झारखंड

View All
Published / 2026-08-02 21:59:35
31 जोड़ों के रुद्राभिषेक और पहली भजन जैमिंग संध्या ने रचा इतिहास

मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा  

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठी रांची 

सावन की इस अलौकिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब, भक्ति और संगीत के महासंगम ने बांधा ऐसा समां कि देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु 

टीम एबीएन, रांची। सावन माह की पावन बेला में रविवार को डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल शिवभक्ति का ऐसा केंद्र बन गया, जहां आस्था, अध्यात्म और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा आयोजित भव्य रुद्राभिषेक एवं रांची की पहली भजन जैमिंग संध्या ने शहर के धार्मिक आयोजनों में एक नया अध्याय जोड़ दिया। सुबह 8 बजे से शुरू हुए इस महाआयोजन में 31 दंपतियों ने महाराष्ट्र के नासिक से आये विद्वान वैदिक आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। 

जैसे ही सभी दंपतियों ने एक साथ ॐ नम: शिवाय के मंत्रों के साथ जलाभिषेक किया, पूरा सभागार शिवमय हो उठा। घंटियों, शंखनाद और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से भर गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु एक साथ भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए। आरती की दिव्य छटा और दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक आभा से आलोकित कर दिया। 

संध्या 7 बजे शुरू हुई पहली भजन जैमिंग श्रद्धालुओं ने कहा ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं देखा संध्या 7 बजे जैसे ही रांची की पहली भजन जैमिंग संध्या का आगाज हुआ, पूरा सभागार तालियों और जयघोष से गूंज उठा। केशवम् डिवोशनल रॉक बैंड की मधुर प्रस्तुतियों, शिव स्तुति और भक्तिमय भजनों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। 

आधुनिक संगीत और पारंपरिक भजनों के इस अद्भुत संगम ने युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि रांची में इस तरह का भव्य और दिव्य आयोजन पहली बार देखने को मिला। कई लोगों ने इसे सावन का सबसे यादगार और ऐतिहासिक आयोजन बताया। 

शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं था, बल्कि सनातन संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का एक प्रयास था। उन्होंने कहा कि रांचीवासियों के अपार प्रेम और सहयोग ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। 

शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में उम्मीद से कहीं अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि पहली भजन जैमिंग संध्या को जिस प्रकार का उत्साह और समर्थन मिला है, वह आने वाले वर्षों में इसे और भी भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। 

मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने कहा कि सावन की इस भक्तिमय संध्या ने हर श्रद्धालु के मन में अमिट छाप छोड़ी है। जिन्होंने इस आयोजन में भाग लिया, वे अपने साथ अविस्मरणीय यादें लेकर लौटे, वहीं जो लोग किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके, उन्हें भी इसकी भव्यता की चर्चाएं आकर्षित कर रही हैं। 

रुद्राभिषेक के संयोजक मनीष लोधा एवं अमित चौधरी थे, जबकि भजन जैमिंग संध्या के संयोजक विकास अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सौरव बजाज एवं निकुंज पोद्दार थे। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, स्पॉन्सरशिप, स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Published / 2026-08-02 18:26:53
धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग जल्द चालू करने की मांग

बीसीसीएल की लापरवाही से अभी तक बंद पड़ा है रोड, रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। केंदुआडीह थाना क्षेत्र के समीप भू-धंसान के कारण बंद पड़े धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जल्द चालू कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सड़क मार्ग को अविलंब चालू कराने की मांग की है।

रत्नेश कुमार ने कहा कि बंद पड़े धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग सड़क के कारण आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क बंद रहने के कारण लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ रही है। 

रत्नेश कुमार ने कहा कि बीसीसीएल की लापरवाही के कारण धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसके कारण हालात लगातार गंभीर होते जा रही हैं। 

स्थानीय जनप्रतिनिधि बस दिखाया के लिए निरक्षण करते है लेकिन अभी रोड को चालू नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान प्रभावित क्षेत्र में गैस रिसाव की समस्या और बढ़ जाती है। भू-धंसान वाले इलाके से निकलने वाली जहरीली गैस हवा के साथ आसपास के क्षेत्रों में फैल रही है, जिससे केंदुआडीह क्षेत्र के लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। 

रत्नेश कुमार ने बीसीसीएल एवं डीजीएमएस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों विभागों की लापरवाही के कारण अब तक सड़क चालू नहीं हो सकी है। उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा बंद पड़े सड़क मार्ग को जल्द चालू कराने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Published / 2026-08-02 18:20:53
देवेंद्र नाथ महतो ने किया अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का ऐलान

जेपीएससी-जेएसएससी मामले को लेकर सत्याग्रह धरना का आज नौवां दिन 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामले की जांच के दौरान जांच एजेंसि को समक्ष कई महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं। जांच का दायरा अब झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के परीक्षाओ तक पहुंच गयी है। 

जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के विरोध में चल रहे छात्रों के सत्याग्रह धरना का आज नौवां दिन जारी रहा। धरना स्थल पर छात्र आंदोलन का समर्थन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, विवादित परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित जेपीएससी व जेएसएससी सीजीएल व अन्य परीक्षा परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर यह भूख हड़ताल जारी किया। 

उन्होंने कहा कि जेपीएससी विवादित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी हुए एक माह बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों पर राज्य सरकार के मंशा पर खोट है। अपनी मांगों की पूर्ति तक सत्याग्रह व भूख हड़ताल जारी रहेगा।

Published / 2026-08-02 18:20:14
संसद को भीड़ का हिस्सा ना बनाया जाए : सुखदेव भगत

परिसीमन पर सरकार को गंभीरता से सोचना चाहिए 

सांसदों की संख्या बढ़ाना समाधान नहीं, व्यवस्था पर बढ़ेगा बोझ 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली/लोहरदगा। देश में प्रस्तावित परिसीमन (डीलिमीटेशन) और लोकसभा सीटों की संभावित बढ़ोतरी को लेकर सियासी बहस तेज हो गयी है। इस बीच लोहरदगा से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रुख का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि संसद में सांसदों की संख्या बढ़ाना लोकतंत्र की मजबूती का उपाय नहीं है, बल्कि इससे व्यवस्था पर अनावश्यक बोझ बढ़ सकता है।

संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि वह राहुल गांधी के विचारों से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोकसभा में 543 सदस्य हैं और सभी सांसदों को जनता के मुद्दे उठाने तथा अपने विचार रखने के पर्याप्त अवसर मिलते हैं। ऐसे में केवल सांसदों की संख्या बढ़ा देना किसी समस्या का समाधान नहीं माना जा सकता। 

उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पहले से ही बहुस्तरीय है। राज्यों की अपनी सरकारें हैं, वहीं जिला परिषद, नगर निगम और अन्य स्थानीय निकाय स्थानीय स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसलिए प्रतिनिधित्व को केवल सांसदों की संख्या बढ़ाने तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। 

सुखदेव भगत ने संसद की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि संसद का मूल दायित्व देश के लिए राष्ट्रीय नीतियों का निर्माण करना है। विदेश नीति, आर्थिक नीति तथा संघ और समवर्ती सूची से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर और गुणवत्तापूर्ण बहस ही संसद की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि यदि केवल संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया तो निर्णय प्रक्रिया और संसदीय व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रतिनिधियों की संख्या से नहीं, बल्कि उनकी प्रभावी भागीदारी, जवाबदेही और राष्ट्रीय  मुद्दों पर सार्थक विमर्श से सुनिश्चित होती है। ऐसे में परिसीमन पर निर्णय लेते समय केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Published / 2026-08-02 18:18:34
आदिवासी संस्कृति को हर कोने तक पहुंचाना हमारा दायित्व : सुखदेव भगत

रांची के पॉपकॉर्न सिनेमा हॉल में हमीन आदिवासी रे गीत का सफल प्रीमियर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। आदिवासी संस्कृति और संगीत को समर्पित गीत हमीन आदिवासी रे का सफल प्रीमियर शो रांची के पॉपकॉर्न सिनेमा हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। हॉल पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों ने सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

सांसद श्री भगत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, आदिवासी संस्कृति, कला और संगीत देश के हर कोने तक पहुंचाना हम सबका दायित्व है। आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत पर हमें गर्व है और इसे नई पीढ़ी तक ले जाना जरूरी है। उन्होंने गीत की पूरी टीम और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से आदिवासी कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। 

प्रीमियर शो में बड़ी संख्या में कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे। गीत को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से स्वागत किया। सांसद ने आदिवासी अस्मिता और संस्कृति को समर्पित इस गीत की पूरी टीम को बधाई दिये।

Published / 2026-08-02 18:17:45
लोहरदगा बोल बम समिति ने निकाली कांवड़ यात्रा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा बोल बम समिति चंद्रशेखर आजाद चौक तेतरतर ने कांवड़ शोभा यात्रा निकाली, जिसमें हजारों की संख्या में शिव भक्त शामिल हुए। सभी कांवरिया लोहरदगा से रांची पहाड़ी मंदिर स्थित बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान हर हर महादेव के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान रहा।

Published / 2026-08-01 20:56:54
रांची : कांके रोड में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक को किया घायल

कांके रोड में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर का कहर, कई वाहनों को लिया चपेट में... एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल 

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के कांके रोड पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने जमकर कहर बरपाया। बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क पर चल रहे और किनारे खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कांके रोड पर तेज गति से जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर ने एक के बाद एक कई वाहनों में टक्कर मार दी।  

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो से तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गयी और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया।

Published / 2026-08-01 20:53:57
संजय सेठ ने किया विंटर ट्रैवल कैलेंडर 2026 और नयी वेबसाइट का उदघाटन

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने आज झारखंड की अग्रणी टूर एवं ट्रैवल कंपनी ट्रिप 24/7 ने होटल जेड 3, रांची में आयोजित एक भव्य समारोह में विंटर ट्रैवल कैलेंडर 2026 तथा अपनी नयी आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। 

इस अवसर पर कुरमाली भाषा परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राजा राम महतो समेत पर्यटन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। यह पहल यात्रियों को बेहतर, पारदर्शी और डिजिटल ट्रैवल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।  

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय सेठ, विशिष्ट अतिथियों में डॉ. राजा राम महतो (राष्ट्रीय अध्यक्ष, कुरमाली भाषा परिषद),  सुधा चौधरी (अध्यक्ष, जिला परिषद) सहित कई प्रतिष्ठित सामाजिक एवं शैक्षणिक हस्तियायों  ने कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे झारखंड के पर्यटन उद्योग के लिए एक सकारात्मक शुरुआत बताया। मौके पर ट्रिप्स 24/7 के संस्थापक आकाश मेहता ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। 

उन्होंने बताया कि विंटर ट्रैवल कैलेंडर 2026 में भारत एवं विदेश के अनेक लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के ग्रुप टूर की तिथियां शामिल हैं, जबकि नई वेबसाइट के माध्यम से ग्राहक घर बैठे टूर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, आनलाइन बुकिंग कर सकेंगे तथा बेहतर ग्राहक सेवा का लाभ उठा सकेंगे। 

समारोह के दौरान कंपनी ने आने वाले विंटर सीजन के लिए कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, केरल, गोवा, अंडमान, थाईलैंड, बाली, वियतनाम, मालदीव, भूटान, स्पीति वैली सहित कई आकर्षक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेजों की घोषणा भी की।

Page 10 of 1684

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse