झारखंड

View All
Published / 2023-01-13 11:25:09
डब्ल्यूएचओ की सलाह : लंबी यात्रा करने वाले जरूर पहनें मास्क

एबीएन हेल्थ डेस्क। दुनिया के कई देशों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चीन के अलावा भारत, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में भी संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने लंबी यात्रा करने वालों को मास्क पहनने की अपील की है। 

डब्ल्यूएचओ के इमरजेंसी अधिकारी ने कहा कि चीन के बाद अब पूरी दुनिया पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। अमेरिका में भी ओमिक्रॉन के नये वैरिएंट एक्सबीबी.1.5 के मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसे में वे लोग जो लंबी यात्रा कर रहे हैं, उन्हें बिना लापरवाही बरते मास्क पहनना चाहिए। हर देश को लंबी यात्रा करने वाले यात्रियों को मास्क पहनने और कोरोना अनुरूप व्यवहार का पालन करने की सलाह देनी चाहिए।

भारत में 24 घंटे में कोरोना के 174 मामले
भारत में एक दिन में कोविड-19 के मामलों की संख्या में 174 की वृद्धि हुई। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,257 रह गयी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारत में दैनिक सकारात्मकता 0.09 प्रतिशत दर्ज की गयी, जबकि साप्ताहिक सकारात्मकता दर 0.10 प्रतिशत थी। भारत के सक्रिय केसलोड में एक दिन में 52 की गिरावट आयी और अब यह कुल संक्रमणों का 0.01 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रीय कोविड-19 रिकवरी दर बढ़कर 98.80 प्रतिशत हो गयी है। बीमारी से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,47,775 हो गयी, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गयी। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक कोविड टीके की 220.16 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।

Published / 2023-01-13 11:20:58
एक को होगा कलयुग के त्रिदेव का त्रिशक्ति वंदना महोत्सव

टीम एबीएन, रांची। मारवाड़ी भवन में एक फरवरी को कलयुग के त्रिदेव का त्रिशक्ति वंदना महोत्सव होगा। आनंद गोयल ने बताया कि उस दिन खाटूधाम के पूज्य महंत मोहनदास महाराज, प्रख्यात भजन गायक नंदु शर्मा, भजन सम्राट रवि बेरीवाल, सुमधुर गायक जिम्मी शर्मा, रवि रस्तोगी त्रिशक्ति वंदना महोत्सव में भजनों की अमृतवर्षा करेंगे। 

सेवक किशन गोयल ने कहा कि कलयुग के त्रिदेव श्री बालाजी महाराज, श्री श्याम सरकार और श्रीराणी सती दादी का भव्य दरबार सजेगा और अलौकिक श्रृंगार किया जायेगा।

Published / 2023-01-13 11:02:40
सेवा भारती का किसान मेला 29 जनवरी को

  • स्वास्थ्य शिविर, सेवा समर्पण दौड़ प्रतियोगिता भी होगी

टीम एबीएन, रांची। सेवा भारती जोन्हा स्थित गुड़ीडीह सेवा धाम में 29 जनवरी को किसान मेला का आयोजन करेगी। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, सेवा समर्पण दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। आरोग्य सेवा केंद्र प्रभारी जीपी पांडेय ने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे।

Published / 2023-01-13 08:16:04
झरिया से विस्थापित होंगे 60,000 लोग हजार लोग

  • तीन महीने के अंदर दूसरी जगह किया जायेगा शिफ्ट

टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। झरिया कोलफील्ड इलाके के अग्नि प्रभावित एवं भू-धंसान वाले बेहद खतरनाक इलाकों में रह रहे लगभग 60 हजार लोगों को हटाकर आगामी तीन महीनों के भीतर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जायेगा। केंद्रीय कोयला सचिव अमृत लाल मीणा और झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने इस इलाके में कोयले का खनन करने वाली कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और जिला प्रशासन के अफसरों को तीन महीने के टाइम फ्रेम के अंदर यह टास्क पूरा करने का निर्देश दिया है। 

झरिया कोयलांचल में 70 ऐसी साइट चिह्नित की गई है, जहां जमीन के भीतर मौजूद कोयले में लगी आग बेहद खतरनाक रूप ले चुकी है और आए दिन जमीन धंसने के हादसे हो रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, झरिया में अग्निप्रभावित कुल 595 साइट हैं, लेकिन इनमें से 70 ऐसी है, जहां आबादी का एक पल भी रहना बेहद जोखिम भरा माना जा रहा है। पिछले कुछ सालों में इन इलाकों में अचानक जमीन फटने से मकान, मंदिर, मस्जिद, दुकान आदि के जमींदोज होने की दो दर्जन से भी ज्यादा घटनाएं हुई हैं। 

ऐसे इलाकों में बरोरा, कतरास, लोदना, पुटकी बलिहारी, कुसुंडा, सिजुआ और बस्ताकोला के क्षेत्र हैं। सबसे पहले इन क्षेत्रों के लोगों को विस्थापित किया जाना है। लगभग 12 हजार परिवारों के 60 हजार लोग बीसीसीएल की ओर से बनाये गये पुनर्वास क्षेत्रों में या फिर अन्यत्र भेजे जायेंगे। 

इनमें से साढ़े नौ हजार परिवार तो ऐसे हैं, जो कोलियरी की जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जा करके रह रहे हैं। इनके अलावा 19 सौ लोग ऐसे हैं, जिनकी यहां पर जमीन और मकान हैं, कोयला कंपनी बीसीसीएल में काम कर रहे पांच सौ लोगों के परिवार भी इन बेहद खतरनाक क्षेत्रों में रह रहे हैं, इन्हें भी अन्यत्र भेजा जायेगा।

Published / 2023-01-12 23:14:29
डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू, रांची में संगीत सभा और विवेकानंद जयंती मनी

टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू में आज संगीत सभा और विवेकानंद जयंती का आयोजन किया गया। पहले कार्यक्रम में छात्रों के बीच शास्त्रीय संगीत को प्रचारित और प्रसारित करने वाली संस्था स्पिक मैके ने एक 
संगीत सभा का आयोजन किया। 

प्रसिद्ध रूद्र वीणा वादक श्रीमती ज्योति हेगड़े द्वारा इस अवसर पर राग अहीर भैरव प्रस्तुत किया। पखावज पर उनका साथ विद्या भारती कोलकाता के प्रोफेसर निशांत ने दिया। इस अवसर पर दोनों कलाकारों ने रूद्रवीणा और पखावज के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा आलाप और झाला के बारे में छात्रों को बताया।

आज प्रातः कार्यक्रम की शुरुआत  डीएवी कपिल देव के प्राचार्य श्री एम के सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। प्राचार्य ने कलाकारों का स्वागत करते हुए स्पिक मैके संस्था के बारे में जानकारी दी तथा कहा संगीत मन को सुकून देता है। सबों को संगीत सीखना चाहिए और उसे अनुभव करना चाहिए। स्पिक मैके संस्था के रांची समन्वयक श्री राजीव कुमार ने भी कहा कि बच्चे संगीत को ध्यान पूर्वक सुनें और उसे महसूस करें। 

कार्यक्रम प्रस्तुतीकरण के बाद कलाकारों ने संगीत से संबंधित शब्दों के बारे में बतलाया और बच्चों से उनका अनुभव भी पूछा। रूद्र वीणा वादक श्रीमती ज्योति हेगड़े ने कहा कि उन्हें विद्यालय में आकर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है क्योंकि यहां के बच्चे संगीत से परिचित हैं। पखावज वादक श्री निशांत ने कहा के ताल की शुरुआत भगवान गणेश ने की थी और पहले मृदंग मिट्टी से बने होते थे बाद में लकड़ियों के बनाये जाने लगे।

पूर्व आईएएस एमपी अजमेरा ने इस अवसर पर बच्चों को आशीर्वाद दिया। अपने आशीर्वचन में उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार रवीन्द्र जैन का उल्लेख करते हुए लगन से संगीत सीखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय में समय समय पर संगीत सभा का आयोजन करने का भी अनुरोध किया।
इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक समेत वर्ग नवम और ग्यारह के बच्चे मौजूद थे।

आज ही विद्यालय में हुए एक दूसरे कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी को उनकी जयंती के अवसर पर याद किया गया।प्राचार्य श्री एमके सिन्हा ने विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उनको याद किया। इस अवसर पर बच्चों ने विवेकानंद जी को याद करते हुए विशेष रूप से शिकागो में हुए धर्म सम्मेलन का जिक्र किया। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के मीडिया प्रभारी आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2023-01-12 23:09:27
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर महर्षि मेही विद्यापीठ में कई कार्यक्रम

टीम एबीएन, रांची। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर महर्षि मेही विद्यापीठ में बच्चों ने कई कार्यक्रम काकिये। सबसे पहले विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आभा मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी एवं उनके उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उसके बाद विद्यालय के सभी छात्र छात्राओं एवं शिक्षक गण ने पुष्पांजलि अर्पित की। 

इस अवसर पर विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता एवं स्वामी विवेकानंद से संबंधित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कक्षा छठी से 11वीं तक के बच्चों ने इसमें भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्या श्रीमती आभा मिश्रा एवं उप प्राचार्य गौतम कुमार ने सभी बच्चों को सम्मानित किया एवं उन्हें स्वामी विवेकानंद के जीवन के आधार पर चलने का उपदेश दिया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थे।

Published / 2023-01-12 23:03:10
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनायें युवा : आयुक्त

  • आयुक्त ने दी पलामू प्रमंडल के युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई
  • बीएनटी संत मैरी स्कूल, गढ़वा में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में आयुक्त ने लिया भाग, प्रदर्शनी का भी किया उद्घाटन

टीम एबीएन, गढ़वा-पलामू/  रांची। स्वामी विवेकानंद हम सबों के आदर्श हैं। उनकी जयंती हर वर्ष 12 जनवरी को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिनके मन में कुछ अलग कर गुजरने की सोच रहती है वहीं युवा हैं। युवाओं को हमेशा व्यक्ति एवं समाज के लिए कुछ करने की सोच रखनी चाहिए। स्वामी विवेकानंद के आदर्श युवाओं को सही दिशा में ले जाता है। उनके आदर्शों को अपनाना होगा। उनकी सोच का अनुकरण कर प्रेरणा लेते हुए उनकी सोच एवं उनके संदेश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने कही। वे आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गढ़वा जिले के सोनपुरवा के बीएनटी संत मैरी स्कूल में आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

उन्होंने वार्षिक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों द्वारा लगाये गये विभिन्न मॉडल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मौके पर गढ़वा के उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार यादव, अंचल अधिकारी मयंक भूषण आदि थे।

आयुक्त ने पलामू प्रमंडल के युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी अभिभावकों का कर्तव्य है की बच्चों को सही दिशा दें। इसके लिए उन्हें स्वामी विवेकानंद की सोच को अपनाना होगा। उनके आदर्शों को अपनाते हुए अपने को मजबूत एवं सबल बनाना होगा। साथ ही अपने परिवार एवं समाज को आगे बढ़ाने में अपनी महती भूमिका निभानी होगी। इसके पूर्व आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को याद किया।

विद्यालय के निदेशक उमाकांत तिवारी ने कहा कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के विभिन्न कौशल देखने का मौका मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाये गये विभिन्न मॉडलों पर प्रसन्नता जाहिर की और कहा कि प्रदर्शनी में लगाये गये मॉडल ज्ञानवर्धक हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने सभी का स्वागत किया एवं विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। साथ ही वार्षिक प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने सोलर पावर, सिंचाई प्रणाली, डिजिटल इंडिया, ऑटोमेटिक ट्रैफिक कंट्रोल, मौसम में बदलाव आदि से संबंधित विभिन्न मॉडलों को प्रस्तुत किया था। साथ ही आर्ट एवं क्राफ्ट की प्रदर्शनी लगाई थी। वहीं विभिन्न महापुरुषों के स्केच बनाए थे। आयुक्त सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की।

युवा दिवस पर आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी कार्यक्रम का संचालन संजीव रंजन तिवारी एवं रूपम दुबे ने की। मौके पर शिक्षक नीरज कुमार, रुकमणी द्विवेदी, अजीत कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, अभिषेक दुबे, गिरजा प्रसाद के अलावा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।

Published / 2023-01-12 22:57:49
झारखण्ड : लगातार दूसरे दिन ब्लास्ट में सीआरपीएफ के दो जवान घायल

टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। चाईबासा के टोंटो में लगतार दूसरे दिन भी लैंडमाइन ब्लास्ट में 2 जवान घायल हो गये हैं। बताया जा रहा है कि घायल जवानों को रांची लाया गया। सीआरपीएफ के जवानों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विस्फोट के बाद गोलियां चलायी।

पिछले कुछ दिनों से चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। घायल जवान अमरेश सिंह, सौरव कुमार, संतोष सिंह कोबरा बटालियन के बताये जा रहे हैं। नक्सालियों के खिलाफ चलाये जा रहे सर्च अभियान के दौरान अचानक आईईडी में ब्लास्ट हुआ।

Page 940 of 1590

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse