टीम एबीएन, बड़कागांव। प्रखंड के सिंदवारी क्रिकेट मैदान में एस पी एल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। जिसके लीग मैच में आज बृहस्पतिवार को चुरचू सुपर किंग 11 बनाम अंबेडकर युवा क्लब सिंदवारी के बीच खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर सिंदवारी की टीम ने पहले बॉलिंग का निर्णय लिया। जिसमें चुरचू सुपर किंग इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 119 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसका पीछा करने उतरे अंबेडकर युवा क्लब सिंदवारी की टीम ने 108 रन पर ही आल आउट हो गया। मैच चुरचू सुपर किंग इलेवन ने 11 रनों से जीत लिया।
मैच में चुरचू सुपर किंग इलेवन के तरफ से पिंटू कुशवाहा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंद में छह छक्का,तीन चौके की मदद से 57 रन की शानदार पारी खेली। बॉलिंग करते हुए 2 विकेट भी चटकाए। शानदार खेल के लिए मैच का मैन आॅफ द मैच पिंटू कुशवाहा को चुना गया। मौके पर मुख्य रूप से टूर्नामेंट के आयोजक तनवीर आलम,आसिफ रजा, वारिस रजा, मो शहनवाज, मो सोहेब, अमजद, रामबिलास कुमार, सुमित कुमार, विकास सिंह, महेश कुमार बजरंग कुमार,पप्पू मंडल, इकराम, अमन, धीरंजन सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, बड़कागांव। उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरली की आवश्यक बैठक कर मुखिया कविता देवी ने पठन-पाठन से संबंधित आवश्यक जानकारी ली और अविलंब दूर करने का आश्वासन दिया। बैठक में छात्र-छात्राओं की संख्या एवं उनकी उपस्थिति, शिक्षा व्यवस्था, मध्यान भोजन एवं उसके गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा स्कूल की सुरक्षा हेतु चारदीवारी व खेल मैदान की देखरेख को लेकर चर्चा की गई तथा कमी को अविलंब पूरा करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य रूप से प्रबंधन समिति अध्यक्ष सुखदेव महतो, प्रधानाध्यापिका सचिव मीनू कुमारी, प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष तुलेश्वरी देवी, सुमन देवी शिक्षिका मनु कुमारी, मंजू कुमारी, दयानंद कुमार, पंकज कुमार, महेंद्र महतो, रामकुमार रवि, शिवनंदन कुमार समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
टीम एबीएन, इचाक (हजारीबाग)। उत्क्रमित प्रथमिक विद्यालय रविदास टोला सिझुआ में कक्षा एक एवं द्वितीय में नामांकित 28 बच्चों के बीच दो जोड़ी पोशाक, स्वेटर, जूता एवं मौजा बांटी गयी। वितरण मुखिया रंजीत मेहता ने किया।
मुखिया रंजीत मेहता ने कहा कि सभी बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएं तथा उनके बीच समानता का भाव हो इसके लिए सभी बच्चों को सरकार द्वारा पोशाक उपलब्ध कराया जाना अच्छा कदम है एवं पोशाक मिलने से बच्चों में खुशी दिखी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मंजू देवी, प्रधानाध्यापक वकिल कुमार दास, शिक्षका मेनका कुमारी, सुरेंद्र कुमार, प्रबंधन समिति के सभी सदस्य, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। बुधवार की रात आठ बजे हुटपा पंचायत के तरवा खरवा चौक के पास सड़क हादसे में जान गवाने वाले दीपक घर का इकलौता चिराग था जो कि हमेशा के लिए बुझ गया। मृतक दीपक के पिता ओमप्रकाश मिश्रा विनोबाभावे यूनिवर्सिटी हजारीबाग में कार्यरत है और दारू प्रखंड के महेशरा में इनका निवास स्थान है।
घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक दीपक चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और ड्यूटी से वापस अपनी घर महेशरा लौट रहा था तभी तरवा खरवा चौक के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने लगा इसी बीच सामने से आ रही दूसरी ट्रक की चपेट में आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर गिर गया और ट्रक का पिछला चक्का उसके सर को पिसते हुए फरार हो गया। इस हादसे में दीपक के धड़ से सर कट कर अलग हो गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना की सूचना पाकर बुधवार की रात को ही मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंग महतो और दारू थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। गुरुवार को सुबह उसका शव घर पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। घर का इकलौता चिराग के बुझ जाने से पूरे मोहल्लेवासी काफी दुखी थे।
दीपक का विवाह एक साल पहले ही हुआ था उसकी पत्नी भी रोते रोते बेसुध हो जाती थी उसे इस बात का यकीन नही हो रहा था कि उसके पति की इस तरह से मौत हो गई है। परिजनों ने शव को दाह संस्कार के लिए महेशरा शमशान घाट ले गए जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। प्रखंड क्षेत्र के कबलासी पंचायत के गाड़ीसाड़म में पुराना दुर्गा मंडप को तोड़कर एक नया और भब्य मंडप बनाया जा रहा है। यहां पर पूर्व से एक मंदिर था जिसे तोड़कर एक नया रूप दिया जा रहा है। इस बारे में ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर हर वर्ष रामनवमी में पूजा की जाती है। मंदिर का निर्माण ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है यहां पर कोई भी मिस्त्री या मजदूर नही लगाया गया है ग्रामीण महिला पुरुष बारी-बारी से खुद मेहनत कर मंदिर बना रहे है।
ग्रामीणों ने बताया कि अगले वर्ष रामनवमी तक यहां भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जायेगा जिसका विधिवत रूप से उद्घाटन इस वर्ष रामनवमी में कर दिया जयेगा। मंदिर निर्माण में संतोष पासवान, कैलाश प्रजापति, रमेश राणा, मनोज महतो, नागेश्वर पासवान, दिनेश्वर महतो, मुकेश राम, संतोष राम सहित कई महिला पुरुषों का योगदान सराहनीय है।
टीम एबीएन, झुमरी तिलैया (कोडरमा)। सम्मेद शिखर तीर्थ क्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र बनाने के विरोध में श्री दिगंबर जैन समाज के सैकड़ों लोग गुरुवार को गिरिडीह में प्रस्तावित मौन जुलूस रैली में शामिल हुए। समाज के मंत्री ललित जैन सेठी और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सुरेश झाझंरी ने कोडरमा समाज के लोगों का प्रतिनिधित्व किया। पूरे राज्य से जैन समाज के हजारों लोग यहां पर एकत्रित हुए।
मौन जुलूस के रूप में शांतिपूर्वक चलते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया और उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसमें कोडरमा, गिरिडीह, रांची, धनबाद, चतरा, चौपारण, इटखोरी, कतरास, हजारीबाग, देवघर, रामगढ़, झरिया, महि जाम, गोमिया, पेटरवार, समाज के हजारों जैन धर्म के अनुयाई शामिल हुए थे। जैन धर्म के लोगों का कहना है कि सम्मेद शिखर पर्वत किसी भी परिस्थिति में पर्यटन क्षेत्र स्वीकार नहीं होगा। यह तीर्थ क्षेत्र पूरे भारतवर्ष विश्व के करोड़ों जैन धर्मावलंबियों की आस्था और संस्कृति का केंद्र है।
जुलूस मे कोडरमा जैन समाज के उप मंत्री नरेंद्र झाझंरी, उपाध्यक्ष कमल जैन सेठी, सुरेश सेठी, मनीष सेठी, जैन महिला समाज की अध्यक्ष नीलम सेठी, मंत्री आशा गंगवाल, किरण ठोलिया, प्रेम झाझरी, सोना शेट्टी, दिव्या छाबड़ा, बबीता जैन, सीमा जैन, अलका शेट्टी, उषा कासलीवाल, मुकेश सेठी, टुन्नू अजमेरा, सुशील काला, ममता काला, अजय गंगवाल, संजू ठोल्या शामिल हुए। यह जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी नवीन जैन और राजकुमार अजमेरा ने दी।
टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में सबकी योजना, सबका विकास अभियान के तहत ग्राम सहजकर्ता दल का तीन दिनी प्रशिक्षण समाप्त हो गया। मौके पर राज्य मास्टर प्रशिक्षक सुजीत नायक ने प्रशिक्षएा दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में जन प्रतिनिधियों की भूमिका अहम होती है।
ग्राम सहजकर्ता दल में प्रखंड के सभी पंचायत के पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, पंचायत से एक मेट, दो सहिया, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रोमोशन सोसायटी महिला मंडल से नामित दो दीदी, दो वार्ड सदस्य, उप मुखिया मुख्य रुप से उपस्थित थे। पंचायतीराज विभाग से राज्य प्रशिक्षक सुजीत नायक के अनुसार इस तीन दिनी प्रशिक्षण में सबकी योजना सबका विकास के तहत सभी राजस्व गांव में ग्राम सभा आयोजित किया जाना है। महिला सभा और बाल सभा करने पर जोर भी दिया गया। गांव के सर्वांगीण विकास, समेकित विकास के लिए इस तरह का कार्यशाला बहुत जरूरी है।
सुजीत नायक ने बताया कि सतत् विकास लक्ष्य के स्थायीकरण के तहत चिन्हित 9 विषयों पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। कार्यक्रम में पंचायत के जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समग्र जीपीडीपी तैयार करने के लिए ग्रामीण _स्थानीय निकायों को जागरूक होना बहुत जरूरी है। मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, गरीबी मुक्त पंचायत, स्वास्थ्य ग्राम, बाल हितैषी गांव, जल पर्याप्त गांव, स्वच्छ जल और वातावरण, आत्मनिर्भर पंचायत, सुशासन पंचायत, बुनियादी ढांचा से मजबूत गांव, जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सुजीत नायक ने विस्तार से बताया। मौके पर प्रखंड समन्वयक शशि कुमार ने 15 सूत्री कार्यक्रमों की जानकारी दी। मौके पर सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। शीतलहर और कंपकंपाती ठंड के चलते उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को 8 जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी किया है। ज्ञात हो कि बुधवार को समाज कल्याण, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से झारखंड सरकार के संयुक्त सचिव अभय नंदन अम्बष्ट ने विभागीय पत्रांक - विविध - 408/16 - 26 के माध्यम से राज्य के सभी उपायुक्त को शीतलहर के चलते आंगनबाड़ी केंद्र बंद करने का निर्णय लेने संबंधित आदेश जारी किया था। जिसके बाद गुरुवार को सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने भी उपायुक्त को पत्र लिखकर आंगनबाड़ी केंद्र बंद करने का आग्रह किया था। जिस पर उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को आंगनबाड़ी बंद करने का आदेश जारी किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि कि शीतलहर के चपेट में पूरा झारखंड है।
तीन दिन पूर्व ही स्कूलों में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए छुट्टी कर दिया गया। जबकि आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्कूल से भी छोटे तीन से चार के नौनिहाल बच्चे आते हैं। जो गरीब और दलित परिवार से होते हैं, जिनके तन पर समुचित गर्म कपड़े भी नहीं होते हैं। जिन्हें ठंड लगने का खतरा ज्यादा है। इन बच्चों के लिए पहले ही आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद किया जाना चाहिए था। लेकिन देर से ही सही जिला प्रशासन का यह आदेश स्वागत योग्य कदम है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse