्यक्ष पिंकू महतो की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को अधिक प्रभावी और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मंडल प्रवासी एवं भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती तारा देवी तथा मंडल प्रभारी रति रंजन गिरी की विशेष उपस्थिति रही। दोनों नेताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और मजबूत बूथ संरचना में निहित है।
इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष सुजीत चौधरी, आशुतोष चौधरी, सुजीत रवानी, उज्ज्वल पाण्डेय, शंकर महतो, बरुन चौधरी, आकाश गुप्ता, मनजीत मिश्रा, दिलीप महतो सहित मंडल के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने, बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा जनसंपर्क अभियान को गति देने पर सहमति बनी। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। पुलिस ने नाबालिग के साथ छेड़खानी मामले में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल गोली समेत कई सामग्री को बरामद किया है।
दरअसल, पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ में छेड़खानी का विरोध करने पर नाबालिग के मामा और मां पर आरोपियों ने चाकू से हमला किया और पिता पर फायरिंग की, जिसके बाद घटना में मामा की मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपी इमरान मियां, सरातुल मियां, शाहबाज मियां, तबरेज आलम, इजराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेर मियां और पालू मियां, पीड़ित के आसपास रहते है।
आरोपियों ने नाबालिग पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए छेड़खानी की थी। जिसके बाद नाबालिग ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। जब परिजनों ने घटना को विरोध किया तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। इसी बात पर आरोपियों ने नाबालिग के परिजनों पर हमला कर दिया।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि 29 जुलाई को चैनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ छेड़खानी की घटना घटित हुई। विरोध करने पर आपराधिक तत्वों द्वारा हमला किया गया। इस घटना में एक महिला और दो पुरुष जख्मी हुए थे। पूरे मामले में कुल 19 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमें से पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत की पूज्य माता स्व. बुदिया भगत की पुण्यतिथि पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर लोहरदगा स्थित आवास पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक, शुभचिंतक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित हुए। सभी ने स्व. बुदिया भगत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।
इससे पूर्व जेष्ठ पुत्र दुर्गा भगत, कनिष्ठ पुत्र सांसद सुखदेव भगत, पुत्रवधू चंद्रपति भगत, अनुपमा भगत पूर्व नगर परिषद लोहरदगा अध्यक्ष, पौत्र अभिनव सिद्धार्थ युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव,शाश्वत सिद्धार्थ और पौत्र वधू अंजलि टोप्पो ने अपनी परंपरा रीति रिवाज से पूजा अर्चना किये।
इस दौरान सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि "मां का आशीर्वाद और संस्कार ही मेरी शक्ति हैं। उन्होंने त्याग, सेवा और संघर्ष का जो पाठ हमें सिखाया है, उसी को जीवन में उतारकर लोहरदगा की जनता की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में परमानंद मिश्र, शाहिद अहमद बेलू, सुबोध साहू, अनिल कुमार, पवन गौतम, साजिद अहमद, आलोक साहू, कुणाल अभिषेक, राधेश्याम साहू, विजय चौहान, सत्यजीत सिंह, वासुदेव महतो, दिनेश अग्रवाल, विकास शाहदेव, राजीव टाना भगत, हसन कुरेशी, सुदर्शन ठाकुर, लक्षू उरांव,श्याम बिहारी यादव, गुलाम जिलानी सहित अनेक लोग थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा शहर में हुई गोलीकांड की घटना को लेकर लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल ने संयुक्त बयान जारी कर घटना पर गहरा दुःख एवं चिंता व्यक्त की है।
बताया गया कि अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में हथियार के बल पर छिनतई का प्रयास किया गया। इसके बाद अपराधियों ने पतराटोली स्थित प्रिया स्टोर में पहुंचकर दुकान संचालक शुभम साहू को सीने में गोली मार दी। गोली लगने से शुभम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक शुभम साहू किस्को प्रखंड के नाड़ी नवाडीह निवासी थे। लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि इस तरह की आपराधिक घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। अपराधियों ने जिस दुस्साहस के साथ घटना को अंजाम दिया है, उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने तथा पूरे मामले का शीघ्र उद्भेदन करने का निर्देश दिया।
पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि शुभम साहू के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल ने भी घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ जांच कर अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाए।
तीनों नेताओं ने मृतक शुभम साहू के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा, “ईश्वर दिवंगत शुभम साहू की पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
टीम एबीएन, रांची। रोटरी क्लब ऑफ रांची साउथ द्वारा प्रायोजित सेंट एंथनी स्कूल, डोरंडा के इंटरैक्ट क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का पदस्थापन समारोह शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को विद्यालय परिसर में गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
समारोह में रोटेरियन राजा बागची, अध्यक्ष, रोटरी क्लब ऑफ रांची साउथ ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा उन्हें पद एवं दायित्व ग्रहण कराया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए रोटरी के आदर्श "Service Above Self" को जीवन में अपनाने तथा समाज सेवा, नेतृत्व एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रोटेरियन एस. के. गिरी तथा रोटरी क्लब ऑफ रांची साउथ के कोषाध्यक्ष रोटेरियन योगेन्द्र साहू भी उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं इंटरैक्ट क्लब के सदस्यों को बैज पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की इंटरैक्ट क्लब समन्वयक शिक्षिकाएँ अनीमा सिन्हा, फ्लोरेंसिया एवं सुश्री आस्था रेचल भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व की नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में सेवा कार्यों में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने रामगढ़ निवासी मारवाड़ी समाज के सदस्य सुमित अग्रवाल की निर्मम हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश एवं चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र प्रेषित कर हत्याकांड में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा कि सुमित अग्रवाल की हाल में निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे मारवाड़ी समाज में काफी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। विशेष रूप से रामगढ़ का मारवाड़ी समाज इस घटना से अत्यंत विचलित और मर्माहत है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की इस प्रकार निर्मम हत्या न केवल उसके परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाती है,बल्कि समाज में भी असुरक्षा एवं भय का वातावरण उत्पन्न करती है।
सुरेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि स्व. सुमित अग्रवाल अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके असमय निधन से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। उनकी हत्या के बाद उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी और दूधमुंहा बच्चा असहाय स्थिति में रह गए हैं। परिवार ने अपने सबसे महत्वपूर्ण सहारे को खो दिया है, ऐसे में उनके भविष्य और भरण-पोषण को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने झारखंड के पुलिस महानिदेशक से आग्रह किया है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर हत्याकांड की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराई जाए तथा सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पत्र में प्रशासन से यह भी आग्रह किया गया है कि स्व. सुमित अग्रवाल के परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें उचित सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनकी पत्नी की योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिल सके और मासूम बच्चे का भविष्य सुरक्षित हो सके।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय और उचित सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचायक होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा दोषियों के विरुद्ध कड़े कदम उठाए जाने से न केवल पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा मिलेगा, बल्कि आम लोगों एवं समाज का पुलिस-प्रशासन के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा।
उक्त पत्र की प्रति रामगढ़ की विधायक ममता देवी को भी प्रेषित की गई है, ताकि मामले में जनप्रतिनिधि स्तर से भी आवश्यक पहल करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित सहायता दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें। उक्त जानकारी देते हुए मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से पीड़ित परिवार को 11 हजार रुपया की राशि सहायता के रूप में दी गई।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या-08 अंतर्गत लोयाबाद बीजीएस हाई स्कूल के पीछे हाल ही में निर्मित पीसीसी सड़क निर्माण हुआ है, जिसमे गुणवत्ता में भारी घोटाला किया गया है।
सड़क निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण नई सड़क पर ही बारिश का पानी जगह-जगह जमा हो रहा है। कई स्थानों पर सीमेंट की परत उखड़ने के बाद बालू और गिट्टी दिखाई देने लगी है। निर्माण समतल नहीं किया गया है जिसका वजह से कहीं सड़क अधिक ऊंची है तो कहीं गड्ढे बने हुए हैं।
जिससे बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा और कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। यह नहीं सड़क के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं तथा उन स्थानों को छिपाने के लिए कचरा वाला मिट्टी की भराई कर दी गई है। निर्माण कार्य में ठेकेदार संजय कुमार सिंह और संबंधित वार्ड के जेई की मिलीभगत रही है।
क्योंकि निर्माण कार्य शुरू होने से लेकर पूरा होने तक जेई द्वारा स्थल निरीक्षण नहीं किया गया, जिसके कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता भरी घोटाला किया गया है जिससे सरकार ओर नगर निगम को भरी चूना लगाया गया है। यही नहीं ठेकेदार संजय कुमार सिंह द्वारा वार्ड नंबर 8 मे जितना भी निर्माण कार्य किया गया है।
सही निर्माण कार्य में गुणवत्ता में भारी मात्रा में घोटाला किया है सही जगह का रोड की स्थिति खरब हो चुकी है रोड पर बस सीमेंट के जगह बालू ओर गिट्टी नजर आ रहे है इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता या गुणवत्ता में कमी की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
भुगतान पर रोक लगाई जाए तथा दोषी अधिकारियों वार्ड नंबर 08 के जेई पर भी आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाए ओर ठेकेदार का भी लाइंस रद्द किया जाए , क्योंकि धनबाद के महापौर की भी छवि को धूमिल करने में लगे हुए ऐसे भ्रष्ट जेई ओर ठेकेदार क्योंकि धनबाद महापौर ओर उप महापौर धनबाद में बढ़िया कार्य कर रहे है ओर क्षेत्र में हर समस्या का समाधान किया जा रहा है ऐसे में ऐसे घोटाले बाज़ ठेकेदार ओर भ्रष्ट जेई की मिली भगत से क्षेत्र में घटिया निर्माण कार्य के वजह से छवि उनका धूमिल हो रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। शहरी क्षेत्र में एक दिन में कुछ घंटे के अंतराल पर तीन बड़ी घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया। पेट्रोल पंप एवं खत्री ज्वेलर्स में जो अपराधी घुसे थे वीडियो देखने के बाद प्रतीत होता है कि दोनों कांड में एक ही अपराधी का हाथ है।
साथ ही पतराटोली में एक मनिहारी दुकानदार के मालिक से रंगदारी मांगने और नहीं मिलने पर गोली मारकर हत्या कर दी गयी। यह खुली चुनौती प्रशासन एवं व्यापारियों को अपराधी दे रहे हैं। लोहरदगा के सभी व्यापारी एकजुट होकर इसका पुरजोर विरोध करें।
अगर इस पर विराम नहीं लगाया जाता है तो वह दिन दूर नहीं है कि लोहरदगा में इस तरह के बेखौफ अपराधी और बड़ी कांड को अंजाम देंगे। आजसू पार्टी पुलिस प्रशासन से अपील करती है कि शहर में लगातार पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान चलाये ताकि जो भी अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं उन्हें जेल के सलाखों में डाला जा सके और लोहरदगा के व्यापारी वर्ग अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें।
कुछ पैसों के लिए अगर इस तरह की हत्याएं होने लगे, तो व्यापारियों के बीच में एक डर का माहौल बनेगा। सभी व्यापारियों से मेरा निवेदन होगा कि अपने मन से डर हटाकर अपराधियों के खिलाफ आवाज बुलंद करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse