टीम एबीएन, रांची। भीषण गर्मी को देखते हुए झारखण्ड कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (जेसीपीडीए) के पदाधिकारियों द्वारा आज ट्रैफिक जवानों के बीच ग्लुकोन-डी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर ट्रैफिक एसपी कार्यालय परिसर में ट्रैफिक एसपी सहित बड़ी संख्या में ट्रैफिक जवान उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शहर की यातायात व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर ट्रैफिक एसपी से चर्चा की।
यह आग्रह किया गया आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कार्य में संलग्न तीन पहिया मालवाहक वाहनों को पूर्व की भांति नो-एंट्री के समय भी शहर में प्रवेश एवं परिचालन की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा पुनः प्रदान की जाए ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार ने एसोसिएशन के इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवानों के लिए इस प्रकार की सहायता सराहनीय है। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की तथा तीन पहिया मालवाहक वाहनों के संबंध में दिए गए सुझाव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
जेसीपीडीए के सचिव रौनक पोद्दार ने कहा कि भीषण गर्मी में हमारे ट्रैफिक जवान लगातार अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, ऐसे में उनका स्वास्थ्य एवं ऊर्जा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आज ग्लुकोन-डी का वितरण किया गया।
जेसीपीडीए के अध्यक्ष संजय अखौरी ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने में एसोसिएशन की तरफ से हरसंभव सहयोग के लिए ट्रैफिक एसपी को आश्वस्त किया।
साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कार्य में संलग्न तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री के समय भी संचालन की अनुमति की आवश्यकता बताई और कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से आम जनता तक जरूरी सामान समय पर पहुँचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला पुलिस प्रशासन द्वारा इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर जेसीपीडीए के अध्यक्ष श्री संजय अखौरी, सचिव रौनक पोद्दार, कोषाध्यक्ष अरविन्द पोद्दार, पंकज तिवारी समेत एसोसिएशन के अन्य सदस्य शामिल रहे। उक्त जानकारी झारखण्ड कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अखौरी ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले के बरकट्ठा प्रखंड के सक्रेज गांव के पास जीटी रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक चंद्रशेखर आजाद (52) की मौके पर ही मौत हो गई। वे प्राथमिक विद्यालय सोकी में पदस्थापित थे और वर्तमान में गौरिया करमा चौक स्थित एक भाड़े के मकान में रह रहे थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए बाईक से घर से निकले थे।
इसी दौरान सरिया लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक (संख्या जे एस 02टी 9532) को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल से उनकी बाइक की डिक्की में रखे शादी के निमंत्रण कार्ड भी बरामद हुए, जिनमें 7 मई को शादी की तिथि अंकित थी।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर : इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम का माहौल पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
टीम एबीएन, रांची। रांची के जगन्नाथ मंदिर में हुई सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई थी, जिसके बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्याकांड का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रांची के एसएसपी राकेश रंजन जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
इस दौरान उनके साथ सिटी एसपी पारस राणा, डीएसपी पीके मिश्रा और जगन्नाथपुर थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पूजा के बाद एसएसपी ने जगन्नाथ मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। इसके तहत सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और भी पुख्ता हो। फिलहाल, जगन्नाथ मंदिर में हत्याकांड का खुलासा होने के बाद मंदिर के पुजारियों और इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। अखिल भारतीय सूंड़ी /शौण्डिक समाज के राष्ट्रीय संयोजक शिवरतन प्रसाद गुप्ता एवम लोहरदगा जिलाध्यक्ष रितेश कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्य उदय कुमार गुप्ता ने आज सूंड़ी समाज के रीढ़ उदय शंकर प्रसाद साहू तथा धीरज प्रसाद साहू पूर्व राज्यसभा सांसद से मुलाकात कर तीन मई दिन रविवार को लोहरदगा में सूंड़ी समाज राष्ट्रीय कार्यदल की होनेवाली बैठक को लेकर निमंत्रण दिया तथा उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहने हेतु निवेदन किया गया।
इस राष्ट्रीय कार्यदल बैठक का मुख्य उद्देश्य सूंड़ी समाज के लोगो को एक छाता के नीचे लाना तथा समाज से बिखरे व अलग चल रहे संगठनों को सम्माहित कर पूरे राष्ट्र में एक संगठन का निर्माण के साथ संगठित करना एवम सूंड़ी समाज का दशा तथा दिशा तय करना है। ताकि समाजहित में सभी मिलकर एक साथ ठोस निर्णय ले सके तथा आनेवाली समय मे समाज द्वारा निर्धारित कार्यक्रम को अंतिम पायदान तक पहुंचाया जा सके एवं साथ ही साथ भविष्य में समाजहित में काम करने हेतु इसकी रूपरेखा तैयार करने का काम सफलतापूर्वक हो सके।
ज्ञातव्य हो कि सन 1945 में लोहरदगा सूंड़ी समाज पुरोधा स्व. राय साहब बलदेव साहू जी द्वारा अखिल भारतीय सूंड़ी समाज का गठन अविभाजित बिहार के पटना सिटी में बैठक कर किया गया था तथा वही संगठन अनावरत काम करते रहा, परन्तु बीच मे इस संगठन से विभाजित होकर कुछ नये समानान्तर संगठन का निर्माण कर लिया गया, जो संगठन हित मे नही था। अतः एक बार पुनः स्व. राय साहब बलदेव साहू जी के पुत्र श्री उदय शंकर प्रसाद एवं श्री धीरज प्रसाद साहू जी के नेतृत्व में इस समाज को एक छाता के नीचे लाने का प्रयास के तहत इस राष्ट्रीय कार्यदल का बैठक आहूत किया गया है।
इस राष्ट्रीय कार्यदल बैठक में पूरे भारत देश के विभिन्न राज्यों के सूंड़ी समाज संगठन के प्रतिनिधियों को निमंत्रित किया गया है, जिसमे दिल्ली, मुंबई, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, असम के साथ साथ नेपाल के सूंड़ी समाज अध्यक्ष इत्यादि ने अपनी उपस्थिति की सहमति प्रदान कर चुकी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन (झासा) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह से मुलाकात कर चार सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार और बिहार के तर्ज पर डायनेमिक एसीपी लागू करने, 2009 बैच के चिकित्सकों की सेवा संपुष्टि में जनजातीय भाषा की अनिवार्यता से उत्पन्न विसंगतियों को दूर करने, 50 वर्ष से अधिक आयु के चिकित्सकों को विभागीय परीक्षा से मुक्त करने तथा श्रावणी मेला के दौरान देवघर एवं दुमका में प्रतिनियुक्ति से संबंधित मांगें रखीं।
झासा ने कहा कि बिहार में चिकित्सकों को 20 वर्षों में चार डायनेमिक एसीपी मिल जाता है, जबकि झारखंड में यही लाभ 25 वर्षों में मिल रहा है। साथ ही, दंत चिकित्सकों को वर्तमान में 20 वर्षों में केवल तीन एसीपी मिलने की व्यवस्था है, जिसे बढ़ाने की मांग की गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए अब तक सेवा नियमावली नहीं बनने का मुद्दा भी उठाया गया। 2009 बैच के चिकित्सकों के मामले में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि 2011 में बनी नियमावली को पूर्व प्रभाव से लागू करने के कारण सीनियरिटी और पदोन्नति प्रभावित हो रही है। उन्होंने जनजातीय भाषा परीक्षा की अनिवार्यता हटाने और सेवा संपुष्टि में राहत देने की मांग की।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि मांगें विचारणीय हैं, लेकिन झासा को यह भी समझना होगा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के नहीं पहुंचने से आम जनता को इलाज में कठिनाई होती है, इसलिए इस पहलू पर भी गंभीरता से विचार आवश्यक है।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से इस विषय पर पुनर्विचार कर अगले सप्ताह फिर बैठक करने को कहा। साथ ही, 2009 बैच से जुड़े मामले में असंतोष होने पर न्यायालय का विकल्प भी खुला होने की बात कही। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में झासा अध्यक्ष डॉ. विमलेश सिंह, सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह, संयोजक डॉ. शरद, संयुक्त सचिव डॉ. अजीत, कोषाध्यक्ष डॉ. स्टीफन, डॉ. समीर कुजूर, डॉ. विकास, डॉ. प्रदीप कुमार और महिला विंग की उपाध्यक्ष डॉ. नुसरत यामिनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गांव की सरकार के प्रति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेम को दिखावा और राजनीतिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आहट होते ही मुख्यमंत्री सियासी ढोंग करने में जुट गये हैं। 4 वर्षों तक गांव की सरकार के लिए हेमंत सरकार ने एक भी कुछ काम किया हो तो उन्हें बताना चाहिए। अब जब अगले वर्ष चुनाव होने हैं तो केंद्र सरकार द्वारा भेजी गयी राशि का श्रेय लेकर राज्य सरकार झूठी वाहवाही बटोरने में जुटी हुई है।
श्री साहू ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर मुखिया सम्मेलन में मुख्यमंत्री गांव की सरकार को लेकर लंबी चौड़ी बातें करते हैं कि गांव के विकास से ही राज्य का विकास संभव है लेकिन राज्य की जनता यह नहीं भूली है कि यही हेमंत सोरेन की सरकार पिछली दफा पंचायत चुनाव को लगातार कैसे टालती रही। श्री साहू ने कहा कि आज जब केंद्र सरकार द्वारा 4342 पंचायत को 2254 करोड रुपये यानी प्रत्येक पंचायत को लगभग 52 लाख रुपये विकास के लिए दिया गया है तो हेमंत सरकार इसका श्रेय लेने के लिए ऐसा प्रपंच रच रही है। गांव की सरकार के जनप्रतिनिधि झारखंड सरकार के इन चालों को बखूबी समझ रहे हैं।
4 सालों तक हेमंत सरकार ने गांव की सरकार के लिए क्या किया, यह उन्हें बताना चाहिए। आखिर गांव की सरकार का क्या कसूर था? आज पीएम ने चिंता नहीं की होती तो यह जो पैसा आया है वह भी नहीं आ पाता। हेमंत सरकार खर्च फंड का उपयोगिता प्रमाण पत्र तो दे ही नहीं पाती और चली है लंबी चौड़ी बातें करने। श्री साहू ने कहा कि झारखंड गठन के बाद ग्रामीण विकास के लिए एकमुश्त इतनी बड़ी राशि कभी भी नहीं मिली। देश के प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण ही यह संभव हुआ है।
यह राशि पंचायतों के माध्यम से गांवों के विकास अटल बिहारी वाजपेई जी के सपनों का झारखंड निर्माण करने के लिए भेजा गया है। इसलिए केंद्र द्वारा पंचायत को भेजे गये एक-एक पैसे का सदुपयोग कैसे हो, यह राज्य सरकार सुनिश्चित करे। उन पैसों का उपयोग पंचायत के अंतर्गत आने वाले गरीब, वंचित, शोषित, मजदूरों की भलाई में खर्च हो। मोदी सरकार ने पैसा इसलिए नहीं दिया कि उन पैसों का दुरुपयोग हो, उस पैसे पर भ्रष्टाचारियों की गिद्ध नजर पड़े।
यह साफ चेतावनी है कि अगर इस मामले में भ्रष्टाचार करने की थोड़ी भी कोशिश हुई तो गांव-गांव तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इसका विरोध करेंगे और उनके द्वारा उसकी निगरानी की जाएगी। क्योंकि इस सरकार का इतिहास कट कमीशन का रहा है। लेकिन इसमें गलती से भी ऐसा नहीं हो। भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश भर के मुखिया, वार्ड पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, प्रमुख, जिला परिषद के सदस्य, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से भी आग्रह किया है कि वे अपनी निगरानी और देख रेख में इस राशि को खर्च करवायें।
टीम एबीएन, रांची। वंदे मातरम को 150 सौ वर्ष पूर्ण होने पर सांसद सांस्कृतिक महोत्सव व स्वदेशी मेला- 2026 का तीन दिवसीय आयोजन 1 से 3 मई तक आड्रे हाउस में होने जा रहा है। उक्त बातें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को आड्रे हाउस के सभागार में कही। आज आड्रे हाउस के सभागार में हिंदी विश्व आयोजन के प्रारंभिक प्रवेश में कर्टेन रेजर के तहत दीप प्रज्ज्वलित व गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक आयोजन के संयोजक अजय मलकानी टीम के सदस्य कलाकारो ने सुंदर प्रस्तुति रखी।
वहीं झारखंड रत्न पुरस्कृत विपुल नायक के कलाकारों ने वंदे मातरम की प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कांके रोड स्थित आड्रे हाउस में 1 से 3 मई यानी तीन दिनों तक सासद सांस्कृतिक महोत्सव व स्वदेशी मेला का आयोजन रखा गया है। श्री सेठ ने बताया कि सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि राज्यपाल रहेंगे, वहीं उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।
125 से भी ज्यादा स्टॉल के माध्यम से स्वदेशी उत्पाद, लोक संस्कृति यहां के खानपान में रागी, जवार, बाजरा, मक्का से बने सामग्री सहित यहां के लोक विख्यात कलाकृति को हम देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रात: 9 से शाम 6 तक विभिन्न स्कूलों के दस हजार से भी ज्यादा बच्चों की यहां उपस्थित होगी। वहीं सायं 6 से रात्रि 10 बजे तक झारखंड सहित देश भर के विशेष कलाकार सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से खास प्रस्तुति देंगे। श्री सेठ ने कहा कि प्रतिभावान जिन बच्चों को मंच नहीं मिलता है उन्हें भी सांसद महोत्सव के मंच पर अपनी कला की प्रस्तुति का अवसर दिया जायेगा।
पीएम मोदी के सोच आत्मनिर्भर भारत को साकार करने के लिए स्वदेशी वस्त्र, स्वदेशी सामान, स्वदेशी खाद्य पदार्थों सहित स्वदेशी मेला में सांस्कृतिक कलाओं को देखने का समझने का अवसर प्रदान होगा। श्री सेठ ने कहा कि जो हमारे लोकल उत्पादन बन रहे हैं। सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के माध्यम से उनको एक मंच दिया जा रहा है। 125 स्टॉल लगाये जायेंगे, जो बिल्कुल नि:शुल्क दिये जायेंगे। पूरे आयोजन में बाहर से भी कई केंद्रीय मंत्री सहित कई विशिष्ट कलाकारों का आगमन होगा जो महोत्सव की शोभा बढ़ायेंगे।
आयोजन की सफलता के लिए अलग अलग टीम बनायी गयी है। जिसमें स्वदेशी मेला के संयोजक मुकेश काबरा ने संस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला में शामिल होकर कार्यक्रम का लाभ लेने का आग्रह किया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक अजय मलकानी ने बताया कि प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड के कलाकारों द्वारा यहां के संस्कृतिक आयोजन की प्रस्तुति दी जायेगी। यहां की भूसंपदा जल, जंगल, जमीन के पहचान को उत्सव के माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति परंपरा और स्वदेशी आत्मनिर्भरता का भब्य संगम जो राज्य में पहली बार हो रहा है।
हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करते हुए हमारे प्रिय सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मार्गदर्शन एवं अगुवाई में सांसद स्वदेशी मेला- 2026 का यह आयोजन भव्य रूप से मनाना चाहते हैं। जिसका लाभ यहां के मूलवासी को प्राप्त हो क्योंकि विकसित भारत का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना झारखंड की लोक संस्कृति परंपरा एवं आदिवासियों के गौरव को मंच प्रदान कर उनको भरपूर सम्मान देना हमारा उद्देश्य है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम संग विभिन्न प्रतियोगिता झारखंड की पारंपरिक कलाकृतियों का प्रदर्शन सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। साथ ही आपको यहां की संस्कृति की याद भी दिलायेगा। यह आयोजन आदिवासी गौरव को भी बढ़ावा देगी। स्वदेशी परम्पराओ को सशक्त बनाते हुए इस आयोजन का हम सभी हिस्सा बने और इसे सफल बनावे। राज्य के सभी लोगों से आग्रह होगा कि आप तीन दिवसीय सांसद स्वदेशी मेला 2026 आयोजन में सपरिवार पहुंचकर आयोजन को सफल बनायें।
आज के कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, महापौर रोशनी खलको, उप महापौर नीरज कुमार, सांस्कृतिक महोत्सव के संयोजक अजय मलकानी, स्वदेशी मेला के संयोजक मुकेश काबरा, ऐश्वर्य सेठ, नीरज चौधरी, संजीव विजयवर्गीय, रमिंद्र कुमार, पवन बजाज, ललित ओझा, संजय जयसवाल, शंकर दुबे, बलराम, सन्नी, आशीष सत्यब्रत साहू, कमलजीत सिंह (संटी), शंकर पाठक, राजीव सहाय, अमित चौधरी, पूनम आनंद, नीतू सिंह, एसडी सिंह, आनंद श्रीवास्तव, संजीव साहू, नयन मयूर, आनंद कुमार, पवन जोडन, प्रमोद सारस्वत, संजय पोद्दार, ललन श्रीवास्तव, उषा जालन, रवि कुमार, सतीश सिन्हा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत और संजय पोद्दार ने दी।
टीम एबीएन, रांची। रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अज्ञात चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे और दान पेटी समेत कई सामान चुरा लिये। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने ड्यूटी पर मौजूद गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या कर दी।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मंदिर समिति की ओर से प्रारंभिक तौर पर पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने की बात कही गयी है, ताकि परिवार और बच्चों के भरण-पोषण में मदद मिल सके।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि गार्ड मंदिर परिसर में सो रहा था, तभी चोर अंदर घुसे और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गये। शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने गार्ड का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि स्थानीय अपराधियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse