टीम एबीएन, रांची। लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान एवं अन्य समस्याओं को लेकर आज श्रमिकों द्वारा जोरदार आंदोलन किया गया। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व एवं समर्थन में अस्टाइलेक्चर अप्रैल प्राइवेट लिमिटेड,कुल्ही के समक्ष धरना-प्रदर्शन हुआ।
इस दौरान श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सूचना मिलते ही स्थानीय औरमांझी थाना प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली वार्ता के पश्चात श्रमिकों और कंपनी प्रबंधक गौरव सिंह के बीच पांच सूत्री मांगों पर सामूहिक रूप से लिखित सहमति बनी।
वार्ता के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि किसी भी कंपनी की रीढ़ उसके मजदूर होते हैं, इसलिए उनके न्यायोचित अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूर अधिनियम-1948 के तहत न्यूनतम मजदूरी दर के अनुरूप श्रमिकों को सम्मानपूर्वक भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में शराब और बीयर की खपत लगातार बढ़ रही है। कोरोना महामारी के बाद हाल के दो वर्षों में राज्य में शराब की बिक्री में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिससे राज्य के राजस्व में भी बड़ा इजाफा हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में राज्य में 2.52 करोड़ लीटर बीयर बिक चुकी थी। इसके बाद 2023-24 में यह बढ़कर 4.03 करोड़ लीटर और 2024-25 में 5.01 करोड़ लीटर हो गयी। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक 11 महीने में 4.81 करोड़ लीटर बीयर बिक चुकी है, जबकि मार्च माह की बिक्री अभी बाकी है।
राज्य में शराब की बिक्री में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में राज्य को 2056.92 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। यह बढ़कर 2023-24 में 2376.10 करोड़ रुपये और 2024-25 में 2710.53 करोड़ रुपये हो गया। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 11 महीने में ही 3636.61 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया गया है।
देसी और विदेशी शराब की बिक्री में भी वृद्धि हुई है। 2025-26 में अब तक 25.78 लाख लीटर देसी शराब और 2.29 करोड़ लीटर विदेशी शराब बिक चुकी है। जबकि पिछले साल 2024-25 में देसी शराब 15.89 लाख लीटर और विदेशी शराब 2.19 करोड़ लीटर बिकी थी। इस आंकड़ों से साफ है कि झारखंड में शराब और बीयर की खपत लगातार बढ़ रही है और यह राज्य के राजस्व में भी अहम योगदान दे रही है।
टीम एबीएन,रांची। जिले में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी की हत्या के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रंगदारी मांगने के विवाद के कारण हुई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को सोमवार को धनबाद के केंदुआडीह के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में पकड़ा गया। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
रांची के नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार चारों लोग दो अलग-अलग गिरोह से जुड़े हुए हैं। ये लोग बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के पास एक रेस्टोरेंट में रंगदारी मांगने के दौरान हुई गोलीबारी में शामिल थे।
हत्या की शिकार रेस्टोरेंट कर्मचारी की पहचान मनीष गोपे के रूप में हुई है। घटना 7 मार्च को हुई थी और तब से आरोपी फरार थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने भागाबांध इलाके में छापा मारा और सभी चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मनीष गोपे पर हमला किया क्योंकि रेस्टोरेंट के मालिक ने गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के कहे अनुसार पैसे देने से इनकार कर दिया। प्रिंस खान फिलहाल यूएई से अपने गुर्गों को चला रहा है, जबकि सुजीत सिन्हा, जो कोयलांचल शांति सेना नामक गिरोह चलाता है, जेल में बंद है।
टीम एबीएन, रांची। 18 मार्च लोकतंत्र सेनानी संघ के तत्वावधान में आज 18 मार्च की 52 वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर कतरास मोड झरिया में माल्यार्पण कर पुलिस की गोली से शहीद हुवे छात्रों को श्रद्धांजलि दी गई। याद रहे आज ही के दिन 18 मार्च 1974 को बिहार के छात्रों ने भ्रष्टाचार बेरोजगारी महंगाई और शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार हेतु आंदोलन किया था।
पटना की सड़कों पर अनेक छात्र पुलिस की गोली से शहीद हो गए थे। इस गोलीकांड के बाद छात्र आंदोलन का नेतृत्व लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी ने सम्हाला था जिसकी परिणति आपातकाल लगा और तानाशाह इंदिरा गांधी को सता से बेदखल किया गया था। देश में सत्ता परिवर्तन हुआ और पहली बार ग़ैर कांग्रेसी सरकार बनी।
सर्वप्रथम आपातकाल में जेलयात्रा करने वाले अधिवक्ता हरीश कुमार जोशी श्यामसुंदर स्वर्णकार और गंगाशरण शर्मा ने माल्यार्पण किया।तत्पश्चात सुदर्शन बरनवाल अवधेश यादव अजय वर्मा राजकुमार अग्रवाल अरविंदम बनर्जी रविन्द्र यादव टुनटुन यादव मधुसूदन अग्रवाल राजेंद्र साव इत्यादि ने माल्यार्पण किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम के महापौर (मेयर) पद की गोपनीयता एवं पद की शपथ ग्रहण की। उन्हें धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने शहर के विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और पारदर्शी प्रशासन देने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि धनबाद को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए सभी के सहयोग से काम किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नए मेयर को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में इको टूरिज्म के विकास को लेकर सरकार अब तेजी से आगे बढ़ने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड इको टूरिज्म अथॉरिटी यानी जेटा की चौथी बैठक विधानसभा स्थित सीएम के कक्ष में हुई। बैठक के दौरान राज्य के प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन के नक्शे पर लाने की दिशा में अहम फैसले लिये गये।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में इको टूरिज्म की बेहतर संभावनाएं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थलों की पहचान की जाये। इसके साथ ही वन, पर्यटन और जल संसाधन विभाग को आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर राज्य है और यहां इको टूरिज्म के जरिए न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि चयनित स्थलों पर बेहतर आधारभूत संरचना विकसित की जाये और तय समयसीमा के भीतर योजनाओं को जमीन पर उतारा जाये।
बैठक में मैथन, नेतरहाट, पतरातू, चाईबासा, दुमका और रांची जैसे प्रमुख स्थानों पर इको टूरिज्म विकसित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही मसानजोर की तर्ज पर पतरातू को भी पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की योजना पर विचार किया गया।
सरकार का फोकस इस बात पर है कि धार्मिक स्थलों, वन क्षेत्रों, नदियों, जलाशयों और पहाड़ी इलाकों को चिन्हित कर वहां पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए पर्यटन सुविधाएं विकसित की जायें।
बैठक में कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि सुनियोजित तरीके से इको टूरिज्म को बढ़ावा देकर झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलायी जा सकती।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हरिहरगंज (पलामू)। प्रखंड क्षेत्र में आए दिन झोला छाप डाक्टर की लापरवाही से मरीजों को जान से हाथ धोना पड़ रहा है। इस क्रम में हरिहरगंज शहर के मेन रोड लोकल बस स्टैंड स्थित जनता डेंटल क्लिनिक में मंगलवार को इलाज कराने आई महिला की मौत हो गयी।
बताया जाता है कि निकटवर्ती बिहार राज्य के औरंगाबाद जिला अंतर्गत कुटुम्बा थाना क्षेत्र के कासीमपुर गांव निवासी मुकेश चन्द्र भारती की 36 वर्षीय पत्नी बीजानी देवी जनता डेंटल क्लीनिक में दांत का इलाज कराने आई थी।
परिजनों के अनुसार कथित चिकित्सक डॉक्टर अशरफ अली ने उक्त महिला का दांत निकालने के बाद दर्द का तीन इंजेक्शन लगाया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। वह लगातार उल्टी करने लगी। वह तत्काल अचेत हो गई। इस बीच दवा लाने का झांसा देकर कथित डॉक्टर फरार हो गया। परिजन उक्त महिला को सीएचसी लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं पुलिस ने फरार डाक्टर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठीकानो पर छापामारी भी की। परंतु देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
बाद में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोपाल प्रसाद ने उक्त क्लिनिक को सील कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि फर्जी तरीके से चल रहे क्लिनिक के खिलाफ जांच तेज की जाएगी।
टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड छात्र संघ (छात्र आजसू) ने झारखंड विधानसभा के समक्ष छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ राज्य भर में विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। छात्र आजसू ने मांग की है कि लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों को दंडित किया जाये और जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित की जाये।
राजधानी में छात्र आजसू ने रांची विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से विरोध मार्च निकाला, जो अल्बर्ट एक्का चौक तक गया, जहां छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया और राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की गयी। छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने बताया कि जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे आजसू नेता बबलू महतो सहित निर्दोष छात्रों पर लाठी चार्ज दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।
आजसू इसका पुरजोर विरोध करती है। यह सरकार छात्र विरोधी है। राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन द्वारा लाठी चार्ज कर छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाये, अन्यथा आजसू बाध्य हो कर चरणबद्ध आंदोलन करेगी ।
इस विरोध मार्च और पुतला दहन करने में मुख्य रूप से पार्टी महासचिव संजय मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, परवाज खान, पार्थ परितोष, चेतन प्रकाश, राजकिशोर महतो, अमित यादव, राजेश सिंह, अनुष्का सिन्हा, किरण कुमारी, अविनाश, अब्दुल खान, सक्षम, जमाल, मदन महतो, प्रशांत, अमर, दीपक महतो, शिवम, मुकेश, निशांत, अमन साहू, अमित, पवन, सौरभ, प्राची, अनिशा, साहिल यादव, कृति, योगेश, मानस, बिट्टू , रौशन, शिवम, प्रियांशु तिवारी, नितेश, राज रोशन, हर्ष गुप्ता, सचिन, बबलू, अविनाश इत्यादि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse