टीम एबीएन, रांची। आॅपरेशन सिंदूर स्मृति दिवस के अवसर पर एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों की ओर से देश के वीर सशस्त्र बलों को नमन किया गया।
मौके पर उन सभी सैनिकों, अधिकारियों और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आॅपरेशन सिंदूर को आतंकवाद के विरुद्ध भारत की सटीक, संयमित और निर्णायक कार्रवाई के रूप में याद किया गया है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ तापस घोष ने देशभक्ति प्रदर्शित करते हुए तिरंगा झंडा फहराया तथा सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन केवल एक सैन्य उपलब्धि का स्मरण नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, संकल्प और आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता का प्रतीक भी है।
आॅपरेशन सिंदूर ने यह संदेश दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने में सक्षम है। आॅपरेशन सिंदूर आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, संयम और राष्ट्र-रक्षा के अद्वितीय उदाहरण के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखते हुए कहा कि सिजुआ क्षेत्र संख्या-05 अंतर्गत कनकनी कोलियरी में संचालित राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा लोयाबाद के घनी आबादी वाले क्षेत्र में अवैध ढंग से ओबी डंप किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भारी प्रदूषण फैल रहा है तथा स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
जहां ओबी डंप किया जा रहा है उसके समीप नदी, ईदगाह, हाई स्कूल एवं सार्वजनिक मैदान स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग मॉर्निंग वॉक एवं अन्य गतिविधियों के लिए आते-जाते हैं। कंपनी द्वारा लगातार ओबी गिराने से पूरे क्षेत्र में धूल एवं प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे आमजन परेशान हैं।
इसके अतिरिक्त जिस स्थान पर ओबी डंपिंग की जा रही है, वहां लगभग पूर्व बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया था और वे पेड़ काफी बड़े हो चुके थे, किंतु कंपनी ने अवैध डंपिंग कर उन पेड़-पौधों को नष्ट कर दिया, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंची है।
राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा लोयाबाद 05 नंबर में मुख्य सड़क पार कर ओबी डंपिंग की जा रही है। लगातार भारी वाहनों के आवागमन से सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है तथा बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
साथ ही कंपनी द्वारा डीजीएमएस नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। कंपनी द्वारा जबरन हाई डंपिंग की जा रही है, जिससे पूर्व में डंपिंग स्थल के आसपास जमीनों में दरारें भी आ चुकी हैं और भविष्य में भू-धसान जैसी गंभीर घटना घट सकती है।
कंपनी मजदूरों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रही है। मजदूरों को न तो आवश्यक सेफ्टी किट उपलब्ध कराया जा रहा है, न ही बीटीसी परीक्षण कराया जा रहा है तथा न ही उन्हें पहचान पत्र (आई-कार्ड) ओर नहीं हाई कमेटी द्वारा निर्धारित वेतन दिया जा रहा है।
अत: आप से आग्रह है कि उक्त मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए अवैध ओबी डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने एवं कंपनी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की कृपा करें, ताकि क्षेत्रवासियों को प्रदूषण, दुर्घटना एवं संभावित भू-धसान जैसी घटनाओं से बचाया जा सके।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। स्टील सिटी बोकारो में अतिक्रमण हटाने गयी बीएसएल सिक्योरिटी टीम पर अतिक्रमणकारियों ने पथराव कर दिया। घटना शनिवार की सुबह की है। पथराव की इस घटना में दो होमगार्ड के जवान घायल हो गये हैं। दोनों घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के सेक्टर 12 ए काली मंदिर के पास खाली जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और झोपड़ीनुमा घर बनाकर रह रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद बीएसएल की सिक्योरिटी टीम तीन गाड़ियों पर सवार होकर शनिवार को अतिक्रमण हटाने गयी थी।
इससे आक्रोशित अतिक्रमणकारियों ने बोकारो स्टील के सिक्योरिटी विभाग के पदाधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर पत्थर से हमला कर दिया। जिसके बाद बीएसएल की टीम जान बचाकर भाग खड़ी हुई। इस हमले में दो होमगार्ड के जवान अकरम अंसारी और बबलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये।
इस घटना में घायल दोनों होमगार्ड के जवानों को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है। दरअसल, बोकारो जिला प्रशासन ने बोकारो एयरपोर्ट बाउंड्रीवॉल से सटे अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया था। जहां से सभी को हटाने का काम किया गया था।
हटाये गये लोग सेक्टर 12 ए में अतिक्रमण कर झोपड़ीनुमा घर बना लिया है। जिसे हटाने के लिए BSL की सिक्योरिटी विभाग की टीम गयी थी।इस संबंध में सेक्टर 12 थाना प्रभारी सूरज कुमार ने कहा कि बोकारो में हवाई सेवा शुरू करने को लेकर बीते कई दिनों से अतिक्रमण को लेकर अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में आज शनिवार को अचानक भीड़ उग्र हो गयी और पथराव करना शुरू कर दिया। जिसके कारण होमगार्ड के दो जवान घायल हो गये हैं। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना में शामिल लोगों को चिह्नित कर उन पर नियम संगत कार्रवाई की जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड कांग्रेस के अंदर कलह अब खुलकर सामने आने लगा है। मामला अब कार्रवाई तक पहुंचता दिख रहा है। दरअसल, सूबे के वित्त मंत्री सह कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने खुलकर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है।
यूं कहें तो उन्होंने बगावती सुर अपना लिया है। इसके बाद पार्टी अब उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों की मानें तो राधाकृष्ण किशोर को मंत्री पद से हटाने के साथ-साथ उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी तैयारी चल रही है।
बताया जा रहा है कि राधाकृष्ण किशोर ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे पार्टी के अंदर असहज स्थिति बन गई है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में राधाकृष्ण किशोर पर कार्रवाई को लेकर लगातार मंथन चल रहा है और कभी भी उनके खिलाफ बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
वैसे झारखंड कांग्रेस में असंतोष कोई नया मुद्दा नहीं है। लंबे समय से संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। पार्टी प्रभारी के. राजू को लिखे गए संदेशों में भी नाराजगी साफ झलकती है। राधाकृष्ण किशोर ने आरोप लगाया है कि संगठन के अंदर भेदभाव की स्थिति है।
उन्होंने उदाहरण के तौर पर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और रामा खलखो का मामला उठाया। मंत्री का कहना है कि योगेंद्र साव को पार्टी से तीन साल के लिए निष्कासित कर दिया गया, वहीं रामा खलखो को सार्वजनिक आलोचना के बावजूद चुनाव समिति में शामिल किया गया। इससे कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी बढ़ गई है।
इतना ही नहीं, 81 विधानसभा सीटों के लिए संगठन में बनाई गई जंबो समिति पर भी सवाल खड़ा किया गया है। राधाकृष्ण किशोर का कहना है कि इतनी बड़ी समिति प्रभावी नहीं हो सकती और संगठन को मजबूत करने के लिए ठोस फैसलों की जरूरत है।
इन सब बातों के बीच अब यह साफ हो गया है कि राधाकृष्ण किशोर ने खुलकर प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व उनके खिलाफ क्या फैसला लेता है और क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल पूरे मामले पर सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष की भी नजरें टिकी हुई हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। सोनारी के वेस्ट ले-आउट, रोड नंबर 9 में भारत सेवाश्रम स्कूल के सामने सीवरेज का पानी बहने की सूचना जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा को स्थानीय लोगों ने दी। लोगों ने श्री मिश्रा को बताया कि सीवरेज का यह पानी विगत कई दिनों से सड़कों पर बह रहा है। यह सीवरेज लाइन टाटा स्टील ने बनाई है, लेकिन यह लीकेज का शिकार होकर रह गई है।
लोगों ने श्री मिश्रा से आग्रह किया कि वो इस समस्या से निजात दिलाएं ताकि बच्चे जो स्कूल से आते-जाते हैं, वो सकुशल घर पहुंच सकें। लोगों ने मुकुल मिश्रा से कहा कि सीवरेज का गंदा पानी बहने से लोग खासे प्रभावित हैं। सुबह-शाम जॉगर्स पार्क में भ्रमण करने वाले लोग, क्षेत्र की महिलाएं-पुरुष-बच्चे आदि इससे प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मुकुल मिश्रा ने जुस्को महाप्रबंधक से आग्रह किया कि वो इस समस्या का अतिशीघ्र निवारण करवाएं ताकि क्षेत्र की जनता को कोई तकलीफ न हो। इस संबंध में श्री मिश्रा ने जुस्को महाप्रबंधक आरके सिंह को फोटो और वीडियो भी भेजे हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। गुमला ट्रक आँनर एसोसिएशन ने आज लोहरदगा उपायुक्त कार्यालय को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि हिंडाल्को कंपनी में चलने वाले हजारों बॉक्साइट ट्रक पिछले 3 माह से हेसल से कमले (बड़की चाँपी) स्टेशन की सड़क की समस्या को लेकर लगातार परिचालन बाधित हो रहा था।
किंतु इस वक्त पिछले एक सप्ताह से हजारों ट्रको का परिचालन पूरी तरह ठप्प है, जिसके कारण प्रत्यक्ष -अप्रत्यक्ष रूप से लगभग चालीस से पचास हजार लोगों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है क्योंकि ट्रक ही लोहरदगा गुमला ,लातेहार जिलों की लाइफ लाइन है।
हजारों ट्रक मालिक, चालक, उपचालक, लोडर, अनलोडर, गैरज, मिस्त्री, टायर दुकान, पेट्रोल पंप, पार्टस दुकान, होटल, चाय दुकान से लेकर पूरा बाजार ऊपर पाट, बनारी, बिशनपुर, आदर, घाघरा सेन्हा, लोहरदगा, चंदवा बुरी तरह प्रभावित है, हिंडाल्को कंपनी का कहना है कि हेसल अनलोडिंग में बॉक्साइट रखने की जगह नहीं है।
क्योंकि हेसल से कमले (बड़की चाँपी) स्टेशन में माल शिफ्टिंग स्थानीय सड़क की समस्या को लेकर कार्य बंद है। जब तक मसले का हल नहीं होता है तब तक ट्रकों का परिचालन बंद रहेगा, इसलिए उपायुक्त से यह मांग की गई है कि समस्या का समाधान करने की कृपा की जाए ताकि हजारों लोगों की रोजी-रोटी चल सके।
बंदी के कारण सरकार को भी प्रतिदिन करोड़ों रुपए की राजस्व हानि हो रही है। ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी लोहरदगा, पुलिस अधीक्षक लोहरदगा, माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड एवं एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू को भी दी गई है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। लोयाबाद वार्ड संख्या-08 की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद महापौर संजीव सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
सौंपे गए आवेदन में लोयाबाद नंबर-09 स्थित बीजीएस हाई स्कूल के पीछे सड़क काफी खराब हो चुकी है और बारिश के दिनों में वहां जलजमाव एवं कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
रत्नेश कुमार ने उक्त सड़क के जल्द निर्माण की मांग करते हुए कहा कि सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही लोयाबाद क्षेत्र में सामुदायिक विवाह भवन निर्माण की मांग भी की गई। आवेदन में कहा गया कि क्षेत्र में अब तक किसी विवाह भवन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में विवाह भवन का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं वार्ड संख्या-08 में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी महापौर के समक्ष रखी गई। आवेदन में कहा गया कि रात के समय अंधेरा रहने के कारण दुर्घटना एवं असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।
रत्नेश कुमार ने महापौर संजीव सिंह से सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान से समस्त लोयाबादवासियों को लाभ मिलेगा।
टीम एबीएन, रांची। प्राचीन सिद्ध श्री शनिदेव मंदिर में शनिवार, 16 मई 2026 को ज्येष्ठ अमावस्या एवं शनिवार के शुभ संयोग पर शनि जयंती श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई जाएगी।
मंदिर परिसर में प्रातःकाल से भगवान शनि देव का विशेष श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना, शनि चालीसा पाठ एवं जाप का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु तिल का तेल, काला तिल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं शनि कृपा की कामना करेंगे।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि शनि जयंती के अवसर पर दिनभर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था की जाएगी तथा प्रसाद वितरण एवं संधया भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। प्राचीन सिद्ध श्री शनिदेव मंदिर ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की निवेदन की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse