झारखंड

View All
Published / 2024-03-08 23:06:21
महाशिवरात्रि पर बाबा नगरी में शिवभक्तों का महजुटान

  • शिवरात्रि के दिन देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
  • दर्शन के लिए 5 किमी लगी लंबी लाइन

टीम एबीएन, देवघर। देश भर में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। महाशिवरात्रि को लेकर हर जगह धूम है। वहीं, देवघर बाबा बैद्यनाथ में अहले सुबह साढ़े 4 बजे मंदिर के पट खोले गये। अब तक यहां 30 हजार लोगों ने जलाभिषेक किया है।

आज डेढ़ लाख लोगों के आने का अनुमान लगाया जा रहा है। दर्शन के लिए मंदिर से 5 किलोमीटर तक लाइन लगी है। श्रद्धालु के कतारबद्ध तरीके से होकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा को जल अर्पण कर रहे हैं। बता दें कि पूरा मंदिर बोल बम, ओम नमः शिवाय, जय शिव के नारों से गूंज रहा है। भोलेनाथ के दर्शन को लेकर बीते गुरुवार की शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी थी। 

शिवरात्रि को लेकर बैद्यनाथ मंदिर में कई परंपराओं का भी आज निर्वाह किया जाता है, जिसमें सिंदूरदान की परंपरा गठबंधन की परंपरा बाबा बैद्यनाथ मंदिर में 4 पहर की पूजा की परंपरा के अलावा रात्रि में भव्य बारात निकली जाती है। आज के दिन माता पार्वती और भोलेनाथ का विवाह उत्सव मनाया जाता है। वहीं देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में मोर मुकुट चढ़ाने के भी परंपरा है। बाबा बैद्यनाथ धाम में शादी की सभी रस्म को निभाया जाता है। 

उधर, शिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। लगातार देवघर डीसी विशाल सागर देवघर एसडीओ देवघर एसडीपीओ लगातार देवघर के शिवरात्रि रूट लाइन को लेकर निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही मंदिर प्रांगण में भी देवघर डीसी के द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को सुलभ जलार्पण कराया जा सके।

Published / 2024-03-08 19:50:31
पलामू : आखिर पिता क्यों बन गया पुत्री का कातिल

पलामू में पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दफनाया

फरार पिता को तलाश रही पुलिस

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले में एक पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। फिर शव को जंगल में ले जाकर दफना दिया. उसके बाद वह फरार हो गया।

चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव का मथुरा सिंह अपनी 16 वर्षीय बेटी पम्मी के साथ रहता था। तीन दिन पहले उसकी बेटी से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। इसके बाद उसने धारदार हथियार से बेटी को हत्या कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी खबर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और ग्रामीणों के साथ जंगल जाकर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवती के शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा। आरोपी पिता को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Published / 2024-03-08 19:46:13
सरायकेला : सड़क हादसे में कुचाई बीडीओ समेत दो घायल, एक की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला। खरसावां-कुचाई मार्ग पर जिलिंगदा गांव के समीप कुचाई बीडीओ का वाहन पुलिया से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे वाहन में सवार बीडीओ साधुचरण देवगम (47 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गये।

जबकि बीडीओ के ममेरे भाई बंजो बानरा (पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी निवासी) की मौत हो गयी। सड़क हादसे में वाहन चालक कुचाई के रूचाव गांव निवासी मायका सोय भी घायल हो गया। ये घटना शुक्रवार करीब साढ़े तीन बजे की है।

Published / 2024-03-08 19:40:45
यह नीला आकाश हमारा है : रंजीता हेम्ब्रम

  • रांची प्रेस क्लब में महिला दिवस समारोह में झासा अध्यक्ष ने कहा
  • क्लब में महिला दिवस पर लगाया गया तीन दिवसीय बसंत मेला, रक्तदान शिविर

टीम एबीएन, रांची। दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। यदि हम निश्छल व्यवहार करें, तो सबकुछ पा सकते हैं। यह कहना है झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की पहली महिला अध्यक्ष रंजीता हेम्ब्रम का। वे आज रांची प्रेस में आयोजित महिला दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी।

उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह नीला आकाश हमारे लिए है, जैसे चाहें उड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुरूष हमारे प्रतिद्वंदी नहीं है बल्कि पूरक हैं। उनके साथ मिलकर हम बेहतर समाज बना सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने महिला पत्रकारों को पत्रकारिता के मानवीय मूल्यों पर जोर देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद आईपीएस सरोजनी लकड़ा ने अपने जीवन के अनछुए पहलुओं से महिलाओं को रूबरू करते हुए उन्हें हर मोर्चे पर मजबूती से अपनी लड़ाई लड़ने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पूलिस में वरिष्ठ पदों पर रहते हुए कैसे उन्होंने अपने पारिवारिक, सामाजिक और प्रोफशनल दायित्वों का बखूबी निर्वाहन किया।

कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुई हाइकोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता रिचा संचित ने बताया कि महिलाओं को सशक्त होना होगा। उन्होंने बताया कि जब वे हाईकोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की थी। उस वक्त 15-20 महिला अधिवक्ता थी, जबकि आज 500 से अधिक है। उन्होंने कहा कि हमें अपना मुकाम खुद तैयार करना होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. मृणालिनी ने बताया कि महिलाओं की शत्रु महिलाएं ही है। 

उन्होंने बताया कि जब वे लेबर रूम से बाहर निकलती हैं, तो उन्हें पता चल जाता है कि बाहर मां खड़ी हैं सास। मां पूछती है कि बेटी कैसी है और सास पोते का हाल पूछती हैं। उन्होंने कहा कि समय बहुत तेजी से बदला है, लेकिन अभी भी महिलाओँ के सम्मान के लिए बहुत कुछ किया जाना जरूरी है। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला पत्रकार अनुपमा सिंह, शीला कुमारी और रजनीश सहित राजधानी में कार्यरत महिला पत्रकारों को प्रेस क्लब की ओर से पौधा और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

महिला दिवस पर प्रेस क्लब में पहली बार लगाये गये तीन दिवसीय बसंत मेला का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया। मेले में कुल 32 स्टॉल लगे हैं, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, चश्में, आभूषण, पेटिंग, खिलौने और खाने के अलग अलग स्टॉल लगे हैं। इस अवसर पर प्रेस क्लब ने रक्तदान शिविर का आयोजन हेल्थ प्वांइट हॉस्पीटल के सहयोग से किया गया। शिविर में वरिष्ठ पत्रकार विजयकांत पाठक ने अपना 50 वां रक्तदान किया। 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र सोरेन, सचिव अमरकांत, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरि, सह सचिव रतनलाल, कार्यकारिणी सदस्य संजय सुमन, अरविंद प्रताप, विजय मिश्र, चंदन भट्टाचार्य, मोनु कुमार, सौरव शुक्ला व महिला पत्रकार शर्मिष्ठा मजूमदार, रेखा पाठक, करबी दत्ता, प्रियंका मिश्रा, प्रतिमा सिंह, सुषमा, नीलू, सुमेधा, नेहा वारशी, जया सिंह, लता रानी, पूजा बोस, आरती, नूतन, म़दुला शामिल रहे।

Published / 2024-03-08 19:23:06
महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित श्री शिव बारात कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन

  • मुख्यमंत्री ने बाबा भोलेनाथ से झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की

टीम एबीएन, रांची। महाशिवरात्रि  के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन आज ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित श्री शिव बारात कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। 

मुख्यमंत्री ने यहां पूरे विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग देवों के देव महादेव की पूजा-अर्चना कर महाशिवरात्रि का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं।    

ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर को संरक्षित करेगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार रांची स्थित ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर को संरक्षित करेगी। इस धार्मिक धरोहर को देश में अलग पहचान दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य किए जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि श्री शिव बारात आयोजन महासमिति पहाड़ी मंदिर द्वारा आयोजित श्री शिव बारात कार्यक्रम में सभी भक्तजनों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए मैं अपनी ओर से महासमिति के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देता हूं। 

इस अवसर पर पहाड़ी मंदिर परिसर में उपस्थित सभी महिला श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, पूर्व सांसद श्री सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह सहित अन्य गणमान्य थे।

Published / 2024-03-07 23:36:20
केंद्र सरकार ने घर की दहलीज लांघने पर मजबूर कर दिया : कल्पना सोरेन

  • साहिबगंज में गरजीं कल्पना सोरेन- हेमंत सोरेन को जेल में बंद करने वालों को देना होगा हिसाब

एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन बीते बुधवार को साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड मुख्यालय में स्थित खेल स्टेडियम परिसर में झामुमो के कार्यकर्ता मिलन समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान कल्पना ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।

कल्पना ने कहा कि 18वीं सदी में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संथाल परगना में हूल अर्थात क्रांति हुई थी, ठीक उसी प्रकार केंद्र सरकार सरकार के खिलाफ साहिबगंज की धरती से हूल होगा। हेमंत सोरेन को जेल में बंद करने वालों को इसका हिसाब देना होगा। कल्पना ने कहा कि उन्हें सोरेन परिवार की बहू होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और सास रुपी सोरेन से संघर्ष की जो सीख मिली है उसे और आगे ले जाने के लिए 18 वर्ष के बाद घर की दहलीज लांघ कर बाहर निकलना पड़ा है, उसे बेकार नहीं होने देंगे।

कल्पना ने कहा कि कोविड के समय भी हेमंत सोरेन ने जान जोखिम में डालकर झारखंड के लोगों की सेवा की। वर्तमान में वह जेल में हैं। इससे घबराना नहीं है, क्योंकि हमारे ससुर शिबू सोरेन ने अपना घर छोड़कर जमींदारों के विरुद्ध आवाज बुलंद किया था तो मेरी सास ने धैर्य रखकर काम लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आंसू की एक-एक बूंद का बदला लेना है।

Published / 2024-03-07 22:04:33
चेतन देवराज मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में उषा मार्टिन की टीम विजयी

टीम एबीएन, रांची। चेतन देवराज मेमोरियल  क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन के आज के मैच बेहद ही संघर्ष पूर्ण रहा। पहला मैच उषा मार्टिन और सरला बिरला के बीच रहा, जिसमें उषा मार्टिन ने 1 विकेट से जीत हासिल किया सरला बिरला के साहिल ने 47 रन बनाये। उषा मार्टिन के सुजीत ने 3 विकेट लिये। 

दूसरा मैच बी आई टी देवघर और पटना के बीच रहा, जो बी आई टी पटना ने 2 विकेट से जीत दर्ज किया। एक अन्य मुकाबले में बी आई टी लालपुर को मेसरा की टीम ने एकतरफा मुकाबले में 71 रन से हराया। मेसरा के सूर्या ने 34 रन अक्षत ने 30 रन बनाये। हरीश ने 3 विकेट प्राप्त किया। लालपुर के शुभम ने 28 रन और दीपक ने 18 रन बनाये। 

कल इस प्रतियोगिता का उद्घाटन बी आई टी मेसरा के कुलपति डॉ इंदनील मन्ना सर ने किया था। इस समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व रणजी खिलाड़ी सब्बीर हुसैन और सचिन प्रसाद थे। बी आई टी मेसरा के खेल प्रभारी डॉ महेंद्र कुमार, डॉ भास्कर कर्ण, डॉ संदीप नाथ शाहदेव, राम महल, मनोज कुमार, दुर्गा चरण उपस्थित थे। इस टूर्नामेंट का फाइनल 10 मार्च को खेला जायेगा।

Published / 2024-03-07 22:03:34
चौथी बार गोड्डा सीट से चुनाव लड़ेंगे डॉ निशिकांत दुबे

भाजपा का टिकट हासिल कर लौटे सांसद निशिकांत का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा। गोड्डा संसदीय सीट से लगातार चौथी दफे बीजेपी का टिकट हासिल कर दिल्ली से लौटे सांसद निशिकांत दुबे का देवघर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। 

हवाई अड्डे पर देवघर के तमाम बीजेपी कार्यकर्ता समेत अलग- अलग संगठन के लोगों ने अपने- अपने तरीके से सांसद के स्वागत की तैयारी की थी। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही लोगों ने उन्हें फूल- मालाओं से लाद दिया, जिसके सांसद ने खुली जीप में सवार होकर नगर भ्रमण किया और लोगों का अभिवादन किया। 

इसके बाद सांसद निशिकांत दुबे अपनी पत्नी अनुकांत दुबे के साथ बाबा मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट के जारी होते ही उन अटकलों पर विराम लग गया, जिसमें ये कहा जा रहा था कि इस बार बीजेपी गोड्डा सीट से सांसद निशिकांत दुबे का टिकट काट सकती है। 

गोड्डा लोकसभा सीट से निशिकांत दुबे ही बीजेपी के उम्मीदवार होंगे। बीजेपी ने चौथी बार उन पर भरोसा जताया है, लेकिन बीजेपी का उम्मीदवार घोषित होने के बाद अब ये सवाल उठने लगा है कि महागठबंधन की ओर से कौन उम्मीदवार होगा, जो निशिकांत दुबे को टक्कर देगा।

Page 627 of 1702

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse