टीम एबीएन, रांची। कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहट्टू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास स्टोन चिप्स माइंस में टीपीसी के उग्रवादियों ने जमकर उत्पात मचाया है। उग्रवादियों ने माइंस में लगे वाहन को आग के हवाले कर दिया। घटना मंगलवार की देर रात की है। उग्रवादियों ने गार्ड की पिटाई की और उसका मोबाइल छीन कर ले गये।
बताया जाता है कि उग्रवादियों ने स्टोन माइंस संचालक से लेवी की मांग की थी। लेवी नहीं देने पर धमकी भी दी थी। इसी बीच देर रात करीब 15 की संख्या में आये उग्रवादियों ने गार्ड की कनपट्टी में पिस्तौल सटाकर मालिक का पता पूछा। इसके बाद वहां लगे एक हाईवा को आग के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है प्रथम दृष्टया मामला लेवी को लेकर अंजाम देने का प्रतीत होता है। घटना को टीपीसी ने अंजाम दिया है।
टीम एबीएन, रांची। लालपुर थाना क्षेत्र के श्रेया गर्ल्स हॉस्टल में रह कर पढ़ाई करने वाली शगुफ्ता परवीन ने आज सुबह हॉस्टल के अपने रूम में आत्महत्या कर ली, मृतक लाल पनिया बोकारो की रहने वाली है, लालपुर थाना की पुलिस हॉस्टल पहुंच कर मामले की तहकीकात में जुट गयी है।
टीम एबीएन, रांची। आगामी बजट 2023-24 को लेकर यदि आप झारखंड सरकार को सुझाव देना चाहते हैं तो तैयार हो जाइये। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में हमीन कर बजट पोर्टल और मोबाइल एप का उद्घाटन किया है। इस पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से झारखंड के आम नागरिक भी अब आगामी झारखंड बजट 2023-24 से संबंधित अपना महत्वपूर्ण सुझाव राज्य सरकार को भेज सकेंगे।
बजट 2023-2024 में झारखंड का बजट कैसा होना चाहिए, इस निमित्त अपना महत्वपूर्ण सुझाव 20 जनवरी 2023 तक ऑनलाइन पोर्टल हमीन कर बजट के माध्यम से भेज सकेंगे। तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले व्यक्तियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जायेगा।
मौके पर मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वित्त विभाग अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग केके सोन, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव आपदा प्रबंधन विभाग अमिताभ कौशल, सचिव श्रम, नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग राजेश शर्मा, निदेशक राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार उमाशंकर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा/ रांची। जिले के डोमचांच में 17 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन की तैयारी को लेकर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की बैठक परिसदन में की गयी। इसमें झामुमो नेता सह मंत्री दर्जा प्राप्त विनोद कुमार पांडेय एवं फागु बेसरा मौजूद थे।
समीक्षा के दौरान पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, जिला के तमाम पदाधिकारी गण सभी केंद्रीय समिति सदस्यों ने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम कोडरमा की धरती पर ऐतिहासिक होगा। दोनों का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने माला एवं गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह तथा संचालन जिला सचिव वीरेंद्र पांडे ने किया।
इसके पहले मरकच्चो प्रखण्ड के कानीकेंद बिरसा मुंडा चौक में प्रखंड सचिव अशरफ अंसारी, सक्रिय सदस्य संतोष पासवान, तारणी प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष घनश्याम सिंह तथा विश्वनाथ राय एवं बीस सूत्री अध्यक्ष बैद्यनाथ मेहता के नेतृत्व में इनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय समिति सदस्य, जिला प्रवक्ता, जिला संगठन सचिव समेत बड़ी संख्या में झामुमो के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने पारसनाथ पर्वत-सम्मेद शिखरा पर उपजे विवाद पर मंगलवार को कहा कि कुछ लोग जबरन पारसनाथ पूजा स्थल को लेकर विवाद पैदा कर रहे हैं। पारसनाथ को लेकर आदिवासियों और जैनियों के बीच कोई विवाद नहीं है। पारसनाथ में सदियों से आदिवासी और जैन धर्म के लोग मिलजुलकर पूजा-पाठ करते आए हैं। कुछ लोग जबरदस्ती विवाद पैदा करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कोई महाजुटान जैसी बात नहीं है। उन्होंने ओड़िशा के पूर्व सांसद सालखन मुर्मू को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि झारखंड में केवल एक ही नेता हैं, शिबू सोरेन। अगर सालखन मुर्मू इतने बड़े नेता हैं, तो उन्हें ओड़िशा जाकर नेतागिरी करनी चाहिए। उन्हें ओड़िशा का मुख्यमंत्री, विधायक- सांसद बनना चाहिए। वे झारखंड में क्या कर रहे हैं। वहां पर स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने सभी पक्षों के साथ बैठक कर हल निकाल लिया है। वहाम आदिवासी और जैनी दोनों अपनी-अपनी मान्यता व रीति-रिवाज के साथ पूजा-पाठ करते रहेंगे। इसके बाद वहां विवाद कहां है।
टीम एबीएन, बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद की फॉर्च्यूनर गाड़ी को बाइक सवार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण अंबा प्रसाद का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और अंबा प्रसाद को हल्की फुल्की चोट भी लगी। वहीं टक्कर मारने वाली युवक को भी हल्की फुल्की चोट लगी है। जानकारी के अनुसार बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद हजारीबाग की ओर से पतरातू जा रही थीं।
इसी दौरान बिना हेलमेट पहने अचानक एक बाइक विधायक के कार के आगे आ गया, जिसको बचाने के उद्देश्य से ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लिया। उसी दौरान पीछे से एक बाइक सवार तेजी से आ रहा था, जिसने पीछे से अंबा प्रसाद के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी और विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। विधायक ने बाइक सवार को इलाज के लिए नई सराय अस्पताल भेज दिया और वह अपने कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पतरातू की ओर चली गईं।
घटना के संबंध में अंबा प्रसाद ने बताया कि एक बाइक सवार को बचाने के क्रम में ड्राइवर ने जैसे ही ब्रेक लिया वैसे ही तेजी से पीछे आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि, पीछे से आ रहा बाइक सवार हेलमेट पहने हुए था, जिसके कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना हेलमेट के ना चलें और शहर में वाहनों की रफ्तार को काबू में रखें ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना ना घटे।
टीम एबीएन, रांची। कर्मचारी से कर्मयोगी की प्रधानमंत्री की अवधारणा को हमें अपनाना है। प्रशासनिक सेवा में अधिकारियों की कैपेसिटी बिल्डिंग जरूरी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा आउटपुट मिले। मिशन कर्मयोगी के तहत कर्मचारियों को कर्मयोगी बनाने पर फोकस करना है। इसके लिये उन्हें कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन द्वारा विशेष प्रकार का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों के काम करने की शैली और प्रणाली में सुधार होगा। उक्त बातें मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह ने प्रोजेक्ट भवन में कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन के सहयोग से कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला में कहीं।
मिशन कर्मयोगी के जरिए कर्मचारी अपने परफॉर्मेंस में सुधार और अपनी क्षमता में कर पाएंगे इजाफा
कायार्शाला में कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन के सदस्य श्री आर बालासुब्रमण्यम ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मिशन कर्मयोगी के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। इसकी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण और प्रशिक्षण केन्द्र के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मिशन कर्मयोगी के जरिए कर्मचारी अपने परफॉर्मेंस में सुधार कर सकेंगे और अपनी क्षमता में इजाफा कर पायेंगे। भारतीय सिविल सेवा के अफसरों को भविष्य के लिए तैयार किया जायेगा। उन्हें इस लिहाज से तैयार किया जाएगा कि वे रचनात्मक, पेशेवर, प्रोग्रेसिव और पारदर्शी तरीके से काम कर सकें। कर्मचारियों के विकास के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन का गठन किया गया है। इससे ट्रेनिंग के स्टैंडर्ड में सुधार का प्रयास किया जायेगा। इसके माध्यम से सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों का स्किल डेवलपमेंट किया जायेगा। मिशन कर्मयोगी योजना के तहत कर्मचारियों को एक विशेष ट्रेनिंग दी जायेगी। इसके लिए उन्हें आवश्यक कंटेंट प्रदान किया जायेगा।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विचार रखें साथ ही इससे जुड़े सवाल-जवाब पर चर्चा की
कार्यशाला में ये भी रहे उपस्थित
कार्यशाला में कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना डाडेल, प्रधान सचिव श्रीमती हिमानी पाण्डेय, प्रधान सचिव श्रीमती अराधना पटनायक, प्रधान सचिव श्री के के सोन, सचिव श्री सुनील कुमार,सचिव श्री मनोज कुमार, सचिव श्री मनीष रंजन, सचिव श्री के रवि कुमार, सचिव श्री प्रशांत कुंमार, मनरेगा आयुक्त श्रीमती राजेश्वरी बी, विभिन्न विभागों के सचिव, संयुक्त सचिव, कार्मिक विभाग के संयुक्त सचिव श्री रंजीत कुमार लाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। राज्यभर में कार्यरत कार्यालय स्टाफ, सफाईकर्मी, सुपरवाइजर, ड्राइवर सहित दस हजार नगर निकाय कर्मियों ने झारखंड सरकार के नगरीय प्रशासन के सेवा निदेशक आदित्य कुमार आनंद के द्वारा यूनियन के नेताओं से नहीं मिलने और निकाय कर्मियों के प्रति जनतंत्र विरोधी रवैया के खिलाफ और दैनिक वेतन कर्मियों को स्थाई करने, आउटसोर्सिंग ठेका व्यवस्था बंद करने, दुर्घटना बीमा का लाभ देने, सामाजिक सुरक्षा के तहत सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन देने आदि चार सूत्री मांगों के समर्थन में मंगलवार को एकदिवसीय हड़ताल पर रहे। जिसके कारण कोडरमा बाजार में सफाई नहीं हुई।
हड़ताल के समर्थन में नगर पंचायत कार्यालय कोडरमा के समक्ष झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले धरना दिया गया। जिसकी अध्यक्षता सियाराम और संचालन पवन कुमार यादव ने किया। धरना को सम्बोधित करते हुए मजदूर नेता और सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि देश के मजदूर कर्मचारियों, किसानों और बेरोजगारों को तबाह करने का मोदी सरकार का जनविरोधी एजेंडा जारी है। भारी मुनाफा देने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के कल कारखानों, उद्यमों, प्रतिष्ठानों को अपनी चहेते पूंजीपतियों को बेचने, निजीकरण करने और हमारे देश के अर्थव्यवस्था की रीढ़ रेलवे, कोयला, इस्पात और फार्मा क्षेत्र की सरकारी कंपनियों, भेल, एचएएल, एलआईसी, बैंक, बीएसएनएल और एयर इंडिया जैसे प्रतिष्ठानों को बर्बाद करने पर तुली है।
आउटसोर्सिंग और ठेका प्रथा में मजदूरों का भविष्य सुरक्षित नहीं है। कई बार सरकार से निगम कर्मियों के मांगों को लेकर वार्ता की गई और लिखित समझौता होने के बाद भी निकाय कर्मियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। विगत कई वर्षों से नगर निगम कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन करते आ रहे हैं। इस दौरान सरकार के द्वारा कई बार कर्मचारियों की मांग को पूरा करने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारी नेता दिनेश रविदास ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट का आदेश है कि लगातार दस साल से अधिक काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित किया जाए, उसके बाद भी राज्य सरकार के द्वारा इसे लागू नहीं किया जा रहा है। सफाई कर्मियों के साथ गुलामों के जैसा व्यवहार किया जा रहा है, छुट्टी के दिन भी काम करने के लिए मजबूर किया जाता है। इसके खिलाफ आवाज उठाना होगा।
धरना में अनिल कुमार, कन्हैया कुमार, सन्नी कुमार, विक्की कुमार, बिनोद डोम, सुनील डोम, अवधेश डोम, राधेश्याम दास, तुलसी दास, बालदेव दास, दिलीप राम, सौरभ कुमार दास, मुरारी मनोहर यादव, अशोक भुइयां, रवि कुमार, टुनुवा देवी, मीना देवी, बबीता देवी, लीलो देवी, छोटन भुइयां, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, दिनेश कुमार, हिरावन भुइयां, कौशल कुमार, सूर्यकांत रजक, मनीष कुमार, अमर कुमार, परमेश्वर यादव, दीपक कुमार रजक सहित दर्जनों निकाय कर्मचारी मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse