टीम एबीएन, रांची। झारखंड में चिकित्सा शिक्षा को एकीकृत और सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रांची को क्रियाशील बनाने की प्रक्रिया तेज करते हुए डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता को इसका कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने एक अधिसूचना आज 20 मार्च को जारी कर दी।
डॉ. गुप्ता वर्तमान में एम्स नई दिल्ली में कार्यरत हैं और वे अधिकतम तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु तक अथवा अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। विश्वविद्यालय के संचालन के लिए रांची के ब्रांबे स्थित पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान परिसर को चिन्हित किया गया है। तत्काल इस परिसर को विश्वविद्यालय के लिए अस्थाई रूप से हस्तांतरित करने के लिए अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से ब्रांबे स्थित पंचायती राज संस्थान परिसर को स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने का आग्रह किया गया है।
ताकि झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को शीघ्र क्रियाशील किया जा सके। विश्वविद्यालय के गठन के बाद राज्य के मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थान एकीकृत शैक्षणिक एवं प्रशासनिक ढांचे के अंतर्गत आ जाएंगे। इससे पढ़ाई, परीक्षा, संबद्धता और मान्यता से जुड़े कार्यों में एकरूपता आएगी।
अभी तक अलग-अलग विश्वविद्यालयों के अधीन होने के कारण इन संस्थानों को समन्वय की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। नयी व्यवस्था लागू होने के बाद अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में वृद्धि की प्रक्रिया भी सरल और प्रभावी हो जायेगी। साथ ही, चिकित्सा क्षेत्र में शोध गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना राज्य की चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा संस्थानों के एकीकृत नियंत्रण में आने से पढ़ाई, परीक्षा और प्रशासनिक कार्यों में एकरूपता आएगी तथा यूजी और पीजी सीटों में बढ़ोतरी की प्रक्रिया भी अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। आदिवासियों का सबसे बड़ा त्योहार सरहुल पूजा चैत तृतीया शुक्ल पक्ष में होने वाला कल दिनांक 21 मार्च 2026 को बड़े ही धूमधाम से मनाया जायेगा। इस निमित लोहरदगा जिला में भी केंद्रीय सरना समिति लोहरदगा के तत्वावधान में सरहुल पूजा एवं शोभा यात्रा पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। इसकी सारी तैयारी केंद्रीय सरना समिति लोहरदगा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जिले के तमाम सामाजिक संगठनों के कड़ी मेहनत से पूरी कर ली गयी है।
आदिवासी छात्र संघ, जिला राजी पड़ हा, पारंपरिक स्वशासन पड़ हा व्यवस्था, सरना प्रार्थना सभा जिला समिति लोहरदगा की अहम भूमिका है। विदित हो कि किसी भी पर्व त्यौहार की महत्ता और उसकी सार्थकता मानव समाज में आपसी प्रेम, भाईचारगी, शांति और सौहार्द में निहित है और इसकी सुगंध और खुशबू पूरे समाज में फैलती है।
कल दिनांक 21 मार्च 2026 को प्रात: काल MG रोड स्थित झाखरा कुंबा लोहरदगा में सरहुल पूजा के बाद भव्य शोभा यात्रा पहन पुजार, महतो की अगुवाई में निकाली जायेगी, जो नगर परिषद लोहरदगा, थाना चौक, शास्त्री चौक, गुदरी बाजार, महावीर चौक, राणा चौक मिशन चौक, बरवा टोली चौक, अलका सिनेमा, पावर गंज चौक होते हुए मैना बगीचा पहुंचेगी।
जिसमें शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी अधिक से अधिक लोगों को अपनी पारंपरिक गाजे बाजे के साथ शोभा यात्रा में शामिल होना है। साथ ही कचहरी मोड़ स्थित देशवाली पर भी सरहुल पूजा की जायेगी और फिर शोभा यात्रा में शामिल हो कर सरहुल के महत्व को और भी अधिक प्रबल बनायेंगे। जिला प्रशासन से निवेदन है कि समुचित व्यवस्था बहाल करने की कृपा प्रदान करें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटनाएं न हो।
एबीएन सेंट्रल डेस्क (जलपाईगुड़ी/बंगाल)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू को आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्देनजर कूचबिहार का पर्यवेक्षक नियुक्त किये जाने के बाद उन्होंने बंगाल दौरा शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वे ओडलाबाड़ी, जलपाईगुड़ी पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा गया और जगह-जगह फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया गया। ओडलाबाड़ी में आयोजित बैठक के दौरान श्री साहू ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की और आगामी चुनाव की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक सक्रियता ही चुनाव जीतने की कुंजी है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के सिद्धांतों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। श्री साहू ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के लिए बेहतर संभावनाएं हैं, बशर्ते कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू भी मौजूद थे। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की जीत का संकल्प लिया और नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वे पूरी ताकत के साथ आगामी चुनाव में कांग्रेस को सफलता दिलाने के लिए कार्य करेंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज पलामू के पोखराहा स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल एवं प्रशासनिक भवन का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
आयुक्त ने हॉस्टल में छात्राओं के रहने की व्यवस्था, कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, शौचालयों की साफ-सफाई, लिफ्ट की स्थिति, बिजली व्यवस्था तथा शैक्षणिक माहौल का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य से व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने खराब पड़ी लिफ्ट को अविलंब चालू कराने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हॉस्टल एवं कॉलेज परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करायें।
उन्होंने मेंटेनेंस कार्यों पर विशेष ध्यान देने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट के एनुअल मेंटेनेंस चार्ज के भुगतान हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की, ताकि लिफ्ट के एनुअल मेंटिनेस चार्ज का भुगतान हो सके।
कैंटीन व्यवस्था के अवलोकन के क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने की बातें कही। साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने एवं बिजली व्यवस्था दुरूस्त करते हुए लाइट की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने प्राचार्य को विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने, कॉलेज में अनुशासन, स्वच्छ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के उपरांत आयुक्त ने अपने कार्यालय वेश्म में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं अधीक्षक के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य जका श्रीनिवास, अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज पलामू के जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने राजस्व संग्रह, लंबित मामलों के निष्पादन, आम जनता को दी जा रही सुविधाओं तथा कार्यालय व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
आयुक्त ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने, बालू की अवैध ढुलाई की प्रभावी रोकथाम, वाहन निबंधन, कर वसूली, फिटनेस जांच एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने बकायेदार वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने सहित परिवहन कार्यालय की ओर से दी जाने वाली सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कार्यालय की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए साफ- सफाई, अभिलेखों का संधारण एवं नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, स्पीड चेकर के माध्यम से ओवर स्पीड की जांच करने एवं बिना वैध कागजात वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने पर बल दिया।
आयुक्त ने हिट एंड रन, गुड सेमेरिटन, निलाम पत्र वाद, मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत संचालित हो रहे वाहनों की स्थिति, ड्राइविंग लाइसेंस को स्मार्ट कार्ड में परिवर्तन आदि की भी गहण समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों का परमिट जिस रूट के लिए निर्धारित है, उसका परिचालन संबंधित मार्गों से ही कराना सुनिश्चित कराएं।
आयुक्त ने कहा कि एमवीआई को अब समन की शक्ति प्राप्त हो गयी है। ऐसे में उन्हें राजस्व वृद्धि संबंधी कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। आयुक्त ने मेदिनीनगर के शहरी क्षेत्र में आटो एवं टोटो को मुख्य सड़क से खाली रखवाने, सड़क पर ही सवारी नहीं बैठाने देने का सख्त निर्देश दिया, ताकि सड़क जाम की स्थिति से निजात मिले। आयुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद, पलामू। हिन्दू सनातन वर्ष कलेण्डर के अनुसार चैत प्रथम तिथि व राजा विक्रम संवत वर्ष 2083 के आगमन के शुभ अवसर पर जपला शहर के सरस्वती शिशु विधा मंदिर परिवार के भैया-बहनों के द्वारा पथ संचलन का आयोजन किया गया जिसका नेतृत्व विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद मेहता एवं प्रधानाचार्य कुशजी पांडेय ने किया। कार्यक्रम की सुरुआरत जपला नहर मोड़ स्थित विद्यालय से किया गया।
इस दौरान स्कूल के भैया बहनों ने भगवान श्री राम लक्ष्मण व माता सीता एवं राजा विक्रमादित्य व आरएसएस के संथापक डॉ हेडगेवार की आकर्षक झांकी निकली। साथ ही सभी के हाथों में भगवा ध्वज व नव वर्ष मंगल मय हो ,हिन्दू नव वर्ष की जय हो,आदि के नारा को बुलंद किया पूरा शहर में हिन्दू वर्ष की मंगलमय कामनाओं से गूंज उठा।
पथ संचलन जपला छतरपुर रोड से मुख्य बाजार, गांधी चौक होते हुए पूरा शहर का भ्रमन किया गया। मौके पर अध्यक्ष डॉ शिव प्रसाद मेहता ने कहा यह दिन हिंदुओ के लिए प्रथम दिन हैं साथ उन्होंने यह भी कहा कि यह माह केवल हिंदुओ के लिए नही बल्कि प्राकृतिक से नया माना गया पेड़ पौधा,पशु पंक्षी सबके लिए यह शुभ दिन हैं।
वहीं प्रधानाचार्य यह महान वर्ष प्रतिपदा से हम सबो के लिए संस्कार व संस्कृति की रक्षा व देश भक्ति की प्रेरणा देती हैं पूरे सनातन के लिए यह गर्व का विषय हैं।मौके शशि कुमार मृत्युंजय प्रसाद, राजकुमार सिंह नितीश सर धर्मेन्द्र जी दीपक पांडेय, हर्षदा दीदी छाया दीदी तथा अन्य आचार्य/आचार्या दीदी के साथ पूरा विद्यालय परिवार शामिल था।
एबीएन न्यूज़ नेटवर्क, हुसैनाबाद, पलामू। पूर्व निर्धारित समय अनुसार गुरुवार रामनवमी,ईद को लेकर हुसैनाबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक किया गया, जिसकी अध्यक्षता अनुमण्डल पदाधिकारी गौरांग महतो एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एस मोहम्मद याकूब ने संयुक्त रूप से किया।
जबकि संचालन थाना प्रभारी चंदन कुमार ने की बैठक में गणमान्य उपस्थिति में जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह,एवं नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी,एवं अंचलाधिकारी पंकज कुमार, बीडीओ सुनील कुमार वर्मा शामिल हुए। बैठक में बारी बारी से सभी बिंदुओं पर चर्चा की गयी।
कई अखाड़ा प्रमुख व जुलूस के लाइसेंस धारियों ने अपनी अपनी समस्याओ से अधिकारियों को अवगत कराया, जिसमे शहर में साफ सफाई,बिजली पानी व स्वास्थ्य व्यवस्था अग्निशमन को जुलूस व पर्व के दौरान रहने की जबाबदेही को तय किया गया। वंही ईद व रामनवमी नवरात्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी को जिम्मेदारी सौंपी गई।वंही एसडीओ ने कहा कि पर्व त्यौहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न में मनाने से क्षेत्र में उत्साह बढ़ता है लोगो मे एक बेहतर सन्देश जाता है।
साथ ही प्रशासन व पब्लिक की समन्वय और मजबूत होता हैं। उन्होंने यह भी कहा अनुमण्डल प्रशासन आपके लिए हर स्थिति में मदद के लिए तैयार हैं आपका सहयोग चाहिए लेकिन उन्होंने कहा समाज मे विधि व्यवस्था खराब करने वालो को कभी बक्सा नही जाएगा,डीजे प्रतिबंधित हैं।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस मोबाईल मीडिया पर खाश निगरानी रखेगी किसी तरह के अफवाहों को वारयल नही कीजिये आस पास के लोगो को भी बताइए। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने ईद व रामनवमी पर प्रशासन का सहयोग करने व आपसी प्रेम समाजिक सौहार्द को बने रहने पर बल दिया।
मौके पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शशि कुमार, ऊषा देवी, उपाध्यक्ष गयासुद्दीन सिद्दीकी, कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन, अनुमण्डल उपाधीक्षक डॉ एस के रवि, महिला थाना प्रभारी पुअनि पार्वती कुमारी, बबलू कुमार, सोनू कुमार गुप्ता,सौरभ कुमार, के के पाण्डे, मुकेश कुमार के अलावा रामनवमी महासमिति के मुख्य संयोजक लोकनाथ केशरी, मुखिया अमरेंद्र ठाकुर, वार्ड पार्षद उमा देवी, राजेंद्र पाल, सरवरी बीबी, अनिता साह, शम्भु कुमार के अलावा भारी संख्या में हिन्दू व मुस्लिम समुदाय के गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। रांची कांके रोड स्थित तिरुपति अपार्टमेंट में चैत्र नवरात्रि की भक्ति और आस्था से परिपूर्ण शुरुआत हुई। परिसर में स्थित श्री दुर्गा मंदिर में विधिवत कलश स्थापना के साथ नवरात्रि के प्रथम दिन का पूजन प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर मंदिर का वातावरण मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का अलौकिक और आकर्षक श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। फूलों, चुनरी और पारंपरिक आभूषणों से सुसज्जित मां का दिव्य स्वरूप भक्तों को भावविभोर कर रहा था।
मंदिर के पुजारी ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करायी। वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ कलश स्थापना कर नौ दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजकों के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों तक विशेष पूजन, आरती, कीर्तन का आयोजन किया जायेगा, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
इस पावन अवसर पर तिरुपति अपार्टमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भक्ति भाव से पूजा में सहभागिता निभायी और वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नवरात्रि का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देता है। तिरुपति अपार्टमेंट में आयोजित यह आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उक्त जानकारी तिरुपति अपार्टमेंट सोसाइटी के पूर्व सचिव संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse