झारखंड

View All
Published / 2024-03-14 21:14:08
विभिन्न मांगों को लेकर बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट को किया जाम

बोकारो स्टील प्लांट के मेन गेट को लोगों ने किया जाम, नियोजन और मुआवजे की कर रहे हैं मांग 

टीम एबीएन, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट में काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गयी। जिसके बाद नियोजन और मुआवजे की मांग को लेकर मृत ठेका मजदूर के परिजन और स्थानीय लोगों ने बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर दिया है। 

बुधवार की रात्रि से ही अनिश्चितकालीन धरना जारी है। बीएसएल प्रबंधन ने परिजनों से अभी तक वार्ता नहीं की है। दरअसल बुधवार को बोकारो स्टील प्लांट के कोक ओवन विभाग के कोल हैडलिंग एरिया में कार्यरत मेसर्स एचईएमएस कॉर्पोरेशन के 40 वर्षीय ठेका मजदूर अशोक कुमार महतो की मौत हो गयी। 

अशोक जनरल शिफ्ट में कार्यरत था। इस दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गयी। मौजूद कर्मचारियों ने उसे प्लांट के मेडिकल यूनिट में भर्ती कराया। जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बीएसएल प्रबंधन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पायेगा। 

इधर, अशोक महतो की मौत के बाद नियोजन की मांग को लेकर परिजनों ने बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट को बुधवार की रात जाम कर दिया। परिजनों का कहना है कि अशोक कुमार स्वस्थ अवस्था में प्लांट में काम करने गये थे, लेकिन, अचानक उसकी मृत्यु किस वजह से हुई, इसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। कंपनी के नियम और प्रावधान के मुताबिक परिजनों को नौकरी और मुआवजा दिया जाना चाहिए।

Published / 2024-03-14 20:59:50
झारखंड : 16 मार्च को बारिश के आसार

झारखंड में 16 मार्च को इन इलाकों में हो सकती है बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में एक बार फिर मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 16 से 18 मार्च तक राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। जानकारी के अनुसार 16 मार्च को उत्तरी-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे के बारिश की संभावना है। 

वहीं, 17 और 18 मार्च को कई इलाकों में बारिश की आशंका है। मौसम में इस बदलाव के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम में बदलाव की बड़ी वजह है पश्चिमी विक्षोभ है। जो कि 12 मार्च को देश में दस्तक दे चुका है। इस वजह से अगले 24 घंटे में सिक्किम, अरूणाचल, पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है। 

इसका असर झारखंड में कुछ दिनों बाद देखने को मिलेगा। वहीं आज राजधानी रांची में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Published / 2024-03-14 12:02:47
पलामू : एनएच 98 पर भीषण हादसे में दो की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। नेशनल हाइवे 98 पर कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हुई है। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी थी। जबकि एक महिला समेत दो की मौत भी हो गयी है। 

मृतकों में एक महिला जबकि एक युवक शामिल है। मृतक महिला गिरिडीह की रहने वाली थी, जबकि युवक पलामू के छतरपुर का रहने वाला था। घटना बुधवार की देर रात की है।

दरअसल पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे 98 पर एक कार डालटनगंज की तरफ तेजी से जा रही थी। इसी क्रम में सामने से आ रही एक बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी, जबकि कार के परखच्चे उड़ गये थे। 

दुर्घटना में बाइक सवार कलीन्द्र उरांव और कार सवार महिला प्रभा कुमारी शर्मा की मौके पर मौत हो गयी। छह अन्य लोग जख्मी हो गये है, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है।

मृतक कलींद्र उरांव छतरपुर थाना क्षेत्र के मंदेया का रहने वाला था। कलींद्र की बाइक पर तीन अन्य युवक भी सवार थे, सभी युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। छतरपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगो की मौत हुई है।

जबकि जख्मी को इलाज के लिए भेजा गया है। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी थी, जिसे स्थानीय ग्रामीण और पुलिस ने मिलकर बुझा दिया था।

दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सड़क जाम करने की फिराक में थे लेकिन पुलिस अधिकारियों के द्वारा समझा देने के बाद वह शांत हो गये थे। दरअसल, पलामू के छतरपुर के इलाके में नेशनल हाइवे 98 फोर लेने हो गया है और गाड़ियां तेज गति से गुजरती। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी पहुंच गये हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

Published / 2024-03-13 21:34:09
सीएम चंपई से मिला बंगाली युवा मंच का प्रतिनिधिमंडल, दी बधाई

बंगाली युवा मंच चैरिटेबल ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से की मुलाकात, किया ये आग्रह 

टीम एबीएन, रांची। बंगाली युवा मंच चैरिटेबल ट्रस्ट ने झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से मुलाकात की। ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम चंपाई सोरेन के सामने अपनी कई मांगें रखीं। साथ ही बांग्ला भाषा को प्राथमिक विद्यालयों में फिर से पढ़ाने के फैसले का स्वागत भी किया। इसके लिए सीएम का धन्यवाद किया। 

बांग्ला भाषा का पुराना वैभव लौटेगा 

ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से राजधानी रांची के कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने संयुक्त रूप से कहा कि बांग्ला भाषा की पढ़ाई फिर से शुरू होने, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता तथा प्राथमिक स्तर से उच्च स्तर तक शिक्षकों की नियुक्ति हमारे पुराने वैभव को स्थापित करेगा। 

चंपाई सोरेन को प्रतिनिधिमंडल ने दिया धन्यवाद 

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को धन्यवाद देते हुए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड मंभ रहने वाले बांग्ला भाषी समुदाय के सर्वांगीण विकास तथा उत्थान के लिए अब तक जो कार्य किए हैं और उनकी आगे की जो योजनाएं हैं, वे सराहनीय हैं। 

बंगाली भाषा के संवर्द्धन और बंगालियों का करेंगे विकास 

इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि झारखंड के सभी रेलवे जंक्शन, स्टेशनों एवं ठहराव पर पूर्व की तरह नाम पट्टिका में बांग्ला लिपि का भी इस्तेमाल किया जाना चाहिए। राज्य सरकार को इस दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए। 

कांटाटोली-बहू बाजार फ्लाई ओवर का नाम नेताजी के नाम पर हो 

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रांची के कोकर से शुरू होकर बहूबाजार तक बनने वाले कांटाटोली फ्लाईओवर का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखा जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस फ्लाईओवर का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस फ्लाईओवर रखा जाये। 

प्रतिनिधिमंडल को सीएम चंपाई सोरेन ने दिया ये आश्वासन 

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से कहा कि राज्य में बांग्ला भाषा के संवर्द्धन और बंगाली समुदाय के विकास के लिए उनकी सरकार कृत संकल्पित है। मौके पर मुख्यमंत्री ने बंगाली युवा मंच चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर राज्य सरकार यथोचित सकारात्मक कार्रवाई करेगी।

Published / 2024-03-13 21:32:44
तमाड़ : शादी से इंकार पर प्रेमी युगल ने किया विषपान, मौत

शादी से इंकार के बाद प्रेमी और प्रेमिका ने खाया जहर, दोनों की मौत

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक प्रेमी और प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

मामला जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि इंटर की छात्रा संगीता कुमारी का गांव के ही प्रहलाद लोहरा से पिछले 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पर एक-दूसरे के साथ शादी करने का भूत सवार था, लेकिन दोनों के परिजन शादी के लिए राजी नहीं हो रहे थे। 

प्रहलाद और संगीता अलग-अलग जाति के थे। इसीलिए उनके परिजन दोनों के इस प्यार से खुश नहीं थे, जिसके बाद दोनों को एक-दूसरे से बिछड़ने का डर सता रहा था। इसके बाद दोनों ने गांव के पास नहर किनारे जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने से दोनों की हालत बिगड़ गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी।

Published / 2024-03-13 21:30:06
लोकसभा चुनाव को बेहतर समन्वय से करायें सफल : आयुक्त

  • आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने पलामू प्रमंडल के सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारी तथा बस आॅनर एसोसिएशन एवं बस संचालकों के साथ की बैठक

टीम एबीएन, मेदिनीनगर, (पलामू)। लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के दृष्टिगत पलामू प्रमंडल अंतर्गत जिलों यथा पलामू, गढ़वा एवं लातेहार में वाहनों की आवश्यकता एवं उपलब्धता का आकलन करने को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने आज आयुक्त कार्यालय में जिला परिवहन पदाधिकारियों तथा बस आनर एसोसिएशन एवं बस संचालकों के साथ बैठक की। 

आयुक्त ने अपने-अपने जिला में आवश्यकता के अनुरूप वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी को बेहतर समन्वय व तालमेल कर लोकसभा चुनाव को सफल बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिला परिवहन पदाधिकारी, बस आनर एसोसिएशन एवं बस संचालक आपसी समन्वय कर पलामू प्रमंडल अंतर्गत जिलों में वाहनों की आवश्यकता के विरुद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करायें।

उन्होंने कहा कि लोकसभा आम निर्वाचन के निमित्त पलामू प्रमंडल अंतर्गत पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले में मतदान कर्मियों, सेक्टर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं मतदान से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों को कोई असुविधा नहीं हो, इसका ध्यान रखा जाये। 

वाहन संचालकों द्वारा उनकी कुछ मांगों पर विचार करने का भरोसा देते हुए चुनाव में अधिग्रहित किये जाने वाले विभिन्न श्रेणियों के मोटरगाड़ियों के लिए परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दर के अनुरूप निर्धारित अवधि में  भुगतान करने का भी निर्देश दिया। 

बैठक में आयुक्त के सचिव सह क्षेत्रीय परिवहन पर अधिकार के सचिव बिजय वर्मा, पलामू, गढ़वा के जिला परिवहन पदाधिकारी लातेहार के मोटरयान निरीक्षक सहित बस आॅनर एसोसिएशन, बस संचालकों की ओर से सत्येंद्र कुमार सिंह, असगर हुसैन, राजकुमार पांडेय, प्रभु दयाल सिंह, मंसूर खान, नागेंद्र आदि उपस्थित थे।

Published / 2024-03-13 21:29:00
पलामू : प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने ग्रहण किया पदभार

कार्यालय और विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। बाल किशुन मुंडा (भाप्रसे) ने आज पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वे दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची के प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदस्थापित थे। साथ ही पलामू प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। 

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा जारी अधिसूचना से श्री मुंडा पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में नियुक्त एवं पदस्थापित किये गये हैं। पदभार ग्रहण के उपरांत गढ़वा के उपायुक्त शेखर जमुआर, आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। 

आयुक्त श्री बाल किशुन मुंडा ने कार्यालय के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों से उनका परिचय प्राप्त किया और उनके कार्य से अवगत हुए। 

आयुक्त ने आयुक्त कार्यालय भवन में अवस्थित प्रमंडलीय जनसंपर्क कार्यालय, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक का कार्यालय, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय, उपनिदेशक कल्याण कार्यालय, उपनिदेशक पंचायती राज्य कार्यालय सहित नजारत शाखा, सचिव कक्ष, सभागार, कांफ्रेंस रूम आदि विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से ईमानदारीपूर्वक कर्तव्य निर्वहन का निदेश दिया।

Published / 2024-03-13 21:20:25
लोहरदगा : भूमि विवाद में युवक की हत्या का आरोपी पुलिस हिरासत में

टीम एबीएन, लोहरदगा। जमीन विवाद को ले पतलो ग्राम में दो पक्षो के बीच हुआ मार पीट टांगी के प्रहार से एक कि हुई मौत सूचना पर पहुंची पुलिस। लोहरदगा जिला अंतर्गत सेन्हा थाना क्षेत्र के झलजमीरा पंचायत के पतलो ग्राम में जमीन विवाद में टांगी से मार कर एक युवक की हत्या कर दिया गया। 

बताया जाता है कि पतलो  निवासी दिगम्बर चिक बड़ाइक का पुत्र प्रदीप चिक बड़ाइक (26) और पिता दिगंबर चिक बड़ाइक द्वारा पिता पुत्र मिलकर पुराना जमीन विवाद में गांव के ही हौड़ा चिक बड़ाइक का 30 वर्षीय पुत्र ईश्वर चिक बड़ाइक को टांगी से मार कर हत्या कर दिया। मृतक का गर्दन व सिर में गहरे चोट का निशान है। 

ग्रामीणों द्वारा प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह को सूचना मिलते ही उनके निर्देश पर एस आई मनोज कुमार दल बल के साथ घटना स्थल पहुंच शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया गया तथा हत्यारोपी प्रदीप चिक बड़ाइक और उसके पिता दिगंबर चिक बड़ाइक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछ ताछ कर अग्रतर करवाई में जुट गयी है।

Page 623 of 1702

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse