झारखंड

View All
Published / 2024-03-02 20:57:51
जतरा एक प्रेम कथा क्षेत्रीय फिल्म को टैक्स फ्री कर सब्सिडी दिया जाये : देवेंद्रनाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। शनिवार को जेबीकेएसएस केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने  क्षेत्रीय कलाकार के हक अधिकार को लेकर झारखंड मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को पत्र लिखा। 

श्री महतो ने बताया कि जतरा एक प्रेम कथा फिल्म का प्रसारण हेतु केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड भारत सरकार से मान्यता मिल चुकी है जो 1 मार्च 2024 को रिलीज हो चुका है। उक्त फिल्म के संदर्भ में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से झारखंड फिल्म नीति 2015 के तहत झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा जतरा एक प्रेम कथा सादरी नागपुरी फिल्म के कुल बजट 50 लाख का 50 प्रतिशत अनुदान, सिनेमाघरों के टिकट में टैक्स फ्री, तथा झारखंड के सभी सिनेमाघरों में प्रसारण करने हेतु निर्देश देने की मांग की है। 

साथ ही उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में झारखंड की प्राचीन पारंपरिक भाषा संस्कृति रीति रिवाज परंपरा विलुप्त होते जा रही है। इस संकट के दौर में झारखंडी आदिवासी मूलवासी कलाकारों ने झारखंड के प्राचीन रीति रिवाज परंपरा भाषा संस्कृति का संरक्षण हेतु अथक प्रयास करते हुए जतरा एक प्रेम कथा सादरी नागपुरी फिल्म बनाया है।

जिसमें जतरा खूंटा की अहमियत, सरना मां की शक्ति, वीर सपूत बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता लांस नायक अलबर्ट एक्का, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा, बाबा कार्तिक उरांव, प्रसिद्ध लोकप्रिय भारतीय खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी, तीरंदाज दीपिका कुमारी, से लेकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन का बखान किया गया है। 

लंबे समय से संघर्षरत झारखंडियों का पहचान 1932 खतियान का आधार, झारखंड के जल जंगल जमीन पहाड़ पर्वत नदी नाला झरना का सौंदर्य वर्णन है, इस फिल्म में पद्मश्री से सम्मानित मधु मंसूरी का अभिनय भी शामिल हैं। 

झारखंडी कलाकारों के हक अधिकार के संघर्ष में जेबीकेएसएस महिला मोर्चा उपाध्यक्ष रोमा निगम, जेबीकेएसएस मीडिया प्रभारी लक्की रामू राज, आशीष कुमार के अलावा अन्य लोगों का अहम योगदान रहा।

Published / 2024-03-02 11:08:07
पिठोरिया में उग्रवादियों के उत्पात, कई वाहन फूंके

रांची के सांगा में उग्रवादियों ने मचाया उत्पात

कई वाहनों को किया आग के हवाले

टीम एबीएन, पिठोरिया, रांची। राजधानी के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित एक पत्थर खदान प्लांट पर उग्रवादियों ने हमला किया। शुक्रवार देर रात हुए इस हमले में उग्रवादियों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी और कई मजदूरों के साथ मारपीट भी की।

वारिश अंसारी के प्लांट पर हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब एक बजे पिठोरिया थाना क्षेत्र के सांगा स्थित वारिश अंसारी के पत्थर खदान पर एक दर्जन की संख्या में उग्रवादी पहुंचे। 

उग्रवादियों ने आते ही सभी मजदूरों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए और फिर गाड़ियों में आग लगाना शुरू कर दिया। प्लांट में मौजूद डीजी, कांटाघर, लोडर और हाइवा को उग्रवादियों ने आग के हवाले कर दिया।

उग्रवादी करीब आधे घंटे तक क्रशर प्लांट में उत्पात मचाते रहे। इस दौरान उग्रवादियों द्वारा मजदूरों की पिटाई भी की गयी। उग्रवादियों ने मजदूरों को धमकी देते हुए यह भी कहा है कि जब तक संगठन से बातचीत नहीं होगी, तब तक इस इलाके में कोई काम नहीं कर पायेगा।

Published / 2024-03-01 21:15:41
सेवानिवृत्त आयुक्त दशरथ चंद्र दास को दी गयी विदाई

टीम एबीएन, मेदिनीनगर, (पलामू)। निवर्तमान प्रमंडलीय आयुक्त दशरथ चन्द्र दास को उनके सेवानिवृत्ति पर आज विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। गोपनीय कार्यालय में आयोजित समारोह में आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, उप निदेशक कल्याण आलोक कुमार, प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी, आयुक्त कार्यालय एवं अधीनस्थ कार्यालय के कर्मियों ने उन्हें अंगवस्त्र, गुलदस्ता एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।  

आयुक्त के सचिव विजय वर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक पड़ाव है। आयुक्त सर अब स्वयं के लिए समय का आनंद लें सकेंगे। सरकारी सेवा में रहकर आमजनों के लिए कार्य करते रहे। अब इस दायरों से अलग रहकर भी आमजनों से सीधे जुड़कर कार्य कर सकेंगे। उन्होंने निवर्तमान आयुक्त के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।  

उपनिदेशक कल्याण आलोक कुमार ने कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त के अनुभव से अब महरूम होना पड़ेगा। उनका कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। उन्होंने उनकी उपलब्धि पर प्रकाश डाला। साथ ही दीघार्यु होने की कामना की।  निवर्तमान आयुक्त दशरथ चंद्र दास ने कहा कि सरकारी सेवा में रहकर विभिन्न स्थानों पर कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। 

पलामू में कार्यरत रहकर यह स्वीकार करते हुए खुशी हो रही है कि यहां के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए सर्वोत्तम कार्य परिस्थितियां और वातावरण दिया। सरकारी सेवा काल के दौरान मुझे कई नई चीजें सीखने को  मिली, जिसका लाभ हमें प्रशासनिक के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में रहकर ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा करने की कोशिश की। सेवानिवृत्ति के उपरांत भी आने वाले दिनों में सीधे जनता से जुड़कर उनकी सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पारिवारिक सदस्य व्यवस्थित हैं। इसलिए जीवन में ज्यादा तनाव लेने की बात भी नहीं है। आमजनों से जुड़े थे और जुड़े रहेंगे। 

उन्होंने पदाधिकारी एवं कर्मियों को इमानदारी पूर्वक कार्य करने तथा अनुशासन में रहकर समयबद्ध तरीके से कार्य करने की सलाह दी है। विदाई सह सम्मान समारोह में प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन तिवारी एवं प्रमंडलीय जनसंपर्क इकाई के सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी विजय कुमार ठाकुर ने निवर्तमान आयुक्त के कार्यकाल के दौरान किए गये कार्यों की सराहना की। साथ ही उनके विचारों को साझा करते हुए निवर्तमान आयुक्त के उज्जवल भविष्य की कामना की।

निवर्तमान आयुक्त दशरथ चंद्र दास, आयुक्त के सचिव विजय वर्मा, उपनिदेशक कल्याण आलोक कुमार,  प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन तिवारी, प्रमंडलीय जनसंपर्क इकाई के एसएमपीओ प्रमोद कुमार सहित आयुक्त कार्यालय, पंचायती राज कार्यालय, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Published / 2024-03-01 21:05:38
अग्रवाल सभा का सदस्य बनने की अंतिम तिथि 31 मार्च

टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा की सत्र 2022- 24 हेतु आजीवन सदस्यता प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2024 है। अग्रवाल सभा के मंत्री मनोज चौधरी, सदस्यता अभियान के संयोजक अजय खेतान एवं जितेश अग्रवाल ने कहा है कि रांची जिला के समस्त अग्रवाल समाज के सभी लोग जो अग्रवाल सभा के सदस्य नहीं बने हैं। 

वे 31 मार्च तक आजीवन सदस्यता शुल्क पच्चीस सौ रुपये जमा कराकर रांची अग्रवाल सभा का आजीवन सदस्यता ग्रहण कर समाज को मजबूती प्रदान करें। 

सदस्यता फॉर्म महाराजा अग्रसेन भवन में भी उपलब्ध है। उक्त जानकारी अग्रवाल सभा के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2024-03-01 14:34:07
आज टाटा बादामपहाड़ ट्रेन जनता को समर्पित करेंगे पीएम मोदी

  • पीएम मोदी आज करेंगे टाटा बादामपहाड़ ट्रेन का ऑनलाइन उद्घाटन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को टाटा बादामपहाड़ टाटा ट्रेन का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। वे वहां से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। इस दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मौजूद रहेंगे। इस ट्रेन को पहले ही शुरू होना था, लेकिन किसी कारणों से यह रुक गया था।

21 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन ट्रेनों का उद्घाटन की थी। राष्ट्रपति चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बादामपहाड़ स्टेशन से शालीमार-बादामपहाड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस व बदामपहाड़-राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस को रवाना की थी।

टाटानगर बादामपहाड़ ट्रेन का उद्घाटन नहीं हुआ था। अब जाकर मेमू ट्रेन शुरू हो रही है. एक मार्च को यह ट्रेन टाटा से दिन के 11 बजे खुलेगी और उसी दिन दोपहर 2.05 बजे बदामपहाड़ पहुंचेगी। इसमें आठ कोच होंगे। इसी तरह दो मार्च से रेगुलर यह ट्रेन चलेगी। 

टाटा से यह ट्रेन शाम छह बजे खुलेगी और बादामपहाड़ रात 9.05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन रात 9.15 बजे बादामपहाड़ से खुलेगी और टाटा उसी दिन रात 11.30 बजे पहुंचेगी। इस दौरान इस ट्रेन का ठहराव टाटा के बाद 10 जगहों पर होगा।

Published / 2024-02-29 23:44:52
बुंडू : 11वीं के परीक्षार्थी की सड़क हादसे में मौत

  • रांची के बुंडू में 11वीं के परीक्षार्थी की सड़क हादसे में मौत, एक घायल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बुंडू (रांची)। अमानत अली इंटर कॉलेज की 11वीं के परीक्षार्थी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। रांची-टाटा राष्ट्रीय मार्ग-33 पर बुंडू थाना क्षेत्र के बुंडू के कॉलेज मोड़ की गोबाई मुर्गी दुकान पास घटित ये घटना गुरुवार शाम लगभग चार बजे की है। गुरुवार को इंटर की पंचपरगनिया भाषा की परीक्षा थी।

बताया जाता है कि ग्राम कुबासाल टोला जामटोला, तमाड़ निवासी विमल महतो (उम्र 18 वर्ष) बुंडू स्थित संत जेवियर्स उच्च विद्यालय परीक्षा केन्द्र में पंचपरगनीया भाषा की परीक्षा देकर निकला था। वह अमानत अली इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। विमल का सहपाठी गंगाधर महतो भी परीक्षा देकर निकला था और वह बाइक पर विमल को पीछे बैठाकर बस स्टैंड छोड़ने जा रहा था। 

बस स्टैंड में बस पकड़कर विमल को अपने घर तमाड़ जाना था, लेकिन तभी पीछे से आ रही पिकअप वैन (जेएच-01 बीपी-4314) उनकी बाइक से टकरा गयी। टक्कर से पीछे बैठा विमल महतो बाइक से गिर गया और पिकअप वैन के टायर के नीचे आ गया। विमल की कुचल कर मौत हो गयी। बाइक चला रहा गंगाधर महतो घायल हो गया।

Published / 2024-02-29 21:10:42
रायशुमारी के बाद भाजपा ने भेजे संभावित प्रत्याशियों के नाम

लोकसभा चुनाव

टीम एबीएन, रांची। भाजपा ने झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी पदाधिकारी लोकसभा क्षेत्र में जाकर रायशुमारी भी किया है। संगठन के अलग-अलग लोगों को रायसुमारी का जिम्मा दिया था। यह रिपोर्ट केन्द्रीय नेतृत्व को भेजा गया है। 

साथ संसदीय क्षेत्र में संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियों पर केंद्रीय नेतृत्व की नजर है। इस बार केंद्रीय नेतृत्व 40 प्रतिशत लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसदों को बदलने की नीति पर आगे बढ़ रहा है। लिहाजा 11 सिटिंग सांसदों में से 5 की दावेदारी पर ग्रहण लगने की संभावना है। 

बताया जा रहा है कि जिन सांसदों का टिकट कटेगा, उन्हें विधानसभा चुनाव में भी उतारा जा सकता है। भाजपा मार्च के दूसरे सप्ताह तक उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। उम्मीदवारों की दावेदारी को लेकर आम लोगों में उनकी पहुंच व कार्यकाल के दौरान संसदीय क्षेत्र में कामकाज और छवि का आंकलन किया गया है। 

इसे लेकर पूर्व में भाजपा अपने परफॉर्मेंस को लेकर दो बार इंटरनल सर्वे कर चुकी है। अब भाजपा संगठन के स्तर पर हर सीट पर दावेदारों को लेकर रायसुमारी करने का काम कर रही है। यह रिपोर्ट दिल्ली भेजी गयी है।

प्रदेश भाजपा ने 14 लोकसभा सीटों पर 3-4 नाम भेजे 

  1. लोहरदगा - सुदर्शन भगत, आशा लकड़ा, दिनेश उरांव, अरुण उरांव 
  2. चाईबासा - गीता कोड़ा, जेबी तुविद 
  3. हजारीबाग - जंयत सिन्हा, मनीष जायसवाल 
  4. राजमहल - ताला मरांडी, बाबूधान मुर्मू, मिस्त्री सोरेन, शिला रानी हेम्ब्रोम 
  5. चतरा - सुनील सिंह, योगेंद्र प्रताप 
  6. खूंटी - अर्जुन मुंडा, नीलकंठ मुंडा, जगन्नाथ मुंडा 
  7. पलामू - मनोज भुइयां, जवाहर पासवान, बीडी राम 
  8. रांची - प्रदीप वर्मा, रमाकांत महतो, संजय सेठ 
  9. कोडरमा - अन्नपूर्णा देवी, रविंद्र राय, प्रणव वर्मा 
  10. जमशेदपुर - विद्युत वरण महतो, कुणाल षाड़ंगी 
  11. दुमका - सुनिल सोरेन, लुईस मरांडी, सुरेश मुर्मू, परितोष सोरेन 
  12. धनबाद - सांसद पीएन सिंह, राज सिन्हा और विरंची नारायण 
  13. गोड्डा - राज पलिवार, निशिकांत दुबे 
  14. गिरिडीह - रविंद्र पांडेय, ढुल्लू महतो

Published / 2024-02-28 23:13:13
झारखंड कैबिनेट की बैठक कल

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के प्रोजेक्ट भवन में होगी।।मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन इसकी अध्यक्षता करेंगे। बैठक का समय शाम 4 बजे निर्धारित की गयी है। संभावना जतायी जा रहा है कि इसमें महत्वपूर्ण फैसले लिये जा सकते हैं। फिलहाल राज्य में विधानसभा सत्र चल रहा है।

कई महत्वपूर्ण फैसले पर लग सकती है मुहर

झारखंड के प्रोजेक्ट भवन में कल मंत्रीपरिषद की बैठक होने वाली है। ये बैठक कल के विधानसभा सत्र की समाप्ति के बाद होगी. राज्य सरकार ने कल साल 2024-25 के लिए बजट पेश किया था। जिसमें आम लोगों के लिए कई वायदे किये गये थे। संभावना जतायी जा रही है कि इनमें से कई प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।

23 फरवरी को भी हुई थी कैबिनेट की बैठक

बता दें कि इससे पहले 23 फरवरी को झारखंड कैबिनेट बैठक हुई थी। जिसमें 9 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी थी। बैठक में सरकार ने 100 यूनिट के स्थान पर 125 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली प्रदान करने की स्वीकृति दी।

इसके अलावा गिरिडीह एवं जमशेदपुर में नए डेयरी प्लांट और रांची के होटवार में मिल्क पाउडर प्लांट तथा मिल्क प्रोडक्ट प्लांट की स्थापना करने समेत कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिये गये। बता दें कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही चंपाई सोरेन एक्शन मोड में हैं और लगातार कैबिनेट बैठक कर कई बड़े फैसले ले रहे हैं।

Page 632 of 1702

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse